Home Blog Page 48

डीएम ने गैस एजेंसी व पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश, जमाखोरी व घटतौली पर होगी कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विक्रय प्रबंधक एलपीजी/पेट्रोलियम पदार्थ ने बताया कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी स्तर पर आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि एजेंसियां सुबह समय से खुलें और उपभोक्ताओं की बुकिंग के बाद एक से दो दिनों के भीतर गैस की डिलीवरी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि जिस उपभोक्ता की बुकिंग है, उसी को गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सीएससी केंद्रों पर गैस तभी उपलब्ध कराई जाए जब उपभोक्ता की बुकिंग हो तथा किसी भी स्थिति में उनका स्टॉक 100 किलोग्राम से अधिक न रखा जाए। गैस एजेंसी के शोरूम और गोदाम पर स्टॉक की स्थिति और केवाईसी प्रक्रिया का स्पष्ट प्रदर्शन भी किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों से कहा कि वे अपने स्टॉक की स्थिति को देखते हुए अग्रिम रूप से धनराशि जमा कर गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति समय से मंगवाएं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बोतल, केन या खुले पात्र में पेट्रोल की बिक्री न की जाए। पेट्रोल केवल वाहनों की टंकियों में ही दिया जाए और इस संबंध में सभी पेट्रोल पंपों पर सूचना प्रदर्शित की जाए।
डीजल की बिक्री को लेकर भी निर्देश दिए गए कि किसानों को कृषि कार्य के लिए अनुमन्य मात्रा से अधिक डीजल एक बार में न दिया जाए। यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर, पेट्रोल या डीजल की अधिक मात्रा खरीदकर जमाखोरी करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालक निर्धारित मूल्य और मात्रा के अनुसार ही ईंधन की आपूर्ति करें। यदि कहीं अधिक कीमत वसूली या घटतौली की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर रेंडम चेकिंग की जाएगी। साथ ही भ्रामक सूचना फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी पंप संचालकों को “नो हेलमेट, नो फ्यूल” का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव, लिपिक राजीव कुमार आदि रहे |

हाईवे पर लगाए गए जिग-जैग ड्रम, तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगी लगाम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर राजेपुर थाना पुलिस ने इटावा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए जिग-जैग ड्रम लगवाए हैं।
राजेपुर थाना क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे स्थित जमापुर चौराहे पर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार के नेतृत्व में लगभग 18 जिग-जैग ड्रमों पर रेडियम लगाकर सड़क पर रखवाए गए हैं। इन ड्रमों पर रेडियम लगाए जाने से रात के समय भी वाहन चालकों को दूर से संकेत मिल सकेगा और वे समय रहते अपनी गति धीमी कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार जमापुर चौराहे पर 6 जिग-जैग ड्रम, डबरी चेक पोस्ट के पास 6 ड्रम तथा निविया चौराहे पर भी 6 जिग-जैग ड्रम लगाए गए हैं। बताया गया है कि हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है, ताकि वाहन चालक नियंत्रित गति से वाहन चलाएं और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके| थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार, सिपाही रविंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

सातनपुर आलू मंडी में कम रही आमदनी, दागी आलू किये वापस

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर आलू मंडी में आलू की आमदनी काफी कम रही। मंडी में लगभग 70 मोटर आलू की आवक दर्ज की गई। मंडी में निबल व गड्ड आलू 201 से 301 रुपये प्रति कुंतल, सुपर छट्ठा आलू 551 रुपये तक तथा हालैंड आलू 551 से 701 रुपये प्रति कुंतल के भाव में बिक्री हुआ।

बताया गया कि पिछले दिनों पड़ रही तेज गर्मी और धूप के कारण कई किसानों का आलू दागी (खराब) हो गया है। ऐसे आलू को खरीदारों ने लेने से साफ इंकार कर दिया। हालांकि अच्छी क्वालिटी का आलू आज भी अच्छे भाव में बिका।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिन खराब और दागी आलू की लगभग 300 ट्राली मंडी से वापस चली गई थीं, जबकि आज भी करीब 30 ट्राली दागी आलू वापस लौटाना पड़ा। आलू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्पित राजपूत ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मंडी में साफ-सुथरा और अच्छी गुणवत्ता वाला आलू ही लेकर आएं, दागी आलू बिल्कुल न लाएं। उन्होंने यह भी बताया कि मंडी में जगह-जगह सैकड़ों कुंतल सड़ा और बदबूदार आलू पड़ा है, जिसकी सफाई कराने के लिए मंडी सचिव से कहा गया|

