Home Blog Page 93

नए वर्ष के जश्न में डूबा रहा शहर,आतिशबाजी के साथ चली पार्टियां

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नववर्ष 2026 के स्वागत में होटल, ढावों व सड़कों पर देर रात तक पार्टियां और आतिशबाजी होती रही, जबकि पुलिस ने कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त संभाला। वर्ष 2025 की विदाई और नववर्ष 2026 के स्वागत के जश्न में पूरा शहर रात भर डूबा रहा| जैसे ही घड़ी के तीनों कांटे रात 12 बजे एक साथ मिले, लोगों ने उत्साह के साथ नए साल का स्वागत किया। शहर के अनेक हिस्सों में जमकर आतिशबाजी की गई।

होटलों व ढाबों में रात आठ बजे के बाद ही युवाओं व परिवारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। रात 10 बजे के आसपास जश्न अपने चरम पर पहुंच गया। डीजे की धुन पर युवक-युवतियां, बच्चे और परिवार पार्टी का आनंद लेते नजर आए। शहर के लगभग सभी होटल, रेस्टोरेंट,शहर से बाहर के ढाबे पूरी तरह भरे रहे। रात 10 बजे के बाद शहर की सड़कों पर कारों में सवार परिवार और युवाओं की चहल-पहल बढ़ गई। रात 12 बजते ही एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर भी मित्रों और परिजनों को बधाइयां भेजी जाती रहीं। नववर्ष की रात पुलिस का कड़ा बंदोबस्त पूरे शहर में नजर आया। कई चौराहों पर पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी। 

ढाई घाट माघ मेले की तैयारियों का डीएम व एसपी ने लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ढाई घाट पर आयोजित होने वाले माघ मेले की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी फर्रूखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी शाहजहाँपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद श्रीमती आरती सिंह ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत शाहजहाँपुर ने अवगत कराया कि मेला क्षेत्र में आवागमन के सभी मार्ग तैयार कर लिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था हेतु लगभग 300 हैंडपंप लगाए जा रहे हैं। विद्युत व्यवस्था के लिए दो जनरेटर लगाए जाएंगे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा महिला स्नानार्थियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में मेडिकल कैंप, गोताखोरों की तैनाती, खोया-पाया केंद्र, पीए सिस्टम, नाव व नाविकों की व्यवस्था, आपदा मित्रों की तैनाती, पर्याप्त पार्किंग, पेयजल व शौचालय तथा घाटों पर बैरिकेडिंग कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।

विश्व हिंदू महासंघ की मातृशक्ति शाखा का गठन, महिला पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)विश्व हिंदू महासंघ की संबंधित शाखा मातृशक्ति का गठन किया गया, जिसमें महिला पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मातृशक्ति की कानपुर मंडल अध्यक्ष सुनीता अग्निहोत्री की संस्तुति पर मंजू सिंह तोमर को जिला अध्यक्ष एवं गायत्री मिश्रा को मंडल महामंत्री मनोनीत किया गया। वहीं जिला महामंत्री की जिम्मेदारी रत्नेश मिश्रा को सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त अंजना देवी को फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष तथा श्वेता श्रीवास्तव को कमालगंज अध्यक्ष बनाया गया।
शहर के बढ़पुर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक नारायण द्विवेदी ने नगर गौ रक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की भी घोषणा की। इसमें योगेश को नगर संयोजक, राजा को नगर महासचिव, रवि यादव को उपाध्यक्ष तथा गोलू सक्सेना और मनु वर्मा को नगर सचिव मनोनीत किया गया। डॉ. प्रीति तिवारी ने कहा कि हमें जातियों में नहीं बंटना चाहिए, चाहे किसी भी जाति के हों, पहले हम हिंदू हैं। वहीं नरेंद्र राजपूत उर्फ राणा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब संगठित होने का समय आ गया है, किसी भी कीमत पर बंटना नहीं है।
जिला अध्यक्ष अनुपम अवस्थी ने कहा कि संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत किया जायेगा| साहिल मिश्रा, अर्चना दुबे, डॉ. निधि मिश्रा, श्रद्धा दुबे, सुमन वर्मा, अमन दुबे, पिंकी, ज्योति वर्मा, कमलेश राठौर, सीमा यादव, सुमन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

