Home Blog Page 5702

‘मम्मी को पापा ने गोली मारी’

बुलंदशहर|| मां की हत्या के आरोपी पिता को तीन साल की बेटी अदालत में गवाही देकर सजा दिलाएगी। पुलिस मर्डर के इस केस में दंपती की तीन साल की बेटी को गवाह बनाने की तैयारी कर रही है। हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

बुलंदशहर में नगर कोतवाली क्षेत्र के सूर्य नगर मोहल्ले में सलेमपुर निवासी अरविंद पर आरोप है कि उसने मंगलवार को अपनी पत्नी कविता की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी थी, जिससे बीवी की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच-पड़ताल में पुलिस को पता चला कि जिस वक्त कविता को गोली मारी गई, उस समय तीन साल की गुनगुन अपनी मां की गोद में बैठकर अपने पिता से टॉफी लाने की जिद कर रही थी। मकान मालिक विनोद के अनुसार घटना से कुछ समय पहले कविता अपने पति से हंसी-मजाक कर रही थी। मकान मालिक कुछ देर बाद अपने कमरे में जाकर टीवी देखने लगे। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज आई तो वह अपने कमरे से बाहर आए।

उन्होंने देखा कि आरोपी पति घर से बाहर की तरफ भाग रहा था। कमरे के अंदर से गुनगुन की रोने की आवाज आई। जब वह कमरे में गए तो कविता की बॉडी बेड पर पड़ी थी। आरोपी ने कविता को गोली मारकर उसके ऊपर रजाई डाल दी थी। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी संसार सिंह ने जब गुनगुन से पूछा कि मम्मी को किसने मारा है, तो गुनगुन तुतलाती जुबान से बोली कि मम्मी को पापा ने गोली मारी है, और जोर-जोर से रोने लगी। अब पुलिस उसे गवाह बनाने की तैयारी कर रही है।

कविता की शादी पांच साल पहले आरोपी अरविंद के साथ हुई थी। अरविंद हाईस्कूल फेल और कविता एम.ए. थी। कविता की मां ने अपनी बेटी के कातिल दामाद के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है, लेकिन वह यह नहीं समझ पा रही कि दामाद ने ऐसा क्यों किया।

आरोपी की माता-पिता की दो बर्ष पहले लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसके बाद आरोपी अपना गांव छोड़कर सूर्य नगर में रहने लगा और प्रॉपर्टी डीलर का काम करने लगा था। सीओ सिटी संसार सिंह ने घटना स्थल से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। पुलिस आरोपी की तलाश मे दबिश दे रही है।

लेखपाल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

लखनऊ|| अफसरों के उत्पीड़न से दु:खी लेखपाल बाबूराम ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। उनके घर से चार पन्ने का सुसाइड नोट मिला है।

उन्होंने अपनी मौत के लिए मोहनलाल गंज के एसडीएम सुनील कुमार चौधरी और तहसीलदार जेपी सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। दोनों को देर शाम निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री मायावती ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं।

बाबूराम मंगलवार को कार्यालय जाने की बात कहकर निकले लेकिन वापस नहीं लौटे। बुधवार की सुबह मवैया स्थित रेल पटरी पर उनका शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने खुदकुशी की है। कमरे में मिले सुसाइड नोट में उन्होंने मोहनलालगंज की कई जमीनों में हेराफेरी की बात बताई है।

लिखा है, पट्टे पर दी जाने वाली जमीनों में अफसरों ने लेखपालों से कई जगह गलत काम कराया है। ऐसे में कई लेखपालों की गर्दन फंसेगी। उन्होंने खुदकुशी करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी व अपने दो रिश्तेदारों को पत्र लिखकर भ्रष्टाचार के मामले की जानकारी दी है।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूल की छत गिरी

भोजपुर|| भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव स्थित एक स्कूल में बुधवार को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अचानक छत गिरने से कार्यक्रम देख रही एक महिला समेत पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए|

इससे वहां अफरा-तफरी मच गई. घायलों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है|

मुस्लिम बाहुल्य गांव कछलीना में बुधवार को मौलाना अब्दुल कलाम आजाद जूनियर हाईस्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम देखने के लिए ग्रामीण स्कूल की छत पर बैठे थे. छत में सीमेंट की चादर लगी थी|

