Home Blog Page 15

आसमान से बरस रही आग से झुलस रहा तन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सूरज के तल्ख तेवरों के आगे अब लोगों का हाल बेहाल होता जा रहा है। आसमान से आग बरस रही है और लोग भीषण गर्मी से परेशान हो रहे हैं। तेज धूप से तापमान 40 पार बना हुआ है। रात में भी सुकून न मिलने से लोग बिलबिला रहे हैं। भीषण गर्मी का दौर शुरु हो चुका है। स्थिति यह है कि सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। बीते दो दिन में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। दिनभर झुलसा देने वाली धूप और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप से बचने के लिए लोग कई प्रकार के जतन करते दिख रहे हैं।
घर से निकलने से पहले लोगों का मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना मजबूरी बन गया है। दोपहर में तो शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। जिस तरह गर्म हवाएं चल रही हैं उससे लू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

ओवरलोड टेंपो बने जानलेवा, तीन की मौत के बाद भी व्यवस्था पर सवाल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) राजपुर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में ओवरलोड टेंपो संचालन गंभीर समस्या बनता जा रहा है। नियमों की अनदेखी कर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया है कि पांच सवारियों की अनुमति वाले टेंपो में बीते दिनों 13 लोगों को बैठाया गया था। इसी दौरान हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिक कमाई के लालच में चालक नियमों को नजरअंदाज कर ओवरलोड सवारियां भरते हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार अमृतपुर, राजपुर, राजेपुर, चाचूपुर और जमापुर क्षेत्रों में अवैध टेंपो स्टैंड भी संचालित हो रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण की कमी है और नियमित चेकिंग नहीं होती। साथ ही कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि अवैध वसूली के चलते ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

मार्ग दुर्घटना में मोर की दर्दनाक मौत

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक सवार ने मोर को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि गनुयापुर निवासी एक व्यक्ति पर टक्कर मारने का संदेह है, जो घटना के बाद दूसरे रास्ते से भाग निकला।घटना की सूचना ग्रामीणों ने थाना अध्यक्ष इंद्रजीत को दी। पुलिस की ओर से वन विभाग को सूचित किए जाने की बात कही गई, लेकिन काफी देर तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी होने के बावजूद मोर की मौत के बाद संबंधित विभागों की लापरवाही सामने आई है। उनका कहना है कि समय रहते कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।थाना अध्यक्ष इंद्रजीत ने बताया कि वन विभाग को तत्काल सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी। ग्रामीणों ने मृत मोर के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की मांग की है।

मोदी की रैली को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, 15 हजार कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का लक्ष्य

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मंगलवार को उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में 29 अप्रैल को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरदोई रैली एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारी के संदर्भ में बैठक ली।
प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने बताया कल 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे इसके अंतर्गत वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे 29 अप्रैल को हरदोई जनपद के मल्लावा में यह जनसभा आयोजित होगी जिसमें फर्रुखाबाद जनपद से भी कार्यकर्ताओं को पहुंचने के लिए तैयारी बैठक हुई है 15000 कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया है इस लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए प्रत्येक मंडल से कार्यकर्ताओं को जाना है बसों से जाने वाले कार्यकर्ता हुल्लापुर चौराहे से जाएंगे और निजी बहनों से जाने वाले कार्यकर्ता कन्नौज होते हुए रैली में शामिल होंगे सभी कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था की गई है। नवनियुक्त जिला कार्य समिति की बैठक 1 मई से 5 मई के बीच में आयोजित होगी इसके उपरांत 15 मई के बाद जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा जिसमें जिला कार्यकारिणी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारी एवं कार्य समिति के सदस्यों को भाजपा के विस्तार बारे में जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशिक्षण वर्ग दो दिवसीय आयोजन होगा जिसमें प्रवास का कार्यक्रम भी होगा प्रशिक्षण वर्ग के लिए प्रदेश संगठन द्वारा वक्ता नियुक्त किए गए हैं। तिथियों की घोषणा जल्द हो जाएगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कल हरदोई जनपद के मल्लावां में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने मल्लावा जाएंगे।
इस बैठक के अवसर पर आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटिहार जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता जिला महामंत्री गोपाल राठौड़ जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे अनु जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता जिला मंत्री पंकज पाल पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी मौजूद रहे।

जूते की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत रकाबगंज चिलसरा रोड स्थित एक जूता-चप्पल की दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
दुकान मालिक सोहन शाक्य उर्फ दीपक (पुत्र सुरेश चंद्र) के मुताबिक, वह रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने जनरेटर की व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई और समर्सिबल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अवध सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान मालिक के अनुसार, आग की इस घटना में करीब 3 से 4 लाख रुपए का जूता-चप्पल व अन्य सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

