फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। महंगाई के कारण गृहस्थी का बजट प्रभावित हो रहा है और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के दाम में पहले 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई और अब उनकी आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे छोटे व्यापारियों और उनके यहां काम करने वाले श्रमिकों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। कई स्थानों पर घरेलू उपभोक्ताओं, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है।
इसी क्रम में फर्रुखाबाद के मोहल्ला गढ़ी खानखाना मनिहारी निवासी बुजुर्ग मोहम्मद मुख्तार अंसारी की गैस सिलेंडर बुक कराने की लाइन में लगे रहने के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो जाने की घटना को कांग्रेस ने अत्यंत दुखद बताया है। इस मामले को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल फर्रुखाबाद भेजने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय की मंशा के अनुरूप पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल 15 मार्च को फर्रुखाबाद पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करेगा और घटना की जानकारी लेने के बाद स्थानीय प्रशासन से परिवार को न्याय दिलाने की मांग करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में कौशलेन्द्र यादव (पूर्व महासचिव उ.प्र. कांग्रेस कमेटी), शकुन्तला देवी (जिलाध्यक्ष), अंकुर मिश्रा (अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी), मृत्युंजय शर्मा (पूर्व जिलाध्यक्ष), पूर्ण प्रकाश शुक्ला उर्फ पुन्नी (पूर्व शहर अध्यक्ष), उजैर अली खान (वरिष्ठ कांग्रेस नेता), वरुण त्रिपाठी (जिला प्रवक्ता), हिलाल सैफकी (जिला सचिव), अनवर सादात (मीडिया प्रभारी) तथा मनोज कुमार (जिला सचिव) शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजबहादुर ने निर्देश दिए हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद की गैस एजेंसियों पर जाकर लाइन में लगे उपभोक्ताओं से मिलें और उनकी यथासंभव मदद करें, ताकि इस कठिन परिस्थिति में लोगों को राहत मिल सके।
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का विरोध, पीड़ित परिवार से मिलेगा प्रतिनिधि मंडल
बीएलओ से मारपीट व अभिलेख फाड़ने के आरोप में 12 पर एफआईआर
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)7 कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम नगला अनूप में सरकारी कार्य के दौरान मारपीट और अभिलेख फाड़ने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगला अनूप निवासी रीना देवी पत्नी रतेन्द्र सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह बूथ संख्या 179 पर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के रूप में कार्यरत हैं और गांव में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का कार्य कर रही थीं। आरोप है कि 7 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे वह एक घर पर एसआईआर से संबंधित फार्म भरवाने के लिए पहुंची थीं।
रीना देवी का कहना है कि आवश्यक जानकारी मांगने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विरोध करना शुरू कर दिया और उनके पास मौजूद एसआईआर से जुड़े दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। आरोप है कि इसी दौरान कई अन्य लोग भी वहां आ गए और कथित रूप से उनके साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डाली।
प्रार्थिनी के अनुसार उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने हरेंद्र सिंह, अजय, निर्देश, अंगेश, अवनीश कुमार, जनवेश, सौरभ, गौरव, अवधेश, रुचि, गीता और सोनी समेत 12 नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ, 1.37 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली, पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण संतोष कुमार तिवारी, बार पदाधिकारी, अधिवक्ता, वादकारी एवं न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद तथा अन्य विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर पक्षकारों की सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया। बैंक वसूली से संबंधित 549 मामलों का निपटारा कर बैंकों को 6 करोड़ 32 लाख 78 हजार 500 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। वहीं विद्युत बिल से संबंधित 60,283 मामलों का भी निस्तारण किया गया।
प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय जमशेद अली ने 40 पारिवारिक वैवाहिक मामलों का निस्तारण किया, जिनमें से सात दंपतियों के बीच सुलह-समझौता कराकर उन्हें एक साथ रहने के लिए विदा किया गया। मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने 20 मामलों का निपटारा किया, जबकि जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार ने 13 मामलों का निस्तारण किया।
लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों और विभागों द्वारा चिन्हित कुल 4,574 लंबित मामलों में से 4,089 तथा प्री-लिटिगेशन के 1,34,764 मामलों में से बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 1,39,338 मामलों में से 1,37,769 मामलों का निस्तारण कर लगभग 11 करोड़ 91 लाख 10 हजार 805 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों के सहयोग से लक्ष्य से अधिक मामलों का निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार और अपर जिला जज व नोडल अधिकारी संजय कुमार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अपर जिला जज शैली रॉय, अभिनितम उपाध्याय, तरुण कुमार सिंह, रितिका त्यागी, दीपेंद्र कुमार सिंह, मेराज अहमद, संदीप तिवारी, सत्येंद्र सिंह वर्मा, अंजू कंबोज, संजय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट घनश्याम शुंगा, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयवीर सिंह आदि न्यायिक अधिकारी रहे।
रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री राम लीला परिषद की ओर से रामनवमी पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर दुर्गा मंदिर बनखड़िया में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व सभासद अनिल तिवारी ने किया, जिसमें परिषद के अध्यक्ष रविश द्विवेदी (एडवोकेट) सहित पदाधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद के अध्यक्ष रविश द्विवेदी ने बताया कि आगामी 27 मार्च को रामनवमी का पर्व नगर में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 27 मार्च को सुबह 11 बजे फतेहगढ़ की पुरानी सब्जी मंडी स्थित रामनिवास मंदिर में हवन-पूजन का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसे आचार्य दिनेश चंद्र तिवारी विधि-विधान से संपन्न कराएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद शाम को छोटी जेल चौराहा फतेहगढ़ से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और दुर्गा माता की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी।
परिषद के संरक्षक मुन्ना लाल वार्ष्णेय ने कहा कि फतेहगढ़ नगर की आबादी बढ़ने के कारण इस वर्ष भी शोभायात्रा का शुभारंभ छोटी जेल चौराहे से ही किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें। बैठक में बनखड़िया क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पंकज अग्रवाल, अतुल मिश्रा, पंकज प्रकाश, चमन टंडन, श्रवण कुमार, अवनींद्र सक्सेना, राम बाबू, शिवम दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पति की मौत के बाद गर्भवती महिला को ससुराल से निकाला, जेवर हड़पने का आरोप
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम भूसेरा की एक गर्भवती महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित कर घर से निकालने और जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना राजेपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम भूसेरा निवासी स्वाती पत्नी रोहित ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले रोहित के साथ हुई थी। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में ही रह रही थी। पीड़िता का कहना है कि उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उसका पति काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। इसी दौरान उसके देवर शोभित, अमित, साम और अन्य ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते थे।
महिला ने बताया कि वह इस समय गर्भवती है और पिछले दो महीनों से अपने मायके ऊंचा भाच, गुरसहायगंज (कन्नौज) में रह रही थी। 13 मार्च की शाम करीब सात बजे उसे फोन के जरिए सूचना मिली कि उसके पति रोहित का निधन हो गया है। सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची, जहां शनिवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया।
आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद जब सभी लोग घर लौटे तो उसके देवरों ने सास के साथ मिलकर उसके पहने हुए जेवर उतरवा लिए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे घर से बाहर कर दिया। पीड़िता के अनुसार उसने काफी अनुरोध किया कि उसे घर से न निकाला जाए, लेकिन उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। पीड़िता ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं थाना राजेपुर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन (डायरिया रोको अभियान) को लेकर की जा रही तैयारियों और योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने डायरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए इस वित्तीय वर्ष में किए गए कार्यों की सराहना की।
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से आयोजित बैठक में जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक (डीसीपीएम) रणविजय सिंह ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत इस वित्तीय वर्ष में संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय में डायरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई पहल की गई हैं।
बैठक में बताया गया कि विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, 80 शासकीय भवनों में डिजिटल दीवार लेखन कराया गया तथा 497 फ्रंट लाइन वर्करों का अभिमुखीकरण किया गया। इसके साथ ही आगामी स्टॉप डायरिया कैंपेन के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर राजीव पाठक, विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, एआरओ, आईओ, हेल्थ पार्टनर्स तथा पीएसआई इंडिया से अमरीश कुमार पांडेय व अनुपम मिश्रा रहे |
