अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, बिना परमिट गिट्टी ले जा रहा डंपर पकड़ा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में उपखनिज के अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गनीपुर जोगपुर में खनन विभाग ने औचक छापेमारी कर एक डंपर को पकड़ा। खनन अधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान गिट्टी से लदे डंपर को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन चालक सोनू से परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डंपर द्वारा बिना वैध परमिट के गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था, जो खनन नियमों का उल्लंघन है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित के खिलाफ ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया और मौके पर ही 55,780 का जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने खनन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और छापेमारी की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।