फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर हरीश चंदर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संजय सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस टीम द्वारा जनपद में नागरिकों में खोए हुए 151 एंड्रायड फोन जिनकी अनुमानित कीमत 33 लाख रुपए है,बरामद किए गए।जिन्हें आज पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा वास्तविक मालिकों के सुपुर्द कर दिए गए।अपने खोए हुए फोन पाकर फोन मालिकों के चेहरे खिल उठे उन्होंने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद कहा।
खोए हुए मोबाइल फोन पाकर खिले स्वामियों के चेहरे
डॉ धन्नू लाल गौतम को संस्कार भारती ने अर्पित की श्रद्धांजलि
फर्रुखाबाद(नगर संवाददाता) संस्कार भारती के पूर्व राष्ट्रीय संगीत विधा सह संयोजक, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष झांसी एवं पूर्व उपाध्यक्ष संगीत नाटक अकादमी उत्तर प्रदेश के डॉ धन्नूलाल गौतम के निधन से कला जगत में शोक की लहर है।कला साधकों ने आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज जनपद में संस्कार भारती द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन मदन मोहन कनोडिया इंटर कॉलेज में किया गया जिसमें श्रद्धेय डॉ धन्नू लाल गौतम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रान्तीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने उनके बारे में बताते हुए कहा कि डॉक्टर धन्नू लाल गौतम जी ने अपना सारा जीवन कला साधना में और कला साधकों के मध्य व्यतीत किया उन्होंने राष्ट्रीय संगीत विधा सह संयोजक के दायित्व का निर्वहन किया। वे अपने अंतिम समय तक बीमार होने पर भी बैठकों एवं कार्यक्रमों में शामिल हुए और अपना मार्गदर्शन दिया। वह अत्यंत सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। वह कई बार फर्रुखाबाद भी आए आज उनके पुत्र झांसी के जिला पंचायत अध्यक्ष है।इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय, प्रांतीय कोषाध्यक्ष समरेंद्र शुक्ल,अरविन्द दीक्षित,गौरव मिश्रा,अर्पण शाक्य,रवींद्र भदौरिया,नरेन्द्र नाथ मिश्रा,रामेंद्र कमठान,रजनी लौंगवानी,हेमलता श्रीवास्तव, नेहा सक्सेना, कोमल शर्मा किरण त्रिवेदी, प्रिया वर्मा आदि लोग रहे।
बड़ा हादसा:अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश,रेस्क्यू जारी
डेस्क: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया। अहमदाबाद-लंदन जाने वाला विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।मिली जानकारी के अनुसार विमान में 242 यात्री सवार थे जो अहमदाबाद से लंदन की ओर जा रहे थे|
मेघानी नगर के रिहायशी इलाके में प्लेन क्रैश के बाद कई किलोमीटर तक धुएं के गुबार दिखाई दे रहे हैं। अडानी एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की प्रारंभिक सूचना के आधार पर अहमदाबाद फायर टीम मौके पर पहुची राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है|गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के सीएम से हादसे की जानकारी ली|
प्रचण्ड गर्मी में जीना हुआ मुहाल,आसमान से बरस रही आग
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में जून के दूसरे सप्ताह में मौसम ने अपना रंग दिखा दिया है। भीषण गर्मी और तपिश में लोगों का जीना मुहाल हो रखा है|

जनमानस के साथ ही पशु पक्षी भी भीषण गर्मी से बिलबिला रहे है|सूर्य की किरनो ने रौद्र रूप धारण कर रखा है आसमान आग उगल रहा है।लू के थपेड़ों से जनमानस बुरी तरह त्रस्त है। दोपहर में तो सड़कों पर सन्नाटा सा नाजारा दिख रहा है।दुकानदार दोपहर में भीषण गर्मी के कारण अपनी दुकाने बंद करके घर निकल ले रहे है,भीषण गर्मी के कारण व्यापार में कुछ मंदी दर्ज की जा रही है|केवल लोग अतिआवश्यक चीजो की खरीददारी कर रहे है|सुबह के सात बजे से लेकर चार बजे तक सूर्य का प्रभाव इतना अधिक हो रहा है कि लोग निकल नहीं पा रहे है।
