गोली से घायल महिला नें उपचार के दौरान तोड़ा दम

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एक सप्ताह पूर्व रात में गोली लगने से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव आने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मां ने दामाद और उसके भाई के खिलाफ जान लेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। अब मुकदमा हत्या में तरमीम किया जाएगा।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी संजीव कुमार की पत्नी बसंती देवी 21 मई की रात गोली लगने से घायल हो गई थी। घटना की जानकारी पर कन्नौज के थाना तालग्राम के गांव त्योर निवासी मां रूपादेवी बेटी के घर आई थी। उन्होंने बेटी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। दामाद संजीव व उसके भाई प्रदीप के खिलाफ जान लेवा हमले की फतेहगढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि पुत्री घरों में काम कर बच्चों का भरण पोषण करती है। दामाद शराब पीता है। 20 मई को दामाद ने शराब पीने के लिए जेवर बेचने के लिए जा रहा था। बेटी ने विरोध किया तो धमकी देकर दामाद घर से चला गया था। 21 मई की रात में ढाई बजे दामाद के भाई प्रदीप ने पुत्री के गोली मार दी। रूपादेवी ने बताया कि बेटी बसंती का उपचार कानपुर में चल रहा था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह शव लेकर फतेहगढ़ आई और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम कराया है।