फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत विधानसभाओं के मंडलों की प्रशिक्षण टोली के कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक ली। बैठक में चारों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले 18 मंडलों के अध्यक्षों और प्रशिक्षण टोली के पदाधिकारियों के साथ आगामी प्रशिक्षण वर्गों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि 29 मार्च से 12 अप्रैल तक जिले के सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। ये प्रशिक्षण वर्ग पहले से चयनित स्थानों पर होंगे। उद्घाटन और समापन सत्र सहित पार्टी द्वारा निर्धारित सात विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की यात्रा, प्रमुख कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने कहा कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों का मुख्य उद्देश्य नवीन कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा और नीतियों से परिचित कराना है। प्रत्येक सत्र को अलग-अलग वक्ता संबोधित करेंगे, जिनका चयन पार्टी द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण शिविरों में भोजन, टेंट, लाइट, माइक, एलईडी, पंजीकरण किट और स्टेशनरी सहित सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी तथा भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं को रात्रि विश्राम भी करना होगा।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन को मजबूत करने के लिए जुटना होगा, ताकि हर बूथ पर कार्यकर्ता मजबूती से विपक्ष का सामना कर सकें और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। प्रशिक्षण वर्गों के परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच प्रण और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा निर्देशित पांच परिवर्तन जैसे विषयों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, सुनील रावत, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, सोशल मीडिया जिला संयोजक अभिषेक बाजपेई, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत, अतुल दीक्षित, अनुराग सिंह, अनुज राजपूत, विशाल शर्मा, कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा तथा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी रहे।
बीजेपी की प्रशिक्षण महा अभियान की तैयारी बैठक
सातनपुर आलू मंडी में भाव स्थिर, आवक 70 मोटर, बिकवाली सुस्त
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर आलू मंडी में शुक्रवार 13 मार्च को आलू के भाव लगभग स्थिर रहे, जबकि मंडी में करीब 70 मोटर आलू की आवक दर्ज की गई। कारोबार सामान्य रहा लेकिन खरीदारों की संख्या कम रहने से बिकवाली सुस्त दिखाई दी।
मंडी में निबल व गड्ड चेचक आलू 201 से 301 रुपये प्रति कुंतल के भाव में बिके। वहीं सामान्य छट्ठा आलू 301 से 451 रुपये तथा सुपर छट्ठा 451 से 521 रुपये प्रति कुंतल तक बिके। इसके अलावा 3797 किस्म के आलू 551 से 651 रुपये, चिप्सोना 601 से 701 रुपये, हालैंड गड्ड 581 से 621 रुपये तथा हालैंड छट्ठा 621 से 831 रुपये प्रति कुंतल में ज्यादातर बिक्री हुई।
व्यापारियों के अनुसार मंडी में इस समय खरीद कमजोर है, जिसके कारण कारोबार की रफ्तार धीमी बनी हुई है। वहीं पिछले दिनों कुछ मंडियों में पहुंचे दागी (खराब) आलू के कारण व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर आढ़तियों ने दागी आलू की गाड़ियां उतारने से भी मना कर दिया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिलियाँ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
बताया गया है कि डायल 112 को अज्ञात कॉलर द्वारा गांव में एक विवाहिता के फांसी लगाने की सूचना दी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला व चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राहुल यादव की पत्नी नेहा यादव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद घर की लाइट बंद थी और मौके से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए थे। सूचना मिलने पर मृतका के पिता रामभरन व माता सुनीता देवी भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न कर हत्या करने का आरोप लगाया।
बताया गया है कि राहुल यादव सेना में कार्यरत है और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। घर में उसकी बहन सुमन और मां रामप्यारी रहती हैं, लेकिन घटना के समय घर पर कोई नहीं मिला। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कमरे में चारपाई बिछी थी, जिस पर तसला रखकर साड़ी के सहारे छत में लगे कड़े से फंदा लगाया गया था।
मृतका का दो वर्षीय पुत्र लक्ष्य है। मृतका की शादी 15 मई 2023 को जनपद औरैया के थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पुरवा दयम खां निवासी नेहा के साथ हुई थी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका की मां सुनीता देवी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस भर्ती परीक्षा: बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क ठहरने-भोजन की व्यवस्था