अचानक सीमेंट की चादर टूट गई जिससे सिमरन पत्नी हसरत रुखसार, यामीन, आसमा और हरजाना नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए|
आसमा व फरजाना के पैर की हड्डी टूट गई. घायलों को ग्राम प्रधान इस्तकबाल व ग्रामीणों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया|

सूचना मिलते ही एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, भोजपुर थाना प्रभारी वहां पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर घायलों का हालचाल जाना. एसडीएम ने इस मामले में थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं|

प्रबंधक की यौन प्रताड़ना की शिकार प्रधानाचार्य ने लगाई आग

जौनपुर|| उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक निजी स्कूल के प्रबंधक की कथित यौन प्रताडना के बाद स्कूल की प्रधानाचार्य ने आग लगा ली।

बुरी तरह से झुलसी प्रधानाचार्य की हालत नाजुक बनी हुई है। जिले के शाहगंज कस्बे में स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की 30 वर्षीया प्रधानाचार्य रूबीना (बदला नाम) ने बुधवार देर रात स्कूल के प्रबंधक के घर के सामने खुद पर पेट्रोल छि़डकर आग लगा ली। पुलिस का कहना है कि रूबीना के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने प्रबंधक पर जीवन समाप्त करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस. के. भगत ने गुरूवार को संवाददाताओं को बताया कि अपने सुसाइड नोट में प्रधानाचार्य ने प्रबंधक पर शादी का झांसा देकर लम्बे समय से यौन प्रत़ाडना का आरोप लगाया है। भगत ने कहा कि प्रारम्भिक जांच से पता चलता है कि प्रधानाचार्य को जब यह पता चला कि प्रबंधक का मकसद केवल उससे अवैध सम्बंध बनाना था न की शादी करना, तो उसने अपनी जान देने का फैसला किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रबंधक घटना के बाद से फरार है। भगत ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पचास फीसदी से ज्यादा जली प्रधानाचार्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

गुस्से से निजात दिलायेगी वेंडिंग मशीन

बीजिंग। आज के जमाने में लोग गुस्सा आने पर मोबाइल कभी जमीन पर पटक कर, तो कभी दीवार पर मार कर तोड़ देते हैं। सड़क पर एक-दूसरे की गाडि़यां पिचका देते हैं या फिर किसी की नाक। चीन के दो युवकों ने ऐसे गुस्सैल लोगों के लिए एक वेंडिंग मशीन बनाई है, जो उन्हें गुस्से से सस्ते में निजात दिला देगी।

चीन के रॉनी यारीसल और कत्जा कुबलित्ज ने इस वेंडिंग मशीन में प्लेट और क्रिस्टल ग्लास जैसी क्रॉकरी सजा रखी है। यदि किसी को गुस्सा आए, तो वह इस मशीन में तय कीमत के सिक्के डाल कर क्रॉकरी निकाल सकता है और उन्हें वहीं पर तोड़ कर पास रखे कूड़ेदान में डाल सकता है। यारीसल और कुबलित्ज ने पिछले दिनों एक कला प्रदर्शनी में अपनी इस वेंडिंग मशीन को प्रदर्शन के लिए रखा, जिसे लोगों ने काफी सराहा। यद्यपि विज्ञान इसके बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहता, परंतु डिस्ट्रक्शन थैरेपी यानी तोड़-फोड़ से इलाज कई बार कारगर साबित होता है, जिसमें व्यक्ति को चीजें नष्ट करके आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।

बीजिंग के सिटी साइकोलॉजी ग्रपु के डायरेक्टर डॉ. मिलेश सिंक्लेयर कहते हैं, जब आप किसी चीज को कहीं पटक कर दे मारते हैं, तो इस तरह से एक तरह से अपनी मानसिक अवस्था में बदलाव करते हैं। हालांकि चिकित्सक डिस्ट्रक्शन थैरेपी से किसी के इलाज की वकालत नहीं करते।

वेंडिंग मशीन को बनाने वाले यारीसल और कुबलित्ज की इच्छा है कि उनकी सरकार इसे मान्यता प्राप्त करे और इसे शहर में विभिन्न जगहों पर लगाया जाए, जिससे लोगों को अपना गुस्सा निकालने का आसान तरीका मिल जाए।

डेढ़ माह से लापता छात्रा सिपाही के घर से बरामद

फर्रुखाबाद: नावालिग़ छात्रा को बहला-फुसला कर गायब करने के बाद उसके साथ करीब डेढ़ माह तक गैंगरेप किया गया| छात्रा की माँ ने यह आरोप जड़कर पुलिस को भी कटघरे में खडा कर दिया| परिजनों ने प्रयास करके छात्रा को बरामद करवाया है|

