Home Blog Page 5718

बीएसएनएल की काल डिटेल रिकार्ड सेवा चालू

फर्रुखाबाद: भारत संचार निगम ने काल डिटेल रिकार्ड सेवा शुरू कर दी है| अब बीएसएनएल व मोबाइल के उपभोक्ताओं को मांग करने पर काल डिटेल मुफ्त में मिल जायेगी|

बीएसएनएल के महाप्रवंधक एसपी शुक्ला ने बताया कि सीडीआर सेवा आज दोपहर ११:३० बजे से शुरू हुई है| उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में उपभोक्ता ३जी सेवा का भरपूर लाभ नहीं उठा पा रहे हैं| मंगलवार को अपरान्ह २ से ३ बजे के बीच जिला मुख्यालय स्थित कचहरी में ३जी सेवा की डिमास्टेशन किया जाएगा| उपभोक्ताओं को वीडियो कालिंग, हाई स्पीड इन्टरनेट सर्विस, मोबाइल पर टीवी फिल्म, ३जी डाटा कार्ड आदि सुबिधाओं के बारे में जानकारी दी जायेगी|

जीएम श्री शुक्ला ने बताया कि सीडीआर सेवा चालू होने से उपभोक्ता अब कहीं से भी अपने बिल की जानकारी लेकर क्रेडिट कार्ड नेट बैंकिंग के जरिये भुगतान करने की सुबिधा का लाभ उठा सकते हैं| उन्होंने बताया कि २७ जनवरी तक रिचार्ज वाउचर पर फुल टाक टाइम की सुविधा है कुछ वाउचरों पर अधिक धनराशि की भी|

उन्होंने बताया कि ब्राड बैंड सेवा आसानी से हांसिल करने के लिए अब उपभोक्ताओं को धनराशि ९० दिनों में तीन किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है| उन्होंने स्वीकार किया कि विभागीय तकनीकी कमी से मोबाइल सेवा बाधित है|

हादसे में आशा बहू व पति घायल

फर्रुखाबाद: दुर्घटना में घायल आशा बहू व उसके पति को छिबरामऊ से रिफर कराकर लोहिया अस्पताल लाया गया|

पड़ोसी जिला कन्नौज थाना विशुनगढ़ के ग्राम बहादुरपुर निवासी ४३ वर्षीय अनिल कुमार अपनी ३५ वर्षीय पत्नी अनीता के साथ डग्गामार वाहन पर सवार होकर घर से छिबरामऊ जा रहे थे|

रास्ते में श्री नाथ कोल्ड स्टोरेज के पास सड़क पर ट्रैक्टर खडा था| जीप इसी ट्रैक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई| जिसमे दम्पत्ति सहित करीब ८ लोग घायल हो गए| अनीता गाँव की आशा बहू है सिर में चोट लगने से उसकी हालत गंभीर है|

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

फर्रुखाबाद: संदिग्ध परिस्थितियों में बीती रात 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई शव की शिनाख्त नहीं हो सकी|

बीती रात युवक किराना बाजार में अशोक स्टूडियो के निकट बेहोश पडा था| कोतवाली के सिपाही मुकेश ने उसे रात ९:१० बजे अस्पताल पहुचाया| डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया|

कादरीगेट चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार पाण्डेय ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया| उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि युवक की मौत कैसे हुई है|

उन्होंने बताया कि युवक के शरीर पर सफेद वनियानं, सफेद कढ़ी शर्ट, लाल टी शर्ट, सफेद शर्ट, सफेद जर्सी, तथा सफेद शाल, सफेद पैंट तथा पैरों में चप्पल पहने था|

महंगाई की मैराथन बैठक, योजनाओं का ऐलान आज

महंगाई पर दो दिनों तक चली मैराथन बैठक के बाद सरकार आज महंगाई से निपटने के उपायों की घोषणा कर सकती है.

बीती देर शाम तक यह घोषणा होने वाली थी लेकिन बाकी कैबिनेट से राय मशविरा लेने के बाद ही आज इसका ऐलान हो सकता है. सरकार महंगाई रोकने के लिए तात्कालिक उपायों के साथ सब्सिडी आधारित लंबे समय की योजनाओं का भी ऐलान कर सकती है.