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए समाजसेवी एवं फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष भईयन मिश्रा द्वारा निःशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बताया गया कि परीक्षा के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे।
भईयन मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान उनकी टीम द्वारा बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क रुकने, चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की जाती रही है। इस बार होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो और वह आराम से परीक्षा दे सके।
उन्होंने बताया कि कई अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिनके पास होटल या किराए के कमरे लेने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं होते। ऐसी स्थिति में उन्हें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या दुकानों की पट्टियों पर रात गुजारनी पड़ती है, जिससे वे ठीक से आराम नहीं कर पाते और परीक्षा भी प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए उनकी टीम पिछले कई वर्षों से परीक्षार्थियों की सहायता करती आ रही है।
इस बार लगभग 500 से अधिक परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए विशंभर दयाल धर्मशाला नुनहाई, हिंदी भवन, सिंधी धर्मशाला और ब्राह्मण धर्मशाला सहित कई स्थानों पर रुकने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां ठहरने वाले परीक्षार्थियों को निःशुल्क भोजन, चाय-नाश्ता और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी दी जाएंगी। छात्राओं के लिए अलग से सुरक्षित व्यवस्था की गई है।
इस व्यवस्था को सफल बनाने में नीशू दुबे, अंगद पांडे उर्फ कोमल, मोहित खन्ना, ओमनिवास पाठक, आलोक मिश्रा, लकी गुप्ता, नीरज गुप्ता, राजा मिश्रा, लवि सक्सेना, नीरज दुबे, दिलीप कुमार, रामजी मिश्रा, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
डीएम-एसपी ने गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंप का किया औचक निरीक्षण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समय से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बलराम गैस सर्विस और जितेंद्र गैस सर्विस पर घरेलू गैस की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने गैस सिलेंडर की बुकिंग से लेकर उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय के बारे में एजेंसी संचालकों से विस्तार से पूछताछ की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण कर पेट्रोल व डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सख्ती से कराया जाए और बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते पाए गए कुछ चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका चालान भी किया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद
ईरान ने भारत‑झंडाधारी टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से सुरक्षित गुजरने की प्रदान की अनुमति
नई दिल्ली:भारत और ईरान के बीच उच्च‑स्तरीय कूटनीतिक बातचीत का बड़ा असर देखने को मिला,भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास आराघची के बीच हुई बातचीत के बाद ईरान ने भारत‑झंडाधारी टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से सुरक्षित गुजरने की अनुमति प्रदान कर दी है|
कूटनीतिक सहमति के तुरंत बाद दो भारतीय टैंकर ‘Pushpak’ और ‘Parimal’ होर्मुज से सुरक्षित रूप से गुजरते हुए देखे गए इन जहाजों की सुरक्षित आवाजाही ऐसे समय में एक महत्वपूर्ण संकेत है जब कई देशों के जहाजों को क्षेत्रीय तनाव के चलते गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है|
गोरी नागोरी व शिफा रूबी के रंगारंग कार्यक्रम के साथ मना रंगोत्सव
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली के त्यौहार को देखते हुए जिला पंचायत परिसर में होली मिलन समारोह व रंगोत्सव का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पहुंचे सुप्रसिद्ध कलाकारों ने मंच पर जब अपनी प्रस्तुति दी तो भीड़ का जमकर मनोरंजन हुआ| राजस्थान की प्रसिद्ध लोक कलाकार स्टेज डांसर वह बिग बॉस 16 की प्रतियोगिता में
शामिल रह चुकी तसलीमा बानो उर्फ गोरी नागोरी के साथ ही गायिका शिफा रूबी फतेहगढ़ स्थित जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित रंगोत्सव कार्यक्रम में पहुंची| जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव व उनके भाई सचिन सिंह यादव के संयोजन में आयोजित रंगोत्सव कार्यक्रम का श्री गणेश पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव प्रज्वालित कर किया| उसके बाद आए कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुiति दी मौके पर पहुंची है जनपद भर के लोगों ने एक दूसरे के गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गोरी नागोरी के नृत्य वह गायिका शिफा रूबी के गानों ने लोगों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया | कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए थे| भारी पुलिस बल कार्यक्रम की व्यवस्था में लगाया गया था| इस दौरान विभिन्न पार्टियों के राजनीतिक चेहरे थे नजर आये | कार्यक्रम में अधिकतर जिला पंचायत सदस्य भी बुलाये गये थे| इसके साथ ही प्रमुख रूप से पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार आलू की विपरण संघ के सभापति विमल कटियार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष भूदेव राजपूत, सपा नेता जितेंद्र यादव सिरौली, सभा नेता विवेक यादव, शाकिर अली आदि रहे|
