Home Blog Page 5746

महंगाई: पेट्रोल, डीजल के बाद रसोई गैस के लिए भी रहिये तैयार

पेट्रोल की कीमत में हुई भारी भरकम बढ़ोतरी के बाद अब आप महंगे रसोई गैस के लिए भी तैयार हो जाइए। क्योंकि सूत्रों की मानें तो अब सरकार रसोई गैस के मूल्य बढाने की संभावनाओं पर विचार कर रही है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के मूल्यों में वृद्धि के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को प्रति सिलेंडर 272 रूपए का नुकसान हो रहा है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी की अगुआई में 22 दिसंबर को हाने वाली बैठक में मंत्रियों का समूह यानी ईजीओएम एलपीजी सिलेंडर के दामों में वृद्धि करने पर भी विचार कर सकता है। इस बैठक में डीजल के दाम के साथ एलपीजी और केरोसिन पर बढ रही सब्सिडी पर भी चर्चा होगी। आपको बता दें कि इस बैठक के बाद डीजल के दाम में प्रति लीटर 2 रुपए तक की बढ़ोतरी को तय माना जा रहा है।

बेरहम बाप ने बच्चे को पीटकर मार डाला

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज के ग्राम भमौआ निवासी नरेन्द्र जाटव ने अपने ३ साल के एकमात्र बेटे दीपक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई| इस बात से गुस्साए लोगों ने नरेन्द्र के परिजनों के साथ बदसलूकी कर मारपीट की|

कोतवाली फतेहगढ़ मोहल्ला नवदिया निवासी सत्यप्रकाश की पुत्री बसन्ती ने अपने पुत्र को मार डालने के मामले में ग्राम भमौआ निवासी पति नरेन्द्र, सास आशा देवी, देवर धर्मेन्द्र व जेठ रवींद्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई| बसन्ती का ५ वर्ष पूर्व नरेन्द्र से विवाह हुआ था उसके ४ वर्ष की पुत्री कंचन व २ वर्ष की पुत्री आकांक्षा है| एकमात्र पुत्र के मर जाने के गम में बसन्ती का रोते-रोते बुरा हाल हो गया|

पप्पू ने आरोप लगाया कि बहनोई नरेन्द्र दहेज़ में ५० हजार रुपये की मांग को लेकर बहन बसन्ती को प्रताड़ित करते थे| वह बीते दिन बहन को पीट रहे थे उसी दौरान बीच में आ जाने पर दीपक पिटाई से घायल हो गया| बहन घायल बेटे को लेकर मेरे यहाँ इलाज कराने आई तो उसकी मौत हो गई|

कोटेदार आशा देवी ने आरोप लगाया कि मै अपने बेटे व गाँव के लोगों के साथ रात में नरेन्द्र के ससुराल गई तो वहां पप्पू आदि ने गाली-गलौज कर पथराव किया| बहू बसन्ती ने मारने के लिए चप्पल दिखाई| दीपक की मौत गला घोंटू बीमारी से हुई है न कि पिटाई से|

सपा ने 11 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया

लखनऊ|| यूपी के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने बीते दिन पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में एक पूर्व विधायक और आठ जिला पंचायत सदस्यों समेत कुल 11 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र ने बताया कि फिरोजाबाद से पार्टी के पूर्व विधायक हरिओम यादव सहित आठ जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य दो (सभी फिरोजाबाद) को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद बुधवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

गौरतलब है कि गत दिनों लखनऊ में सपा नेताओं की एक बैठक में पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि पार्टी में अनुशासनहीनता और गुटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नही की जाएगी और जो भी इस कृत्य में शामिल पाया गया, उसके खिलाफ पार्टी कठोर कार्रवाई करेगी।

समस्याओं के लिए BSNL कर्मचारी धरने पर

फर्रुखाबाद: विभागीय समस्याओं का समाधान न होने पर बीएसएनएल एम्प्लोयेज यूनियन के कर्मचारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए|

यूनियन के जिला अध्यक्ष रामऔतार गंगवार, संगठन सचिव हीरा लाल, सचिव एमसी अवस्थी, रामनिवास, रामनाथ, रामप्रकाश, हरीराम, ब्रजकिशोर, राजबहादुर प्रजापति, रामकुमार बाथम, दयाशंकर, अनिल आदि कर्मचारी धरने पर बैठे जिन्होंने कर्मचारी एकता जिंदाबाद, हमारी मांगे पूरी हो आदि के नारे लगाए|

