फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय राजेपुर में मंगलवार को झूला झूलते समय गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा का हाथ टूट गया। विद्यालय की वार्डन ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार,11 वर्षीय दीपिका पुत्री रामकरन, निवासी सुंदरपुर, जो कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 7 की छात्रा है, मंगलवार अपराह्न लगभग 3 बजे विद्यालय परिसर में झूला झूल रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह झूले से नीचे गिर गई, जिससे उसका हाथ टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही वार्डन ममता ने एंबुलेंस की मदद से
छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। वहां एक्स-रे जांच के बाद चिकित्सक डॉ. अमित वर्मा ने छात्रा के हाथ में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की। हालत को देखते हुए छात्रा को लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। वार्डन ममता ने बताया कि उपचार के बाद छात्रा के पिता उसे अपने साथ लेकर लोहिया अस्पताल चले गए। विद्यालय प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में झूला झूलते समय छात्रा गिरी, हाथ टूटा
ब्राह्मणों को साधने उतरा राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण समाज को साधने की कवायद तेज होती जा रही है। इसी क्रम में श्रीकांत त्यागी के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) ने मध्य क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पार्टी ने जनपद फर्रुखाबाद में ब्राह्मण नेता पंकज अवस्थी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसे आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण वोट बैंक को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में पहले से सक्रिय रानद अब मध्य क्षेत्र में भी संगठन विस्तार में जुट गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह नियुक्ति सामाजिक इंजीनियरिंग का हिस्सा है। हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश समेत देशभर में ब्राह्मण समाज पर अत्याचार के आरोपों को लेकर राजनीतिक बहस तेज रही है। ऐसे में रानद लगातार ब्राह्मण समुदाय के नेताओं को अहम पदों पर नियुक्त कर रही है। पार्टी भगवान परशुराम के विचारों को अपनी वैचारिक धुरी मानते हुए राजनीति कर रही है, जिससे वह लगातार चर्चा में बनी हुई है।
पंकज अवस्थी की नियुक्ति की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अभिषेक त्यागी ने नोएडा स्थित कैंप कार्यालय पर की। इस मौके पर अवस्थी ने कहा कि यह जिम्मेदारी ब्राह्मण समाज की आवाज को मजबूती से उठाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा और एकजुटता को प्राथमिकता दी जाएगी। फर्रुखाबाद जिले में ब्राह्मण समाज की अच्छी-खासी आबादी मानी जाती है, जो कई विधानसभा सीटों पर चुनावी समीकरण तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रानद की यह पहल पूरी तरह से चुनावी रणनीति का हिस्सा है, क्योंकि सभी प्रमुख दल ब्राह्मण मतदाताओं को साधने में जुटे हुए हैं। रानद के विस्तार को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष मंगू सिंह त्यागी ने कहा कि पार्टी की विचारधारा सामाजिक न्याय पर आधारित है और ब्राह्मण समाज के साथ किसी भी तरह के अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में मध्य क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियां और तेज होंगी। प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मणों की भूमिका को लेकर चल रही बहस के बीच रानद का यह कदम क्या चुनावी समीकरणों को नया मोड़ देगा, यह आने वाला समय बताएगा।
फर्रुखाबाद प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि क्रय को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में फर्रुखाबाद प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे/लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण हेतु भूमि क्रय प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारियों द्वारा उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपालों को भूमि अधिग्रहण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं, नियमों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान भूमि चिन्हांकन, अभिलेख सत्यापन, मुआवजा निर्धारण तथा पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से भूमि क्रय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे परियोजना से जुड़ी सभी कार्यवाहियां शासन के निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएं, जिससे किसानों एवं भूमि स्वामियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
