Home Blog Page 5747

भाजपा महिला मोर्चा में 23 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति

लखनऊ: भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डा. मधु मिश्रा ने 23 जिलों में अध्यक्षों और दो में प्रभारियों की नियुक्ति की हैं।

जिलाध्यक्षों में फर्रुखाबाद में सुमन राठौर, हाथरस में अखिलेश गुप्ता, एटा-राजबाला, अलीगढ़-संगीता वाष्र्णेय, मुरादाबाद महानगर-डा. वर्षा शर्मा, कानपुर उत्तरी-मिथलेश अवस्थी, कानपुर दक्षिणी-अनीता गुप्ता, उन्नाव-कमलेश सिंह, बुलंदशहर-विद्यावती तोमर, झांसी-वंदना पाठक, सुलतानपुर-अनीता पांडेय, हमीरपुर-कीर्ति शर्मा, सिद्धार्थनगर-बिंदुमती मिश्रा, फतेहपुर-उर्मिला लोधी, इलाहाबाद महानगर-पल्लवी शुक्ला, जौनपुर-शैल मौर्य, महोबा-रजनी सिंह चंदेल, फिरोजाबाद जिला-राधा महेरे, जालौन-डा. लक्ष्मी गुप्ता, कन्नौज-रेखा त्रिपाठी व मेरठ महानगर में सपना अग्रवाल है। इसके अलावा सरोज शर्मा को बुलंदशहर व प्रभा शर्मा को कानपुर विभाग प्रभारी बनाया गया है।

मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित

फर्रुखाबाद: पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण परिषद के कार्यालय स्थित अमर शहीद स्मारक पर मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कर 1971 के भारत-पाक युद्ध के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। अब तक हुए युद्धों में जिले के शहीदों की संख्या 88 है जिनमें 31 जवान भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए थे।

विजय दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्व सैनिकों व वीरनारियों ने एकत्र होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष कर्नल केवी सिंह और कार्यवाहक सचिव सीपी उपाध्याय ने पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके बाद कैप्टन डीएस राठौर, उदयराज सिंह चौहान, चन्द्रप्रकाश मिश्र, रघुनंदन प्रसाद दीक्षित, महेन्द्र पाल सिंह, चन्द्रपाल सिंह परिहार, आरडी कनौजिया ने मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कर शहीदों को नमन किया। रेखा चौहान, पूनम मिश्रा, रमला राठौर भी श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थीं। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के तत्वावधान में होने वाले विजय दिवस समारोह में गुरुवार 16 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे जेएनवी रोड स्थित आरएस प्लाजा फतेहगढ़ में श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी।

प्रमुखी चुनाव: बिके बीडीसी ने खरीदी नई बाइक

फर्रुखाबाद: ब्लाक प्रमुखी का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने बीडीसी प्रत्याशियों की खरीद फरोख्त के साथ ही उनकी धरपकड़ भी शुरू कर दी है| एक बिकने वाले बीडीसी ने नई बाइक भी खरीद ली है|

ब्लाक बढपुर प्रमुख पद के उम्मीदवार अखिलेश कटियार ने बसपा की टिकट माँगी है उनका मुकावला निर्दलीय प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव उर्फ़ ब्लेकी से होगा| अखिलेश ने बताया कि मुझे चुनाव जीतने के लिए ३५ बीडीसी सदस्यों का समर्थन मिल गया है| उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि बीडीसी सदस्यों के परिचय पत्र सदस्यों को ही दिए जाएँ किसी अन्य को नहीं| वह बसपा की टिकट मिलने तथा चुनाव जीतने के प्रति पूर्ण आश्वस्त हैं|

आरोप लगाया गया कि यशपाल सिंह व उनके भाई दृगपाल सिंह उर्फ़ बाबी जिला पंचायत सदस्य ने बीडीसी सदस्य राम लडैते, अरुण कुमार, राजाबाबू आदि को किसी स्थान पर छिपा दिया है| श्री बाबी ने बताया कि सदस्यों को पकड़ने का झूंठा आरोप लगाया गया है| मेरे भाई की जीत से घबड़ाए विरोधी अब झूंठा प्रचार कर रहे हैं|