नगला चम्पत गाँव की १४ वर्षीय कुसुम यादव करीब दो माह पूर्व शांति निकेतन इंटर कालेज कक्षा ९ में पढ़ने गई थी| वहीं से उसे बहला-फुसला कर गायब किया गया| छात्रा के बाप ने पड़ोसी जलापुर निवासी पवन व कारिन्दा के विरुद्ध अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई|

पुलिस ने जब मामले को ठन्डे बस्ते में डाल दिया तो छात्रा के परिजनों ने पड़ोसी जिला मैनपुरी थाना कुरावली के ग्राम नगला धनी निवासी नरेन्द्र यादव को पुलिस के हवाले कर दिया| नरेन्द्र की निशादेही पर दरोगा कन्हईलाल आज कुसुम को कानपुर सिपाही के आवास से बरामद कर लाये| और कुसुम की बरामदगी सायं मोहम्दाबाद चौराहे से दर्शा दी|

कुसुम को डाक्टरी परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया, वहां उसकी माँ मीरा ने पुत्री से भेंट की| जसोदा ने बताया कि पुत्री सीधे स्वभाव की है इसी बात का फायदा उठाकर उसे ५० दिन पूर्व ट्रक से गायब किया गया था| हम लोगों का शक नरेन्द्र पर था नरेन्द्र को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, तब नरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उसने कुसुम को थाना मेरापुर के ग्राम दहेलिया ननिहाल में सुशील यादव के हवाले किया|

पीड़ित महिला ने बताया कि सुशील के पिता अमरीशपुरी कानपुर में सिपाही पद पर तैनात हैं| सुशील ने कुसुम को अपने पिता के मकान में छिपाया था| छात्रा की माँ ने बताया कि गायब रहने के दौरान उसकी बेटी के साथ गैंगरेप किया गया|

दरोगा कन्हईलाल ने बताया कि नरेंद्र ट्रक मालिक व सुशील ट्रक ड्राईवर तथा सुशील के सिपाही पिता कानपुर में तैनात हैं|

छात्रा व उसकी माँ का नाम परिवर्तित कर दिया गया है|

माँ भगवती के भंडारे में उमड़ी अपार भीड़

फर्रुखाबाद: रेलवे स्टेशन रस्तोगी इंटर कालेज के सामने अन्नू बेकरी लाला बुद्ध सेन भवन में आयोजित माँ भगवती का अष्ठम भंडारा व यज्ञ समारोह में अपार भीड़ उमड़ी|

भीड़ के कारण पहले प्रसाद ग्रहण करने को लेकर अफरा-तफरी मच गई अनेकों लोगों के जूते-चप्पल भी गायब हो गए|

बेकरी मालिक रवींद्र कुमार गुप्ता व उनके बेटे अनूप कुमार गुप्ता आदि परिजनों ने आज सुबह यज्ञ पूजन करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया| अपराह्न १ बजे से लोग भंडारा का प्रसाद ग्रहण करने पहुँचने लगे|

एक बार में करीब १ हजार महिलाओं व पुरुषों को अलग-अलग बैठाने की व्यवस्था की गई थी| इश्वर दास शिवानी, आत्माराम दावानी, कन्हैया शुक्ल, मनोज भासीम, प्रभुदयाल जेठवानी उर्फ़ बेबू, महेश दावानी, मुरलीधर औचाणी, लालता शाक्य, युवराज शाक्य बबलू करीब दो सौ लोग व्यवस्था में जुटे रहे|

महिलाओं की टीम ने भोजन बनाने की व्यवस्था सम्भाली| कुछ युवकों ने सड़क के बाहर ही लोगों के जूते-चप्पल जमा कराये| प्रसाद ग्रहण करने वालो का तांता लगा रहा|

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार मुख्य द्वार में बल्ली लगाकर आने-जाने वालों का अलग रास्ता बनाया गया| जूते-चप्पल उतारने की भी सड़क के बाहर ही व्यवस्था की गई|

यातायात व्यवस्था के लिए फ़ोर्स भी तैनात रही| बाहर से आने वाले साधू-संतो को आने-जाने का किराया व दक्षिणा देकर विदा किया गया| बताया गया कि इस बार २० हजार लोगों के प्रसाद की व्यवस्था की गई|