युवक ने फांसी लगा की आत्महत्या, सरकारी नौकरी न मिलने से था मानसिक तनाव
फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव नगला तरा में मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह खेत में उसका शव लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना से परिजन बेसुध हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
नगला तरा निवासी अशोक कुमार का 27 वर्षीय पुत्र सिकंदर सोमवार रात किसी समय घर से बिना बताए निकल गया। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे खेतों की ओर काम करने पहुंचे किसानों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर मफलर के सहारे शव लटका देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पिता अशोक कुमार, भाई मिथुन व इसेन्द्र, बहन सुनहरी और मां मीरा देवी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने बताया कि सिकंदर बीएड की पढ़ाई पूरी कर चुका था और बीटीसी करने के बाद प्रशिक्षण कर रहा था। सरकारी नौकरी न मिलने के कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में रहता था। पांच दिन पूर्व
घरवाले उसके लिए रिश्ता देखने गए थे, लेकिन उसने फिलहाल शादी से भी इनकार कर दिया था। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पंचनामा की कार्रवाई के लिए पहुंचे एसआई अवधेश अवस्थी को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिसके चलते आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।
गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग तेज, डीएम कार्यालय पर सौंपा गया ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा नदी के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण एवं कटरी क्षेत्रों में हो रहे कटान को रोकने की मांग को लेकर सोमवार को तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में जनपद की सीमा से जनपद की सीमा तक तटबंध बनवाने की मांग को लेकर नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कटरी धर्मपुर, कटरी भीमपुर तथा उनके मजरों में मां गंगा द्वारा लगातार किए जा रहे कटान पर गहरी चिंता जताई गई।
भईयन मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र की जनता तटबंध निर्माण की मांग कर रही है। कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही शुरू नहीं होना जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र तटबंध निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो 11 फरवरी से कढ़हर से अटेना घाट तक विशाल पदयात्रा शुरू की जाएगी, जिसमें पूरे क्षेत्र की जनता भाग लेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम सुंदर लाला ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। वक्ताओं ने कहा कि हर वर्ष आने वाली बाढ़ से जिले की लाखों आबादी प्रभावित होती है, इसके बावजूद रोकथाम के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में पंकज राठौर, शान अली, महेंद्र सिंह यादव, अवनीश यादव, विष्णु मिश्रा, आयुष सक्सेना एडवोकेट, प्रशांत मिश्रा एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
घर में बने गड्ढे में डूबकर 14 माह के मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव अमैयापुर पूर्वी में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर में पानी भरने के लिए बनाए गए गड्ढे में डूबने से 14 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
अमैयापुर निवासी रतिराम का मृतक 14 माह का पुत्र शुभयांश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद मां अर्चना, दादी रामरति सहित भाई-बहन प्रांशु और रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां अर्चना ने बताया कि वह दोपहर के समय घरेलू कार्य कर रही थी और
शुभयांश चारपाई पर खेल रहा था। करीब दोपहर 12 बजे जब बच्चा चारपाई पर दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। दरवाजे की ओर जाते समय घर में बने गड्ढे में बच्चे के बाल दिखाई दिए। परिजनों ने उसे तुरंत बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि गड्ढा घर में पानी भरने के उद्देश्य से बनाया गया था, जिसमें पानी भरा हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पिता रतीपाल ने पंचनामा की कार्रवाही कराने से इनकार कर दिया।
जिला उद्योग व्यापार मंडल में दो फाड़, युवा नगर व महिला जिलाध्यक्ष ने पकड़ी अलग राह, कार्यवाही के संकेत
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला उद्योग व्यापार मंडल के भीतर इन दिनों खींचतान का माहौल साफ नजर आ रहा है। जिला संगठन और नगर युवा व महिला जिलाध्यक्ष के बीच आपसी मनमुटाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जो अब खुले मंच पर आलोचना तक पहुंच गया है।
