Home Blog Page 5719

‘रेपिस्ट’ विधायक की गिरफ्तारी के आदेश

लखनऊ।। उत्तर प्रदेश में पिछड़ी जाति की नाबालिग लड़की से रेप के मामले में बहुजन समाज पार्टी के विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी की गिरफ्तारी के आदेश दे दिए गए हैं।

यूपी के कैबिनेट सेक्रटरी और डीजीपी की मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया। द्विवेदी को बीएसपी पहले ही पार्टी से सस्पेंड कर चुकी है।

गौरतलब है कि मायावती के आदेश पर इस प्रकरण की जांच अपने हाथ में लेने वाली सीबीसीआईडी ने अपनी शुरुआती तफ्तीश पूरी कर इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली है।

शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि विधायक पर रेप का आरोप लगाने वाली शीलू निषाद (17) से न सिर्फ बलात्कार किया गया, बल्कि उसे चोरी के मामले में फंसाया भी गया था।

बीजेपी ने उमर अब्दुल्ला का पुतला फूंक भड़ास निकाली

फर्रुखाबाद: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज भड़ास निकालने के लिये जम्भू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का मोहम्दाबाद में पुतला फूंक दिया|

पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह एवं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा के नेत्रत्व में जिला महामंत्री कुलदीप दुबे, नगर अध्यक्ष परमानंद वर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष अमर सिंह चंदेल, अनुराग पाठक आदि अनेकों भाजपा कार्यकर्ता संकिसा रोड स्थित सुघर सिंह यादव के आवास से रवाना हुए|

उमर अब्दुल्ला मुर्दाबाद, कांग्रेस का सिपहसालार उमर अब्दुल्ला, बीजेपी को लाना है, भ्रष्टाचार भगाना है आदि नारेबाजी करते हुए मुख्य चौराहा मोहम्दाबाद पहुंचे| और वहां उमर अब्दुल्ला के पुतले को फूंक दिया| सत्यपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में बंसवाज चलता है जबकि बीजेपी में अखबार बेंचने वाले अटल बिहारी जैसे लोग प्रधान मंत्री बन गए|

दोषी छूटें लेकिन निर्दोष की गिरफ्तारी न हो: एसपी

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन ने आज साफ़ कर दिया कि उनकी मंशा है कि एक, दो दोषी अपराधी जेल जाने से बच जायें लेकिन किसी भी कीमत पर निर्दोष व्यक्ति की गिरफ्तारी न हो| उन्होंने इस बात से वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों को कड़ाई से हिदायत भी दे दी|

एसपी ने नगर की बीबीगंज पुलिस चौकी में सभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की| उन्होंने लोगों को सुझाव दिया कि वह बिना जांच-पड़ताल किये किसी को किराये पर न रखें| महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोग ५० हजार रुपये मामूली रकम तक के लालच में महिलाओं को प्रताड़ित करते हैं और मुकद्दमे में फंस जाने पर पूरा परिवार जेल जाता है|

एसपी ने कहा कि हो सकता है कि निर्दोष भी फंस जाते हों, पुलिस के सामने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मजबूरी है| काम अधिक है तथा समय भी कम मिलता है और कार्य करने वाले कम हैं जिससे कभी-कभी सही जांच नहीं हो पाती है| शत-प्रतिशत रिपोर्ट दर्ज किये जाने से उनकी संख्या बढ़ गयी है| दर्ज रिपोर्ट की कार्रवाई पर २४ घंटे में ही समीक्षा की जाती है| उन्होंने खराब होने के बावजूद कार्यों में सुधार कर लेने वाले पीआरओ बघेल को बधाई दी|

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि ईमानदारी से कार्य करने का जज्बा हो तो एसो व ४ सिपाही ही थाने को चला सकते हैं| पुलिस की लम्बी फ़ौज तो बसूली में लग जाती है| उन्होंने साफ़ किया कि वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर वाले वाहन व दो अन्य लोगों के साथ यात्रा करने वाले बाइक चालकों के चालान किये जायें| जरूरी नहीं कि कागजात ओरिजिनल हों फोटो कापी भी मान्य होगी|

लाला फूलचंद्र शाक्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा नेता आदेश गुप्ता, संदीप गुप्ता उर्फ़ बाबी आदि ने सुझाव दिये| एसओ अतरसिंह, बीबीगंज चौकी प्रभारी इन्द्रेस कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे|

चौकी के बाहर ही खड़ी रही बिना नंबर प्लेट की बाइक

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक जिस दौरान बीबीगंज पुलिस चौकी में बैठक कर रहे थे उसी समय ही चौकी के बाहर बिना नंबर की बाइक खड़ी रही| मालिक ने इसी बाइक को चौकी के गेट के सामने जब खड़ा किया था तब दीवान ने उस बाइक को वहां से हटवा दिया|