भीषण गर्मी के कारण छोटे-बड़े नदी व तालाब सूखने के कागार पर है। भीषण गर्मी का अंदाजा महज इस बात से लगा सकते हैं कि सुबह के नौ बजते ही जमीन पूरी तरह से तपने लगती है और इसका असर शाम ढलने तक रहता है। इधर जैसे-जैसे गर्मी की तपिश बढ़ रही है, वैसे वैसे जलस्तर भी नीचे जा रहा है।
डग्गामार बस चालकों में हुई मारपीट,चाकू मारने के लगे आरोप,वीडियो वायरल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में आए दिन डग्गामार बस चालकों के द्वारा आये दिन साबरियो को अपनी अपनी बस बैठाने के नाम पर दिन प्रतिदिन आपसी लड़ाई होती रहती है। पुलिस प्रशासन सब कुछ जानने के बाद भी किसी बड़ी अनहोनी के होने के इंतजार में बस चालकों और मालिकों पर शिकंजा नहीं कस रही है जिससे डग्गामार वाहनों का व्यापार दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है।जिसका ताजा वाकया आज देखने को मिला।आज डग्गामार बस के चालकों की आपस में भिड़ंत हो गई।आपस में खूब मारपीट हुई,बस चालक ने गाड़ी में तोडफ़ोड़ भी कर दी।बस मालिक पवन दीक्षित उर्फ शैलू पुत्र रामविलास दीक्षित के चालक भूरा निवासी कादरीगेट के साथ बस सवारी भर रहे उसी बीच हनुमंत कठेरिया निवासी रामलीला गड्ढा पुरानी रंजिश के तहत मारपीट पर आमादा हो गए और गाड़ी के सीसे तोड़ कर बस को लेकर भागने के प्रयास करने लगा,नशे की हालत में होने पर कादरीगेट क्षेत्र के आस पास कई राहगीर इसकी चपेट में आने से बाल बाल बचे।बस मालिक में डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी हनुमंत कठेरिया भागने का प्रयास करने लगा जिसको पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने में कई तरह की मशक्कत का सामना करना पड़ा।लगभग 40 मिनट तक चले पुलिस और आरोपी के बीच हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने पकड़े आरोपी का शांति भंग में चालान कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।बस मलिक पवन दीक्षित ने हनुमंत कठेरिया पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। रोडवेज चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मेडिकल कराया जा रहा है।तहरीर में आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
दोस्त के साथ गंगा नहाने आया युवक डूबा,रेस्क्यू जारी
फर्रुखाबाद (नगर संवाददाता) थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे निवासी अनुराग यादव पुत्र अमलेश यादव उर्म 16 वर्ष अपने दोस्त आशु राजपूत पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी शिव कॉलोनी मसेनी चौराहा के साथ गंगा नहाने पांचालघाट आया, जहां उत्तरी किनारे की तरफ पांटून पुल के पास लगभग गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर कादरीगेट थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश की जा रही है। पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।
गंगा में डूबने से दो छात्रों की मौत
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर सराय में गंगा नदी में डूब कर दो छात्रों की मौत हो गई। शेरपुर सराय निवासी सत्यराम जाटव का पुत्र अरुण उम्र लगभग 17 वर्ष और सत्य राम का भांजा सागर पुत्र सूरज उम्र लगभग 12 बरस निवासी गंगागंज कुरावली जनपद कन्नौज आज सुबह 9:00 बजे सुबह गंगा नहाने गए थे सागर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।अरुण ने सूरज को डूबता देख बचाने का प्रयास किया और स्वयं भी गहरे पानी में चला गया।जिससे दोनों डूब गए।ग्रामीणों ने अरुण के परिजनों को सूचना दी।मृतक अरुण के पिता सत्य राम जाटव ने मौके पर पहुंचकर थाना कमालगंज की पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से लगभग 2 घंटे के बाद शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की करवाई की। अरुण की माता रीता देवी और सागर की माता रानी देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