ब्लाक क्षेत्र में चर्चा है कि भोपत नगला निवासी बीडीसी चन्दन सिंह कठेरिया को वोट देने की एवज में २ लाख रुपये मिल गए हैं| उसने ३,४ दिन पूर्व ही नई हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक खरीद ली है|

ब्लाक राजेपुर क्षेत्र में बसपा की ओर से ठेकेदार महेश सिंह राठौर ने चुनाव जीतने के लिए सदस्यों को प्रभावित कर लिया है| चुनाव लड़ने का प्रचार करने वाले कांग्रेसी नेता इन्द्रभान सिंह बीडीसी सदस्यों की मांग पूरी न कर पाने के कारण पीछे हट गए हैं| पूर्व विधायक विजय सिंह के समर्थकों की सक्रियता बढ़ गयी हैं| बताया गया है कि विजय सिंह अपने समर्थक रमेश राजपूत के भाई राकेश की पत्नी को मैदान में उतारने के लिए सक्रिय हो गए हैं|

पोल खुलने पर ARTO ने तुरंत लायसेंस बनवाया

फर्रुखाबाद: सहायक परिवहन अधिकारी (ARTO ) आरसी अतरौलिया ने रिश्वतखोरी का आरोप लगने पर परेशान युवकों के तुरंत लायसेंस बनवा दिए|

एआरटीओ कार्यालय में दलाली करने वाले अधिवक्ता ने ड्राईवरी लायसेंस न बनने पर लिपिक्मनोज शर्मा के साथ बदसलूकी कर उसे हड़काया| मनोज के साथ ही अनेकों लोग लिपिक के कक्ष में घुस गये कार्यालय में बवाल होने पर एआरटीओ आरसी अतरौलिया ने अपर पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी| अधिकारी के आदेश पर कर्नलगंज चौकी प्रभारी फ़ोर्स लेकर मौके पर पहुंचे|

पुलिस ने कक्ष में घुसे लोगों को डांट-डपटकर बाहर निकालकर लाइन लगवाई तथा एआरटीओ को बताया कि अब गश्त करने वाले सिपाही कार्यालय में गडबडी मचाने वालों की गतिविधियों पर नजर रखेंगें| उसी समय थाना मऊदरवाजा के ग्राम आवाजपुर निवासी सतेन्द्र प्रताप सिंह व शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह ड्राईवरी लायसेंस के लिए १ माह से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं| अब बाबू ने ५००,५०० रूपए मांगे हैं|

रिश्वतखोरी की जानकारी मीडिया की नजर में आ जाने से भयभीत एआरटीओ आरसी अतरौलिया ने तुरंत ही दोनों युवकों के लायसेंस जारी करवा दिए| मालूम हो कि एआरटीओ कार्यालय में जबर्दस्त रिश्वत लिए जाने के कारण आयेदिन बवाल होते रहते हैं| भय के कारण कर्मचारी ड्यूटी छोड़कर भी भाग जाते हैं|

जनगणना कार्य का भुगतान न मिलने से शिक्षको में रोष

फर्रुखाबाद: जनगणना २०११ के प्रथम चरण में किये गए सर्वेक्षण कार्यों का भुगतान न होने से गुस्साए अशासकीय मान्यता प्राप्त प्राथमिक एवं जूनियर हाई स्कूल शिक्षक समिति के सदस्यों ने आज उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया|

समिति के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा राष्ट्रीय शैक्षिक महांसंघ के जिला अध्यक्ष संजय तिवारी, संतोष कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे| ज्ञापन में ६ माह बीत जाने के बावजूद भी भुगतान न मिलने पर रोष व्यक्त किया गया| जबकि प्रथम चरण का धन माह अक्टूबर में ही भुगतान हेतु स्वीकृत हो चुका है| जनगणना २०११ के द्वितीय चरण की फोटोग्राफी फरवरी माह से शुरू होनी है|

काश! यूपी, बिहार हो जाये..

