Home Blog Page 5724

चोरों ने बंगाली डाक्टर को रुलाया

फर्रुखाबाद(9 january ) : भीषण ठण्ड के कारण जिले में प्रतिदिन चोरी की कई बारदातें होने लगी है| चोर बीती रात थाना शमसाबाद के ग्राम खुडिनावैध निवासी डाक्टर कृष्ण प्रसाद बंगाली के घर में चोर घुस गए| घर से २५ हजार रुपये की नगदी के अलावा लाखों रुपये कीमती सोने चांदी के जेवरात आदि सामान निकाल ले गए|

बंगाली के मुख्य दरवाजे के अन्दर से ताला नहीं लगा था समझा जाता है कि एक चोर दीवार फांदकर घुसा और उसने कुंडी खोलकर साथियों को बुला लिया| चोर मकान से बक्सा, अटैची निकाल ले गए गाँव के प्रकाश जाटव के खेत में ताला तोड़कर सभी कीमती सामान निकाल ले गए, खाली अटैची बक्सा व फालतू सामान छोड़ गए|

कृष्ण प्रसाद की मंझना में केपी बंगाली नाम से क्लीनिक है| वह आज ही ट्रेन से बंगाल जाने वाले थे इसके लिए परिजनों ने कीमती कपडे व नगदी जेवरात आदि सामान को पैक कर लिया था, समझा जाता है कि चोरो को इस बात की भनक लग गई थी|

95 साल बाद 20 जनवरी को महायोग

मकर संक्रांति के ठीक बाद 20 जनवरी को तीन महायोग एक साथ आ रहे हैं। ऐसा 95 साल बाद हो रहा है जब मकर संक्रांति के बाद आने वाले पहले गुरुवार को ही गुरु पुष्यामृत योग होगा।

खरीदारी के लिए यह दिन महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दिन अमृतसिद्धि और सर्वार्थसिद्धि योग भी रहेगा। इसके पहले 1916 में मकर संक्रांति के ठीक बाद आने वाले पहले गुरुवार (20 जनवरी) गुरु पुष्य, अमृतसिद्धि और सर्वार्थसिद्धि योग एक साथ आए थे।

अब ऐसा योग 84 साल बाद 2095 में आएगा। 14 दिसंबर 2010 से मलमास 14 जनवरी तक चलेगा। ज्योतिष मान्यता के अनुसार इस दौरान मांगलिक कार्यो के खरीदी को निषेध माना गया है।

महायोग कब-कब

इस बार 20 जनवरी 2011
पहले 20 जनवरी 1916
भविष्य में 20 जनवरी 2095

गुरु पुष्य की महत्ता

गुरुवार के दिन पुष्य नक्षत्र आने से उसे गुरु पुष्यामृत के साथ अमृतसिद्धि व सर्वार्थसिद्धि योग बनता है। ज्योतिषी पंडित रवि जैन के अनुसार इस दौरान शुरू किया गया कार्य स्थायी होकर पूर्ण फलदायी होता है।

इस दिन नागरिकों के लिए नए वाहन, वस्त्र, ज्वेलरी की खरीदारी, लकड़ी संबंधी कार्य, नए प्रतिष्ठान का शुभारंभ, विद्यारंभ करना सर्वाधिक श्रेष्ठतम रहेगा। पुण्य प्राप्ति के लिए व्रत-तपस्या व शांति समृद्धि के लिए यज्ञ एवं मंत्र जाप, दान इत्यादि कर सकते हैं।

बसपा जिलाध्यक्ष की पैरवी पर मिला काशीराम आवास

फर्रुखाबाद|| टाउनहाल कालोनी से बेदखल रिक्शा चालक रवींद्र कुशवाह को बसपा जिलाध्यक्ष की पैरवी पर हैवतपुर गढि़या कालोनी में आवास मिल गया।

आवास आवंटन का पत्र मिले बिना ही रिक्शा चालक रवींद्र कुशवाह ने कांशीराम कालोनी टाउनहाल के एक आवास पर कब्जा कर लिया था। वह आवास गत सप्ताह गरीब महिला मीना पत्नी अनिल को आवंटित हो गया था। लेकिन रवींद्र का सामान व्यापार मंडल नेता श्रीमती सुलक्षणा सिंह ने पुन: उसी आवास में रखवा दिया था।