कर्मचारियों की मांग है की नॉन एक्ज्यूकेटिव प्रमोशन पालिसी का क्रियान्वन दिसम्बर २०१० माह के वेतन में सुनिश्चित किया जाए| कटे हुए डब्लू एलएल मोबाइल का सयोंजन एवं टेस्टिंग नंबर नॉन मीत्र्द शीघ्र करें तथा ९४ की सुबिधा व फ्री लैंड लाइन अनलिमिटेड होम प्लान एवं अन्य लाभकारी योजनायें प्रभावी ढंग से लागू करें|

इसके अलावा मांगों में पेएनामिली आदेश का क्रियान्वयन समय सीमा के अंदर, मृतक आश्रितों की नियुक्ति आदेश जारी किया जाए| नॉन एक्ज्यूकेटिव सुपरवायेजरी स्टाफ के ब्रीफकेस के दर का संशोधन शीघ्र किया जाए, सूची वद्ध अस्पतालों को विभाग द्वारा सीधे भुगतान करने का सर्किल कौंसिल का निर्णय लागू व विभाग में कार्यरत कान्ट्रेक्ट लेबर को निगम मुख्यालय द्वारा दिनाक ६ मई २०१० को निर्गत आदेश के अनुसार मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए|

अवैध संबंधों से दुखी महिला ने फांसी लगाकर जान दी

फर्रुखाबाद: पंचायत मित्र पति के अवैध संबंधों से उसकी पत्नी आशा देवी इतनी दुखी हो गई की उसने फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया|

शहर कोतवाली के ग्राम खानपुर बगिया निवासी पंचायत मित्र जगतपाल कुशवाह की २८ वर्षीय पत्नी आशा देवी ने आज सुबह तड़के ही साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी| पुलिस कार्रवाई के भय से आशा का पति, देवर चरणसिंह, देवरानी दुलारी, बाबा आदि परिजन घर छोड़कर भाग गए|

आशा पड़ोसी जिला हरदोई थाना हरपालपुर के गाँव महतापुर निवासी रामआसरे की पुत्री थी, उसका १४ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था उसके ७ माह की एक पुत्री है| आशा की माँ रामचहेती व भाई अवध बहन के शव को देखकर बुरी तरह बिलखता रहा| अवध ने बताया कि बहन को प्रताड़ित करने पर दहेज़ उत्पीड़न का मुकद्दमा कर दिया था| २ वर्ष पूर्व डेरी वाले रामखिलौना के द्वारा समझौता कराने पर आशा ससुराल आ गई थी|

अवध ने आरोप लगाया कि जगत के महिलाओं से अवैध सम्बन्ध थे इसी बात से दुखी होकर बहन ने फांसी लगा ली| जगत की थाना राजेपुर के गाँव भरयपुर में ९० बीघा जमीन है|

विजय दिवस: सबसे छोटी लड़ाई में मिली सबसे बड़ी जीत का जश्‍न

नई दिल्ली|| आज ३९ वां विजय दिवस है। विजय दिवस प्रतीक है पाकिस्तान पर भारत के ऐतिहासिक विजय का। आज से ३९ साल पहले १९७१ में भारतीय सेना ने देश के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए थे। पश्चिमी छोर पर भारत ने पाकिस्तान का एक बड़ा हिस्सा कब्जा कर लिया था। पूर्वी छोर पर भारतीय सेना ने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए पूर्वी पाकिस्तान पर नियंत्रण कर लिया और इस तरह से बांग्लादेश आज़ाद हुआ। इस जंग में थल, वायु और नौसेना ने तालमेल दिखाते हुए दुश्मन को पीछे धकेल दिया था। 3 दिसंबर, १९७१ की शाम को शुरू हुई लड़ाई १६ दिसंबर, १९७१ को खत्म हो गई। इतिहास की सबसे कम दिनों तक लड़ी जाने वाली लड़ाइयों में से एक इस लड़ाई में पाकिस्तान को उसके दुस्साहस और पूर्वी पाकिस्तान के लोगों पर दमन की कीमत चुकानी पड़ी। पाकिस्तान के ९३ हजार सैनिकों ने इस युद्ध के बाद भारत के आगे आत्मसमर्पण कर दिया था। इस युद्ध में तत्कालीन थलसेना अध्यक्ष और चीफ ऑफ स्टाफ सैम मानेकशॉ की अगुवाई में भारतीय जवानों ने अपनी जांबाजी की अनूठी मिसाल पेश की।