उसी समय दीवान को ध्यान दिलाया गया कि यह बिना नंबर की बाइक है सीज होनी चाहिए लेकिन दीवान ने पुलिस का खासम ख़ास होने के कारण बात अनसुनी कर दी| थोड़ी देर बाद उसी वाहन से सिपाही एसपी की आवभगत के लिए सामान लाया| बताया गया कि बाइक मालिक बैंड-बाजा कंपनी का स्वामी है|

मोस्ट वांटेड दरोगा अब हुआ दस हजारी

बदायूं|| मोस्ट वांटेड दरोगा संजय भारद्वाज पर अब दोगुनी इनाम घोषित कर दी गयी है। पहले एसएसपी ने पांच हजार इनाम जारी की थी जिसे अब बढ़ाकर आईजी ने दस हजार कर दिया है। आरोपी दारोगा को पुलिस लाख कोशिशों के अभी तक पकड़ नहीं सकी है। उस पर यूपी और उत्तराखंड में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अभी हाल ही में हुये ब्लाक प्रमुख चुनाव से एक दिन पूर्व दरोगा संजय भारद्वाज के अलापुर स्थित घर से पुलिस ने छापामार कर असलहों का जखीरा बरामद किया था। जिसमें एलएमजी, हैंडग्रेनेड और भारी तादाद में अन्य हथियार शामिल थे। बताते है कि आरोपी दरोगा का मामा मुन्ना लाल शर्मा ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव लड़ रहा था।

नोएडा में तैनात दरोगा संजय का तबादला चित्रकूट कर दिया गया था। बताते है कि नोएडा से रिलीव होने के बाद उसने चित्रकूट में ज्वाइन नहीं किया। 21 दिसंबर की रात पुलिस ने गोपनीय सूचना पर एसएसपी डीके चौधरी ने सीओ दातागंज के नेतृत्व में टीम गठित कर रात साढ़े ग्यारह बजे घेराबंदी कर संजय के घर पर दबिश दी थी।

पुलिस को देखकर वह तो फरार हो गया था, लेकिन छापा में घर से भारी मात्रा में असलहे बरामद हुये थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद जब वह पुलिस के हाथ नहीं आया तो एसएसपी ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसपी श्री चौधरी ने बताया कि अब आईजी ने इस पर इनाम की राशि बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दी है। पुलिस की ओर दरोगा को पकड़ने के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं।

सांप और युवक की जंग में युवक की मौत

गोरखपुर|| गेहुंअन सांप व युवक के बीच दो घंटे जंग चली। इस जंग में सांप भारी पड़ा। पकड़ ढीली होते ही सांप ने युवक को डंस लिया और युवक जिंदगी की जंग हार गया। यह घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गुलरिहा के टोला पतरका निवासी 26 वर्षीय रामदवन आज दोपहर घर से निकला। तभी उसकी निगाह समीप स्थित लकड़ी के ढेर पर धूप सेंक रहे गेहुंअन सांप पर पड़ी। रामदवन सांप पर झपटा और गर्दन पकड़ लिया। सांप तड़पने लगा।

उसने आजाद होने की कोशिश की। जीभ लपलपायी। डंसने के लिए झुका लेकिन दो घण्टे तक युवक उसे छकाता रहा, घुमाता रहा। अन्तत: दो घंटे तक चली रस्सा-कसी में सांप को मौका मिल गया। उसने युवक को डंस लिया। कुछ ही देर में युवक बेहोश हो गया। पकड़ ढीली पड़ी और सांप आजाद हो गया। सांप तेजी से भागा तभी रामदवन का साथी 25 वर्षीय विवेक पहुंच गया।

हमारे मेडिकल प्रतिनिधि के अनुसार विवेक ने सांप को पकड़ लिया। बोरे में डाला। बोरे को पीठ पर लादा और सांप को बनगांई जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।

इधर परिजन बेहोश राम दवन का हाथ कुहनी के ऊपर बांध दिये और सोखा के पास ले गये। झाड़-फूंक हुई पर सोखा की कोशिश बेकार गयी। निराश परिजन युवक को लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे। डाक्टर ने नब्ज टटोली और मृत घोषित कर दिया।

छात्रों का आरोप, राहुल ने की वादा खिलाफी

लखनऊ|| लगता है लोगों का कांग्रेस पार्टी से मोहभंग हो रहा है, ना तो उन्हें अब सोनिया गांधी की आवाज सुनाई दे रही है और ना ही उन्हें राहुल की मोहिल मुस्कान समझ में आ रही है। हमेशा कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी का पलक पांवड़े बिछा कर इंतजार करने वाली यूपी की जनता ने अब अपने इस युवा नेता के सामने विरोध करना शुरू कर दिया है जिससे कि अंदाजा लगाया जा सकता है कि राहुल की बातों पर अब जनता को भरोसा करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है।