ओवरलोड व बकाया कर पर कार्रवाई, 9 ट्रक सीज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ओवरलोड माल ढोते हुए दो ट्रकों को सीज कर दिया गया तथा उन पर कुल 71 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा बकाया कर के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए सात ट्रकों को सीज किया गया। इन वाहनों पर लगभग 1.95 लाख रुपये का कर बकाया पाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि बकाया कर जमा न करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) ने बताया कि राजस्व वसूली के दृष्टिगत 10 मार्च से 16 मार्च 2026 तक विशेष बकाया वसूली अभियान चलाया जा रहा है। सभी वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों का बकाया कर समय से जमा कर दें, अन्यथा वाहन सीज कर बकाया कर की वसूली की जाएगी।
सड़क किनारे पड़ी गिट्टी-मौरंग से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, पल्लेदार की मौत, चालक घायल
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सड़क किनारे पड़ी गिट्टी-मौरंग पर चढ़ते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। हादसा कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नवाबगंज मार्ग पर शनि देव मंदिर के पास हुआ। पड़ोसी जनपद मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम रतनपुर निवासी अभिषेक बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने ममेरे भाई कृष्ण, बलरामनगर रोहिला निवासी गौतम तथा नगला कैथन निवासी संतराम बघेल के 20 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र उर्फ धीरू के साथ रामनिवास का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आलू लादने के लिए लाजपुर मार्ग स्थित चक्रपाल यादव के खेत जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही ट्रैक्टर नवाबगंज मार्ग पर शनि देव मंदिर के पास पहुंचा, सड़क किनारे पड़ी गिट्टी और मौरंग पर चढ़ गया। इसी दौरान चालक ने ब्रेक लगाए तो ट्रैक्टर-ट्रॉली फिसलकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में चालक अभिषेक, पल्लेदार गौतम और धीरेंद्र उर्फ धीरू गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. जितेंद्र यादव ने धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सरस्वती सहित परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि धीरेंद्र अपने भाइयों अनार सिंह और अर्जुन में सबसे छोटा था।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने धीरेंद्र की मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना बताया है।
महिला सशक्तिकरण में पुरुषों की भी अहम भूमिका : डॉ. वंदना द्विवेदी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अधिवक्ता परिषद काशी की जिला इकाई फर्रुखाबाद के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ सभागार फतेहगढ़ में महिला सशक्तिकरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर वंदे मातरम् के साथ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. वंदना द्विवेदी ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर समाज में अलग पहचान बनाई है और धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
अधिवक्ता विभा दुबे ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और शिक्षा के माध्यम से महिलाएं समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम की संचालिका अधिवक्ता परिषद की महिला उपाध्यक्ष श्रीमती उमा मिश्रा (पूर्व प्रांतीय विधिक सलाहकार, वीरांगना वाहिनी, हिंदू जागरण मंच कानपुर प्रांत) ने कहा कि आज महिलाएं समाज के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर आसीन हैं और उन्हें खुले मन से समाज में अपना स्थान बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण में पुरुषों का भी समान योगदान है, क्योंकि कोई पुरुष ही किसी का भाई, पिता और पति होता है और महिलाओं के आगे बढ़ने में उनका सहयोग महत्वपूर्ण होता है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुमन राठौर (सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड) रहीं। कार्यक्रम का संचालन उमा मिश्रा ने किया तथा समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ |अधिवक्ता परिषद की जिला इकाई की महिला टोली की सदस्य शिवांगी तिवारी, साक्षी गुप्ता, भावना गुप्ता, डॉ. गायत्री मिश्रा, एडवोकेट प्रीति तिवारी, डॉ. निधि मिश्रा, बबीता पाठक, चित्रा अग्निहोत्री मिश्रा, बबीता सिंह सिंधी, शिवांशी गुप्ता, नेहा राठौर, पिंकी, नेहा प्रजापति, तान्या शर्मा, मोहिनी सिंह, मुस्कान वर्मा, नीलम शाक्य, अंजली दिवाकर, प्रिया शर्मा रहे|