26 जनवरी: फर्रुखाबाद की अपराधिक घटनायें

एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन के आदेश पर थाना कमालगंज पुलिस ने ग्राम देवधरापुर निवासी बदनसिंह को पीटे जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है|

घटना के मुताबिक़ गाँव के ही राम प्रकाश व उसके पुत्रों रामदास व दीपू ने शराब पीने के लिए बदनसिंह से रुपये मांगे थे न दिए जाने पर बीते दिनों उसकी जमकर पिटाई कर दी गई|

थाना पुलिस द्वारा केस दर्ज न किये जाने पर पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई थी|

शराब सहित गिरफ्तार

फर्रुखाबाद: थाना कमालगंज पुलिस ने कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम नगला वीच निवासी राजवीर वर्मा पत्र श्री किशन को ५ लीटर कच्ची शराब सहित गिरफ्तार किया|

धमकाने की रिपोर्ट दर्ज

फर्रुखाबाद: थाना नवाबगंज के ग्राम बीसलपुर बांगर निवासी सुबोध कुमार यादव को मुकद्दमा वापस न लिए जाने पर मार डालने के लिए धमकाया गया है|

सुबोध ने ग्राम पहाड़पुर सिरौली निवासी बलवीर व उनकी पत्नी पुष्पा देवी व मुकेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है| दहेज़ उत्पीडन के मुकद्दमे में जमानत पर छूटने वाले इन लोगों ने मुकेश को धमकाया है|

चेहल्लुम पर निकाला गया पीपल के पत्तों का ताजिया जुलूस

फर्रुखाबाद: चेहल्लुम के मौके पर आज इमाम हुसैन की याद में शिया समुदाय के लोगों ने पीपल के पत्तों के ताजिये का जुलूस निकाला| इमाम हुसैन के अनुयाईयों ने जोरदार मातम भी किया|

पीपल के पत्तों का ताजिला जुलूस मोहल्ला धुईयां स्थित काजिम अली के आवास से आज सायं निकाला गया| जुलूस मोहला सूफी खां, बाग़ रूस्तम, गुदड़ी जान्वरान, पक्कापुल, तिकोना, टाउन हाल होता हुआ देर रात करवला पर समाप्त हुआ|

जुलूस में आफताब हुसैन, नफीस हुसैन एडवोकेट, पप्पन मियाँ, आलिम हुसैन, अफरोज हुसैन आदि दर्जनों शिया समुदाय के लोग शामिल रहे| शांति व्यवस्था के लिए एसओ मऊदरवाजा अतर सिंह फ़ोर्स के साथ रहे|

दबंगों के हमले व फायरिंग से 3 घायल

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के गाँव श्याम नगर में आज सायं दबंगों ने लाठी डंडों व तमंचों से धुआंधार फायरिंग की| हमलावरों की गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए| पुलिस ने घायलों का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया|

श्याम नगर निवासी श्याम लाल लोधी के १४ वर्षीय पुत्र टीकाराम के हाँथ में गोली लगी| महादेवी विद्यादेवी मंदिर में कक्षा ५ का छात्र टीकाराम खेत में बकरी चरा रहा था| पशु चिकित्सालय के पीछे मैदान में गाँव का युवक गौरव श्रीवास्तव आदि अनेकों युवक क्रिकेट खेल रहे थे|

पड़ोसी गाँव पट्टिया के लाठी डंडों से लैस एक दर्जन युवकों ने क्रिकेट खेलने वाले युवकों को चारों ओर से घेर लिया और तमंचा लहराते हुए कहा कि जो बोलेगा उसी के गोली मार देंगे|

दबंग युवकों ने गाँव के सुभाष टेलर मास्टर को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया| जिससे गुस्साए युवकों ने बाहरी युवकों पर हमला बोल दिया| भागने वाले युवकों ने तमंचों से धुआंधार फायरिंग की| गोली लगने से टीकाराम के अलावा सतीश लोधी का २२ वर्षीय पुत्र प्रदीप भी घायल हो गया|

सुभाष ने बताया कि मै दुकान पर था शोर शरावे की आवाज सुनकर वहां गया था, तो उन लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से पिटाई कर दी|

आईटीआई चौकी इंचार्ज नरेश दीक्षित ने बताया कि क्रिकेट खेलने के विवाद में मारपीट हुयी है फायरिंग की घटना नहीं हुयी है|