थाने के आवास पर सर्विस पिस्टल से गोली चलते ही अवकाश पर भेजे गये प्रभारी निरीक्षक

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद: अपने आवास पर साथियों के साथ पार्टी कर रहे प्रभारी निरीक्षक की सर्विस रिवाल्वर से फायर होते ही थाने में हडकंप मच गया| घटना की सूचना पर एसपी आदि अफसर तत्काल मौके पर पंहुचे और मौके की नजाकत को समझ प्रभारी निरीक्षक को तत्काल अवकाश पर भेज दिया| 
दरअसल थाना राजेपुर में तैनात प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार बुधवार देर शाम अपने थाने में बने सरकारी आवास पर कुछ साथियों के साथ शाम को पार्टी  कर रहे थे| उसी समय एक फोन उनके पास आया| फोन पर बात करने के दौरान ही प्रभारी निरीक्षक ने अपने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारने का प्रयास किया| उसी समय अचानक उनके ही एक साथी ने उन्हें धक्का दे दिया| जिससे वह बाल-बाल बच गये| 
लेकिन उनके ऊँगली और सिर में कुछ चोट आयी| सर्विस पिस्टल से गोली चलने की खबर लगते ही पुलिस विभाग में हडकंप मच गया| तत्काल ही एसपी डॉ० अनिल कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह, सीओ अमृतपुर सुरेन्द्र तिवारी आदि थाना राजेपुर पंहुचे|
उन्होंने जाँच की| उसी समय मौके की नजाकत को समझ का एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को तत्काल अवकाश पर भेज दिया| पुलिस पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रही है| 
एसपी ने जेएनआई को बताया कि प्रभारी निरीक्षक अवकाश पर जा रहे थे| उनके पिता का स्वास्थ्य ठीक नही था| उसी दौरान अचानक उनकी पिस्टल जमीन पर गिरी और फायर हो गया| किसी प्रकार से खुद को गोली मारने के प्रयास का मामला प्रकाश में नही आया है| जाँच की जा रही है| फ़िलहाल वह अवकाश पर चले गये है|