15 दिन की कड़ाके की सर्दी के बाद बांटे गए गर्म कपड़े, कस्तूरबा विद्यालयों की व्यवस्था पर सवाल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को सर्दी से बचाने के लिए दिए जाने वाले गर्म कपड़े और जूते समय पर उपलब्ध न हो पाने से एक बार फिर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग 15 दिन तक पड़ने वाली हाड़कंपाऊ ठंड के बाद अब जाकर छात्राओं को गर्म कपड़े और जूते वितरित किए गए हैं। इससे यह जाहिर होता है कि जिम्मेदार अधिकारी छात्राओं की बुनियादी जरूरतों को लेकर कितने संवेदनशील और सजग हैं।
जनपद के कमालगंज, राजेपुर, शमशाबाद, नवाबगंज और कायमगंज ब्लॉकों में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में दूर-दराज क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन की मंशा है कि इन छात्राओं को निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा के साथ-साथ मौसम के अनुसार जरूरी वस्तुएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य प्रभावित न हो। लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है।
पिछले कई दिनों से तापमान लगातार गिरने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। इस दौरान छात्राएं बिना पर्याप्त गर्म कपड़ों के ठंड सहने को मजबूर रहीं। ठंड के कारण कई छात्राओं की तबीयत भी बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें विद्यालय से घर भेजना पड़ा। अभिभावकों ने भी इस स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की, लेकिन अधिकारियों की ओर से समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अब जब शीतकालीन अवकाश की तैयारी है। छात्राओं को घर जाना है। तब जाकर गर्म कपड़े और जूते बांटे गए हैं। इस देरी से न केवल प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई है, बल्कि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किए गए खिलवाड़ पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि सामग्री समय पर उपलब्ध करा दी जाती तो छात्राएं सर्दी से होने वाली बीमारियों से बच सकती थीं और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होती।विद्यालयों के जिम्मेदारों का कहना है कि गर्म कपड़ों की मांग समय से भेज दी गई थी, लेकिन आपूर्ति और वितरण में अनावश्यक देरी हुई।

अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजा सुशासन और राष्ट्र सेवा का संदेश

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सदर विधानसभा क्षेत्र का अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। कार्यक्रम का संयोजन अतुल दीक्षित ने किया।
मुख्य वक्ता प्रकाश पाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भारतीय राजनीति के सबसे लोकप्रिय और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपनी प्रखर वाणी, कविताओं और राजनीतिक सूझबूझ से भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। 13 दिन, 13 महीने और फिर 5 वर्षों की सरकार में उन्होंने गरीब कल्याण, सड़क निर्माण, परमाणु परीक्षण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए। अटल जी शांति प्रणेता भी थे और युद्ध विजेता भी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, जिसमें अटल सरकार की नींव का बड़ा योगदान है।
उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर जोर देते हुए कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की गति धीमी है, जिसे तेज करने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर नए मतदाता जोड़ने होंगे। यह अभियान 2027 की जीत का मूल मंत्र है और इसकी प्रदेश व क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में सम्मानित नेता थे। उन्होंने सड़कों को सड़कों से और नदियों को नदियों से जोड़कर देश के चहुंमुखी विकास की आधारशिला रखी।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि अटल जी राजनीति के अजातशत्रु थे। उनके विचार आज भी सुशासन, लोकतंत्र और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर प्रेरणा देते हैं। अटल स्मृति सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक मजबूती और संगठनात्मक चरित्र का निर्माण करना है।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री अजीत पांडे ने किया। इस अवसर पर कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह सहित क्षेत्रीय व जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बदहाली पर आंसू बहा रहा है स्मारक! जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करों कुर्बानी