33 करोड़ घरेलू गैस कनेक्शनों तक नियमित आपूर्ति सरकार की पहली प्राथमिकता

नई दिल्ली:पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े दबाव के बीच केंद्र सरकार ने देश में प्राकृतिक गैस के उपयोग की प्राथमिकताओं को फिर से तय कर दिया है।सरकार निर्णय लिया है कि घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) के उत्पादन, सीएनजी और पाइप्ड कुकिंग गैस (पीएनजी) की आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि घरों और परिवहन क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी न हो। सरकार का कहना है कि देश में गैस की कुल उपलब्धता पर्याप्त है, लेकिन मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए घरेलू जरूरतों को सुरक्षित रखना जरूरी है। सरकार की तरफ से यह दावा तब किया गया जब देश के कई हिस्सों से एलपीजी वितरक एजेंसियों की तरफ से गैस आपूर्ति बाधित होने की बात कही गई है।
सरकार की पहली प्राथमिकता देश के लगभग 33 करोड़ घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों तक नियमित आपूर्ति बनाए रखना है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य से टैंकरों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण भारत की गैस आपूर्ति का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है। इसी कारण गैस आवंटन की व्यवस्था में पुनर्गठन किया गया है।

पुलिस भर्ती परीक्षा में चार पालियों में 22080 अभ्यर्थी होंगे शामिल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में 14 व 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 परीक्षा को सकुशल व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रातः 07 बजे ट्रेजरी पर उपस्थित रहेंगे तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस तथा हैंडबैग ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के पास आईडी कार्ड अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानें बंद रहेंगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जहां वे अपने सामान जमा कर सकेंगे। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल नीला या काला पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही लेकर जा सकेंगे।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने केंद्रों के परीक्षा कक्षों और शौचालयों का पूर्व निरीक्षण कर लें। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापक व सहायक केंद्र व्यवस्थापक से नो-रिलेशन सर्टिफिकेट प्राप्त किया जाए तथा ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों के मोबाइल नंबरों की सूची केंद्र व्यवस्थापक को उपलब्ध कराई जाए।
जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर एक पाली में 5520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा कुल चार पालियों में आयोजित की जाएगी। जिसमे कुल 22080 अभ्यर्थी शामिल होना प्रस्तावित है|
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल और शौचालय से संबंधित साइन एज लगाए जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से लगाई जाए। रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी वाहन चालक ओवर रेटिंग न करे। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निर्देश दिए कि 13 मार्च को परीक्षा का रिहर्सल कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनिंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद में दो रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, 97.07 करोड़ रुपये की मंजूरी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में लगने वाले जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। फर्रुखाबाद–कायमगंज मार्ग पर स्थित दो रेलवे क्रॉसिंगों पर रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से व्यय वित्त समिति ने 10 मार्च 2026 को इस परियोजना के लिए 97.07 करोड़ रुपये की धनराशि को अनुमोदन प्रदान कर दिया है।
यह ओवरब्रिज क्रॉसिंग संख्या 154 स्पेशल और क्रॉसिंग संख्या 09 स्पेशल के ऊपर बनाया जाएगा। प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु की कुल लंबाई 1013.71 मीटर होगी, जो दोनों क्रॉसिंगों को कवर करेगा।
जानकारी के अनुसार सेतु निगम द्वारा दोनों क्रॉसिंगों के बीच आम जनता के आवागमन की सुविधा के लिए पुल के दोनों ओर रैम्प भी बनाए जाएंगे। वहीं रेलवे की ओर से दोनों क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाए जाने का भी प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
वर्तमान में इन दोनों रेलवे क्रॉसिंगों के अधिकतर समय बंद रहने के कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज बनने के बाद लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से कई बार व्यक्तिगत मुलाकात की। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को भी कई बार तलब कर परियोजना को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि व्यय वित्त समिति से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही शासनादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

कांग्रेस के शहर उपाध्यक्ष शुभ दीक्षित समेत कई युवा भाजपा में शामिल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस से जुड़े कई युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान फर्रुखाबाद शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शुभ दीक्षित सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने नव शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि फर्रुखाबाद शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शुभ दीक्षित, गौरव शर्मा, अविरल मिश्रा, हृदयांश तिवारी, ऋतिक स्वास्थ्य, रामजी दुबे, अंशुमान दीक्षित, राघवेंद्र शुक्ला, अनमोल मिश्रा और शिवेंद्र चौहान सहित कई युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों में विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है। कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल कराने में सरदार तोषित प्रीत की अहम भूमिका बतायी जा रही है |
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। वैश्विक परिस्थितियों में उथल-पुथल के बावजूद भारत मजबूती के साथ खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा और पंचायत चुनाव को देखते हुए संगठन का विस्तार किया जा रहा है और सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, जिला महामंत्री सुनील रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल अध्यक्ष नरेंद्र आर्य, पूर्व सभासद डब्बू अग्निहोत्री, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी,सरदार तोषित प्रीत सिंह, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत,जिला मंत्री अभिषेक बाथम रहे |

