Home Blog Page 12

डीएम की बड़ी कार्रवाई: भ्रष्टाचार व लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’, अब तक चार कर्मचारी निलंबित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। जनपद में भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं अनियमितताओं के विरुद्ध प्रशासन ने “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर विभिन्न तहसीलों में तैनात चार कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह कदम प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक विमल कुमार श्रीवास्तव को एंटी करप्शन टीम ने उनके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस दौरान पवन सक्सेना उर्फ ऋषभ को भी हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय (भूलेख अनुभाग) द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया।वहीं तहसील कायमगंज में तैनात राजस्व निरीक्षक विजय पाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया अनियमितता और अनुचित आचरण सामने आया। उपजिलाधिकारी कायमगंज द्वारा कराई गई जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।इसके अलावा तहसील अमृतपुर में कार्यरत लेखपाल उत्कर्ष दुबे पर पैमाइश कार्य में अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने के आरोप सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को शौचालय के केयरटेकर के भुगतान को लंबित रखने और कार्य में शिथिलता के कारण निलंबित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया कि जनपद में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आमजन को पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें तथा जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।प्रशासन की यह कार्रवाई न केवल संबंधित कर्मचारियों के लिए चेतावनी है, बल्कि पूरे शासकीय तंत्र के लिए स्पष्ट संदेश भी है कि अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार और लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान 25 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी अनुज कुमार की पत्नी रेनू को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर शहर के मसैनी स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा ऑपरेशन से पहले ही 30 हजार रुपये जमा करा लिए गए। बताया गया कि देर रात ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को बताया कि महिला में खून की कमी है और ब्लड की आवश्यकता है। इस पर परिजन ब्लड बैंक की ओर चले गए। आरोप है कि उनके अनुपस्थित रहने के दौरान ही ऑपरेशन कर दिया गया और महिला की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम ने जिम्मेदारी लेने के बजाय महिला को तुरंत कहीं और ले जाने की सलाह देकर बाहर कर दिया। जब परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस से वापस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर रात करीब 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मृतका रेनू की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके पति अनुज कुमार गैस एजेंसी पर हाकर का काम करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। थानध्यक्ष नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है |

अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, बिना परमिट गिट्टी ले जा रहा डंपर पकड़ा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में उपखनिज के अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गनीपुर जोगपुर में खनन विभाग ने औचक छापेमारी कर एक डंपर को पकड़ा। खनन अधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान गिट्टी से लदे डंपर को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन चालक सोनू से परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डंपर द्वारा बिना वैध परमिट के गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था, जो खनन नियमों का उल्लंघन है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित के खिलाफ ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया और मौके पर ही 55,780 का जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने खनन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और छापेमारी की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

डायल 112 सेवा को मिली मजबूती, 17 नए चार पहिया वाहन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस लाइन फतेहगढ़ परिसर से पुलिस अधीक्षक द्वारा आपातकालीन सेवा डायल 112 के 17 नए चार पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि डायल 112 सेवा आमजन की त्वरित सहायता और सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। नई गाड़ियों के शामिल होने से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम और बेहतर होगा तथा घटनास्थल पर तेजी से पहुंचना संभव हो सकेगा।उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी गश्त को मजबूत किया जाएगा, जिससे अपराध नियंत्रण में प्रभावी मदद मिलेगी। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक कॉल पर तत्काल, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।कार्यक्रम के दौरान नवागांन्तक अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दो किशोर दोस्त लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र से शुक्रवार दोपहर दो किशोर दोस्तों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।मोहल्ला अमेठी जगदीश निवासी महफूज खान का पुत्र मोहम्मद रिहान खान (लगभग 14 वर्ष) शुक्रवार को करीब 2:45 बजे घर से बिना बताए निकल गया। परिजनों के अनुसार रिहान का रंग गोरा, लंबाई लगभग 5 फीट 2 इंच है। घटना के समय वह नीली जींस और काली शर्ट पहने हुए था।वहीं, शिवनगर कॉलोनी खानपुर निवासी मुकेश गुप्ता का पुत्र कृष्ण (लगभग 15 वर्ष) भी उसी समय से लापता है। कृष्ण का रंग गोरा और लंबाई करीब 5 फीट 4 इंच बताई गई है। वह नीली जींस और गुलाबी शर्ट पहने था।रिहान के पिता महफूज खान के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच कृष्ण उनके घर आया था, जिसके बाद दोनों साथ ही कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाना कादरी गेट में गुमशुदगी दर्ज कराई।कादरी गेट चौकी इंचार्ज के.के. कश्यप ने बताया कि दोनों किशोरों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है और जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।घटना के बाद दोनों परिवारों में गहरा दुख व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दोनों किशोरों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

