फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) तहसील क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर कास्थान में मधुमक्खियों को भगाने के प्रयास में जलाई गई आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पिता-पुत्र की झोपड़ी जलकर राख हो गई। घटना के समय घर के ऊपर मधुमक्खियां मंडरा रही थीं। महिलाओं ने उन्हें भगाने के लिए आग जलाई, लेकिन तेज हवा के चलते आग फैल गई और पास में बनी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते झोपड़ी में रखी चार चारपाइयां, छह रजाई-गद्दे, बर्तन, बच्चों के कपड़े सहित पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के अनुसार झोपड़ी राकेश और उनके पुत्र अनूप की थी। आग लगने के समय महिलाएं किसी तरह बाहर निकल आईं और बाल-बाल बच गईं।
गांव के प्रधान सुधीर ने बताया कि मधुमक्खियों को भगाने के दौरान आग बेकाबू हो गई, जिससे झोपड़ी जल गई। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के
बाद आग बुझाई गई। पीड़ित राकेश ने बताया कि उनका पूरा गृहस्थी का सामान जल गया है। ग्रामीणों के अनुसार राकेश का लगभग 50 हजार रुपये, सर्वेश का 40 हजार रुपये, मनोज का 50 हजार रुपये और अनूप कुमार का करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। आग बुझाने में ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी
मधुमक्खी भगाने को जलाई आग, झोपड़ी जलकर राख
भगवान खाटू श्याम की निशान यात्रा में पुष्प वर्षा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) याकूतगंज स्थित ठाकुरद्वारा शनि देव मंदिर से भगवान खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर “खाटू श्याम बाबा की जय” के जयकारे लगाए और पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।
निशान यात्रा याकूतगंज से प्रारंभ होकर नगला पजावा, जिला जेल चौराहा, भोलेपुर, आवास विकास, लाल गेट और गुमनाथ मार्ग से होती हुई नया कोठा पारचा पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ यात्रा का समापन किया गया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा
कर स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन की जिम्मेदारी अवधेश जोशी ने संभाली। उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक भावना को प्रबल करना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी समुचित प्रबंध किए गए थे। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया।
विशेष प्रगण पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा आज विशेष प्रगण पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचक नामावली की प्रगति, एएसडीडीआर सूची तथा बीएलओ के कार्यों की गहन समीक्षा की।
विधानसभा क्षेत्र सदर फर्रुखाबाद में मतदेय स्थल क्रिश्चियन इंटर कॉलेज तथा बद्री विशाल पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया गया। विधान सभा भोजपुर में विकास खंड मोहम्मदाबाद, प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद एवं जूनियर हाई स्कूल रोहिला का निरीक्षण किया गया।
विधानसभा अमृतपुर में प्रा० विद्यालय नगला हीरा सिंह (नवाबगंज) तथा
विधानसभा कायमगंज में संविलियन विद्यालय वीरपुर नवाबगंज एवं प्रा० विद्यालय समेचीपुर का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आलेख्य निर्वाचक नामावली एवं एएसडीडीआर सूची का सार्वजनिक वाचन कराया, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे और पात्र मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करें।
नेहरू रोड पर नहीं लगा संडे बाजार, रेलवे रोड पर सजीं फुटपाथ दुकानों की कतारें
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र नेहरू रोड पर लगने वाला पारंपरिक संडे बाजार इस सप्ताह भी नहीं लग सका। लगातार असमंजस की स्थिति के चलते फुटपाथ दुकानदारों को मजबूरन रेलवे रोड (ठंडी सड़क) का रुख करना पड़ा, जहां उन्होंने अस्थायी रूप से संडे बाजार की दुकानें सजा लीं।
दुकानदारों का कहना है कि नेहरू रोड पर त्योहारों से पहले जिस तरह की रौनक और बिक्री होती थी, उसकी तुलना में रेलवे रोड पर आधी भी दुकानदारी नहीं हो पा रही है। एक दुकानदार ने बताया कि लाखों रुपये का माल फंसा हुआ है और उसे निकालने का एकमात्र सहारा संडे बाजार ही था।
