Home Blog Page 97

कोहरे का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पहचान के लिए डीएनए करायेगी पुलिस

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा–बरेली हाईवे पर संतोषपुर गांव के निकट गुप्ता ईंट भट्ठे के पास बीती रात घने कोहरे के बीच एक अज्ञात युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन गुजर गए, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
lमृतक के पास से पुलिस को काली पैंट, आसमानी रंग का स्वेटर और काली बेल्ट मिली है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मदनपुर निवासी कश्मीर के पुत्र बब्लू ने सड़क पर अत्यंत खराब हालत में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद उसने मदनपुर चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दस्ताने पहनकर सड़क पर पड़े क्षत-विक्षत शव को एकत्र किया। उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान न होने की स्थिति में डीएनए सैंपलिंग कराई जाएगी, ताकि युवक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में भी जुटी हुई है।

पानी के टैंकर से टकराकर बाइक सबार राज मिस्त्री की मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) बाइक से जा रहे राजमिस्त्री की टक्कर सड़क पर खड़े पानी के टैंकर से हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे सीएससी में भर्ती गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लोहिया साल भेजा गया, लोहिया अस्पताल से भी राजमिस्त्री को सैफई के लिए रेफर किया गया, लेकिन अचानक उसने दम तोड़ दिया परिजन शव लेकर वापस चले गये | थाना मेरापुर के ग्राम नगला बबरसा निवासी 22 वर्षीय सुमित पुत्र धर्मवीर जाटव रजमिस्त्री का कार्य करता था, बीते गुरूवार शाम वह मोहम्मदाबाद से काम करके बाइक से घर लौट रहा था, उसी दौरान नीमकरोरी-मोहम्मदाबाद मार्ग पर सड़क पर खडे पानी के टेंकर से सुमित की बाइक टकरा गयी, जिससे सुमित की हालत गंभीर हो गयी, उसे सीएचसी में भर्ती किया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रिफर किया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर सैफई रिफर किया गया, लेकिन अचानक उसने दम तोड़ दिया | मृतक की मां आशादेवी, पत्नी साधना का रों-रों कर बुरा हाल हो गया |मृतक के एक आठ माह का पुत्र हैं | वह अपने तीन भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था | नीव करोरी चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह नें बताया की टैंकर को कब्जे में लिया गया हैं | शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा हैं |

शीत लहर के चलते 26 को भीं स्कूलों का अवकाश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शीत लहर के चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के विद्यालयों को एक दिन का अवकाश और दिया गया है, पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है| जनपद में कोहरा व शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित है| सड़कों पर सुबह के समय अधिकतर सन्नाटा नजर आता है बाजारों में भी भीड़ पर असर पड़ा है, लोग रजाइयों में दुबके रह हैं| धूप के दर्शन भीं नही हो पा रहे हैं | लिहाजा बच्चों पर भीं सर्दी का प्रतिकूल असर पड़ रहा हैं | जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व नाथ प्रताप सिंह नें शुक्रवार 26 दिसम्बर को अवकाश और बढ़ा दिया हैं |

सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हंगामे की भेंट चढ़ा

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन उस समय हंगामे में बदल गया, जब कुछ विजयी खिलाड़ियों ने नकद पुरस्कार न दिए जाने को लेकर विरोध शुरू कर दिया। एक ओर मंच से विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल और ट्रैक सूट वितरित किए जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर खिलाड़ी हंगामा करते नजर आए।
समापन समारोह में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से आए विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा था। इसी दौरान अलीगंज विधानसभा क्षेत्र से आई कबड्डी की विजेता टीम सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों ने नकद पुरस्कार की मांग शुरू कर दी। खिलाड़ियों का कहना था कि प्रतियोगिता के दौरान उन्हें नकद पुरस्कार दिए जाने की बात कही गई थी और अन्य जनपदों में भी इस तरह के पुरस्कार दिए जा रहे हैं।
सांसद से शिकायत, फिर बढ़ा विवाद
खिलाड़ी अपनी मांग को लेकर सांसद मुकेश राजपूत के पास पहुंचे, लेकिन वहां से हटाए जाने के बाद उन्होंने पंडाल के दूसरी ओर जाकर जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
क्रीड़ाधिकारी से धक्का-मुक्की, पुलिस बुलानी पड़ी
हंगामे के दौरान खिलाड़ियों की जिला क्रीड़ा अधिकारी से धक्का-मुक्की हो गई। मामला बढ़ने पर फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस तीन खिलाड़ियों को अपने साथ ले गई। इसी दौरान स्टेडियम परिसर में एक कुर्सी टूट गई। आरोप है कि फतेहगढ़ कोतवाल ने एक खिलाड़ी को थप्पड़ भी मार दिया।
प्रशस्ति पत्र और ट्रैक सूट लौटाने पर अड़े खिलाड़ी
अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के कबड्डी खिलाड़ियों ने प्रशस्ति पत्र और ट्रैक सूट लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने ट्रैक सूट के ऊपर ही प्रशस्ति पत्र रख दिए। महिला पहलवान खिलाड़ियों का कहना था कि रेफरी द्वारा नकद पुरस्कार देने की बात कही गई थी। जब रेफरी का नाम पूछा गया तो खिलाड़ियों ने उसका नाम भी बताया।
नकद इनाम की कोई व्यवस्था नहीं थी : सांसद
सांसद मुकेश राजपूत ने खिलाड़ियों की बात सुनने के बाद स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल, प्रशस्ति पत्र, ट्रैक सूट और टी-शर्ट दिए गए हैं। सांसद ने कहा कि अलीगंज विधानसभा के खिलाड़ियों ने सभी खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया है और वे बधाई के पात्र हैं, लेकिन अराजकता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। इस दौरान एक खिलाड़ी द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई, जिसे बाद में उसके मोबाइल से डिलीट कराया गया।

अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर जनपद भर में कार्यक्रम, 1400 से अधिक बूथों पर पुष्पांजलि

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को जनपद भर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे जनपद के 1400 से अधिक बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
भाजपा जिला मुख्यालय पर सांसद मुकेश राजपूत एवं जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मिठाई वितरण किया। वहीं फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, सुनील रावत, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुना तथा अटल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
लाइव संबोधन के उपरांत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक युगपुरुष थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बेदाग छवि के साथ जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संकल्प निभाया। उन्होंने न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर एक कुशल नेता और श्रेष्ठ कवि के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनके जीवन से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की जन्म शताब्दी पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है। अटल जी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का जो संदेश देश को दिया, उसकी गूंज आज भी सुनाई देती है। वे एक ओजस्वी वक्ता, महान कवि और सिद्धांतों के प्रति अडिग नेता थे, जो सत्तापक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष में भी समान रूप से लोकप्रिय रहे।
इस अवसर पर उद्योगपति सत्य प्रकाश अग्रवाल, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, मीरा सिंह, ममता सक्सेना, चित्रा अग्निहोत्री, राजीव चतुर्वेदी, अतुल दीक्षित, डॉ. उदय प्रताप सिंह उर्फ अभिषेक, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री डॉ. धर्मेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान, 25 वाहनों के चालान

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक ‘नो हेलमेट–नो पेट्रोल’ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी एवं एआरटीओ सुभाष राजपूत के साथ नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान खान ऑटोमोबाइल्स तथा आरपी फिलिंग स्टेशन पर बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों के कुल 25 वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। वहीं, ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत मदिरापान कर वाहन चला रहे एक बाइक सवार को पकड़ा गया, जिस पर 8,000 रुपये का चालान किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सहायक लेखाकार की सेवा समाप्ति के तीन माह बाद भी बंद पड़ी अलमारी, बीईओ कार्यालय का कार्य बाधित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कार्यदाई संस्था के सदस्यों के अलावा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों एवं आगंतुकों के साथ बार-बार अभद्र व्यवहार की शिकायतों के बाद संस्थान ने मोहम्मदाबाद में तैनात सहायक लेखाकार विवेक कुमार की सेवाएं सितंबर माह में समाप्त कर दी थीं। सेवा समाप्ति के कई महीने बीत जाने के बावजूद सहायक लेखाकार की अलमारी अब तक बंद पड़ी है, जिसमें महत्वपूर्ण प्रपत्र, चेकबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए हैं। अलमारी में ताला लगे होने के कारण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का नियमित कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद द्वारा इस गंभीर समस्या से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अवगत कराते हुए लगभग एक दर्जन से अधिक पत्र भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे कार्यालयी कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है। भुगतान, लेखा-जोखा सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाएं अटकी हुई हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद भारती शाक्य ने बताया कि सहायक लेखाकार विवेक कुमार का व्यवहार न केवल कर्मचारियों के प्रति बल्कि कार्यालय में आने वाले अन्य आगंतुकों के साथ भी अभद्र रहता था। इस संबंध में उनके पास कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्यदाई संस्था को लिखित रूप से अवगत कराया गया था कि सहायक लेखाकार का कार्य व्यवहार संतोषजनक नहीं है। इसके बाद कार्यदाई संस्था द्वारा सितंबर माह में उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। सेवा समाप्ति के बाद भी सहायक लेखाकार की अलमारी को न खुलवाया जाना और उसमें रखे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से कार्यालय के सुपुर्द न किया जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। इससे न केवल कार्यालय का कार्य बाधित हो रहा है, बल्कि सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह नें जेएनआई को बताया की उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और न ही उनके कार्यालय में इस प्रकार का कोई पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्र भेजे गए हैं तो यह गंभीर विषय है। पत्रों को किस स्तर पर रोका गया है, इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सहायक लेखाकार के मामले में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