विगत दिनों चौक पर रेलवे रोड निर्माण को लेकर नगर युवा अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव एवं महिला जिलाध्यक्ष सोनी शुक्ला ने जिला संगठन की अनुमति के बिना ही धरना-प्रदर्शन किया था। इस कार्रवाई से जिला संगठन खासा नाराज बताया जा रहा है।
सोमवार को महिला मोर्चा महामंत्री हेमा मिश्रा के निवास पर बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की। बैठक में जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि संगठन के कुछ लोग जिला कमेटी की अनुमति के बिना कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिससे संगठन की छवि धूमिल हो रही है।
बैठक के दौरान महिला जिला महामंत्री द्वारा आरोप लगाया गया कि महिला जिलाध्यक्ष किसी भी कार्यक्रम की पूर्व सूचना नहीं देती हैं। इस पर जिलाध्यक्ष ने आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। वहीं बिना अनुमति के मशाल जुलूस निकाले जाने को लेकर नगर युवा अध्यक्ष पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय युवा टीम का व्यक्तिगत था, जिसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है।
बैठक में अनुपम रस्तोगी, नवनीत मिश्रा, राजू गौतम, बबिता मिश्रा, हेमलता मिश्रा, उमा सिंह, सरला सैनी सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित
मंडी में आलू की आवक बढ़ी, 381 से 481 रुपये प्रति कुंतल बिके
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोमवार को सातनपुर मंडी में आलू की बिक्री हुई। मंडी में आलू का भाव 381 रुपये से लेकर 481 रुपये प्रति कुंतल तक रहा। व्यापारियों के अनुसार आज मंडी में आलू की आमद लगभग 70 मोटर रही।
आवक बढ़ने के कारण मंडी में खरीद–फरोख्त सामान्य रही। किसानों ने बताया कि गुणवत्ता के अनुसार आलू के दाम तय हुए, जबकि मंडी में दिनभर व्यापारिक गतिविधियां चलती रहीं।



युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित 23 पर बिना अनुमति मशाल जुलूस निकालने का मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बिना अनुमति मशाल जुलूस निकालकर मुख्य बाजार में अफरातफरी फैलाने के मामले में पुलिस ने युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित 23 नामजद व 5–7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि जुलूस के दौरान लाठी-डंडों में कपड़ा लपेटकर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग जलाई गई, जिससे मानव जीवन व संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
पुलिस के अनुसार टाउन हॉल से तिकोना चौकी की ओर फर्रुखाबाद के मुख्य बाजार में यह जुलूस बिना किसी पूर्व अनुमति के निकाला गया। नारेबाजी और शोर-शराबे के बीच आग के साथ लापरवाहीपूर्ण कृत्य किए गए, जिससे बाजार में दहशत फैल गई। आग लगने के डर से दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मामले में अंकुर श्रीवास्तव (कोतवाली), राजेंद्र सिंह चौहान (नगला बजीर
खारबंदी), अंजुम उर्फ अंजु (तलैया साबजादगान), रोहन कश्यप (भीकमपुरा), गोविंद बाथम (नौलख्खा), मुनब्बर, अनमोल (हथियापुर), जय कश्यप (बैजनाथ स्ट्रीट), सचिन, अजीम (बीबीगंज), करीम
(भीकमपुरा), माजिद अली (अस्तबल तराई), कमल (बहादुरगंज तराई), आदित्य श्रीवास्तव उर्फ हनी, जतिन उर्फ जीतू श्रीवास्तव सहित कुल 23 नामजद व 5–7 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।
थाना मऊदरवाजा में तैनात उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर युवा उद्योग व्यापार मंडल का मशाल जुलूस, एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल द्वारा चौकी इंचार्ज बजरिया लक्ष्मण सिंह की कथित भ्रष्टाचारी कार्यप्रणाली के विरोध में मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस टाउन हॉल तिराहा से प्रारंभ होकर पक्का पुल चौराहे तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज की भ्रष्ट कार्यप्रणाली, अभद्र भाषा शैली और व्यवहार से क्षेत्र की आम जनता व व्यापारी वर्ग भयभीत है। संगठन ने बताया कि चौकी इंचार्ज की शिकायत को लेकर एक सप्ताह पूर्व पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आज मशाल जुलूस निकालना पड़ा। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह एवं सिपाही गौरव पर कार्रवाई कर निलंबित नहीं किया गया तो संगठन धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन एवं आमरण अनशन जैसे आंदोलन करने को विवश होगा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि चौकी इंचार्ज के भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर तत्काल निलंबन किया जाए, जिससे आम जनता और व्यापारियों को न्याय मिल सके। मशाल जुलूस के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।



