फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक सवार ने मोर को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि गनुयापुर निवासी एक व्यक्ति पर टक्कर मारने का संदेह है, जो घटना के बाद दूसरे रास्ते से भाग निकला।घटना की सूचना ग्रामीणों ने थाना अध्यक्ष इंद्रजीत को दी। पुलिस की ओर से वन विभाग को सूचित किए जाने की बात कही गई, लेकिन काफी देर तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी होने के बावजूद मोर की मौत के बाद संबंधित विभागों की लापरवाही सामने आई है। उनका कहना है कि समय रहते कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।थाना अध्यक्ष इंद्रजीत ने बताया कि वन विभाग को तत्काल सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी। ग्रामीणों ने मृत मोर के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की मांग की है।
मार्ग दुर्घटना में मोर की दर्दनाक मौत