प्रथम दिन 3934 नें छोड़ी पुलिस दारोगा व समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा शनिवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने फतेहगढ़ क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों पालियों में हुई परीक्षा में 3934 परीक्षार्थियों नें हिस्सा नही लिया |
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया। डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मियों को पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए कहा।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ, जो 9 बजे तक जारी रहा। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई और इसके बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराई गई। सुरक्षा कारणों से अभ्यर्थियों को पानी की बोतल, गले की चेन सहित अन्य वस्तुएं अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा शनिवार और रविवार को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी शुक्रवार रात से ही फर्रुखाबाद पहुंचने लगे थे। ललितपुर, झांसी, आगरा, कानपुर व मथुरा सहित कई जनपदों से आए अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। आगरा से आए कुलदीप ने बताया कि वह रात में ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे, जबकि झांसी से आए धर्मेंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार रात को शहर की एक धर्मशाला में ठहरे थे और सुबह समय से पहले केंद्र पर पहुंचकर लाइन में लग गए। 11040 में 7106 ही परीक्षा में हुए शामिल दरअसल 19 केन्द्रो में 11040 परीक्षार्थी बैठने थे, वही प्रथम पाली में 5520 परीक्षार्थी बैठने थे, जिसमे 3538 परीक्षार्थी बैठे और 1982 अनुपस्थित रहे| प्रथम पाली में 64.9 उपस्थित व 35.90 अनुपस्थित रहे | जिसमे द्वितीय पाली में 5520 में से 3568 परीक्षार्थी बैठे व 1952 अनुपस्थित रहे| इस हिसाब से द्वितीय पाली में 64.64 प्रतिशत उपस्थित व 35.36 प्रतिशत अनुपस्थित रहे|
पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 बीएलओ सम्मानित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण में ई-बीएलओ एप पर मतदाताओं की फीडिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन धनराशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राजेश कुमार सिंह को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर 10 हजार रुपये, श्याम जी अवस्थी को द्वितीय स्थान के लिए 8 हजार रुपये तथा कालीचरन को तृतीय स्थान के लिए 6 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अलावा भूपेंद्र दीक्षित, आशीष गुप्ता, ममता देवी, ममता दीक्षित और नर सिंह को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 3-3 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का सही और समयबद्ध पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलओ से ई-बीएलओ एप के माध्यम से मतदाताओं की जानकारी को सही और अद्यतन रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत रहे।
गैस एजेंसी का डीएम-एसपी नें किया औचक निरीक्षण, समयबद्ध आपूर्ति के दिए निर्देश
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कमालगंज स्थित मधु गैस सर्विस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर का गहन परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालक से प्रतिदिन मिलने वाले गैस सिलेंडरों की संख्या और उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और लंबित बुकिंग की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ऑनलाइन बुकिंग ही स्वीकार की जाए और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने एजेंसी परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए और परिसर में अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में उपलब्ध रहें।
ओवरलोड माल ढोने पर 4 ट्रक सीज, 2.33 लाख का जुर्माना
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में शुक्रवार को परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने खनन अधिकारी संजय प्रताप के साथ कार्रवाई करते हुए ओवरलोड माल ढोते हुए 4 ट्रकों को सीज कर दिया। इन वाहनों पर कुल 2.33 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बकाया कर के मामले में 1 ट्रक सीज किया गया, जिस पर लगभग 10 हजार रुपये का कर बकाया था।
चेकिंग के दौरान मोहम्मदाबाद की एक फर्म से सेंट्रल जेल फर्रुखाबाद के नाम अलग-अलग बिलों के सहारे एक हजार बोरी सीमेंट ले जा रहा ट्रक पकड़ा गया। ट्रक के पास छह बिल मिले, जिनकी राशि 50 हजार रुपये से कम थी। जांच में आशंका जताई गई कि यह व्यवस्था ई-वे बिल से बचने के लिए की गई थी। ट्रक को मसेनी से कादरीगेट की ओर जाते समय दीप पैलेस के पास पकड़ा गया। जीएसटी चोरी की आशंका के चलते मामले की सूचना जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त अमित त्यागी को दी गई और ट्रक उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस ट्रक पर परिवहन विभाग ने 55 हजार रुपये जुर्माना लगाया, जबकि जीएसटी विभाग की ओर से 80 हजार रुपये जुर्माना संभावित है।
इसके अलावा खनन अधिकारी के साथ संयुक्त चेकिंग में मौरंग लदा एक ट्रक भी पकड़ा गया। इस वाहन पर परिवहन विभाग ने 57 हजार रुपये तथा खनन विभाग ने 28 हजार रुपये जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी जिले में ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