मंगलवार को हनुमान जी की भक्ति में डूबा शहर,जगह-जगह भंडारे का हुआ भव्य आयोजन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मंगलवार को शहर में हनुमान जी की भक्ति का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने हनुमान को भोग लगाकर प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया|फतेहगढ़ के शिव शक्ति महाकाल मंदिर पाल नगला में निरन्तर दो दिन से भण्डारे और शर्वत वितरण का कार्यक्रम भक्तो द्वारा निरंतर किया जा रहा है| माँ गंगा सेवा समिति के द्वारा दुर्गा गेस्ट हाउस के निकट भव्य भण्डारे का आयोजन किया गया|
महाबली श्री हनुमान जी के प्रसाद वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।कई जगह सुंदरकांड का पाठ किया शहर के हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा और सुंदरकांड का पाठ हुआ|भंडारों में भक्ति गीत और हनुमान जी के भजन बजते रहे, जिससे भक्ति का माहौल और भी बढ़ गया| भंडारे और पूजा का आयोजन धार्मिक और सामाजिक महत्व रखता है, पूरे जिले में आस्था और भक्ति का वातावरण देखने को मिला| 

जिले में गर्मी ने बरपाया कहर,पारा 40 के पार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में मंगलवार को तेज धूप और लू के थपेड़ो ने जनपदवासियों को परेशान कर रखा है|गर्मी से शहरवासियों के साथ ही पशु-पक्षी भी व्याकुल नजर आए। गर्मी में परेशान होने से बचने को शहरवासियों ने घर में रहना ही उचित समझा। जरूरी काम होने पर ही वह घर से बाहर निकले। गर्मी के चलते बाजार में दुकानदार भी कहीं छांव या दुकानों पर जाकर समय बिता रहे हैं। शाम के बाद ग्राहक खरीददारी करने पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस के चलते सभी तरह का व्यवसाय भी प्रभावित है। केवल सुबह और शाम में ही व्यवसाय हो रहा है।
बीते लगभग एक सप्ताह से उमस अधिक है। इसके चलते लोगों को कहीं चैन नहीं है।कूलर-पंखा चलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। बिजली की कटौती भी खूब हो रही है। जो जनपदवासियों की परेशानी को सातवे आसमान पर पहुँचा रही है|
बजरंग बली की प्राण प्रतिष्ठा का हुआ भव्य आयोजन
फर्रुखाबाद(नगर संवाददाता) तीन दिन तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के बाद आखिर बजरंग बली की भव्य प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो गया।भंडारा और प्रसाद वितरण शाम तक चलता रहा।

कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पाल नगला बिजाधारपुर रखा रोड सेंट्रल जेल पर स्थिति श्री शिव शक्ति महाकाल मंदिर में बजरंग बली की मूर्ति स्थापना का आयोजन सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी,दुर्वासा ऋषि आश्रम पांचालघाट के महंत ने भगवान हनुमान व शिव जी की आरती की।
मुख्य अतिथि रजनी तिवारी ने कहा जिस तरफ से शिव शक्ति महाकाल मंदिर को जीर्णोधार कर नया रूप दिया गया है इससे सभी को सीख लेने की आवश्यकता है।सभी को चाहिए कि पुराने मंदिरों को इसी तरह नया रूप दे।महंत ईश्वरदास महाराज जी ने कहा कि कार्यक्रम के भव्य आयोजन से लोगों में आस्था बड़ी है।आचार्य सर्वेश कुमार शुक्ल व आनंद शुक्ला ने पूजन कराया व सुन्दरकाण्ड आयोजन भी किया। इस मौके पर कार्यक्रम की आयोजक मधुराम शरण जी महाराज,दीपक शुक्ला,सोनी शुक्ला के साथ ही भाजपा जिलाअध्यक्ष फतेहचंद वर्मा,पाल सेना जिलाअध्यक्ष पंकज पाल,जिलाउपाध्यक्ष आशाराम पाल,सरदार तोषित प्रीत,पंकज दीक्षित, शिवम दुबे,प्रमोद द्विवेदी,गोविंद त्रिवेदी,राजन मिश्रा,पवनेश राजपूत पिंकू भइया,रामजी शुक्ला,राहुल उपाध्याय,आकाश तिवारी, कृष्णा गुप्ता,अंकित दुबे,विमलेश मिश्रा,मनीष मिश्रा,संजीव त्रिपाठी,मनु मिश्रा,देवांक मिश्रा,प्रशांत कटियार,योगेश गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय,किशन शर्मा,आशीष कुमार सहित आदि हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



