कन्नौज से शुरू की सेक्युलर मोर्चा ने चुनावी तैयारी

FARRUKHABAD NEWS Politics जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ:समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद शिवपाल सिंह यादव अब हर जिले में जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की हर सीट पर अपना प्रत्याशी उतरने की तैयारी शुरू है। आज अखिलेश यादव और डिम्पल यादव के संसदीय क्षेत्र रह चुके कन्नौज में उन्होंने लोकसभा प्रभारी घोषित कर चुनावी तैयारी की कमान सौंपी। उनका कहना है कि पार्टी प्रदेश में किसी से भी गठबंधन नहीं करेगी। इसी बीच मोर्चा ने पांच और नए प्रवक्ताओं को मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत किया है। शिवपाल यादव के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में मो. शाहिद, अरविंद विद्रोही, देवेंद्र सिंह इरफान मलिक और राजेश यादव के नाम हैं। इससे पहले मोर्चा नौ प्रवक्ताओं को अधिकृत कर चुका है।
आज समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। यहां राजेश यादव और राजेंद्र सिंह से अनौपचारिक मुलाकात की और उन्हें पार्टी का झंडा थमाया। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में किसी से भी गठबंधन नहीं करेगी।
राजेश यादव कन्नौज के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी घोषित
शिवपाल ने राजेश को मोर्चा का लोकसभा प्रभारी घोषित किया और उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की जिम्मदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि कन्नौज लोकसभा सीट से मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट देने के लिए आवेदन मांगे और उनकी सूची बनाकर उपलब्ध कराएं। साथ ही कन्नौज में जिला अध्यक्ष पद के लिए भी चर्चा की। शिवपाल सिंह ने बताया कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का झंडा तैयार हो चुका है। जल्द ही पूरे उत्तर प्रदेश की सीटों पर लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए प्रत्याशी मैदान में होंगे। पार्टी किसी के साथ गठबंधन से चुनाव नहीं लड़ेगी।
इस बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव दबंगों और प्रशासन के मनमाने रवैये से प्रताडि़त लोगों के बीच मिलकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उनके मुताबिक भाजपा के राज में पूरी तरह अराजकता व्याप्त है। असामाजिक तत्व कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं। महिलाओं और बच्चियों का मान-सम्मान असुरक्षित है। सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी कहते हैं कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस एफआइआर तक नहीं दर्ज कर रही है।