भगवान परशुराम की शोभायात्रा में दिखी श्रद्धा व उल्लास की झलक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ब्राह्मण समाज सेवा समिति एवं राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सायंकाल भगवान परशुराम की भव्य नगर परिक्रमा आयोजित की गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान के स्वरूप का अभिनंदन किया और विधि-विधान से आरती उतारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेलवे रोड स्थित पांडवेश्वरनाथ शिव मंदिर से विधिवत पूजन के साथ किया गया। सुसज्जित रथ पर भगवान परशुराम का दिव्य स्वरूप स्थापित था। इस अवसर पर श्रीराम विविध कला केंद्र के संचालक विजय दुबे ‘मटरलाल’ भी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष डॉ. हरिदत्त द्विवेदी, श्याम बाबू दीक्षित, महामंत्री लालाराम दुबे, कोषाध्यक्ष कैलाश बाबू मिश्रा, मंत्री गिरीश चंद्र द्विवेदी और संयोजक सौरभ मिश्रा ‘चकित’ सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका में नजर आए।
नगर परिक्रमा के दौरान भक्ति संगीत की धुनों पर युवा जोश के साथ नारे लगाते चल रहे थे, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा रहा। यह यात्रा रेलवे रोड, चौक, नेहरू मार्ग, घुमना और नितगंजा से गुजरते हुए ब्राह्मण समाज धर्मशाला पर जाकर संपन्न हुई। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।
यात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इससे पूर्व प्रातःकाल स्टेट बैंक रोड स्थित ब्राह्मण समाज धर्मशाला में वैदिक रीति से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और मंत्रोच्चारण के साथ हवन में आहुतियां दीं। इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत, अनीता द्विवेदी, पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, भास्कर दत्त द्विवेदी, राहुल राजपूत, विकास पाण्डेय, रानू दीक्षित, शिवम दुबे,कांग्रेस नेता शुभम तिवारी, पुनीत उर्फ बॉबी दुबे, विमलेश मिश्रा,दिनेश मिश्रा, संजीव अग्निहोत्री, कोमल पांडेय, प्रिंस शुक्ला, अंकित तिवारी, विनोद अग्निहोत्री, क्रांति पाठक, आदित्य दीक्षित, राजीव चतुर्वेदी, जितेंद्र सिंह और मनोज मिश्रा रहे।