फर्रुखाबाद:(मेरापुर संवाददाता)थाना क्षेत्र के गांव नदौरा में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भूमि विवाद के चलते बेटे ने अपने ही 90 वर्षीय पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बदन सिंह यादव का अपने बड़े बेटे मोहन के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी बेटे ने पिता के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब छोटा बेटा खेत से वापस घर लौटा। उसने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
वारदात के बाद आरोपी मोहन मौके से फरार हो गया। मामले में मृतक के छोटे बेटे नेकराम ने थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भूमि विवाद में वृद्ध पिता को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