कुछ जरूरी वस्तुओं के वायदा कारोबार पर रोक लगाने से लेकर राज्यों के स्थानीय करों में रियायत से जुड़े प्रस्ताव जारी हो सकते हैं. चीनी, दूध, अंडे जैसी चीजों के निर्यात पर रोक लग सकती है. सरकार राज्यों के साथ मिलकर कालाबाजारी को रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने की घोषणा कर सकती है.

इन उपायों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए आपूर्ति बढ़ाने और उनकी कीमत को कम करना शामिल है. इसके अलावा चुनिंदा खाने पीने की चीजों पर लगने वाले आयात शुल्क को घटाने का भी निर्णय लिया जा सकता है.

सरकार सब्जियों की महंगाई का स्थायी हल निकालने की कोशिश में सब्सिडी आधारित बड़ी योजना का ऐलान कर सकती है. सूत्रों के मुताबिक इस योजना के तहत हर बड़े शहर के आसपास सब्जी उगाने के लिए बड़े फार्म खोले जा सकते हैं. फार्म खोलने के लिए ज़मीन राज्य सरकारें देंगी और सब्जी उगाने और बेचने का काम निजी कंपनियां संभालेंगी|

महंगाई को दूर भगाने के तर्क के पीछे यह धारणा है कि वस्तुओं की कम मात्रा के पीछे ढेर सारा पैसा दौड़ता है और इस पैसे को सोखने का काम रिजर्व बैंक करता है. फिर भी सरकार कुछ नीतिगत कदमों के जरिए महंगाई को कम कर सकती है. इन्ही विकल्पों पर चर्चा के लिए पिछले दो दिनों से लगातार बैठक हो रही है.

मायावती नहीं चाहतीं उनके अलावा कोई दलित नेता बने: पुनिया

लखनऊ।। कांग्रेस सांसद व अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पी. एल. पुनिया ने बीते दिन कहा कि उत्तर प्रदेश में मेरे सरकारी दौरों के समय प्रदेश सरकार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा नहीं दिए जाने के कारण मेरी जान को खतरा है। हालांकि केंद्रीय गृह मंत्रालय और खुद आयोग इस बारे में उत्तर प्रदेश सरकार को लिखते रहे हैं, लेकिन अभी तक इस बाबत कुछ भी नहीं किया गया है। ऐसे में मुझे अगर कुछ होता है, तो इसके लिए मायावती सरकार जिम्मेदार होगी।

पुनिया एक रिटायर आईएएस अधिकारी हैं और मायावती सरकार के पिछले शासन के दौरान मुख्य सचिव रह चुके हैं। मगर ताज कॉरिडोर मामले में वह मायावती के कृपापात्र नहीं रहे। बाद में रिटायर होने पर पुनिया कांग्रेस में शामिल हो गए और फिर वह लोकसभा चुनाव में बाराबंकी से जीते। पुनिया ने कहा कि मुझे बताया गया है कि राज्य सरकार ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किसी पुराने केस में मेरे खिलाफ आरोप गढ़ें।

बाद में उन्होंने मिर्जापुर का दौरा किया और वहां उन्होंने दलित समुदाय के लिए शुरू की गई योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने वाले एक कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं के बारे में जब वह दलितों को शिक्षित करते हैं, तो मायावती को बुरा लगता है। वह नहीं चाहतीं कि उनके अलावा कोई और दलित नेता उभरे। दरअसल, मायावती दलितों की सबसे बड़ी दुश्मन हैं।

एटीएम से कैश के साथ कीटाणु मिलते हैं फ्री

एटीएम का इस्तेमाल करने के बाद आप अपने हाथों की सफाई पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दीजिए। इंग्लैंड में किए गए एक सर्वे टेस्ट से पता लगा है कि कैश उगलने वाली इन मशीनों के कीपैड पर ऐसे बैक्टीरिया मौजूद रहते हैं, जो डायरिया या दूसरी बीमारियां कभी भी आपके भीतर पहुंचा सकते हैं।

ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ के मुताबिक, बायोकोट कंपनी के माइक्रो बायॉलजिस्ट डॉ. रिचर्ड हेस्टिंग्स के मुताबिक, हम बैक्टीरिया की मौजूदगी के मामले में एटीएम मशीनों और पब्लिक टॉयलेट के बीच तुलना करना चाहते थे। टेस्ट के बाद मिले नतीजों ने हमें हैरान कर दिया।

एटीएम मशीनों में खतरनाक बैक्टीरिया की मौजूदगी किसी आम पब्लिक टॉयलेट के जितनी ही थी। यही नहीं जो बैक्टीरिया एटीएम पर मिले, लगभग वैसे ही पब्लिक टॉयलेट के सैंपलों में भी पाए गए। यानी दोनों ही जगह आम इंसानी बीमारियों को फैलाने वाले कीटाणु थे।

बायोकोट ने यह सर्वे टेस्ट साफ-सफाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर किया था। हाल ही में किए गए एक सर्वे से पता लगा था कि लोग पब्लिक टॉयलेट को सेहत के लिए सबसे बड़ा खतरा मानते हैं।

कंपनी ने 3000 लोगों पर सर्वे किया था, जिसमें दूसरे नंबर पर सबसे गंदा और सेहत के लिए खतरनाक पब्लिक टेलिफोन बूथ को बताया गया था। इस सर्वे में लोगों ने गंदगी के मामले में तीसरे नंबर पर बस स्टॉप, चौथे नंबर पर मेट्रो स्टेशनों, पांचवें नंबर पर बस की सीट, छठे नंबर पर मेट्रो की सीट, सातवें नंबर पर एटीएम मशीन, आठवें नंबर पर ट्रेन स्टेशन, नौवें नंबर पर ट्रेन की सीट और दसवें नंबर पर चिप और पिन मशीनों को रखा था।

डॉ. रिचर्ड हेस्टिंग्स के मुताबिक, पब्लिक टेलिफोन बूथ कीटाणुओं के पनपने और इनके फैलाव के मामले में सबसे बड़ा खतरा हैं। इन्हें हर दिन न सिर्फ अलग-अलग लोग इस्तेमाल करते हैं बल्कि इनके हैंडसेट लोग अपनी नाक और मुंह के करीब भी रखते हैं।

यानी सर्दी जुकाम से पीड़ित अगर एक भी शख्स इसका इस्तेमाल करता है तो बीमारी के कीटाणु दूसरे यूजर्स तक आसानी से पहुंच जाएंगे।

एसओ मऊदरवाजा कांग्रेसियों के निशाने पर

फर्रुखाबाद: थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अतर सिंह केंद्र सरकार के मंत्री सलमान खुर्शीद की फजीहत के बाद कांग्रेसी नेताओं के निशाने पर आ गए हैं|

कांग्रेसी सर्वोदय नेताओं का तो कुछ नहीं कर सके लेकिन एसओ मऊदरवाजा के पीछे पड़ गए हैं| श्री खुर्शीद के प्रतिनिधि पूर्ण प्रकाश शुक्ला पुन्नी ने आरोप लगाया कि मंत्री सलमान खुर्शीद का काफिला रोके जाने के मामले में एसओ मऊदरवाजा पूर्ण रूप से दोषी हैं| उनकी सह पर ही सर्वोदय मंडल के मंत्री लक्ष्मण सिंह एडवोकेट ने बीते दिन दिन थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के टाउन हाल तिराहे पर मंत्री जी का काफिला रोक लिया था|

श्री शुक्ला ने बताया कि गुप्तचर विभाग ( LIU ) विभाग को जानकारी थी कि सर्वोदय मंडल के लोग मंत्री से नाराज हैं| इसके बावजूद भी पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की|

श्री खुर्शीद ने आज सांसद निधि के ट्रांसफार्मर को विधुत विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दिया| उन्होंने टाउन हाल तिराहे के निकट नाशिर के हाते में लोगों की समस्याएं सुनी तथा सिराज अहमद के यहाँ दावत उडाई| ग्राम नूरपुर गढ़िया दनियापुर व बघऊ गाँव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी|

