फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने फतेहगढ़ में प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर एक मामले को लेकर वार्ता की। बातचीत के दौरान आरोप लगाया गया कि प्रभारी निरीक्षक द्वारा पीड़ित पक्ष का प्रार्थना पत्र दर्ज किए बिना ही शिक्षक एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका को जिम्मेदार ठहराते हुए एनसीआर दर्ज कर ली गई। इस कार्रवाई को लेकर शिक्षकों में नाराजगी देखी जा रही है। संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र के आधार पर वे शीघ्र ही वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। इस दौरान मजहर, नरेंद्र, प्रवेश कटियार, प्रमोद दीक्षित, अतुल मराल, पंकज यादव, पीयूष कटियार, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, धीरेन्द्र यादव एवं प्रमोद यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
गेहूं खरीद केंद्र पर छापेमारी, डीएम ने तौले इंतजाम
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में गेहूँ खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने आज राजकीय गेहूँ क्रय केंद्र, सातनपुर मंडी का आकस्मिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर रखे विभिन्न अभिलेखों-जैसे टोकन रजिस्टर, खरीद पंजिका और बोरा रजिस्टर—का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों में पारदर्शिता और नियमित अद्यतन प्रविष्टियों को विशेष महत्व देने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद डिप्टी आरएमओ ने जानकारी दी कि अब तक केंद्र पर 40 किसानों से 2828 कुंतल गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जिनमें से 38 किसानों के खातों में भुगतान किया जा चुका है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खरीद पंजिका में सभी किसानों के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि क्रय केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी की मौजूदगी में गेहूँ की नमी की जांच कराई गई और इलेक्ट्रॉनिक कांटे की सटीकता भी परखी गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और खरीद प्रक्रिया में लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूँ खरीद कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी ढंग से संचालित किया जाए और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
एक्सप्रेस-वे विवाद पर सांसद का जवाब: रूट परिवर्तन तकनीकी कारणों से, राजनीति से नहीं
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा एक्सप्रेस-वे के पीएम मोदी द्वारा लोकार्पण के बाद से ही को लेकर जिले में सोशल मीडिया पर सियासी बयानबाजी चल रही है | विरोध करने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे के फर्रुखाबाद से ना आने पर इसे जनप्रतिनिधियों की नाकामी का आरोप लगा रहें हैं | फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने विरोधियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि परियोजना के मार्ग में बदलाव किसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा नहीं, बल्कि तकनीकी बाध्यताओं का परिणाम है।
सांसद के अनुसार, गंगा एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद से न जोड़ पाने के पीछे कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आईं। संभल और चित्रकूट जैसे क्षेत्रों को जोड़ते समय तकनीकी चुनौतियां आईं, जिनके कारण रूट में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बिना तथ्य के भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सांसद नें स्पष्ट किया कि जिले को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया गया है। एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक रोड का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे फर्रुखाबाद को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और विकास को गति मिलेगी। सांसद ने यह भी
कहा कि इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से जुड़े दस्तावेज देखने की सलाह दी, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में हुए विकास कार्य किसी की क्षमता पर सवाल खड़ा नहीं होने देते। साथ ही समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने याद दिलाया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के समय फर्रुखाबाद को शामिल नहीं किया गया था। उन्होंने जिले में बने ओवरब्रिज, बिजली घर और अन्य परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि फर्रुखाबाद निरंतर प्रगति के मार्ग पर है। प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जितेंद्र सिंह, शिवांग रस्तोगी रहे।
तेज रफ्तार कार में घुसी बाइक, सवार बाल-बाल बचा
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार में एक बाइक जा घुसी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, झंडी मड़ैया निवासी अंकित पुत्र रामनरेश अपनी बहन की शादी के लिए बाइक से बर्फ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला पहिया कार में फंस गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक ने वाहन को सड़क किनारे लगा दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को कार से बाहर निकाला और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि कार में गूजरपुर गहलवार के पूर्व प्रधान की पुत्री अपने पति के साथ अमृतपुर कस्बे में खरीदारी के लिए आई थीं।घटना के चलते लगभग एक घंटे तक मौके पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।थाना अध्यक्ष इन्द्रजीत ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हो गई है। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शराब ठेके पर सिपाही को बेल्टो से मारपीट, जान से मारने की धमकी, एक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में पुलिस लाइन गेट के पास एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिपाही राजीव कुमार पुत्र महिपाल सिंह, मूल निवासी ग्राम मुड़िया थाना गोंडा
जिला अलीगढ़ एवं वर्तमान में पुलिस लाइन फतेहगढ़ में तैनात ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह पुलिस लाइन गेट पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें अपने साथ चलने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार, वह उनके साथ ठेका (शराब की दुकान) तक गया, जहां पहले से मौजूद