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) शहीदों की चिताओं पर हर बरस लगेंगे मेले, वतन पर मर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा, ये कविता सेन्ट्रल जेल फतेहगढ़ में स्थापित शहीद मणीन्द्र नाथ बनर्जी की प्रतिमा व स्मारक पर लागू होती। इस स्मारक की स्थापना ही इसलिए की गयी थी, ताकि लोग शहीदों के बलिदान को नमन कर सकें, लेकिन जेल विभाग और सत्ता नसीन लोगों के उदासीनता के चलते व प्रचार प्रसार की कमी के कारण ये स्मारक शोपीस बनकर रह गया है। आज यह स्मारक दुर्दिन झेल रहा है। उन्हें चार फूल तो नसीब नही होते उसकी जगह पर बल्कि गंदगी के अम्बार लगे नजर आते हैं, कारागार विभाग एक समय की सफाई की व्यवस्था ही नही कर पा रहा है|
शहीदों की शहादत को याद करने और उनके शौर्य को नमन करने के लिए लाखों की लागत से तत्कालीन कारागार अधीक्षक एचपी यादव नें अंग्रेजों के दांत खट्टे करने वाले शहीद मणीन्द्र नाथ बनर्जी के नाम का

शहीद स्मारक 15 जून 1985 को बनवाया था| वह आज बदहाली के आंसू बहा रहा है। हाल ही में गणतंत्र दिवस आ रहा है| उस दिन कारागार विभाग के अधिकारी एकत्रित होकर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर फिर किनारा कर लेंगे| उसके बाद कोई स्मारक पर झाँकने तक नही आता| जिससे स्मारक बदहाल है|
मणीन्द्र नाथ के विषय में जाने
शहीद मणीन्द्र नाथ बनर्जी का जन्म 13 जनवरी 1909 में वाराणसी के सुबिख्यत एवं कुलीन पाण्डेघाट स्थित माँ सुनपना देवी के उदर से हुआ था| इसके पिता ताराचन्द्र बनर्जी एक प्रसिद्ध होम्योपैथिक के चिकित्सक थे| उनके पितामह श्रीहारे प्रसन्न बनर्जी डिप्टी कलक्टर के पद पर आसीन रहे| जिन्होंने 1899 में बदायूं से बिर्टिश शासन की नीतियों से दुखी होकर अपने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया और स्वतन्त्रता आन्दोलन में सक्रिय हो गये|
श्री बनर्जी आठ भाई थे इन आठो भाईयो को मात्रभूमि के प्रति बहुत लगाव था| उन्होंने स्वतंत्रता आन्दोलन में सक्रिय भूमिका अदा की| काकोरी कांड से सम्बंधित राजेन्द्र लाहिडी को फांसी दिलाने में सीआईडी के डिप्टी अधीक्षक जितेन्द्र नाथ बनर्जी ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी| जिसे बनर्जी ने बर्दाश्त ना कर सके और उन्होंने जितेन्द्र से बदला लेने की ठान ली| 13 जनवरी 1928 को जितेन्द्र नाथ बनर्जी से वाराणसी गुदौलिया में बदला ले लिया| इस शौर्यपूर्ण कार्य के लिये उन्हें दस वर्ष की सजा व तीन माह तन्हाई की सजा मिली| 20 मार्च 1928 को उन्हें वाराणसी केन्द्रीय कारागार से केन्द्रीय कारागार फतेहगढ़ भेजा गया| जंहा उन्होंने अन्य राजनैतिक बन्दियो को उच्च श्रेणी दिलाने के लिये भी संघर्ष किया| 20 जून 1934 को सांयकाल आठ बजे कारागार के चिकित्सालय में उन्होंने अंतिम साँस ली| उनका अंतिम संस्कार 21 जून 1934 को पांचाल घाट पर गंगा किनारे किया गया था|
शहीद क्रांतिकारी प. रामनरायण आजाद के पौत्र बॉबी दुबे ने बताया की शहीदों को सम्मान मिलना चाहिए| जिन्होंने देश की खातिर जान दी वह सम्मान के पात्र है| शहीद बनर्जी युवा अवस्था में ही अंग्रेजो के खिलाफ अनशन करते हुए जेल में अपने प्राण दिये थे, उनके स्मारक का रखरखाब जेल के अधिकारीयों की जिम्मेदारी है| वह उस पर जल्द ध्यान दें नही तो फिर क्रातिकारी बंशज इसमे आगे आयेंगे|
हिन्दू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा ने बताया की यह बेहद गंभीर विषय है| शहीदों के सम्मान में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नही होगी| सेंट्रल जेल के अधिकारियों को चाहिए की वह शहीद के स्मारक की नियमित सफाई पर ध्यान दें, यदि जल्द सफाई आदि की व्यवस्था नही की जाती तो संगठन आन्दोलन के लिए बाध्य होगा|