सुशासन दिवस पर विचार गोष्ठी व पुरस्कार वितरण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सुशासन दिवस पर विचार गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मुकेश राजपूत ने भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सांसद एवं जिलाधिकारी ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और सुशासन की अवधारणा पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सुशासन एवं अटल जी के विचारों पर भाषण प्रस्तुत किए। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित भाषण, एकल काव्यपाठ एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम निवेदिता अवस्थी (बद्री विशाल पीजी कॉलेज) को 10 हजार, द्वितीय शिवम कुमार (एलवाई डिग्री कॉलेज, कायमगंज) को 5 हजार तथा तृतीय आदित्य रतन शाक्य (मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय) को 2500 रुपये का पुरस्कार दिया गया। एकल काव्यपाठ में प्रथम निवेदिता अवस्थी को 10 हजार, द्वितीय पल्लवी अग्निहोत्री (दयानंद इंटर कॉलेज, अमृतपुर) को 5 हजार तथा तृतीय कु. मंजू (नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज, श्योगनपुर) को 2500 रुपये मिले।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम आदेश कुमार (पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज) को 5 हजार, द्वितीय दिव्या श्रीवास्तव (कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज, कायमगंज) को 3 हजार तथा तृतीय कामिनी महीयसी (महादेवी वर्मा राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहगढ़) को 2 हजार रुपये प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारीविनोद कुमार गौड़ रहे।

प्रभु यीशु जन्मोत्सव पर गूंजे कैरल, छाईं खुशियां

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गिरजाघरों की रौनक बुधवार रात को देखने लायक थी। रोशनी से सभी गिरजाघर जगमगा रहे थे। पेड़-पौधों व भवनों पर भी सतरंगी विद्युत झालरें रोशनी बिखेर रही थीं। पूजा-प्रार्थनाओं से वातावरण भक्ति व आस्था से ओतप्रोत था। रात 12 बजे प्रेम, क्षमा, शांति व सेवा का संदेश देने वाले प्रभु यीशु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कैरल गूंजे, पटाखे-फुलझड़ियां जलाए गए, केक काटे गए और वातावरण में गूंज उठा- हैप्पी बर्थ डे टू यू यीशु। इसके बाद श्रद्धालुओं ने समवेत स्वर में ‘मेरा प्रभु जन्मा, प्यारा प्रभु जन्मा’ गीत गाया। चर्च परिसर में सांता क्लॉज बच्चों को टॉफी और चॉकलेट बांट रहे थे। लोग एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दे इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को ‘मेरी क्रिसमस’- ‘हैप्पी क्रिसमस’ कहकर शुभकामनाएं दी। देर रात सभी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रभु के प्रति अपनी आस्था व श्रद्धा अर्पित की और उनके मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। धर्माध्यक्षों ने आशीष लुटाए और सभी के सुखमय जीवन की मंगलकामना की। आस्था का आलम यह था कि कड़ाके की ठंड में भी श्रद्धालु देर रात घरों से निकलकर गिरजाघर पहुंचे और प्रभु जन्मोत्सव में भाग लिया। गिरजाघरों में पूरी रात जश्न का माहौल था। 25 दिसम्बर की सुबह भी गिरजाघरों में प्रार्थना सभा का आयोजन किये गये| सुबह सीएनआइ बढ़पुर चर्च,घुमना स्थित सीएनआइ सिटी चर्च व सीएनआइ रखा चर्च फतेहगढ़ में भी प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ| बढ़पुर व रखा चर्च में पादरी मनोज कुमार नें प्रार्थना सभा करायी| इसके साथ ही एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी| मसीह समाज के लोगों ने गले मिलकर व किस करके एक दूसरे को क्रिसमस डे की शुभकामनाएं दीं। विशेष प्रार्थना सभा के साथ ही बप्तिसमा भी किया गया|

मजदूर की गोली मारकर हत्या, खेत में मिला शव

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली कायमगंज के ग्राम
मई राशिदपुर में गुरुवार सुबह करीब सात बजे 45 वर्षीय मजदूर सोबरन सिंह पुत्र सियाराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव के ही एक खेत में लहूलुहान अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
सोरवन सिंह बुधवार की सुबह मजदूरी करने और पड़ोसी गांव कुतुबुद्दीनपुर में दावत खाने की बात कहकर घर से निकले थे। वह पास के गांव सहसा में मजदूरी करने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
गुरुवार सुबह गांव का एक युवक खेतों में पानी लगाने के लिए समरसेबिल पर जा रहा था। इसी दौरान उसने गांव निवासी ऋषि नंदन ठाकुर के खेत में सोरवन सिंह का शव पड़ा मिला, साइकिल भूरे के खेत में पड़ी थी। युवक ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटनास्थल से खोखा कारतूस बरामद
सूचना मिलने पर कोतवाली कायमगंज प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। जबकि रास्ते में काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने भीं घटनास्थल का निरीक्षण कर किया| प्रारम्भिक जांच में सोरवन सिंह को तीन गोलियां मारे जाने की बात सामने आयी हैं । एक गोली छाती, दूसरी कमर व तीसरी सिर में लगी है। पुलिस इसे नृशंस हत्या मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक सोरवन सिंह ने अपनी तीन बेटियों की शादी कर दी थी। उनका एक बेटा अंकित काम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ है। पत्नी पानवती व दो नाबालिग बेटियां 14 वर्षीय काजल व 13 वर्षीय नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं, पुलिस जाँच कर रही हैं, जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।