समाधान दिवस में सख्ती: डीएम का कड़ा एक्शन, लेखपाल व ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस इस बार औपचारिकता से आगे बढ़कर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई का केंद्र बन गया। जिलाधिकारी अंकुल लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की मौजूदगी में जनसुनवाई के दौरान जवाबदेही और अनुशासन का सख्त संदेश देखने को मिला।समाधान दिवस में कुल 114 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र 2 का मौके पर निस्तारण हो सका। विभागवार प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से 48, पुलिस विभाग से 22, विकास विभाग से 18, विद्युत विभाग से 3, खाद्य एवं रसद विभाग से 5 तथा अन्य विभागों से 18 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई https://youtube.com/shorts/VHd8g5BeadM?si=lDKJ0RpLIt2 मामलों में मौके पर ही सख्त फैसले लिए। सबसे पहले विरासत के एक मामले में फरियादी अंशुल दीक्षित पत्नी प्रियांशु ने शिकायत की कि उनके पति की मृत्यु के बाद भी विरासत दर्ज नहीं की गई, बल्कि लेखपाल और कानूनगो ने बिना किसी ठोस कारण के मामला कोर्ट में भेज दिया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद पिथनापुर निवासी कुंती पत्नी भूरेलाल की शिकायत सामने आई, जिसमें उन्होंने वर्ष 2022 से लगातार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पैमाइश न होने की बात कही। इस पर नाराज जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल उत्कर्ष दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए। फखरपुर निवासी रागिनी पत्नी योगेश दत्त ने जुलाई 2021 से वेतन न मिलने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी मानवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। अन्य मामलों में योगेंद्र प्रकाश (अमृतपुर) ने चकमार्ग खुलवाने, रामजीत पुत्र छविनाथ ने तालाब पर अवैध कब्जा हटवाने, राकेश पुत्र शेर सिंह (जोगराजपुर) ने तालाब के पुनर्निर्माण तथा राजीव पुत्र प्रेमसागर (नगरिया जवाहर) ने सार्वजनिक मार्ग निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समाधान दिवस में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई और प्रशासन के सख्त तेवरों से यह साफ हो गया कि जनता की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए शासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिन्द्र कुमार , उपजिलाधिकारी संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

करंट की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)थाना क्षेत्र की चौकी मदनपुर अंतर्गत ग्राम नगला पती में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण पाल के 38 वर्षीय पुत्र नेत्रपाल 1 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत की सफाई करने गए थे। खेत में लगे विद्युत पोल से 11 हजार वोल्ट की लाइन ट्यूबवेल के लिए निकली हुई थी। बताया गया कि नेत्रपाल पोल के नीचे उगी घास को दरांती से काट रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर उनके बड़े भाई बलराम खेत पर पहुंचे, जहां नेत्रपाल को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराकर उन्हें देखा गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना देर शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। वहीं 2 मई 2026 को उप निरीक्षक बलबीर सिंह यादव ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि नेत्रपाल अविवाहित थे और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने बड़े भाई बलराम के साथ रहकर खेती का कार्य करते थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है।

चिकित्सक नें महिला मरीज से किया दुष्कर्म का प्रयास

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक निजी क्लीनिक संचालक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार वह चिलसरा रोड, रामपुर डफरपुर स्थित एक क्लीनिक में इलाज के लिए जाती थी।पीड़िता का कहना है कि 1 मई को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने भाई, 6 वर्षीय पुत्री और एक अन्य युवक सोनू के साथ दवा लेने क्लीनिक पहुंची थी। आरोप है कि क्लीनिक संचालक डॉक्टर ने उसके भाई और सोनू को बाहर बैठा दिया और पीड़िता को जांच के बहाने अंदर केबिन में ले गया। वहां उसे लेटने के लिए कहा गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।विरोध करने पर आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर उसका भाई और अन्य लोग अंदर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज की और रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी।घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फोटो क्लब का पोस्टर विमोचन, 17 मई को होगा फोटोग्राफी मेला व सम्मेलन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद फोटो क्लब द्वारा आयोजित होने वाले आठवें फोटोग्राफी मेला एवं सम्मेलन का पोस्टर जोगराज स्थित एक स्टूडियो में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लिया।आयोजकों ने बताया कि इस मेले में फोटोग्राफरों के लिए कार्यशाला (वर्कशॉप) और फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यह सम्मेलन 17 मई 2026 को केएम हाउस में आयोजित होगा, जिसमें जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के फोटोग्राफर भी हिस्सा लेंगे। पोस्टर विमोचन के अवसर पर जोन प्रभारी अमित राठौर, नगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, नंदकिशोर चौरसिया, सोनू शुक्ला, अनुराग पांडेय, स्वतंत्र प्रकाश वर्मा, भारत सिंह, रुपेश कुमार, दीपक राठौर, जतिन गंगवार, लकी शाक्य, सनोज शाक्य, रवि शाक्य, अतुल शाक्य, अनिकेश राजपूत, आर्यन शाक्य, अग्निवीर, अतुल पाल सहित करीब दो दर्जन से अधिक फोटोग्राफर मौजूद रहे

एनआरसी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का अचानक निरीक्षण कर वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के इलाज और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों की सेहत में हो रही प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी बच्चों को समय से आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाए और नियमित रूप से हीमोग्लोबिन की जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुपोषित बच्चों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखने को कहा, ताकि बच्चों को अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही, बच्चों और उनकी माताओं के लिए निर्धारित पौष्टिक आहार का चार्ट वार्ड में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे सभी को जानकारी मिल सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में भर्ती 13 बच्चों और उनकी माताओं से बातचीत कर उनका हाल जाना और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों और उनकी माताओं को फल, बिस्किट, बेबी किट और साड़ियां वितरित कीं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनआरसी में साफ-सफाई, पोषण और उपचार की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कुपोषण को खत्म करने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजन गौतम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. रोहित तिवारी सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।