वर्ष ‘2026’ के अभिनन्दन को नगर उत्साह,उमंग और उल्लास से हुआ सराबोर

0

फर्रुखाबाद:(नगर संबाददाता) नववर्ष 2026 के आगमन को अब चंद घंटे ही शेष हैं। जैसे-जैसे तारीख बदलने का समय नजदीक आ रहा है,वैसे-वैसे माँ गंगा की पावन धरा की फर्रुखाबाद नगरी उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर होती जा रही है। कड़ाके की ठंड बावजूद नववर्ष के स्वागत की तैयारी शहर में गर्माहट का अहसास करा रही हैं। कहीं फूलों की महक बिखर रही है तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटों और सितारों से साज-सज्जा की जा रही है। पूरा शहर नए साल के अभिनंदन को आतुर दिखाई दे रहा है।नववर्ष को यादगार बनाने के लिए बाजारों में खास रौनक देखने को मिल रही है। फूलों की स्थायी और अस्थायी दुकानों पर गुलाब,लिली, गेदा जैसे आकर्षक फूलों से सजी दुनिया नजर आ रही है।

इस साल फूलों और बुके की मांग ज्यादा बढ़ गई है। उपहार प्रतिष्ठानों में नए-नए प्रयोग कर ग्राहकों को आकर्षित किया जा रहा है।
नववर्ष के स्वागत पर शहरवासियों को रिझाने के लिए रेस्टोरेंट एवं होटल ही नहीं ठिलिया खोमचा वाले भी तैयारी कर रहे हैं। पहली जनवरी को मौज-मस्ती के आलम में चाट-पकौड़ी, मोमो-मंचूरियन एवं गोलगप्पे की भी बहार रहेगी।ऐसे लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए स्ट्रीट वेंडरों ने अपनी दुकानों एवं ठेलों को विशेष रूप से सजाया है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने समय से बुकिंग न करा पाने वालों के लिए आकस्मिक आफर और डिस्काउंट की भी व्यवस्था की है। कई जगहों पर केक और कैंडल की विशेष तैयारी की जा रही है, ताकि ठीक 12 बजे नए वर्ष का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया जा सके।

स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में टेबलेट वितरण व फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फर्रुखाबाद में मंगलवार को टेबलेट वितरण समारोह एवं फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी आगंतुक अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। स्वागती भाषण में संस्था के प्रबंधक अनुराग दुबे ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि फतेहचंद वर्मा जिलाध्यक्ष भाजपा, डॉ. भूदेव राजपूत पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा तथा डॉ. विवेक सक्सेना ने विद्यार्थियों को टेबलेट वितरित कर गिफ्ट व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
संस्था की ओर से मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष विनोद कुमार अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष शिवस्वरूप पाठक, डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे एवं ट्रस्टी अभिषेक मिश्रा ने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले अतिथियों को स्मृति चिन्ह व शाल भेंटकर सम्मानित किया। अध्यक्षता कर रहे विनोद कुमार अग्निहोत्री ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष लालाराम दुबे, कर्मचारी संघ नेता अखिलेश अग्निहोत्री, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, एडवोकेट रामजी बाजपेई, प्रमोद तिवारी, समाजसेवी शिवओम पांडेय, अवनीश शाक्य, आदित्य मिश्रा, एशियन कंप्यूटर इंस्टिट्यूट के निदेशक सुरेंद्र पांडे, पूर्व निदेशक सहकारी बैंक अरुण त्रिवेदी, भाजपा जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, नगर अध्यक्ष भाजपा राजकुमार वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य, समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वैभव सोमवंशी ने किया।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ ने फूंका पुतला

