एक पंडाल के नीचे 1100 बेटियों के हाथ पीले और कुबूल हुआ निकाह

FARRUKHABAD NEWS Politics जिला प्रशासन सामाजिक

कानपुर: शहर के लिए शनिवार का दिन इतिहास के पन्नो में दर्ज हो गया। यहां एक ही दिन में 1100 बेटियों के हाथ पीले किए गए। हिंदू बेटियों का कन्यादान किया गया तो मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। जनप्रतिनिधि समेत अधिकारी इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बने और श्रम मंत्री के साथ सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर विदा किया।
सेंट्रल पार्क में सजा पंडाल, लिये सात फेरे
शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क में श्रम विभाग की ओर से सामूहिक विवाह का आयोजन की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। मंडलायुक्त सुधीर एम बोबडे के निर्देश पर पंडाल वाटर प्रूफ बनाने के साथ बरातियों के भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही जगह-जगह डस्टबिन रखे गए थे। शनिवार की सुबह से ही 1100 कन्याओं और वर के परिवारी पंडाल में पहुंच गए थे। श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सामूहिक विवाह आयोजन का शुभारंभ किया। पंडाल में बने 36 ब्लॉकों में 1100 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। वहीं 55 जोड़ों का निकाह भी मुस्लिम रीति रिवाज से हुआ।
30 पंडालों में कन्याओं को हिंदू रीति रिवाज से आचार्य की मौजूदगी में मंत्रोच्चारण व पुष्प वर्षा के बीच सात फेरे दिलाए गए। बराती व जनाती पक्ष के लिए भोजन व्यवस्था भी रही। श्रम मंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर प्रत्येक को 75000 की आर्थिक मदद दी। प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण, उच्च शिक्षा मंत्री नीलिमा कटियार, श्रम राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, विधायक भगवती सागर अभिजीत सिंह सांगा प्रतिभा शुक्ला सुरेंद्र मैथानी महेश त्रिवेदी विनायक पटेल उपस्थित रहे।
कॉलोनियों के मालिकाना हक पर हल जल्द
सामूहिक विवाह में श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रम कॉलोनियों को लेकर मालिकाना हक के लिए जल्द समाधान निकाला जाएगा। इसके लिए मंत्री सतीश महाना से भी कहा गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए श्रम विभाग के पदाधिकारियों और मंत्रियों के बीच आपसी बातचीत चल रही है। कालोनियों में मालिकाना हक में धन न दिए जाने की बात को लेकर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि यहां रहने वालों कभी किराया देना बंद नहीं किया।