Home Blog Page 120

रोडवेज बस अड्डे पर यात्री के साथ मारपीट, नकदी लूट का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के रोडवेज बस अड्डे पर देर रात पहुंचे एक यात्री के साथ 4-5 अज्ञात शातिरों द्वारा मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल है।

जनपद रायबरेली जिले के खिरोह क्षेत्र के जोगापुर निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पुत्र जयकरन सिंह अपनी बहन के यहां गुरसहायगंज जाने के लिए घर से निकले थे। देर रात बस से फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पर उतरते ही वहां मौजूद 4-5 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें अचानक घेर लिया और मारपीट करते हुए एकांत स्थान पर ले गए। आरोप है कि शातिरों ने पीड़ित के पर्स में रखे लगभग 5000, मोबाइल फोन और अन्य सामान छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मारपीट के चलते ज्ञानेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह उन्होंने मौके से गुजर रहे एक राहगीर को सहायता के लिए पुकारा। राहगीर ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना जिला अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत थाना कादरी गेट पुलिस को भेजी, जिसके बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।घटना ने एक बार फिर रोडवेज बस अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा देखकर यात्री असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। थाना पुलिस नें बताया कि लूट नहीं हुई, मारपीट पहले नशे में हुई| लूट नहीं हुई

क्रांति की हिंदू महासभा में वापसी, भाकियू से इस्तीफा

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय किसान यूनियन अखंड प्रदेश के जिलाध्यक्ष नें इस्तीफा दे दिया है, जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक नें हिन्दू महासभा में पुन: वापसी की है| दरअसल हिन्दू महासभा में काफी समय जिलाध्यक्ष रहे क्रांति पाठक भाकियू अखंड प्रदेश में चले गये थे, जहां उन्हें भाकियू का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया था | कई महीने भाकियू में कार्य करने के बाद क्रांति पाठक नें शनिवार को हिन्दू महासभा में फिर वापसी कर भाकियू के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है | क्रांति पाठक नें बताया कि वह अब हिन्दू महासभा के सिपाही बनकर सनातन के लिए कार्य करेंगे | हिन्दू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा नें बताया कि क्रांति पाठक को हिन्दू महासभा में पुन: जिलाध्यक्ष का ही जिम्मा सौपा गया है| क्रांति के आने से संगठन को मजबूती मिलेगी |

डीएम नें डिजिटलाइजेशन कार्य का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(राजेपुर/अमृतपुर संवाददाता )जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज विकास खंड कार्यालय राजेपुर, बीआरसी राजेपुर तथा तहसील अमृतपुर पहुंचकर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण कार्य का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑनलाइन फीडिंग के समय यदि सर्वर डाउन हो, तो तुरंत स्क्रीनशॉट लेकर ग्रुप में पोस्ट करें,तृतीय कॉलम में न्यूनतम फीडिंग नहीं छोड़ें,सभी गणना प्रपत्रों का उचित फाइलिंग कार्य सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उप जिलाधिकारीअमृतपुर संजय सिंह, तहसीलदार अमृतपुर शशांक सिंह, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी राजीव श्रीवास्तव आदि रहे|




जानलेवा हमले में आरोपी दोष सिद्ध

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा अभियुक्तगण रामबहादुर, राजकुमार, बन्टू एवं रामप्रकाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया था, जिसमें सुनवाई के बाद जान लेवा हमले में आरोपी दोष सिद्ध हुई दृष्टया सिद्ध पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह अपराध सत्र परीक्षणीय पाया गया तथा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, फर्रुखाबाद द्वारा प्रकरण को सत्र न्यायालय सुपुर्द किया गया। बाद में यह मामला विचारण हेतु अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में स्थानांतरित किया गया। प्रमोद कुमार पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम बबुरारा, थाना नवाबगंज, ने 28 अगस्त 2007 को थाना नवाबगंज में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 28 अगस्त 2007 को वह अपने खेत से लौट रहा था। उसी दौरान राकेश पुत्र सोनेलाल के घर के सामने जमीन विवाद के चलते गांव के रामबहादुर, राजकुमार, रामप्रकाश और बन्टू ने उसे टकोरा व लाठी से पीटकर घायल कर दिया, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के समय शिवनन्दन और खुशीराम मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर उसे बचाया। सभी तथ्यों, साक्ष्यों और गवाहों के बयान रिकॉर्ड किए जाने के बाद अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश शैली राय ने अभियुक्तों को दोष सिद्ध पाया है। 1 दिसम्बर को सजा पर सुनवाई निर्धारित की गई है।