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध हो रही हिंसक घटनाओं और कथित हत्याओं के विरोध में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ मंच मंगलवार को मुखर दिखाई दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल जेल चौराहे पर बांग्लादेश का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदुओं के कत्लेआम और हिंसा की घटनाओं के बावजूद विश्व के अधिकांश देश केवल बयानबाजी तक सीमित हैं, जबकि प्रभावी और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। संगठन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ितों को सुरक्षा दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की गई और हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत राजू दास के निर्देश पर यह विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मंडल प्रभारी अमित मिश्रा के साथ सुब्रत कटियार, रजत दीक्षित, अमित शर्मा, चेतन शुक्ला, अभिनय कान्त शर्मा, गौरव राजपूत, अभिनय कांत श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट की भूमि पर फिर गरमाई राजनीति, पट्टा खत्म

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। वैठक में जाकिर हुसैन ट्रस्ट को दी गयी भूमि का कार्यकाल पूर्ण होने व जिला करीना अधिकारी क्रीड़ा अधिकारी को लेकर मुद्दा छाया रहा|
सांसद ने पूर्व में सेन्ट्रल जेल फेम व्यापार मंडल सेन्ट्रल जेल द्वारा दिये गये ज्ञापन में की गयी मांग इटावा-बरेली मार्ग पर नालों का लेवल दुरुस्त कराने तथा टूटी रेलिंग शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिये। मनरेगा योजना के अंतर्गत सभी विधायकों से 19 तालाबों की खुदाई, गहरीकरण एवं गाद निकासी से जुड़े कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विधायक कायमगंज के सवाल पर उपायुक्त स्वतः रोजगार ने बताया कि जनपद के कई स्वयं सहायता समूह ऑनलाइन बिक्री कर रहे हैं। इस पर सांसद ने क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, रखा स्कूल सहित सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन पर दुकानें बनवाकर समूहों को आवंटित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जानकारी दी गई कि प्रस्तावित 54 मार्गों में से केंद्र सरकार द्वारा 7 मार्गों का चयन किया गया है। विधायक कायमगंज ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजलामई के लंबे समय से बंद हॉस्टल और स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया। वहीं विधायक भोजपुर ने जरारी-भड़ौसा क्षेत्र में विद्युत चोरी की सघन जांच न होने पर नाराजगी जताई।
सांसद ने रामनगरिया मेला के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी हर समय तैनात रखने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। सांसद खेलकूद स्पर्धा में कथित भ्रामक जानकारी देकर खिलाड़ियों को उकसाने के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कराने के निर्देश भी दिए गए।
विधायक अमृतपुर ने नवाबगंज में डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को पट्टे पर दी गई जमीन की अवधि समाप्त होने पर उसे वापस लेने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने ग्राम पंचायत पखना सहित कई गांवों में अधूरे विद्युतीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही। विधान परिषद सदस्य प्राशू दत्त द्विवेदी ने शाम के समय गलियों में घूम रहे आवारा गौवंश के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई।
कृषि विभाग ने बताया कि किसान कल्याण केंद्र के रूप में विकास के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है और नवाबगंज व मोहम्मदाबाद में कार्य प्रगति पर है। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत आमिलपुर डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट के संचालन हेतु टेंडर शीघ्र खोले जाने की जानकारी दी गई। सांसद ने कहा कि जनपद में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था तो है, लेकिन कलेक्शन सिस्टम मजबूत नहीं है, गीले कचरे से सीएनजी बनाने की मशीन लगाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए दिए गए निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया।बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत सुश्री मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डा. सुरभी, विधान परिषद सदस्य प्राशू दत्त द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ रहे |