थल सेना
पश्चिमी छोर पर भारतीय थल सेना ने जबर्दस्त हमला बोलते हुए पाकिस्तान के पंजाब, कश्मीर और सिंध इलाकों में पड़ने वाले करीब साढ़े पांच हजार वर्ग मील इलाके पर कब्जा कर लिया। हालांकि, जंग के बाद शिमला समझौते में भारत ने यह इलाका पाकिस्तान को वापस कर दिया। पूर्वी छोर पर भारतीय सेना ने मुक्ति वाहिनी से हाथ मिलाते हुए मित्रो वाहिनी बनाई। १९६५ की लड़ाई से उलट भारतीय सेना ने ९ इन्फैंट्री डिवीजन के जरिए इस बार तीन तरफा और तेजी से हमला बोलने की रणनीति अपनाई। आठवीं, २३ वीं और ५७ वीं डिवीजन का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा ने पूर्वी पाकिस्तान में भारतीय हमले का नेतृत्व किया। भारतीय सेना ने ढाका में एयर फील्ड को फतह कर लिया। इस बीच भारतीय नौसेना ने पूर्वी पाकिस्तान की ओर जाने वाले समुद्री रास्ते को घेर लिया। महज १३ दिनों तक चली लड़ाई में पूर्वी पाकिस्तान सेना ने जनरल नियाजी के नेतृत्व में समर्पण कर दिया। इस युद्ध के पाकिस्तान के करीब एक-तिहाई सैनिक भारत द्वारा बंदी बना लिए गए।

वायु सेना

पाकिस्तान एयर फोर्स ने भारत-पाकिस्तान के बीच जंग की शुरुआत की थी। पाकिस्तानी एयर फोर्स के शुरुआती हमलों के बाद भारतीय वायुसेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान ने महज ५० विमानों के जरिए शुरू में हमले किए। भारतीय वायु सेना के जबर्दस्त हमले से पाकिस्तानी वायुसेना की हालत पतली हो गई। पूर्वी छोर पर पाकिस्तान एयर फोर्स नंबर १४ स्क्वाड्रन को भारतीय वायुसेना ने तबाह कर दिया। इसके साथ ही ढाका एयरफील्ड पर फतह हासिल हुई।

नौसेना

भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के पश्चिमी भाग पर 4-5 दिसंबर की रात को हमला किया। इस हमले का कोड ऑपरेशन ट्राइडेंट रखा गया। भारतीय जवानों ने पाकिस्तान के मुख्य युद्ध पोत पीएनएस खैबर और पीएनएस मुहाफिज को नष्ट कर दिया। पीएनएस शाहजहां को बुरी तरह नुकसान पहुंचा। पाकिस्तानी नौसेना के 720 जवान या तो मारे गए या फिर घायल हो गए।

भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के रिजर्व ईंधन और कई कमर्शियल जहाजों को भी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान इस हमले से उबर पाता इसके पहले ही 8 और 9 दिसंबर की रात को भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन पायथन छेड़ दिया। नौसेना ने रॉकेट लॉंचर बोट की मदद से कराची की सड़कों को नुकसान पहुंचाया, जिससे अतिरिक्त सहायता मिलना बंद हो गई। नौसेना ने कराची हार्बर पर खड़े 3 कमर्शियल जहाजों को भी डुबा दिया।

पूर्वी भाग में वाइस एडमिरल कृष्णन के नेतृत्व में नौसेना ने बंगाल की खाड़ी में मोर्चा संभाल कर पूर्वी पाकिस्तान को पश्चिमी भाग से पूरी तरह अलग-थलग कर दिया। 4 दिसंबर के बाद आईएनएस विक्रांत ने पाकिस्तान के कई तटीय शहरों पर हमला बोला। पाकिस्तान ने इसके जवाब में पीएनएस गाजी को भेजा लेकिन इसे विशाखापट्टनम के पास नौसेना ने डुबा दिया। 9 दिसंबर को भारतीय नौसेना को सबसे बड़ा झटका लगा जब पाकिस्तान ने अरब सागर में आईएनएस खुखरी को डुबाया। इसमें भारतीय नौ सेना के 18 अधिकारी और 176 जवान शहीद हो गए। पाकिस्तान ने इस युद्ध में अपने 1900 सैनिक खोए जबकि 1413 गिरफ्तार कर लिए गए।

