मायके गयी पत्नी तो लगा ली फांसी

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) रोजाना मारपीट होने से परेशान होकर पत्नी पिता को बुलाकर उसके साथ मायके चली गई। इससे नाराज पति ने कमरे में पंखे के कुंड से फांसी लगा ली। देर शाम कमरे से बाहर न आने पर मां ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजे तुड़वाएं तो पुत्र का शव लटका देखकर मां रोने बिलखने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भटासा निवासी 30 वर्षीय विकास की शादी अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव दौलतियापुर निवासी दफेदार की पुत्री अनूपा के साथ सात साल पहले हुई थी। उसके पांच साल का पुत्र सूर्या और एक पुत्री वंशिका है। पिता राजवीर कश्यप रामदर्शनी इंटर कालेज में चपरासी के पद पर तैनात थे। उनकी अक्तूबर 2022 में मौत हो गई थी। उनके स्थान पर विकास को विद्यालय में चतुर्थश्रेणी की नौकरी मृतक आश्रित में 17 मार्च 2023 को मिली थी। वह पत्नी से आए दिन मारपीट करता था। मारपीट के कारण पत्नी का गर्भपात हो गया। इसको लेकर अक्सर दंपति में विवाद होने लगा। 325इससे परेशान होकर पत्नी अनूपा ने पिता दफेदार को जानकारी दी और शुक्रवार को ससुराल बुला लिया। शुक्रवार सुबह दफेदार पुत्री अनूपा को ससुराल से मायके बुला लाए। इससे विकास नाराज हो गया। उसने दोपहर में खाना खाया और बीमार मां रानीदेवी से कहा कि वह कमरे में सोने जा रहा है। देर रात तक कमरे से बाहर न निकलने पर मां ने उसको कई आवाज लगाई। जब कोई जबाव नहीं आया तो मां ने आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा तुड़वाया। दरवाजा टूटने पर देखा कि विकास फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह देखकर मां रोने बिलखने लगी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पारिवारिक चाचा अजीत ने बताया कि पति-पत्नी में विवाद होता रहता था। मारपीट करने से पत्नी का गर्भपात हो गया था। इससे दोनों में विवाद और होने लगा। पत्नी के जाने के बाद विकास ने फांसी लगा ली।