मुक़दमे में फंस गए 3 लाख के दहेज़ लोभी

फर्रुखाबाद: कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने अदालत के आदेश पर दहेज़ उत्पीडन का केस दर्ज किया है| पुलिस ने भूसा मण्डी निवासी दीपक की पुत्री शालिनी की ओर से रिपोर्ट दर्ज की| जिसमे थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला सलावत खां के निवासी शालिनी के पति नीरज तथा देवर साहिल उर्फ विक्कू व सरोज तथा कासिमबाग निवासी दीपू व उसकी पत्नी ज्योति को अभियुक्त बनाया गया|

शालिनी का ९ फरवरी २००७ को विवाह हुआ था तथा २००८ में उसके एक बच्चा पैदा हुआ था|ससुराल वालो ने विक्कू की नौकरी के लिए ३ लाख रुपयों की मांग की थी मांग पूरी न होने पर बीते २ नवम्बर को शालिनी को घर से निकाल दिया था|

चोर नहीं हजम कर सके 30 मोबाइल आदि सामान

फर्रुखाबाद: पुलिस ने चोरी की घटना का पर्दाफाश कर ३० मोबाइल फोन आदि सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है|

पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन ने कोतवाली फतेहगढ़ में पत्रकारों को चोरों के बारे में जानकारी दी| उन्होंने बताया कि मोहल्ला ग्वालटोली निवासी अशोक कुमार यादव के पुत्र आशीष एवं महेश चन्द्र यादव के पुत्र शानू ने ही शटर उचकाकर दुकान से चोरी की थी| चोरों पर गैंगेस्टर लगेगा|

उनके पास से चोरी के ३० मोबाइल फोन चार्जर, बैटरी, लीड आदि सामान बरामद कर लिया गया है|

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र मौजूद रहे| मालूम हो कि बीते दिनों मोहल्ला जाफरी बाजार में धीरज सक्सेना की दुकान से मोबाइल फोन आदि सामान चुराया गया था|

सलमान को फर्जी वायदे बंद कर त्याग पत्र देने की सलाह

फर्रुखाबाद: जिला सर्वोदय मंडल के लोग केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के पीछे पड़ गये हैं| उन्होंने आज एक स्वर से श्री खुर्शीद को फर्जी वायदे बंद कर पद से त्याग पत्र देने की सलाह दी है|

सर्वोदय मंडल व मित्र मंडल की सयुंक्त बैठक गांधी आश्रम में हुई| जिलाध्यक्ष गोपाल बाबू पुरवार ने सलमान को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह देते हुए नैतिकता के आधार पर पद से त्याग पत्र देने को कहा है|

मंत्री लक्ष्मण सिंह एडवोकेट ने कहा कि सलमान को जनता को गुमराह करने वाले झूंठे वायदे बंद कर देना चाहिए| उन्हें कालिंद्री एक्सप्रेस ट्रेन को नियमित चलवाने का सक्रिय प्रयास करना चाहिए| सर्वोदय मंडल उनके नेत्रत्व में सभी प्रकार के लोकतांत्रिक कदम उठाने के लिए तैयार हैं|

मोहम्मद हामिद हुसैन अंसारी, सोनू मिश्रा, द्वारिका प्रसाद आर्य, पूर्व सभासद विद्यानंद आर्य, राम चन्द्र कुशवाह, भूपेन्द्र तिवारी, राधेश्याम वर्मा, विक्रांत सिन्हा ने कहा कि सलमान चापलूसों से घिरे हैं यह उनके व कांग्रेस के भविष्य के लिए अच्छा नहीं है| उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि १४ वर्ष के वनवास के बाद सत्ता का सुख नसीब हुआ|

बैठक में तय किया गया कि १५ जनवरी को प्रातः ११ बजे सभी लोग गांधी आश्रम से मौन जुलूस निकालकर टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा तक जायेंगें वहां आम सभा को संबोधित करेंगें| बैठक में लोक समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुलतान सिंह, सेठ बहादुर मिश्रा आदि अनेकों लोग मौजूद रहे|