सर्दियों का नाटक- चलो गाँव की ओर

उत्तर प्रदेश में सर्दियाँ आते ही अखबारों में जिस खबर का बेसब्री से पत्रकारों को इन्तजार रहता है वो है “चलो गाँव की ओर” अभियान का| इन्तजार इसलिए क्यूंकि इस खबर के लिए पत्रकारों को कवरेज के लिए अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ती| नए युग का नया प्रयोग, बनी बनायीं प्रेस विज्ञप्ति और डिजिटल फोटो अख़बार के दफ्तरों में पंहुचा दी जाती है| थोडा बहुत काट छाट कर लगी खबर से नेता और अधिकारी दोनों खुश हो जाते है| सही मायने में यही एक ऐसा अभियान है जो समाजवादी लगता है| पिछले कई सालों से प्रदेश में सरकार भले ही सपा, भाजपा या फिर बसपा की रही हो ये अभियान जरूर चलता है| इतना ही नहीं इसे सत्ताधारी और विपक्षी दोनों दल ये अभियान चलाते है|

सर्दियाँ आते ही प्रदेश के मुख्य सचिव की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री के हवाले से जिलों के डीएम को फरमान आ जाता है कि योजना बनाकर जिले के आलाधिकारियो को गाँव में जाकर रात्रि प्रवास करना है और गाँव वालों की समस्या सुननी और हल करनी है| राजनितिक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के फरमान भी जिलों के जिलाध्यक्षो को आ जाती है कि गाँव गाँव पहुचो और सरकार विरोधी अभियान चलाकर पोल खोलो|

मगर इस अभियान से आज तक किसी भी गाँव का कुछ नहीं बदला| न समस्या और न रंग रूप| प्रधान से लेकर कोटेदार तक से जनता त्रस्त है| अलबत्ता गाँव वालो की थोड़ी बहुत मुसीबत जरूर बढ़ जाती है| बिना बिजली के रहने के आदी ग्रामीण क्षेत्रो में आमतौर रात सूरज ढलते ही हो जाती मगर उस रात प्रायोजित जागरण करना होता है|

अगर मामला सरकारी है, सरकारी अफसर को गाँव में प्रवास करना है तो फिर प्रधान, गाँव सचिव, ब्लाक स्तर के अधिकारी कर्मचारी गाँव में सारा इंतजाम करने में जुट जाते है| गाँव सजाते है, टेंट लगवाते है, जरनेटर से लाइट जलाई जाती है, गर्माहट के लिए अलाव जलता है, चाय नाश्ते का इंतजाम और ये सब अधिक से अधिक दो से तीन घंटे के लिए| शायद इसका बजट अलग से आता है या नहीं ये तो पता नहीं| सूचना विभाग के कारिंदे इन अधिकारिओ और गाँव की चौपाल की तस्वीरे उतारते है और कड़ाके की सर्दी में घंटे दो घंटे के बाद पैकअप हो जाता है| अधिकारी डिनर करके गाँव जाते है और रात्रि नींद भी वापस अपने आवास पर आकर करते है| मगर अगले दिन सूचना विभाग की मक्खन पालिश से भरपूर प्रेस विज्ञप्ति अख़बारों के दफ्तरों में पहुचती है जिसमे रात्रि प्रवास के साथ बढ़िया हैडिंग के साथ खबरे छपती रही है- “जिलाधिकारी ने ..गाँव में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्या सुनी”|

लगभग यही नजारा राजनैतिक दलों के बड़े नेता भी करते है| गाँव गए लोगो से मिले समस्या नोट की, फोटो सेशन कराया और प्रेस विज्ञप्ति बनाकर अखबारों में भेज दी| खबर छपी- “भाजपा/सपा/बसपा चली गाँव की ओर
गाँव की समस्या हल भले ही न हो सरकार और राजीतिक दलों के नुमायंदे कड़ाके की सर्दी में गरम कश्मीरी गाउन पहने मुह से भाप फेकते हुए सुबह-सुबह चाय की प्याली के साथ अपने कारनामे की खबर वाचते है और उनकी कटिंग कर फाइलों में सहेजते है| दोनों ऊपर भेजेंगे कि इस सर्दी में उन्होंने क्या क्या उखाड़ा है|
अपनी राय जरुर लिखे-

BDC चुनाव के लिए ब्लाकवार एआरओ नियुक्त

फर्रुखाबाद: ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए जिलाधिकारी ने ब्लाकवार एआरओ नियुक्त कर दिये हैं। निर्वाचन आयोग ने ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए अधिकतम व्यय सीमा 75 हजार निर्धारित की है। नामांकन पत्रों की बिक्री 18 दिसंबर से प्रारंभ होगी।