जब चारो तरफ भ्रष्टाचार का सम्राज्य हो, नीचे से ऊपर तक लूट खसोट में व्यस्त सरकार हो, गूंगे बहरे निजाम और प्रशासन से चर्चा करना भी बेकार हो तब ये सोचा जा सकता है कि काश! एक बार यूपी भी बिहार हो जाये| जनता जाग जाए और चोर डकैत टाइप नेता भाग जाए| इन्हें जनता ही भगा सकती है ये पक्की बात है|

दो महीने पहले तक देश के कोने कोने में जब भी जनता को चोरो, भ्रष्टाचारियो और बेकारी के बारे में बात करनी होती थी वो तीन अक्षर का नाम ले देते थे और इशारो ही इशारो में बात पूरी हो जाती थी, वो तीन अक्षर थे “बिहार”| मगर जब अति हो गयी और बिहार की जनता भी पूरे देश में इस अपमान से आजिज आ गयी तो फिर जाग गयी| चारा वारा खाने वाले नौटंकीबाज को एक बार नहीं दुबारा भी खदेड़ दिया|

पांच साल पहले उसने लालटेन बुझा कर नितीश को रौशनी करने की जिम्मेदारी दी बिहार की जनता ने| पांच साल में जनता ने परखा और नितीश को दुबारा मौका दिया, लालटेन फक्फका गयी, पंजा चरमरा गया| अगर नीतिश लालू के नक्शेकदम पर चले होते तो नीतिश का भी वही हाल होता जो लालू का हुआ|मौका देख नीतिश ने भ्रष्टाचार दूर करने के लिए पूरे देश में मिशाल पेश कर डाली, भ्रष्ट होती विधायक निधि पर तालालगवा दिया|

बात यूपी की चल रही है पिछले दस साल में देश का सबसे बड़ा बजट हजम करने वाला राज्य बदहाली के कगार पर है| न प्रयाप्त बिजली है न रोजगार| आज भी एक हजार से अधिक बसे हर रोज यूपी के बेरोजगारों को दिल्ली तक ढोती है| गाँव में किसान को न समय पर बिना घूस के खाद है न बीज| बाढ़ और सूखा राहत की कई सौ रुपये के चेको को पटवारी बिना सौ का पत्ता लिए नहीं देता| कोटेदार तीन चौथाई राशन बाजार में बेच कर गाँव लौटता है| मिड डे मील का राशन और कन्वर्जन कास्ट प्रधान और अधिकारी बाट लेते है| मास्टर स्कूल में और डोक्टर ग्रामीण अस्पताल नहीं जाता, अलबत्ता दोनों को वेतन टनाटन मिलता है कुछ हिस्सा काट कर जो ऊपर तक जाता है| थाने चौकी आज भी यकजाई (हलके में गैरकानूनी काम करने वालो से वसूली वाली मद का पुलिसिया नाम) के भरोसे चलते है|स्कूल में बच्चो का बजीफा और शुल्क प्रतिपूर्ति मास्टर और स्कूल प्रबन्धक खाते है|

प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था रामभरोसे है, ग्रामीण इलाको में झोला छाप डाक्टर न हो तो आबादी कम करने के लिए परिवार नियोजन चलाने की जरुरत ही नहीं| तीन साल पहले भी 5000 डाक्टरों की कमी थी आज भी है ये खुद प्रदेश का सेहत मंत्री कहता है| विकास के तो कहने ही क्या पुल उदघाटन होते ही टूट रहा है| पियक्कड़ो की जमात में लगातार इजाफा हो रहा है, हर चौराहे तिराहे और गाँव गली तक देशी अंग्रेजी शराब पहुच गयी है| शराब पियो और बेकारी का गम भुलाओ, शराब की बिक्री न बढ़ी होती तो जनाब सरकारी नौकरों को वेतन के लाले भी पड़ जाते| तबादला उद्योग निति में बदलाब समय समय पर हो रहा है| बाई पास गैलेरी में बैठे कई काम करने वाले आईएएस और आईपीएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति जाने की कतार में लगे रहते है| अमीर और अमीर हो रहा है और गरीब का कोई पुरसाहाल नहीं| हाँ कागजो पर सब ठीक ठाक है|
हम तो बस यही कहेंगे बस एक बार यूपी भी बिहार हो जाए… आप का क्या ख्याल है…

