फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सफल संचालन के लिए रविवार को मेजर एस.डी. यूनिवर्सिटी, भोजपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सर्वेक्षण की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों के सही एवं सावधानीपूर्वक संधारण, शुद्ध एवं विश्वसनीय आंकड़ा संकलन तथा सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं गणनाकर्मी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