बसपा जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति की पैरवी पर रवींद्र को हैवतपुर गढि़या कालोनी में आवास में दिया गया। वह परिवार समेत नये घर में पहुंच गया।

कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना की हैवतपुर गढि़या कालोनी के 200 से अधिक आवासों में एलआइयू की जांच में ताले लटकते पाये गये हैं। अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर बंद आवासों के आवंटियों को नोटिस जारी किये जायेंगे। आवासों के निरस्तीकरण प्रक्रिया के बाद ही पुन: आवंटन शुरू हो गया।

जिलाधिकारी के आदेश पर गत माह एलआइयू ने कांशीराम कालोनी जाकर आवासों की जांच की थी। जांच रिपोर्ट में बंद पाये गये दो सौ से अधिक आवासों की निरस्तीकरण प्रक्रिया शुरू की जायेगी। आवास विकास परिषद ने भी 245 आवास बंद होने की सूची नगरीय विकास अभिकरण डूडा को दी थी। आवास विकास परिषद की सूची पर डूडा ने कार्रवाई नहीं की।

परियोजना अधिकारी डूडा जेडए खान ने बताया कि एलआइयू की जांच रिपोर्ट में बंद आवासों के आवंटियों को नोटिस जारी करने का निर्देश अपर जिलाधिकारी ने दिये हैं। नोटिस प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ कर दी जायेगी। नोटिस प्राप्ति के एक सप्ताह के अंदर जवाब न मिलने पर आवास आवंटित कर दूसरे पात्र व्यक्ति को आवंटित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि आवास विकास परिषद की सूची सही नहीं थी। आवासों को पुन: आवंटित किये जाने की सूचना से डूडा कार्यालय में इन दिनों आवेदकों का जमावड़ा लग रहा है।

जिलाधिकारी को अंबेडकर गाँव में मिलीं खामिया

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने आज तहसील कायमगंज के अंबेडकर गाँव ब्राहिमपुर जागीर की निरीक्षण किया| अनेकों प्रकार की खामियां पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की तथा अधिकारियों को अधूरे कार्यों को पूरा कराये जाने की हिदायत दी|

डीएम ने ब्राहिमपुर जागीर के प्राथमिक पाठशाला में ग्रामीणों से रूबरू हुईं| उन्होंने ग्रामीणों से बिजली स्वास्थय शिक्षा आदि विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी दी| ग्रामीणों ने विकास कार्यों की पोल खोलते हुए बताया की गाँव के अनेकों हैण्ड पम्प खराब हैं| डीएम ने दो दिन में ही हैण्ड पम्प की मरम्मत किये जाने की चेतावनी दी|

इस दौरान सीडीओ चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, एसडीएम महेंद्र कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ पिके पोरवाल, सीओ एमआर दुगताल, इंस्पेक्टर भगवान् सिंह मौजूद रहे|

“सोने के कंगन” ने दिलाया था एनजीओ को मिड डे मील

फर्रुखाबाद जनपद के नगरीय क्षेत्र में मिड डे मील की व्यवस्था में जिन जिन एनजीओ को लगाया गया था वे सब बजाय बच्चो को मेनू के आधार पर बढ़िया पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के अपनी और अधिकारिओं की जेबे गरम कर रहे थे| ये खुलासा लखनऊ से निरीक्षण करने आये उप निदेशक मध्याह भोजन प्राधिकरण ने अपनी रिपोर्ट में किया था| मगर लगातार एनजीओ के फर्जीवाड़े पर पर्दा कोई “सोने का कंगन” डाल रहा था ये बात पता चलते ही मैं खुद सन्न रह गया|
एनजीओ रिपोर्ट यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करे
यकीन नहीं होता इस बात पर मगर जब हाथ में मोटा कड़ानुमा कंगन देखने के लिए तस्वीरे खंगाल डाली तो सोचने पर मजबूर हो गया| एक नहीं अनेको तस्वीरों में हाथ में मोटा करीब 1 लाख की कीमत का कंगन| बात भ्रष्टाचार के तौर तरीकों की है| नौनिहालों के मुह में कैसे पहुचेगा निबाला| लाख मीडिया सर मार ले| गाँव गाँव की खबर छाप ले मगर घूसखोर मोटी चमड़ी के बेशर्म अफसर इसे अपनी तारीफ में कसीदे जैसा समझते है| वैसे भी धनवर्षा सभी को अच्छी लगती है और ऊपर से लक्ष्मी मेहरबान हो जाये तो इस भौतिकवादी युग में किले जीतना जैसा ही लगता है|

