बहनों के सवालों से हार गए शिवपाल

Uncategorized

SHIVPALमुज्जफरनगर: मृतक सचिन और गौरव की बहनों के जवाब सियासी कद्दावर शिवपाल के पास नहीं थे। शिवपाल का काफिला मलिकपुरा में सचिन-गौरव के घर पहुंचा। यहां माहौल गमगीन था। घर में घुसते ही कवाल में मारे गए सचिन-गौरव की बहनों व महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्से में किसी ने मंत्रियों को बैठने तक के लिए नहीं कहा। इससे पहले शिवपाल कुछ बोलते दोनों बहनों ने सवालों की झड़ी लगा दी।

शिवपाल यादव: अपनी बात बताइये?

बहनें: मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए।

शिवपाल यादव: सीबीआइ जांच नहीं होगी, सरकार निष्पक्ष जांच करा रही है।

बहनें: जब जांच नहीं होगी, फिर क्या यहां वोटे लेने आए हो?

शिवपाल यादव : हकीकत जानने आए हैं। पूरी टीम आई है।

बहनें: आपके भी बीवी-बच्चे होंगे, देख नहीं रहे, असल दोषी छोड़े जा रहे हैं।

शिवपाल यादव: दोषियों को सजा मिलेगी और निर्दोषों को सताया नहीं जाएगा।

बहनें: रो-रोकर हमारे आंसू सूख गए हैं। बड़ी बेरहमी से मारा था हमारे भाइयों को। दिन-रात भाइयों के चेहरे आंखों के आगे रहते हैं। सरकार क्या कर रही है?

शिवपाल यादव: जो चला गया, उसे वापस तो नहीं लाया जा सकता है, लेकिन मैं आपको न्याय का भरोसा दिलाता हूं।

बहनें: कब तक मिल जाएगा हमें इंसाफ?

शिवपाल यादव: हम तो दोषियों को गिरफ्तार कराकर जेल भेजेंगे, सजा तो अदालत देगी।

बहनें: जब दोषी पकड़े ही नहीं जा रहे तो सजा कैसे मिल पाएगी।

शिवपाल यादव : भरोसा रखें, दोषी जरूर पकड़े जायेंगे। प्रशासनिक अमला इसी काम में मुस्तैदी से लगा है। हम भी मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बहनें: एक वर्ग विशेष पर अत्याचार हो रहा है?

राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह: (बीच में बात काटकर): आपके घर में दुख की घड़ी है, संतोष रखिये। आप तो पत्रकारों की तरह सवाल-जवाब कर रही हैं।

बहनें: बुरी तरह से बिफरते हुए।.तो क्या हो गया। हम पढ़ी-लिखी हैं, पत्रकार नहीं बन सकतीं क्या?

इसके बाद वहां मौजूद लोगों लड़कियों को समझाने में लग गए और मंत्रियों का अमला बाहर निकल गया।
[bannergarden id=”8″][bannergarden id=”11″]
दोषी फंसेगे नहीं?..अरे नहीं-नहीं दोषी बचेंगे नहीं

मुजफ्फरनगर : जब पत्रकारों ने शिवपाल यादव से उनके आने का उद्देश्य पूछा तो बोले कि वह खुद मामले पर नजर रखे हैं। मुख्यमंत्री भी दौरा कर चुके हैं। फिर अचानक बोले-‘दोषी किसी हाल में फंसेंगे नहीं’। इतना कहा और चल दिए, इस पर पत्रकारों ने उन्हें उनके कहे वाक्य पर टोका। इसके बाद वह तेजी से पीछे मुड़े और पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बोले-‘मेरे कहने का मतलब है कि दोषी बचेंगे नहीं और निर्दोषों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी’।
साभार- JNN