फर्रुखाबाद सहित 23 जिलों में भाजपा का क्लीन स्वीप

LUCKNOW Politics Politics-BJP UP NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ:विधानसभा चुनाव 2022 में विपक्ष के तमाम दावों से उलट भाजपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी सुनिश्चित हो चुकी है। भाजपा की जीत कितनी जोरदार है  इसे फर्रुखाबाद सहित 23 जिलों में उसके क्लीन स्वीप से समझा जा सकता है। इन जिलों में विपक्ष जीत के लिए तरसता रहा। गोरखपुर की सभी नौ सीटें भाजपा जीतने में कामयाब रही जबकि पिछली बार चिल्लूपार सीट बसपा के पास थी। तब यहां पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के पुत्र विनय शंकर तिवारी जीते थे। इस बार वह सपा के टिकट पर मैदान में थे। देवरिया की सभी सात सीटें भाजपा को मिल रही हैं। पिछली बार भाटपाररानी सीट सपा के पास थी। लखीमपुर में भाजपा ने प्रदर्शन दोहराते हुए सभी आठों सीटों पर जीत दर्ज की। पीलीभीत जिले की चारों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। पिछलेे चुनाव में भी पार्टी ने चारों सीटें जीती थीं। गौतमबुद्धनगर की सभी तीन सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज कराई है। इस तरह भाजपा ने यहां अपना कब्जा बरकरार रखा है। इसी तरह वाराणसी की सभी नौ सीटें जीतकर भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए इतिहास दोहराया है। मीरजापुर और सोनभद्र में इतिहास दोहराते हुए एक बार फिर सभी सीटों पर कब्जा जमाया। शाहजहांपुर में सभी छह सीटें जीतकर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले वहां पांच सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कराने में कामयाब रही थी। आगरा, अलीगढ़, एटा और मथुरा में सभी सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप की है। उन्नाव में भी भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए विपक्ष को जीत के लिए तरसा दिया। फर्रुखाबाद, कन्नौज, महोबा,हमीरपुर और कानपुर देहात में इतिहास दोहराते हुए भाजपा ने फिर क्लीन स्वीप किया है।                                                                                                                     

आजमगढ़ और कौशांबी में सपा का क्लीन स्वीप : प्रदेश भर में भाजपा की लहर के बीच समाजवादी किला माना जाने वाला आजमगढ़ भगवा खेमे के लिए अजेय साबित हुआ। यहां की सभी सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की। यहां कुल 10 विधानसभा सीटें हैं।  कौशांबी में पहली बार साइकिल पूरे वेग से दौड़ी। समाजवादी पार्टी ने जिले में क्लीन स्वीप किया। भाजपा को तीनों सीटों पर करारी हार का सामना करना पड़ा। सिराथू सीट से खुद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए। गाजीपुर और आजमगढ़ में सपा गठबंधन ने सभी सीटों पर जीत हासिल की |