लाखो रुपये की कमाई तो दौराने चुनाव बिना मिड डे मील बनाये ही एनजीओ और बाबु अधिकारी कर गए| वर्ना खाना बना नहीं और मिड डे मील का राशन खर्च हो गया| कन्वर्जन कास्ट ग्राम सभा में भले ही न पहुची हो मगर एनजीओ को मिल गयी|

मामला सुर्ख़ियों में आया तो जिले के कई अन्य अधिकारिओ की भी बाछे खिल गयी| फिर से एनजीओ चयन का विज्ञापन नगर में कम प्रसार वाले अख़बार में छपवा दिया| विज्ञापन छपने की तारीख और आवेदन लेने की अंतिम तारीख के बीच केवल 9 दिन दिए उसमे भी 4 छुट्टी थी| नौनिहालों को शिक्षा देने वाले बेसिक शिक्षा विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसम्बर दी| आवेदन केवल डाक से मांगे गए| डाक विभाग सहित पूरे देश में अंग्रेजो के ज़माने से 25 दिसम्बर को छुट्टी होती है| और छुट्टी वाले दिन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख देना सुनियोजित तरीके से योजना में एनजीओ के चयन में भ्रष्टाचार की बुनियाद रख रहा था|

चर्चा है की नए एनजीओ के चयन में प्रति स्कूल 50 हजार का रेट खुला है| पुरानी एनजीओ जिन पर प्राधिकरण ने भ्रष्टाचार की मुहर लगायी थी वे भी नाम पता बदल कर घुसने की फ़िराक में है| ऑफिस का एक बाबु अपने भाई को मिड डे मील का खाना बनाने के काम में लगाने के लिए एडी छोटी का जोर लगा रहा है| कैसे बनेगा मीनू वाला साफ़ सुथरा बिना भ्रष्टाचार का मिड डे मील भगवान ही मालिक|

वैस नगर में चर्चा है कि वर्तमान डीएम इमानदार है और उन तक अगर बात पहुच गयी तो घूसखोरो और मिड डे मील के चोरो और दलालों की नहीं चलेगी| आम जनता क्या सोचती है अपनी राय जरुर दे| जनहित में नौनिहालों के निवाले का मामला जो है|

विधायक के ‘नपुंसक’ होने के दावे पर सवालिया निशान?

बांदा|| उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बलात्कार के आरोप का सामना करने वाले बहुजन समाज पार्टी के विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी के ‘नपुंसक’ होने के दावे पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता के बालिग या नाबालिग होने और जमानत का फैसला अतर्रा की अदालत में 11 जनवरी को होगा।

बीती 4 जनवरी को शहबाजपुर गांव की लड़की सीमा (काल्पनिक नाम) ने अदालत में विधायक और उनके चार साथियों पर बंधक बनाकर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया था। उसी दिन विधायक ने अपने को विभिन्न बीमारियों से ग्रसित और ‘नपुंसक’ होने का दावा किया। विधायक के निजी चिकित्सक डॉ. राजेन्द्र कटैलिया ने कहा, “विधायक वर्ष 1992 से मधुमेह के मरीज हैं, जिसके कारण उनके गुर्दे खराब हो गए हैं।”

विधायक ने लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई के एंडोक्राइनॉलजी विभाग व नेफ्रोलॉजी विभाग के चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जाना बताया था।
डाक्टरों ने बताया कि, “विधायक गत 10 जून 2010 को एंडोक्राइनॉलजी विभाग में पंजीकृत हुए थे। जबकि उनका नेफ्रोलॉजी में पंजीयन हुआ ही नहीं और न ही गंभीर बीमारी की पुष्टि हुई।”

पीड़िता की पैरवी कर रहे अधिवक्ता रामहित निषाद, गयाप्रसाद व सुरेश निषाद ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को सिविल जज जूनियर डिवीजन अतर्रा की अदालत में बताया कि विधायक कानून के शिकंजे से बचने के लिए नायाब तरीका अपना रहे हैं, वे विधायक की मेडिकल बोर्ड से जांच कराने के लिए अदालत में अर्जी देंगे।’अदालत 11 जनवरी को लड़की के बालिग अथवा नाबालिग होने और उसकी जमानत पर फैसला करेगा।