पीड़ित राजकीय ड्राईवर बैठ गये धरने पर

फर्रुखाबाद: समस्याओं का समाधान न होने से गुस्साये राजकीय परिवहन चालक संघ लोक निर्माण विभाग के पदाधिकारी धरने पर बैठ गए, साथी कर्मचारियों ने वहां मौजूद रहकर उनका हौंसला बढाया|

गुलाम मोहम्मद फारुखी, मीडिया प्रभारी अशोक कुमार, सुरेश चन्द्र, सगीर अहमद एवं मुस्ताक अहमद ५ कर्मचारियों नेताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर के चबूतरे पर धरना दिया| जिलाध्यक्ष शारदा बक्श सिंह, मंत्री विनय तिवारी आदि कर्मचारी नेता मौजूद रहे| कर्मचारियों ने कर्मचारी एकता जिन्दावाद, हमारी मांगे पूरी आदि के नारे लगाए|

कर्मचारियों को एरियर की पहली व दूसरी किश्त का भुगतान न होने, शासनादेश के मुताबिक़ वेतन ग्रेड न बढाये जाने, कार्यालय एवं निरीक्षण भवन का जनरेटर चौकीदारों से न चलवाए जाने, एवं चालकों की वार्षिक गोपनीय आख्या न भेजे जाने आदि की समस्याएं हैं| इन समस्याओं को दूर करने के लिए जिलाध्यक्ष ने बीते दिनों अधीक्षण अभियंता को प्रार्थना पत्र दिया था| अधीक्षण अभियंता ने एक पखवारे में समस्याओं को दूर करने का वायदा किया था|

ग्रामीणों ने बताई भाजपाईयों को समस्यायें

फर्रुखाबाद: भारतीय जनता पार्टी का आज से चलो गाँव की ओर कार्यकर्म का श्रीगणेश हो गया|

भाजपा के प्रदेश मंत्री मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाध्यक्ष डॉ भूदेव राजपूत, जिला महामंत्री प्रदीप सक्सेना, ब्लाक बढपुर पूर्वी क्षेत्र के प्रभारी नन्द किशोर कटियार आदि गाँव वुढ्नामऊ पहुंचे| नेताओं ने गाँव में भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी की|

अनिल कुमार कटियार, दिनेश पाल, महेश पाल, रामगोविंद शर्मा, बाबूराव, शीलेश शुक्ला, ओमप्रकाश कटियार आदि ने अनेकों समस्यायें बतायीं| ग्रामीणों ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या २,३ घंटे ही बिजली का आना है| पाला गिरने के कारण आलू की फसल को पानी की अति आवश्यकता है| ब्लाक डार्क घोषित किये जाने के कारण सरकारी योजना के तहत न तो बोरिंग हो पा रही है और न ही बिजली के नए कनेक्शन मिल रहे हैं| खूब वर्षा होने के कारण पानी का स्तर करीब १० फुट तक बढ़ चुका है|

ग्रामीणों ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर के गाँव दोनों मार्ग क्षतिग्रस्त हैं| १९९२ से चकबंदी का कार्य पूरा नहीं हुआ है जिसके कारण एक इंतखाफ लेने में १०० रुपये खर्च करने पड़ते है| रात में सिचाई की दूनी १०० रुपये तक की मजदूरी देनी पड़ती है| सोसाईटी से खाद भी नहीं मिल पा रही है गाँव के कई हैण्ड पम्प खराब बताये गए हैं|

भाजपा नेताओं ने ग्रामीणों को प्रदेश एवं देश के भ्रष्टाचार आदि के ज्वलन्त समस्याओं के सम्बन्ध में तथा भाजपा की विकास परख एवं सकारात्मक सोंच के बारे में प्रकाशित परिचय दिए गए| जिनमे कांग्रेस, बसपा एवं सपा सरकार के कार्यकाल में किसान विरोधी समस्याओं का उल्लेख किया गया|

भाजपा मंत्री मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने ग्रामीणों की समस्याओं को नोट कर दूर कराये जाने का आश्वाशन दिया| उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस, बसपा व सपा की खराब नीतियों एवं भाजपा सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किये जाने की अपील की|

