Home Blog Page 21

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सर्वेश कुमार की सड़क दुर्घटना में जान चली गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 50 वर्षीय प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब दो बजे सर्वेश अपने साथी प्रमोद के साथ बाइक से जहानगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर स्थित पैतृक गांव गए थे। रात लगभग 10 बजे दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उबरीखेड़ा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सर्वेश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं प्रमोद कुमार बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार और गश्त पर मौजूद दरोगा महेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। दुर्घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नए स्मार्ट मीटर पर 45 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन,जीरो बैलेंस पर तीन दिन तक मिलेगी बिजली आपूर्ति

0

लखनऊ:उत्तर प्रदेश सरकार इन दिनों स्मार्ट मीटर उपभोगताओ को लगातार राहत प्रदान कर मीटर से जुडी समस्त जानकारियों को साझा कर रही है|इसी क्रम में जिन उपभोगताओ के स्मार्ट मीटर अभी हाल ही में लगे हैं उन्हें 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक राहत देते हुए उनका बिजली कनेक्शन नहीं काटा काटेगी। वहीं जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम तीन दिन या 200 रुपये तक बिजली आपूर्ति जारी रहेगी,साथ ही रविवार और अन्य अवकाश के दिन किसी भी स्थिति में कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

भीषण गर्मी को देखते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न हो,ढीले तार और स्पार्किंग की समस्या तुरंत ठीक की जाए और मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन कट चुके हैं उनसे फोन के जरिये संपर्क कर समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

भगवान परशुराम की शोभायात्रा में दिखी श्रद्धा व उल्लास की झलक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ब्राह्मण समाज सेवा समिति एवं राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सायंकाल भगवान परशुराम की भव्य नगर परिक्रमा आयोजित की गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान के स्वरूप का अभिनंदन किया और विधि-विधान से आरती उतारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेलवे रोड स्थित पांडवेश्वरनाथ शिव मंदिर से विधिवत पूजन के साथ किया गया। सुसज्जित रथ पर भगवान परशुराम का दिव्य स्वरूप स्थापित था। इस अवसर पर श्रीराम विविध कला केंद्र के संचालक विजय दुबे ‘मटरलाल’ भी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष डॉ. हरिदत्त द्विवेदी, श्याम बाबू दीक्षित, महामंत्री लालाराम दुबे, कोषाध्यक्ष कैलाश बाबू मिश्रा, मंत्री गिरीश चंद्र द्विवेदी और संयोजक सौरभ मिश्रा ‘चकित’ सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका में नजर आए।
नगर परिक्रमा के दौरान भक्ति संगीत की धुनों पर युवा जोश के साथ नारे लगाते चल रहे थे, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा रहा। यह यात्रा रेलवे रोड, चौक, नेहरू मार्ग, घुमना और नितगंजा से गुजरते हुए ब्राह्मण समाज धर्मशाला पर जाकर संपन्न हुई। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।
यात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इससे पूर्व प्रातःकाल स्टेट बैंक रोड स्थित ब्राह्मण समाज धर्मशाला में वैदिक रीति से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और मंत्रोच्चारण के साथ हवन में आहुतियां दीं। इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत, अनीता द्विवेदी, पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, भास्कर दत्त द्विवेदी, राहुल राजपूत, विकास पाण्डेय, रानू दीक्षित, शिवम दुबे,कांग्रेस नेता शुभम तिवारी, पुनीत उर्फ बॉबी दुबे, विमलेश मिश्रा,दिनेश मिश्रा, संजीव अग्निहोत्री, कोमल पांडेय, प्रिंस शुक्ला, अंकित तिवारी, विनोद अग्निहोत्री, क्रांति पाठक, आदित्य दीक्षित, राजीव चतुर्वेदी, जितेंद्र सिंह और मनोज मिश्रा रहे।

भूमि विवाद में वृद्ध पिता को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