काशीराम कालोनी के फर्जीबाड़े की जांच ठंडे बस्ते में

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी मिनिस्ती एस के कड़े निर्देश के बाबजूद भी मान्यवर काशीराम शहरी आवास कालोनी के फर्जीबाड़े की जांच एक सप्ताह बाद भी शुरू नहीं हो सकी|

डीएम ने बीते दिनों खुफिया विभाग (LIU ) को काशीराम आवासों के पात्र-अपात्र लोगों की जांच करने का निर्देश दिया था| काशीराम योजना में टाउन हाल पर १६८, बन्धौआ में ३६ तथा हैबतपुर गढ़िया में १२९६ आवासों की कालोनी बनाकर आवंटन कर दिया गया है| मुफ्त में लाखों रुपये के आवास मिलने से माफिया एवं दबंगों की शुरू से ही इस योजना पर बुरी नजर पड़ गयी थी| जिन्होंने योजना वद्ध तरीके से स्वयं अपनी पत्नी, रिश्तेदार व मित्रों को अवैध रूप से आवास का आवंटन कराया और दलाली कर बहती गंगा में हाँथ भी धोये|

आवासों के आवंटन का दारोमदार डूडा के परियोजना निदेशक जेड ए खान का रहा जिनकी छत्र-छाया में उनके ही सजातीय एवं विभागीय ठेकेदारों आदि ने फर्जीबाड़े की शुरूआत की| नगपालिका के सभासद कांग्रेसी नेता टेंट मालिक आवास विकास कालोनी, बीबीगंज, फतेहगढ़ के कई पत्रकारों ने भी आवास हड़प लिए| दलालों ने प्रति आवास १५ हजार तक की बसूली की|

भोलेपुर बेबर रोड निवासी सरवन की पत्नी गुड्डी आदि दर्जनों लोगों ने सैकड़ों फर्जीबाड़ा करने वालों की शिकायतें की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की| दरअसल फर्जीबाड़ा करने वालों को ही जांच दी गयी जिनको लीपा-पोती करने में देर नहीं लगी|

गुप्तचर विभाग के कर्मचारी बीते कई दिनों से आवासों की सूची हांसिल करने के लिए डूडा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं| लिपिक सरद बाजपेयी यह कहकर टरका देते हैं कि जेड ए खान के आने पर ही सूची मिल पायेगी|

ये इश्क नहीं आसां बस इतना समझ लीजिए, इक आग का दरिया है…

चंदौली|| चंदौली में एक दुल्हन पिछले सात सालों से कैदी प्रेमी का इंतजार कर रही है.

वो भी उस शख्स से जो पिछले सात साल से हत्या के आरोप में जेल में है.

दोनों ने कोर्ट से शादी की अनुमति मांगी है.  कोर्ट आज तय करेगा कि शबा और शौकत एक हो पाएंगे या नहीं.

ये इश्क नहीं आसां बस इतना समझ लीजिए, इक आग का दरिया है और डूब कर जाना है शबा के लिए लेकिन ये आग का दरिया नहीं.

जेल की सलाखें हैं और कोर्ट कचहरी के तमाम चक्कर मुश्किल आग के दरिया जैसी ही है. शादी का इंतजार करते-करते सात साल बीत चुके हैं. शौकत और शबा बचपन के साथी है. शादी तय हुई तभी शौकत हत्या के एक मामले में पकड़ा गया. शबा अब भी जेल में बंद शौकत से शादी करना चाहती है. शबा का इंतजार कब खत्म होगा अब ये कानून ही तय करेगा

नागेन्द्र शाक्य व राठौर, कुलदीप एवं गंगाराम बसपा प्रत्याशी घोषित, ताहिर छिबरामऊ से

फर्रुखाबाद: बसपा के जोनल कोआर्डीनेटर केके गौतम ने आज फर्रुखाबाद सदर विधान सभा क्षेत्र से नागेन्द्र सिंह शाक्य, अमरतपुर से कुलदीप गंगवार, कायमगंज से गंगाराम जाटव तथा भोजपुर(मोहम्दाबाद) क्षेत्र से नागेन्द्र सिंह राठौर को प्रत्याशी घोषित किया| यह बात सुनते ही मौजूद चारों प्रत्याशी व उनके बसपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई|

