बीएलओ से मारपीट व अभिलेख फाड़ने के आरोप में 12 पर एफआईआर

0
333

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)7 कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम नगला अनूप में सरकारी कार्य के दौरान मारपीट और अभिलेख फाड़ने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगला अनूप निवासी रीना देवी पत्नी रतेन्द्र सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह बूथ संख्या 179 पर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के रूप में कार्यरत हैं और गांव में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का कार्य कर रही थीं। आरोप है कि 7 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे वह एक घर पर एसआईआर से संबंधित फार्म भरवाने के लिए पहुंची थीं।
रीना देवी का कहना है कि आवश्यक जानकारी मांगने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विरोध करना शुरू कर दिया और उनके पास मौजूद एसआईआर से जुड़े दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। आरोप है कि इसी दौरान कई अन्य लोग भी वहां आ गए और कथित रूप से उनके साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डाली।
प्रार्थिनी के अनुसार उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने हरेंद्र सिंह, अजय, निर्देश, अंगेश, अवनीश कुमार, जनवेश, सौरभ, गौरव, अवधेश, रुचि, गीता और सोनी समेत 12 नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]