कोहरे का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पहचान के लिए डीएनए करायेगी पुलिस

0
468

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा–बरेली हाईवे पर संतोषपुर गांव के निकट गुप्ता ईंट भट्ठे के पास बीती रात घने कोहरे के बीच एक अज्ञात युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन गुजर गए, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
lमृतक के पास से पुलिस को काली पैंट, आसमानी रंग का स्वेटर और काली बेल्ट मिली है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मदनपुर निवासी कश्मीर के पुत्र बब्लू ने सड़क पर अत्यंत खराब हालत में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद उसने मदनपुर चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दस्ताने पहनकर सड़क पर पड़े क्षत-विक्षत शव को एकत्र किया। उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान न होने की स्थिति में डीएनए सैंपलिंग कराई जाएगी, ताकि युवक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में भी जुटी हुई है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]