जिलाधिकारी मिनिस्ती एस. ने ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए राजेपुर में उपजिलाधिकारी अमृतपुर रवींद्र कुमार वर्मा को, कमालगंज में उपनिदेशक कृषि प्रसार जसपाल को, बढ़पुर में उपजिलाधिकारी सदर अनिल ढींगरा को, मोहम्मदाबाद में अधिशासी अभियंता नलकूप डीके आर्या को, कायमगंज में संबंधित उपजिलाधिकारी डा.महेंद्र कुमार मिश्र को, ब्लाक शमसाबाद में अपर उपजिलाधिकारी सदर सीपी उपाध्याय को और नवाबगंज में नगर मजिस्ट्रेट हरीशंकर को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।

जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी का कार्य देख रहे उपजिलाधिकारी आरबी वर्मा ने बताया कि ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री ब्लाक स्तर पर 18 दिसंबर से प्रारंभ कर दी जायेगी। नामांकन पत्रों का मूल्य 800 रुपये व जमानत राशि 5000 रुपये निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के लिए नामांकन पत्र और जमानत राशि में 50 प्रतिशत की छूट दी गयी है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से अधिकतम व्यय सीमा 75 हजार निर्धारित की गयी है।

चुनाव में शारीरिक रूप से अक्षम, दृष्टि बाधित व निरक्षर सदस्यों को मतदान के लिए सहायक दिये जाने के लिए प्राविधान है, परंतु सहायक क्षेत्र पंचायत सदस्य के किसी सगे संबंधी को ही बनाया जा सकता है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा आवश्यकता और संबंध के विषय में संतुष्ट होने पर ही सहायक दिया जा सकता है।

हरियाणा के पूर्व मंत्री की भांजी को नौकर ले उड़ा

फर्रुखाबाद: हरियाणा के पूर्व मंत्री बीते माह से अपने ख़ास नौकर से काफी परेशान हैं| नौकर बहला-फुसला कर उनकी नावालिग़ भांजी को ले उड़ा है| नौकर मंत्री के होटल पर बीते वर्षों से काम करता था इसी दौरान उसके मंत्री की भांजी से नैन लड़ गए| कक्षा ९ में पढ़ने वाली छात्रा भी नौकर के प्रेम जाल में फंस गयी थी| दोनों १६ नवम्बर को अचानक गायब हो गए|

हरियाणा पुलिस ने मंत्री की भांजी को बरामद करने के लिए पुलिस के अधिकारी से भेंट की| हरियाणा पुलिस ने कोतवाली मोहम्दाबाद पलिस के सहयोग से रोहिला में राजेश उर्फ़ अरविन्द के मकान पर छापा मारा| मकान पर ताला लगा देख पुलिस मायूस हो गयी|

कोतवाली मोहम्दाबाद के इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह ने बताया कि छापे के दौरान सीओ एस के मलिक भी मौजूद रहे| अरविन्द के घर पर एक सप्ताह से ताला लगा है|

16 दिसंबर से सैफई महोत्सव का शुभारंभ

मैनपुरी|| यहां से 4 किलो मीटर दूर सैफई महोत्सव शुभारंभ से एक दिन पूर्व महोत्सव के अध्यक्ष एवं सांसद धर्मेन्द्र यादव ने मैनपुरी, करहल, इटावा से आये पत्रकारों के समक्ष कहा कि इस बार रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव पिछले वर्षो की अपेक्षा बहुत ही उच्च स्तर का सम्पन्न होगा। इसके लिये पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

उन्होने होने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया कि गुरुवार को हनुमान जी की मूर्ति स्थापना के बाद अपरान्ह 11 बजे सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के बीच उद्घाटन करेगें। 18 दिसम्बर को अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता, 19 दिसम्बर को स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, 20 व 21 को फाग गायन, 23 को टीवी कलाकारों द्वारा रियल्टी शो, 24 को साइकिल मैराथन दौड़, 25 को अ.भा. कवि सम्मेलन होगा जिसमें देश के जाने माने कवि आयेगें। 26 को टीवी कलाकारों का रियल्टी शो तथा 29 को मुम्बई से आने वाले फिल्मी कलाकारों के कार्यक्रम होंगे। इसके पश्चात इसी रात महोत्सव का समापन भी होगा।

सांसद ने कहा कि महोत्सव का मूल उद्देश्य आपसी मेल मिलाप बढ़ाने के अलावा स्वस्थ्य मनोरंजन के साथ व्यापार मेले में आम जनता को जरूरत का समान उपलब्ध कराना है।

महोत्सव के दौरान रणवीर सिंह स्मृति सीमित ओवर क्रिकेट टूर्नामेंट 18 से 26 दिसम्बर तक एसएस मेमोरियल मैदान पर तेज प्रताप सिंह संयोजन में होगा।