आरोपियों आकाश श्रीवास्तव, आशिद उर्फ माफिया, आशू श्रीवास्तव तथा मौरम अली ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से बेल्ट आदि मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सिपाही राजीव कुमार ने बताया कि शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, देखें वीडियो- ://youtube.com/shorts/qTIaNfwEE8k?si=gzTey7YjE6t_GJRk जिसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने घटना के संबंध में 29 अप्रैल 2026 को कोतवाली फतेहगढ़ में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नें आरोपी आकाश श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है |घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया | मामले की जाँच दारोगा सोमवीर सिंह को दी गयी|
डीएम-एसपी का जिला व केंद्रीय कारागार पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा जनपद फतेहगढ़ स्थित जिला कारागार व केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेलों में बंद बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सबसे पहले बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की गहन जांच की। उन्होंने रसोईघर में जाकर भोजन बनाने की प्रक्रिया को देखा तथा भोजन की स्वच्छता और मानकों के अनुरूप गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।
इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए जेल अस्पताल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी बंदी को इलाज के अभाव में परेशानी न हो और सभी को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिले।
जेल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, बैरकों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने साफ-सफाई को लेकर कड़े निर्देश दिए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप जेलों में पारदर्शी और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण से जेल प्रशासन में हलचल रही और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला जेल अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं केंद्रीय जेल अधीक्षक आशीष तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे रोड की आपात बैठक में उठे अतिक्रमण व सौंदर्यीकरण के मुद्दे
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रेलवे रोड पर पुनः चुने से सड़क पर चिन्ह लगाए जाने के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए व्यापारियों ने तत्काल गोपाल सिंह राठौड़ के निवास पर एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
बैठक में फर्रुखाबाद जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा,महामंत्री विमलेश मिश्रा, राजू गौतम, गोपाल सिंह राठौड़, महेंद्र भदौरिया, अरविंद गुलाटी, नितेश वर्मा सहित करीब पचास व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने अपनी-अपनी समस्याएं और आशंकाएं सामने रखीं।
पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे तथा पेयजल की सुविधा के लिए हैंडपंप लगाए जाएंगे। साथ ही महादेवी वर्मा मूर्ति स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। व्यापारियों ने बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इस पर पूर्व एमएलसी ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका पहले व्यापारियों को चेतावनी देगी, इसके बाद चालान की कार्रवाई की जाएगी। यदि इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी ने इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाया।
मां गंगा के वरदान का आशीर्वाद है गंगा एक्सप्रेसवे:पीएम मोदी
हरदोई:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। आज हरदोई के मल्लावां में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री 36230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू राज्य कहा जाता था वही उत्तर प्रदेश अब ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यूपी में अपार संभावनाएं हैं, देश की इतनी बड़ी युवा आबादी का सामर्थ्य यूपी के पास है और हम इस ताकत का इस्तेमाल यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में कर रहे हैं।मैं मानता हूं कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस-वे का ये वरदान भी स्वयं मां गंगा का ही आशीर्वाद है। अब आप कुछ ही घंटों में संगम तक पहुंच सकते हैं, साथ ही काशी में बाबा के दर्शन भी कर सकते हैं और वापस भी आ सकते हैं। पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ना सिर्फ विकास विरोधी है, बल्कि नारी विरोधी भी है। हाल के दिनों में देश ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का महिला विरोधी चेहरा देखा है।
गंगा एक्सप्रेस-वे कार्यक्रम में घेराव के शक में हिंदू महासभा जिलाध्यक्ष को किया हाउस अरेस्ट
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) किसान संगठन से अलग होने के बावजूद हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष क्रांति कुमार पाठक को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।क्रांति कुमार पाठक का कहना है कि वह करीब छह महीने पहले भारतीय किसान यूनियन (अखंड प्रदेश) के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं और वर्तमान में उनका उस संगठन के किसी भी कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित घेराव या ज्ञापन कार्यक्रम में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। इसके बावजूद पुलिस ने एहतियातन उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया। पाठक ने प्रशासन से पहले ही अपील की थी कि उन्हें हाउस अरेस्ट न किया जाए, क्योंकि वह किसी भी विरोध कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाले थे।हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि व्यक्ति पहले ही कार्यक्रम से अलग होने की बात कह चुका था, तो इस तरह की कार्रवाई पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर इसे एहतियाती कदम बताया जा रहा है।
आसमान से बरस रही आग से झुलस रहा तन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सूरज के तल्ख तेवरों के आगे अब लोगों का हाल बेहाल होता जा रहा है। आसमान से आग बरस रही है और लोग भीषण गर्मी से परेशान हो रहे हैं। तेज धूप से तापमान 40 पार बना हुआ है। रात में भी सुकून न मिलने से लोग बिलबिला रहे हैं। भीषण गर्मी का दौर शुरु हो चुका है। स्थिति यह है कि सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। बीते दो दिन में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। दिनभर झुलसा देने वाली धूप और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप से बचने के लिए लोग कई प्रकार के जतन करते दिख रहे हैं।
घर से निकलने से पहले लोगों का मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना मजबूरी बन गया है। दोपहर में तो शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। जिस तरह गर्म हवाएं चल रही हैं उससे लू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।