फर्रुखाबाद:(मेरापुर संवाददाता)थाना क्षेत्र के गांव नदौरा में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भूमि विवाद के चलते बेटे ने अपने ही 90 वर्षीय पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बदन सिंह यादव का अपने बड़े बेटे मोहन के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी बेटे ने पिता के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब छोटा बेटा खेत से वापस घर लौटा। उसने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
वारदात के बाद आरोपी मोहन मौके से फरार हो गया। मामले में मृतक के छोटे बेटे नेकराम ने थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज समिति की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज कल्याण समिति (पंजीकृत) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज स्वराज कुटीर में आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संदीप शर्मा के संरक्षण में संपन्न हुआ, जिसमें संगठन के विस्तार और नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें चंद्रप्रकाश दीक्षित को अध्यक्ष, पियूष दुबे (एडवोकेट) को उपाध्यक्ष, संजीव तिवारी को महामंत्री, सुधीर कटियार को कोषाध्यक्ष, प्रिंस सक्सेना को मीडिया प्रभारी तथा दीपक मिश्रा को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा भुवनेश्वर वर्मा को संयुक्त मंत्री, यश गुप्ता को उपमंत्री और प्रमथन नाथ पालीवाल को सदस्य के रूप में नामित किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया और संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सुंदरकांड महायज्ञ, समृद्धि की कामना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर विजाधरपुर स्थित भगवती मंदिर में भव्य सुंदरकांड चौपाई महायज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए हवन में आहुतियां अर्पित कीं। महायज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में शरदचंद्र दुबे, सीमा दुबे, शिवम दुबे, अशोक दुबे, प्रणय, अभिमन्यु, जिनेन्द्र, शालिनी, दीपिका और अद्विका ने विधि-विधान से आहुतियां डालीं। पूरे वातावरण में मंत्रोच्चारण और भक्ति भाव की ध्वनि गूंजती रही। इस अवसर पर भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह राठौर, अशोक दुबे, संतोष पाठक, रामवीर सिंह, व्यापार मंडल सेंट्रल जेल अध्यक्ष योगेश गुप्ता, महामंत्री संजीव त्रिपाठी, नानक राम दुबे, रामजी शुक्ल सहित आदि रहे। कार्यक्रम के समापन पर पुजारी अरुणेश मिश्रा ने विधिवत आरती कराकर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कराया। आचार्य सर्वेश कुमार शुक्ल नें संगीतमय सुन्दर कांड का पाठ भी किया |

जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सफल संचालन के लिए रविवार को मेजर एस.डी. यूनिवर्सिटी, भोजपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सर्वेक्षण की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों के सही एवं सावधानीपूर्वक संधारण, शुद्ध एवं विश्वसनीय आंकड़ा संकलन तथा सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं गणनाकर्मी उपस्थित रहे।

भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज जन सेवा समिति द्वारा बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना से हुई। पंडित प्रदीप नारायण शुक्ला के नेतृत्व में गणेश पूजन, हवन, महाअभिषेक और आरती संपन्न कराई गई। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में पूरी, सब्जी, चना और अमृत बूंदी ग्रहण की। मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या से पधारे महंत कमलनयन दास जी महाराज (श्री मनीराम दास छावनी के उत्तराधिकारी) उपस्थित रहे। उनके साथ ओमकार दास महाराज, दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास जी महाराज, रामानुज महाराज दंडी स्वामी सहित कई संत-महात्माओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम के दौरान बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के सभागार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसका संचालन वैभव सोमवंशी ने किया। इस अवसर पर नारायण दत्त द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।मुख्य अतिथि महंत कमलनयन दास जी महाराज ने अपने संबोधन में ब्राह्मण समाज से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, जिलाधिकारी की पत्नी वंदना द्विवेदी ने जातिवाद से ऊपर उठकर सभी सनातनियों को एकजुट होने का संदेश दिया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की पत्नी डॉ. अनीता द्विवेदी ने भी समाज में आपसी सौहार्द और एकता बनाए रखने पर जोर दिया।महंत ईश्वर दास महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्श और शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और हमें धर्म एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।कार्यक्रम में प्रभात अवस्थी, रामजी वाजपेयी,बॉबी दुबे,मिंटू मिश्रा, राघव दत्त मिश्रा, अरुण मिश्रा, बंटी, प्रमोद गुप्ता, मनीष मिश्रा, मोहन वर्मा, विमलेश मिश्रा, सौरभ मिश्रा, डॉ. राघवेंद्र अग्निहोत्री, मृदुल चतुर्वेदी, डॉ. अरुण अग्निहोत्री, डॉ. संजीव मिश्रा, आदित्य दीक्षित, शिवम द्विवेदी, अनिल तिवारी, अतुल मिश्रा, दीपक मिश्रा, पंकज दीक्षित, प्रमोद द्विवेदी, भोले सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।पूरा आयोजन भक्तिभाव, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्साह का प्रतीक बना रहा।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए शिव शक्ति मंदिर के पुजारी सहित फर्रुखाबाद से 10 श्रद्धालु रवाना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए रविवार को 10 श्रद्धालुओं के दल को कलेक्ट्रेट सभागार से विधिवत मंत्रोच्चार और माल्यार्पण के साथ रवाना किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को लखनऊ के लिए प्रस्थान कराया। इस दौरान सभागार में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का भी माध्यम है। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुशासन और मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।बताया गया कि लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं को एकत्रित कर मुख्यमंत्री द्वारा विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए रवाना किया जाएगा। यह यात्रा शासन की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना है।फर्रुखाबाद से इस यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में त्रिलोकी नाथ वर्मा, चेतन भारती, शांति, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राकेश कुमार सारस्वत, यतीन्द्र प्रकाश दुबे, निहारिका पटेल, श्री शिव शक्ति महाकाल मंदिर पाल नगला विजाधरपुर फतेहगढ़ के पुजारी पं. अजय पाल शुक्ला उर्फ आनंद कुमार पुत्र आचार्य सर्वेश कुमार शुक्ल , राकेश और अंकुर कुमार कश्यप शामिल हैं। यात्रा के सफल संचालन के लिए सहायक आयुक्त उद्योग सोनाली सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो पूरी यात्रा के दौरान समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

बिना स्वीकृत बजट के 11 केवी विद्युत लाइन शिफ्ट करने में जेई निलंबित


फर्रुखाबाद:(‘जेएनआई ब्यूरों)जनपद के ग्राम नेकपुर खुर्द में बिना स्वीकृत एस्टीमेट के 11 केवी विद्युत लाइन शिफ्ट किए जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रभारी अवर अभियंता (जेई) रमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला उस समय उजागर हुआ जब खेत के बीच से गुजर रही 11 केवी लाइन को बिना अनुमति और बिना तकनीकी स्वीकृति के किनारे शिफ्ट कर दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर किए गए स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि लाइन के पोल को जल्दबाजी में हटाकर किनारे स्थापित कर दिया गया था। मौके पर खुदाई के निशान भी मिले, जबकि खेत का बाकी हिस्सा सामान्य स्थिति में था।
जांच में यह भी सामने आया कि लाइन के एक फेज पोल की अर्थिंग टूटी हुई थी और तार जमीन के काफी करीब लटक रहा था, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी। पोल पर लगा स्टे वायर भी टूटा पाया गया और उसका दूसरा सिरा जमीन पर लटक रहा था। इसके अलावा पास से गुजर रही फोन लाइन भी अत्यंत नजदीक थी, जो संभावित दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकती थी।
प्रभारी जेई रमेश कुमार से जब इस संबंध में नोटिस, स्वीकृति, या शिफ्टिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जांच में यह भी पाया गया कि बिना एस्टीमेट और अनुमोदन के लाइन शिफ्ट करने से विभाग को राजस्व हानि हुई, जिसकी भरपाई के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया गया। साथ ही विभागीय सामग्री के नुकसान पर भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
अधिकारियों ने पाया कि संबंधित जेई अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर रूप से लापरवाह रहे और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण रखने में भी विफल रहे। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।
इन सभी तथ्यों के आधार पर अधीक्षण अभियंता यादवेन्द्र सिंह ने प्रभारी अवर अभियंता रमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड कायमगंज कार्यालय से संबद्ध किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के साथ ही अन्य संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।