जिले में पर्याप्त पेट्रोल व डीजल, कालाबाजारी पर होगी कार्यवाही: डीएसओ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिले में पेट्रोल-डीजल की भले ही कोई किल्लत नहीं है, लेकिन अफवाहों के चलते लोग भ्रमित हो रहे हैं। अमेरिका, इस्राइल व ईरान के बीच हो रहे युद्ध के बीच अफवाहों का भी बाजार गर्म होने लगा है। जनपद में कई काला बाजारी करने वाले पेट्रोल डीजल की सप्लाई ना मिलने की बात कहकर लोगों को गुमराह करने में लगे हैं| जिससे आम जनता काफी परेशान है|
दरअसल कई पेट्रोल पम्प मालिक प्रमुख रूप से शमसाबाद क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पम्प मालिक पेट्रोल डीजल की सप्लाई रुक-रुक कर दे रहें हैं| जिससे वाहन चालकों को काफी समस्या का सामान करना पड़ रहा है| पेट्रोल डीजल लेनें को लेकर लोग शमसाबाद से कायमगंज की तरफ भाग रहे हैं| जबकि जिला प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त मात्रा जनपद के पेट्रोल पम्पों पर उपलब्ध है|
क्या बोल रहे जिम्मेदार
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव नें बताया की शमसाबाद क्षेत्र के कुछ पम्पों पर डिमांड के अनुसार सप्लाई नही मिली है| लेकिन उन पर भी फिलहाल पर्याप्त डीजल व पेट्रोल उपलब्ध है| यदि किसी नें काला बाजारी का प्रयास किया तो कार्यवाही होगी|
कनेक्शन पर ही मिलेगी सिलेंडर की डिलीवरी
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जनपद में सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर कुछ बदलाव जरुर हुए हैं| लेकिन कनेक्शन वालों को नियम के हिसाब से ही सिलेंडर मिलेगा|
गैस की रिफलिंग करने वालों पर विभाग की नजर
जनपद में गैस रिफलिंग करनें वाले लोगों पर विभाग की नजर टेड़ी है| यदि गैस रिफलिंग होती मिली तो कार्यवाही होगी| दुकानों पर घरेलू सिलेंडर वाले भी विभाग की नजर में आनें पर कार्यवाही की जद में आयेंगे|

मार्च के महीने में जवनरी सा कोहरे देख लोग हैरान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई इलाकों में घनी धुंध और कोहरे की चादर देखने को मिली। सुबह लोगों को जनवरी जैसी सर्दी का एहसास हुआ। सुबह होते ही घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आया। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई और हाईवे पर चलने वाले वाहनों को दिन में भी अपनी हैडलाइट लाइट जलाकर चलना पड़ा। जिससे सुबह के समय कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हांलाकि कुछ समय के बाद मौसम सामान्य हो गया और धूप निकल आयी| कम दृश्यता के कारण तेज रफ्तार से चलने वाले वाहन भी करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा से भी कम की रफ्तार से चलने लगे।
मंगलवार को मार्निंग वाक पर निकले लोगों को दिसंबर और जनवरी जैसा कोहरा छाया दिखा। गर्मी के बीच कोहरे की यह स्थिति लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बन गई है। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो दिन में तेज धूप के कारण धरती तेजी से गर्म हो जाती है व वातावरण में नमी बढ़ जाती है। रात के समय जब आसमान साफ रहता है तो धरती अपनी गर्मी तेजी से आसमान की तरफ छोड़ देती है, जिससे सतह के पास की हवा अचानक ठंडी हो जाती है। इस प्रक्रिया को रेडिएशन फाग कहा जाता है। ठंडी हवा नमी को अधिक देर तक रोक नहीं पाती व वह सूक्ष्म जल बूंदों में बदलकर कोहरे का रूप ले लेती है।

कोहरे का कहर: रोडवेज बस व पिकअप की भिड़ंत, चालक गंभीर घायल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें रोडवेज चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव तौफीक की मड़ैया के सामने प्रमुख मार्ग पर फर्रुखाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस और मुरादाबाद से मछलियां लेकर कन्नौज जा रही पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज चालक कृष्ण कुमार उर्फ राणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिकअप चालक विशाल का एक साथी आंशिक रूप से घायल हुआ।
पिकअप चालक के अनुसार घने कोहरे के कारण सड़क पर काफी दूर तक दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान सामने से रोडवेज बस आ गई। उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन पैर एक्सीलेटर पर पड़ जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरी मछलियां सड़क पर बिखर गईं। आसपास के लोग मछलियां समेटने में लग गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रक्षा सिंह उप निरीक्षक कल्लू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया और घायल चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
बताया गया है कि कोलाघाट पुल बड़े वाहनों के लिए बंद होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। तेज रफ्तार और अधिक यातायात के चलते इस सड़क पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। क्षेत्रीय निवासी हरिओम, प्रदीप, राजेश, अनोखे, रामसागर, रामनिवास, खुशीराम और दीनदयाल आदि ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रित करने के उपाय किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।