मुन्ना की खातिरदारी में नप सकती है खाकी

फर्रुखाबाद: सेंट्रल जेल फतेहगढ़ से दिल्ली की अदालत में पेशी के लिए गए अभियुक्त मुन्ना बजरंगी की बुलंदशहर के एक होटल पर खातिरदारी की गाज के लपेटे में फर्रुखाबाद जनपद में तैनात एक दरोगा, दो दीवान और दस सिपाही का आना तय हो गया है| मामले की जाँच सीओ मोहम्दाबाद को सौपी गयी गयी है| ज्ञात हो की इसी मामले की मीडिया द्वारा बुलंदशहर से खबर छपने के बाद आज दोपहर में पुलिस अधिकारिओ ने दल बल के साथ सेंट्रेल जेल में पूछताछ भी की थी| सूत्रों के हवाले से प्राप्त खबर के अनुसार जेल में मुन्ना से भी पूछताछ की गयी है|
मुन्ना को दिल्ली लेकर गए दल में थाना मऊ दरवाजा के दरोगा जावेद खान, दीवान अमर सिंह और मुलायम सिंह के साथ दस सिपाही की गारद भी थी| इस मामले में मेरठ के आई जी ने भी शासन को अपनी रिपोर्ट बुलंदशहर से प्राप्त कर भेज दी है|

अब राशन कार्ड का रंग भी नीला

लखनऊ: उप्र में अब राशन कार्ड भी ‘नीले रंग’ के होंगे। शासन ने निर्णय किया है कि ‘मुख्यमंत्री महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना’ के करीब 31 लाख गरीब परिवारों को जो राशन कार्ड दिया जाना है, उनका रंग नीला होगा। इन कार्डो पर केंद्र सरकार से गरीबों के लिए अतिरिक्त तौर पर आवंटित किया जाने वाला राशन मिलेगा।

नये राशन कार्ड पर परिवार के मुखिया का फोटो लगा रहेगा तथा परिवार के सभी सदस्यों का ब्योरा भी दर्ज रहेगा। शुरुआती दौर में तो छह महीने के लिए केंद्र सरकार की ओर से गरीबों में वितरित किया जाने वाला खाद्यान्न इन गरीबों को दिया जायेगा, लेकिन आगे केंद्र सरकार गरीबों के लिए खाद्यान्न का अतिरिक्त आवंटन नहीं करती है, तो राज्य सरकार अन्य विकल्पों पर विचार करेगी। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रति माह 21 किलोग्राम खाद्यान्न वितरित किया जायेगा।

नये चिह्नित गरीबों को खाद्यान्न का वितरण किये जाने के संदर्भ में शासन का तर्क है कि प्रदेश के करीब एक करोड़ छह लाख लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर श्रेणी के राशन कार्ड धारकों के मुकाबले सस्ते दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। चूंकि नये चिह्नित गरीबों को सस्ती दर पर खाद्यान्न नहीं मिल रहा था, इसलिए उनमें इसका वितरण सुनिश्चित किया जायेगा।

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद केंद्र सरकार ने प्रदेश के गरीबों को वितरित करने के लिए 2,73, 061 मीट्रिक टन चावल तथा एक लाख 36 हजार 379 मीट्रिक टन गेहूं का अतिरिक्त आवंटन किया है। इसके वितरण के संबंध में खाद्य एवं रसद विभाग ने जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये हैं। हालांकि अभी जिलों में नीले रंग के राशन कार्ड नहीं बनने के कारण अतिरिक्त कोटे के खाद्यान्न का वितरण की तिथि तय नहीं की गयी है, लेकिन यह माना जा रहा है कि एक-डेढ़ माह के अंदर वंचित गरीबों को भी खाद्यान्न मिलने लगेगा।

जिस समय से अतिरिक्त आवंटन का खाद्यान्न मुख्यमंत्री महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना के चिह्नित गरीबों को मिलने लगेगा, उस समय से इन्हें सामान्य राशन कार्डो पर दिया जाने वाला खाद्यान्न नहीं दिया जायेगा।