“मजबूरी में यहां दुकान लगानी पड़ रही है, लेकिन ग्राहकी उम्मीद के मुताबिक नहीं मिल रही,” दुकानदार ने कहा। कुछ फुटपाथ व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन व्यापारियों के समर्थन में उन्होंने पहले धरना-प्रदर्शन किया था, उनकी ओर से भी अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वहीं प्रशासन की तरफ से भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था या विशेष राहत नहीं दी गई, जिससे छोटे दुकानदारों में मायूसी बढ़ती जा रही है।
आगामी होली पर्व को देखते हुए ग्रामीण इलाकों से कुछ ग्राहक जरूर बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन शहरी ग्राहक संडे बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि शीघ्र ही नेहरू रोड पर संडे बाजार लगाने की अनुमति नहीं मिली, तो उनका आर्थिक संकट और गहरा सकता है। फुटपाथ दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि त्योहार के सीजन में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
महिला से दुष्कर्म व लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर दुष्कर्म और लूट का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला शिकायत में
बताया कि वह 6 फरवरी को दवाई लेने के लिए अकेले फर्रुखाबाद गई नामजद के खिलाफ तहरीर। शाम करीब 6:30 बजे दवा लेकर घर की ओर से पैदल अपने गांव लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गलारपुर निवासी धर्मेन्द्र सक्सेना पुत्र मदनपाल, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, ने उन्हें जबरन खेत में खींच लिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मुंह दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला के अनुसार, आरोपी उसके बैग से लगभग पांच हजार रुपये भी लेकर चला गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में थाना पुलिस नें आरोपी धर्मेन्द्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया |
पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पिटाई, जान से मारने की धमकी
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम बेचेपट्टी निवासी सतीशचन्द्र उर्फ पप्पू पुत्र देवीसहाय तिवारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 15 फरवरी 2026 की
शाम करीब 7 बजे अपनी बुआ के घर से अपने ताऊ के बेटे विनोद तिवारी के साथ घर लौट रहा था। आरोप है कि ग्राम पिथनापुर निवासी आजेश शुक्ला पुत्र रामशंकर शुक्ला, कृष्णा पुत्र राजेश शुक्ला तथा पियूष पुत्र आजेश शुक्ला पहले से घात लगाए बैठे थे।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे अपने दरवाजे के सामने रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़ित ने थाना अमृतपुर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस नें मामले में मुकदमा दर्ज किया |

समूह की महिलाओं ने बनाएं खुशहाली के रंग, गालों पर महकेगा हर्बल गुलाल
फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) रंगों का त्योहार होली इस बार और भी खास होगा, क्योंकि जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाएं प्राकृतिक हर्बल रंग-गुलाल तैयार कर रही हैं। महिलायें पर्यावरण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हर्बल रंग-गुलाल बना रही हैं।
होली पर इस बार जनपद ग्रामीण महिलाओं ने बाजार के हानिकारक रासायनिक गुलाल को मात देने के लिए प्राकृतिक हर्बल गुलाल तैयार किया हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह की पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित विकल्प उपलब्ध करा दिया है। जिससे अब चेहरे पर हर्बल गुलाल महकेगा
मॉडल आकाश प्रेरणा शंकुल स्तरीय समिति ग्राम धर्मनगरिया विकास खंड बढ़पुर में समूह की महिलाओं नें हर्बल गुलाल बनाकर रोजगार की तरफ दस्तक दी है| उत्साहित महिलाओं ने दावा किया की अब वह बड़े पैमाने पर गुलाल तैयार करेगी| मांग के अनुसार ही उत्पादन किया जायेगा|
प्राकृतिक संसाधनों से बनाया हर्बल गुलाल
समूह किक महिलाओं नें सब्जियों और फूलों के प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल कर हर्बल गुलाल बना रही हैं। पलाश के फूलों से केसरिया (नारंगी) गुलाल, पालक भाजी से हरा गुलाल और लाल भाजी से लाल गुलाल, चुकंदर व धनियां से भी तैयार किया जा रहा है। इसमें गुलाब गेंदा के फूलों की पंखुड़ियां, गुलाब जल और इत्र मिलाकर खुशबूदार बनाया जाता है। कोई भी रासायनिक पदार्थ नहीं मिलाया जाता, इसलिए यह त्वचा, आंखों और बालों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।
इको-फ्रेंडली व रसायन-मुक्त गुलाल
बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक गुलाल अक्सर त्वचा में जलन, एलर्जी और आंखों को नुकसान पहुंचाते हैं। बिहान की दीदियां चुकंदर, पालक, लाल भाजी व कॉर्न फ्लावर के बेस में प्राकृतिक अर्क मिलाकर चर्म-रोग मुक्त और इको-फ्रेंडली गुलाल तैयार कर रही हैं। यह गुलाल न केवल मानव अनुकूल है, बल्कि पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाता।
आफिसर्स क्लब में लगेगी प्रदर्शनी
मास्टर ट्रेनर सुरेन्द्र पाण्डेय नें बताया की हर्बल गुलाल की आफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में प्रदर्शनी लगेगी| इसके बाद सरकारी मेला लगाकर हर्बल गुलाल की बिक्री का प्रयास होगा| इसके साथ ही ऑन लाइन भी गुलाल को बिक्री किये जानें का प्रयास होगा| जिला मिशन मैनेजर अवनीश कुमार, व्लाक मिशन मैनेजर सुमित त्रिवेदी रहे|
डीएम के तहसील दिवस में 68 शिकायतें, 2 का निस्तारण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता एवं सांसद मुकेश राजपूत की मौजूदगी में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफीसर्स क्लब फतेहगढ़ में आयोजित किया गया।
तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 38, पुलिस विभाग की 10, विद्युत विभाग की 05, विकास विभाग की 04 तथा अन्य विभागों की 11 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,
जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु प्रेषित किए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनिन्द्र कुमार रहे।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक सहित तीन बालक झुलसे
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के राजा रामपुर मई गांव में शनिवार को शादी की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से छू गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में एक युवक सहित तीन बालक झुलस गए। सभी घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त
चिकित्सालय (लोहिया अस्पताल) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय दयाराम की बेटी रेशम की शादी के लिए घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। शनिवार को बारात आनी थी। पंडाल लगाने के लिए टेंट का सामान लेकर वाहन पहुंचा था। युवती का मौसेरा भाई 28 वर्षीय राजू पाल गाड़ी से टेंट का सामान उतार रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे भी आसपास मौजूद थे और एक बालक गाड़ी पर चढ़ गया।
सामान उतारते समय लोहे का लंबा पाइप अचानक हाई टेंशन लाइन से छू गया। पाइप में करंट दौड़ते ही राजू पाल के साथ 5 वर्षीय राज, 7 वर्षीय युवराज और 9 वर्षीय देव करंट की चपेट में आकर झुलस गए। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत सभी को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार के लोगों ने बताया कि करंट लगते ही हल्की चीख सुनाई दी और सभी झटके से दूर जा गिरे। गनीमत रही कि पाइप तुरंत लाइन से अलग हो गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के अनुसार सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
युवक नें फांसी लगाकर की आत्महत्या
फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता ) थाना क्षेत्र के मोहल्ला बढ़ियन टोला में शनिवार को एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला बढ़ियन टोला निवासी 38 वर्षीय सत्यवीर यादव दिल्ली में एक नमकीन फैक्ट्री में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार करीब पांच माह पूर्व उनके बड़े भाई सहवीर की वाराणसी में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। भाई की असमय मौत के बाद से सत्यवीर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। शनिवार सुबह सत्यवीर शौच और नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी समय तक बाहर न आने पर परिजनों को आशंका हुई। रोशनदान से झांककर देखा तो वह कमरे में फंदे से लटके मिले।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रोशनदान तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और दरवाजा खुलवाया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। सत्यवीर अविवाहित थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो सहायता लेना महत्वपूर्ण है। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या विश्वसनीय परिजन से संपर्क करें। मदद उपलब्ध है और समय पर सहयोग जीवन बचा सकता है।