श्री गौतम ने आज सायं ठंडी सड़क स्थित एक शीतग्रह में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में हिदायत दी कि कोई भी कार्यकर्ता बहन कुमारी मायावती के जन्मदिन पर चंदे के नाम पर एक रूपए तक की बसूली नहीं करेगा| उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की दुश्मन पार्टी है| इस पार्टी के यहाँ से एमपी सलमान खुर्शीद को हर हालत में चुनाव हरवाना है| उन्होंने कहा कि जिले की चरों सीटें जीतनी हैं कार्यकर्ता अभी से चुनाव प्रचार की तैयारी में जोरदारी से जुट जायें|

बैठक में एमएलसी मनोज अग्रवाल, पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव, जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति, महेंद्र कटियार, अनंगपाल कुशवाह आदि सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे|

1 बजे बुलाई गयी बैठक करीब 3 बजे चालू हो सकी| ठंड का बैठक पर काफी असर रहा काफी कुर्सियां खाली रही|

नागेन्द्र सिंह शाक्य बीते लोकसभा चुनाव में बसपा के प्रत्याशी थे और थोड़े अंतर से ही चुनाव हार गए थे|

जबकि कुलदीप गंगवार विधायक हैं पार्टी के जिला प्रभारी गंगाराम जाटव को पहली बार चुनाव लड़ने का मौक़ा मिला है और नागेन्द्र सिंह राठौर मोहम्दाबाद क्षेत्र से एमएलए का चुनाव लड़ कर हार गए थे|

कमालगंज विधान सभा क्षेत्र के विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी का पत्ता साफ़ हो गया| उन्होंने फर्रुखाबाद विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए बीते साल से ही जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी थी| उन्हें पड़ोसी जिला कन्नौज की छिबरामऊ सीट से टिकट मिली है|

कन्नौज के बसपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र कुशवाह ने बताया कि कन्नौज से महेंद्र सिंह निम्म, तिर्वा से कैलाश सिंह राजपूत व छिबरामऊ से ताहिर हुसैन सिद्दीकी को प्रत्याशी बनाया गया|

मकर संक्रांति को लेकर मतभेद: 14 या 15 जनवरी?

प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाए जाने वाले मकर संक्रांति पर्व को लेकर इस बार ज्योतिषियों में मतभेद हैं। ज्योतिष के अनुसार जब सूर्य धनु से मकर राशि में प्रवेश करता है तब मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। कुछ ज्योतिषियों का मानना है कि मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा जबकि कुछ ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को रहेगा। अधिकांश ज्योतिषियों का यही कहना है कि मकर संक्राति पर किए जाने वाले स्नान, दान आदि धार्मिक कर्मकाण्ड 15 जनवरी को ही करना श्रेष्ठ रहेगा।

पं. आनन्दशंकर व्यास के अनुसार सूर्य 14 जनवरी को रात 12:25 को मकर राशि में प्रवेश करेगा इसलिए उसका पुण्यकाल 15 जनवरी को माना जाएगा। इस दृष्टि से मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को ही मनाया जाएगा। स्नान व दान-दक्षिणा का महत्व भी इस दिन माना जाएगा। पं. मनीष शर्मा के मतानुसार मकर संक्रांति 15 जनवरी को ही मनाई जाएगी।

पं. अमर डिब्बेवाला का भी यही मत है कि सूर्य 14 जनवरी को मध्य रात्रि को मकर राशि में प्रवेश करेगा उसके अनुसार मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को ही रहेगा तथा स्नान व दान का महत्व भी इसी दिन का रहेगा।

वहीं पं. श्यामनारायण व्यास का कहना है कि सूर्य 14 जनवरी की शाम 6:44 पर मकर राशि में प्रवेश करेगा। चूंकि मकर संक्रांति का पुण्य काल 6 घंटे पूर्व प्रारंभ हो जाता है इसलिए मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को दिन 12:44 से प्रारंभ होगा। इस दिन स्नान व दान का महत्व भी दोपहर बाद ही माना जाएगा।