भाजपा कल जारी सकती है प्रथम चरण के निकाय चुनाव में प्रत्याशियों की सूची 

LUCKNOW Politics Politics-BJP UP NEWS जिला प्रशासन

लखनऊ:नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के लिए भाजपा अपने प्रत्याशियों की पहली सूची 14 अप्रैल को जारी कर सकती है। पार्टी ने निकाय चुनाव में सांसदों और विधायकों के रिश्तेदारों को फिलहाल टिकट न देने का निर्णय किया है। पार्टी के कई सांसद, विधायक और मंत्री अपने रिश्तेदारों को टिकट दिलाने के लिए गोटियां बिछा रहे हैं। इसके दृष्टिगत पार्टी ने सांसदों और विधायकों के नातेदारों को टिकट नहीं देने का मन बनाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने दो टूक कहा कि हमारी पार्टी परिवारवाद के खिलाफ है और निकाय चुनाव में पार्टी के सांसदों और विधायकों के रिश्तेदारों को टिकट न देकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ जनता को भी यह संदेश देना चाहती है। पार्टी निकाय चुनाव में चरणवार प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। पहले चरण के प्रत्याशियों की घोषणा 14 अप्रैल को करने की तैयारी है। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रत्याशियों के चयन में पार्टी मेरिट के साथ सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखेगी। पार्टी को लगा कि सामान्य सीट पर पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवार के जीतने की संभावना अधिक है तो वह ओबीसी उम्मीदवार उतार सकती है।टिकट वितरण में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी लेकिन किसी सीट/वार्ड में आरक्षण बदल कर महिला होने की सिथति में यदि पार्टी को लगता है कि उसके वर्तमान अध्यक्ष/पार्षद की पत्नी/बहू /बेटी चुनाव जीत सकती है तो वह उन्हें टिकट देने से गुरेज नहीं करेगी। पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन 15 अप्रैल से शुरू होंगे। भाजपा नगर निगमों के महापौर व पार्षद तथा नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष के टिकट प्रदेश मुख्यालय से घोषित करेगी। इसके लिए जिला व क्षेत्र स्तर से तीन-तीन नामों के पैनल प्रदेश मुख्यालय को भेजे गए हैं। प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी पैनल में भेजे गए नामों पर मंथन कर रही है। वहीं नगर पंचायतों के अध्यक्ष व पार्षद और नगर पालिका परिषदों के पार्षद के टिकट क्षेत्रीय स्तर पर घोषित किये जाएंगे।

भाजपा चुनाव में पूरा दमखम दिखाने के लिए राज्य व केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों को चुनाव प्रचार में उतारेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगमों के अलावा बड़ी नगर पालिका परिषदों में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। चुनावी जनसभाओं के अलावा मतदाताओं को लुभाने के लिए रोड शो भी आयोजित किये जाएंगे।