छात्रों का आरोप है कि राहुल ने उनके साथ वादा खिलाफी की है उन्होंने जो कहा वो किया नहीं है, ऐसी सूरत लखनऊ, वाराणसी और झांसी की भी है, जहां विरोधी दल इस बात के पीछे कांग्रेस की खराब रणनीति को जिम्मेदार ठहरा रहे है तो वहीं कांग्रेस ये कह रही है कि ये सब विरोधी दल की साजिश है।

इन दिनों राहुल गांधी यूपी के दो दिवसीय दौरे पर थे, लेकिन इस बार वो जहां-जहां गए, वहां-वहां उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। सम्भवत: यह उनका पहला दौरा है जिसमें उन्हें इतने भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। जहां कांग्रेस इसे साजिश करार दे रही है तो विरोधी दल इसे उचित ठहरा रहे हैं। जो भी हो, राहुल के इस दौरे ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से ही प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।

दो दिवसीय दौरे पर राहुल ने राज्य के पांच बड़े शहरों का दौरा किया और वहां छात्रों से मुलाकात की, बातचीत की और फिर राजनीति में आने के लिए उन्हें प्रेरित भी किया। पहले दिन वह वाराणसी और इलाहाबाद गए तो दूसरे दिन लखनऊ, झांसी और आगरा। इस दौरान राहुल का प्रत्येक शहर में विरोध हुआ। कहीं भारतीय जनता पार्टी तो कहीं समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई ने उनका विरोध किया। कहीं बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का तो कहीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का उन्हें विरोध झेलना पड़ा।

फिलहाल इतना तो तय है कि इस बार यूपी की युवाजनता ने गुस्से और शिकायत का रूख अपनाया है, अब देखना दिलचस्प होगा कि राहुल अपनी मधुर और कातिल मुस्कान से अपने गुस्साये भाई-बहनों को मना लेते है या फिर वो भी दूसरे राजनेताओं की तरह मामले से पल्ला झाड़ लेते हैं।

उत्तर प्रदेश बना अपराध प्रदेश, सपा नेता को गोली से उड़ाया

गोरखपुर|| उत्तर प्रदेश में इन दिनों अपराध प्रदेश बन गया है। कानून नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है। जिसका साक्षात उदाहरण दिखा|

बीती देर रात गोरखपुर जिले में अज्ञात लोगों ने समाजवादी पार्टी के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अब तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।

घटना शहर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जटेपुर मुहल्ले की है, जहां बीती देर रात सपा की जिला समिति के ५५ वर्षीय सदस्य ओम कुमार यादव के घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। परिजन यादव को अस्पताल ले गए जहां उनकी मौत हो गई।

गोरखनाथ थाना-प्रभारी ए.के. शाही ने आज बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि किन लोगों ने किस मकसद से हत्या की। हत्यारों को पकड़ने के लिए घटना की जांच कर जा रही है। पुलिस के मुताबिक सिर में गोली लगने से यादव की मौत हुई।

उधर घटना से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज शहर के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया।

हेल्थ: कंप्यूटर को दिए 4 घंटे, तो दिल दे देगा ‘धोखा’

कंप्यूटर पर ज्यादा काम करने लोग थोड़ा होशियार हो जाएं। एक नई स्टडी में दावा किया गया है हर रोज महज 4 घंटे कंप्यूटर या टीवी स्क्रीन के आगे बिताने वाले लोगों को दिल की बीमारी होने का खतरा दोगुना हो जाता है। ऐसे लोगों की समय से पहले मौत के आसार बढ़ जाते हैं।

यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन के रिसर्चरों ने इस बारे में एक स्टडी कर यह नतीजा निकाला है। उन्होंने पाया कि जो लोग रोजाना चार घंटे या इससे ज्यादा समय तक कंप्यूटर पर काम करते हैं या फिर टीवी देखते हैं , उन्हें उन लोगों के मुकाबले दिल की बड़ी बीमारियां होने और इसके नतीजतन मौत का खतरा 125 फीसदी ज्यादा होता है , जो दो घंटे या इससे कम समय टीवी या कंप्यूटर पर बिताते हैं। स्टडी में यह भी पाया गया है कि कंप्यूटर या टीवी स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने वाले लोगों की अन्य वजहों से भी मौत का खतरा 48 फीसदी बढ़ जाता है। रिसर्चरों का यह भी कहना है कि कंप्यूटर या टीवी से होने वाले इस नुकसान भी भरपाई एक्सरसाइज या वर्जिश करने से भी नहीं की जा सकती। यह स्टडी ‘ डेली एक्सप्रेस ‘ में छपी है।

