इलाज कराने गया परिवार, पीछे बंद मकान में लाखों की चोरी

0
25

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कादरी गेट थाना क्षेत्र के ग्राम पातीराम नगला चांदपुर में चोरों ने दो सगे भाइयों के बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। परिवार के लोग पिछले दो दिनों से इलाज के सिलसिले में कमालगंज स्थित मेडिकल कॉलेज गए हुए थे। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर लौटने पर कमरों के ताले टूटे देखकर चोरी की घटना का पता चला।गांव निवासी भीम कुमार पुत्र रामसेवक जाटव ने बताया कि उनके बड़े भाई संजीव का कमालगंज मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। इसी के चलते संजीव, भीम कुमार, उनके पिता रामसेवक जाटव, पत्नी रेनू और मां ओमवती पिछले दो दिनों से अस्पताल में थे। सोमवार को हालत में सुधार होने के बाद परिवार घर लौटा तो दोनों कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर रखी अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।परिजनों के मुताबिक चोर घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात, नए कपड़े, शादी में मिले पीतल के बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। भीम कुमार मजदूरी करते हैं, जबकि उनके पिता रामसेवक जाटव रेडीमेड कपड़ों की फेरी लगाते हैं। रामसेवक के अनुसार बिक्री के लिए घर में रखे नए कपड़े भी चोर उठा ले गए।घटना की सूचना भीम कुमार ने डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पंचाल घाट चौकी को भी सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार चौकी से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि चौकी प्रभारी हरिकेश ने बताया कि घटनास्थल उनके चौकी क्षेत्र में नहीं आता, बल्कि भैरव घाट चौकी के अंतर्गत है।वहीं भैरव घाट चौकी के दरोगा अवधेश कुमार से घटना के संबंध में जानकारी लेने पर उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार किया और बताया कि वह बाहर हैं। कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन नंबर बंद मिला।इसी परिवार के बड़े भाई संजीव के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। संजीव के अनुसार उनकी पत्नी और बच्चे उबरीखेड़ा, थाना कमालगंज स्थित रिश्तेदारी में गए हुए हैं। उनके लौटने के बाद ही उनके मकान से चोरी हुए सामान और नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा।परिजनों ने आशंका जताई कि चोर पड़ोसी राम सिंह के मकान की दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए। बाहर के मुख्य गेट का ताला लगा रहा, जबकि अंदर के कमरों के ताले तोड़कर चोरी की गई।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से कथित रूप से कच्ची शराब का कारोबार चल रहा है और शराबियों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।परिजनों का कहना है कि चोरी हुए सामान का पूरा आकलन करने के बाद पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। अब पुलिस के सामने बंद मकानों में हुई चोरी का खुलासा करने और चोरों तक पहुंचने की चुनौती है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]