गृह कलह वाहन चालक ने फांसी लगाकर जान देने का किया प्रयास, हालत गंभीर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट (बंदा चौकी) में एक वाहन चालक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मूल निवासी सुधीर चौहान पुत्र भूरे अपनी ससुराल में पत्नी नेहा के साथ रहकर मजदूरी करते थे।
बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी और ससुराल पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद आक्रोश में आकर सुधीर चौहान ने गमछे के सहारे पंखे के कुंडे से फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पत्नी के भाई जितेंद्र चौहान ने तुरंत फांसी से उतारकर गंभीर हालत में सुधीर को देर रात करीब 12 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

छत से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो जाने की दुखद घटना सामने आई है, जिससे परिवार में मातम छा गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के मुताबिक, थाना गोकुल क्षेत्र का रहने वाला दशरथ रोजी-रोटी के लिए अपने साथियों चंद्र कुमार और प्रवेश के साथ कादरी गेट क्षेत्र के खानपुर कोठा में किराए के मकान में रह रहा था। बीती रात करीब 12 बजे वह छत पर गया था, जहां अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।गंभीर रूप से घायल दशरथ को आसपास के लोगों ने तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। परिवार में बड़े भाई ऋषि, छोटे भाई लटूरी, पत्नी राजवती और मां सूरजमुखी हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक शराब के नशे में था और इसी दौरान हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।

भूमि विवाद में दो बेटों ने पिता को उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम अर्रापहाड़पुर में पारिवारिक जमीन विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जहां दो बेटों ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी वृद्ध रामसनेही पुत्र राजा रामपाल अपने बेटों ओमकार और अनिल के साथ रहते थे। परिवार में काफी समय से जमीन को लेकर तनाव बना हुआ था। रविवार देर रात करीब 11 बजे जब रामसनेही अपने घर में आराम कर रहे थे, तभी दोनों बेटों ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक के पास लगभग 12 बीघा कृषि भूमि थी, जिसमें से कुछ हिस्सा पहले ही बेचा जा चुका था। शेष जमीन के बंटवारे को लेकर पिता-पुत्रों के बीच विवाद गहराता जा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, रामसनेही द्वारा कुछ जमीन अपने भतीजे के नाम करने की बात से नाराज होकर बेटों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पुत्र शराब के आदी थे, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मऊदरवाजा के प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

तहसील में पूर्व सैनिक पर हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) तहसील प्रांगण में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक पूर्व सैनिक पर दबंगों ने हमला कर दिया। घटना में घायल पूर्व सैनिक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।जानकारी के अनुसार घटियाघाट निवासी सुखपाल पुत्र जगदेव किसी कार्य से तहसील आए थे। इसी दौरान बाइक सवार दबंगों ने पीछे से ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की पहचान राजेश पुत्र हरिराम व संदीप पुत्र उदयवीर, निवासी जसूपुर गढ़िया के रूप में की जा रही है। घटना के बाद तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी तहसील परिसर में एक अधिवक्ता को गोली लगने की घटना हो चुकी है। नायब तहसीलदार ने बताया कि उच्च अधिकारियों से वार्ता कर तहसील गेट पर एंट्री रजिस्टर की व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि ऐसे घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले में मारपीट का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

सीएमएसडी स्टोर में टेंडर प्रक्रिया पर सवाल, नियम विरुद्ध कार्यवाही का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अंतर्गत सीएमएसडी स्टोर में टेंडर प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 17 अप्रैल 2026 को स्टोर प्रभारी पद से हटाए जाने के आदेश के बावजूद संबंधित अधिकारी ने नियमों को दरकिनार कर देर रात टेंडर प्रक्रिया कराई। आरोप है कि पद से हटाने का आदेश उसी दिन दोपहर 3 बजे जारी कर रजिस्टर्ड भी करा दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी रात करीब 8:47 बजे दूसरे जनपदों से ठेकेदारों के माध्यम से वाहनों का टेंडर डलवाया गया। साथ ही 20 अप्रैल को मानव संसाधन से संबंधित निविदा भी जारी कर दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्यवाही विभागीय समयावधि के बाहर और नियमों के विपरीत की गई।मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारी ने अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई, जिससे करोड़ों रुपये के गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतकर्ता ने अब महनिर्देशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा लखनऊ से शिकायत कर मांग की है कि उक्त टेंडरों की जांच कर उन्हें निरस्त किया जाए और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही विभागीय आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की भी मांग उठाई गई है।