रिसर्चरों के अनुसार इसकी वजह बेहद साफ है। ज्यादा समय तक निष्क्रिय रहने शरीर के अंदर सूजन और मेटाबॉलिक दिक्कतें होने लगती है। ज्यादा समय तक एक जगह बैठे रहने से एक बेहद अहम एंजाइम – लिपोप्रोटीन में 90 फीसदी तक कमी आ जाती है। वास्तव में , यह वही एंजाइम है जो शरीर में दिल की बीमारियों से बचाव करता है।

इस स्टडी की अगुवाई करने वाले यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के डॉक्टर एमनुएल स्टामैटेकिस के मुताबिक हमारी स्टडी बताती है कि स्क्रीन पर दो घंटे या इससे ज्यादा समय बिताने से किसी शख्स में हार्ट से जुड़ी दिक्कत होने का खतरा बढ़ जाता है।

क्या करें ऐसे लोग
रिसर्चरों की सलाह है कि ऐसे लोग जो कंप्यूटर स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताते हैं , उन्हें खतरे को कम करने के लिए हरेक 20 मिनट के बाद उठकर थोड़ी दूर टहल लेना चाहिए। डॉ . एमनुएल का कहना है कि खडे़ होने और चलने से बैठे रहने के मुकाबले 50 फीसदी ज्यादा एनर्जी खर्च होती है और इस तरह से खतरे को कम किया जा सकता है। गौरतलब है कि भारत सहित दुनिया में टीवी और कंप्यूटर के साथ लोगों का समय अब ज्यादा गुजरने लगा है।

पुलिस का कारनामा: अपहरण को बलात्कार में बदला

कानपुर|| यूपी पुलिस की लापरवाही का मामला सामने आया है। अपराधियों की नकेल कसने में नाकामयाब जिला पुलिस अरोपियों पर धाराएं लगाते समय भी न जाने कहां खोयी रहती है।

दरअसल बिठूर थाना क्षेत्र की पुलिस ने अपहरण की आरोपी एक महिला की रिमाण्ड बलात्कार की धारा 376 में कराकर उसे जेल भेज दिया। इस बात का खुलासा तब हुआ जब जमानत के लिए मामला कोर्ट में पहुंचा। अदालत की फटकार पर विवेचक ने अपनी गलती स्वीकारते हुए महिला की धारा बदलने की अर्जी कोर्ट में दाखिल की है।

जानकारी के मुताबिक बिठूर थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव में सोनू अपने मां-बाप और भाई के साथ रहता है। गांव के ही एक परिवार ने उसके खिलाफ अपहरण, जान से मारने की धमकी और बलात्कार करने की धाराओं के तहत थाने में मामला दर्ज कराया था।

रिपोर्ट में सोनू के भाई राजू, पिता प्रेम बाबू और मां कांती देवी पर भी उक्त धाराएं लगा कर उन्हें भी आरोपी बनाया गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 31 दिसंबर को कांती देवी को गिरफ्तार कर बलात्कार की धारा 376 के तहत रिमांड में लेकर उसे जेल भेज दिया था।

आरोपी महिला के वकील यादुवेंद्र नारायण ने बताया कि जब उन्होंने कांती देवी की जमानत की अर्जी कोर्ट में दाखिल की तो अदालत को पता चला कि पुलिस ने बिना समझे गलत धाराएं लगा कर रिमाण्ड कराया था।

इस बात पर जज ने मामले की विवेचना कर रहे विवेचक सब इंस्पेक्टर एके त्रिपाठी को तलब किया और फटकार लगाई। जिस पर विवेचक ने अपनी गलती स्वीकारते हुए आरोपी की गलत धाराओं को बदलने की अर्जी कोर्ट में दाखिल की है। कोर्ट ने अर्जी को स्वीकार करते हुए आरोपी महिला को तलब किया है।

एक करो़ड की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

सीतापुर|| उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में विशेष कार्रवाई बल (एसओजी) और पुलिस ने तीन तस्करों को एक करो़ड रूपये के स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। तीनों उत्तर प्रदेश के अलावा प़डोसी राज्यों में मादक पदार्थो की तस्करी करते थे।

जिले के हरगांव कस्बे में बीती देर रात एसओजी और पुलिस ने संयुक्त रूप से करीब 30 वर्ष की उम्र के इन तस्करों को धर दबोचा।सभी स्थानीय निवासी हैं।

हरगांव थाना प्रभारी आर.आर. राना ने आज संवाददाताओं को यहां बताया कि तीनों को गुप्त सूचना के आधार पर उस समय गिरफ्तार किया गया जब ये अपने किसी ग्राहक को आपूर्ति करने दिल्ली जाने की फिराक में थे। राना के मुताबिक बरामद स्मैक के बारे में पूछे जाने पर तीनों विरोधाभासी बयान दे रहे है। जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे पिछले चार सालों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा प़डोसी राजस्थान, हरियाणा में चरस, हेरोइन और स्मैक की तस्करी कर रहे थे।