अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजा सुशासन और राष्ट्र सेवा का संदेश

0
330

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सदर विधानसभा क्षेत्र का अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। कार्यक्रम का संयोजन अतुल दीक्षित ने किया।
मुख्य वक्ता प्रकाश पाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भारतीय राजनीति के सबसे लोकप्रिय और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपनी प्रखर वाणी, कविताओं और राजनीतिक सूझबूझ से भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। 13 दिन, 13 महीने और फिर 5 वर्षों की सरकार में उन्होंने गरीब कल्याण, सड़क निर्माण, परमाणु परीक्षण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए। अटल जी शांति प्रणेता भी थे और युद्ध विजेता भी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, जिसमें अटल सरकार की नींव का बड़ा योगदान है।
उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर जोर देते हुए कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की गति धीमी है, जिसे तेज करने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर नए मतदाता जोड़ने होंगे। यह अभियान 2027 की जीत का मूल मंत्र है और इसकी प्रदेश व क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में सम्मानित नेता थे। उन्होंने सड़कों को सड़कों से और नदियों को नदियों से जोड़कर देश के चहुंमुखी विकास की आधारशिला रखी।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि अटल जी राजनीति के अजातशत्रु थे। उनके विचार आज भी सुशासन, लोकतंत्र और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर प्रेरणा देते हैं। अटल स्मृति सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक मजबूती और संगठनात्मक चरित्र का निर्माण करना है।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री अजीत पांडे ने किया। इस अवसर पर कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह सहित क्षेत्रीय व जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]