रेलवे रोड़ निर्माण 10 दिन में शुरू करने का आश्वासन, व्यापार मंडल का धरना स्थगित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)रेलवे रोड पर विद्युत विभाग द्वारा पोल एवं बंच केबिल शिफ्टिंग कार्य की धीमी प्रगति के विरोध में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल फर्रुखाबाद द्वारा 26 जुलाई 2025 को फर्रुखाबाद चौक पर धरना दिया गया था। उस समय विद्युत विभाग ने कार्य पूरा करने के लिए 60 दिन का लिखित समय मांगा था। लेकिन निर्धारित अवधि से दोगुना समय (120 दिन) बीत जाने के बावजूद कार्य पूरा न होने पर व्यापारियों का धैर्य टूट गया और उन्होंने संगठन से पुनः धरना देने की चेतावनी दी थी, लेकिन फिर 10 दिन में निर्माण कार्य शुरू होने का आश्वासन ईओ विनोद कुमार नें दिया, जिससे 1 दिसम्बर को संगठन का होने वाला धरना स्थगित हो गया| मांग के आधार पर फेडरेशन ने 1 दिसंबर 2025 को पुनः धरना देने की घोषणा की थी। जिसमे अधिकारियो नें सड़क निर्माण का भरोसा दिया था, व्यापार मंडल नें बताया कि उन्हे अब बताया गया है कि रेलवे रोड़ निर्माण का आंकलन मिल गया है आगामी 10 दिन में कार्यवाही शुरू कर दी जायेगी| जिसके बाद संगठन नें 1 दिसम्बर को आयोजित होने वाले धरना प्रदर्शन को निरस्त कर दिया | फेडरेशन जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि 1 दिसंबर को होने वाला धरना निरस्त कर दिया गया है, और उन्होंने व्यापारियों से अपील कर कहा कि विभागों द्वारा दिए गए लिखित आश्वासनों पूर्ण होने तक धैर्य बनाए रखें।



68 खाद दुकानों पर छापा, चार के लाइसेंस निलम्बित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में शनिवार को बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के आदेशानुसार कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कुल 14 अधिकारियों की संयुक्त टीमें सभी विकासखंडों में सक्रिय रहीं। जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह के निर्देशन में यह अभियान संचालित हुआ। अधिकारियों की टीमों ने बढ़पुर, कमालगंज, नवाबगंज, मोहम्मदाबाद, कायमगंज, शमसाबाद और राजेपुर विकासखण्डों में अलग-अलग दुकानों पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान 68 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापे मारे गए, जहां से गुणवत्ता परीक्षण हेतु कुल 18 नमूने एकत्र किए गए। नमूनों को प्रदेश की मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ विधिक कार्यवाही भी की जाएगी।
छापेमारी के दौरान कई दुकानें बिना सूचना के बंद मिलीं। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से चार उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इनमें किसान सेवा केन्द्र नरायनपुरगढ़िया, जय बजरंगबली खाद भण्डार नरायनपुरगढ़िया, श्री जी खाद एवं बीज भण्डार भरतामऊ तिराहा तथा दिवाकर खाद भण्डार मॉडल शंकरपुर शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर इनका लाइसेंस निरस्त कर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने बताया कि जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण है। नवंबर 2025 तक यूरिया का लक्ष्य 22,672 मैट्रिक टन के मुकाबले 33,349 मैट्रिक टन उपलब्ध है। इसी प्रकार डीएपी, एमओपी , एनपीके तथा एसएसपी उपलब्धता के साथ लक्ष्य से कहीं अधिक मात्रा में मौजूद है। सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से निरंतर आपूर्ति कराई जा रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही उर्वरक क्रय करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विभागीय अधिकारियों को अवगत कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटिया उर्वरक बेचने एवं अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एसआईआर का कार्य पूर्ण करनें में 45 बीएलओ सम्मानित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को माला पहनाकर व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में विधानसभा क्षेत्र 192 कायमगंज के 17 बीएलओ, 193 अमृतपुर के 05 बीएलओ, 194 फर्रूखाबाद के 06 बीएलओ और 195 भोजपुर विधानसभा के 17 बीएलओ को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। सभी को प्रतीकचिह्न एवं प्रशस्तिपत्र देकर उनके कार्य की सराहना की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बीएलओ ने राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय पर पूर्ण कर प्रशंसनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की नींव है, इसलिए जिम्मेदारी और ईमानदारी से किया गया कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपेक्षा की कि सभी अधिकारी भविष्य में भी इसी उत्साह से कार्य करते हुए अपने साथियों को भी प्रेरित करेंगे।

दबंग ने लहराया तमंचा शादी समारोह में शामिल लोगों ने छीन कर पुलिस को सौपा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शादी समारोह में हुड़दंग मचाने, तमंचा लहराकर डांस करने, गाड़ियों में तोड़फोड़ और बारातियों के साथ मारपीट के मामले में एक युवक एवं उसके साथियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस तहरीर न मिलने की बात कह कर पल्ला झाड़ रही है। पीड़ित का आरोप पुलिस दर्ज नहीं कर रही रिपोर्ट। आवास विकास कॉलोनी निवासी संदीप कुमार पुत्र श्री बालकराम ने थाना कादरी गेट को दी तहरीर में कहा कि 24 नवंबर को उनकी भतीजी मनीषा का विवाह विभान पुत्र चंद्रभान सागर निवासी नगला खैर बंद के साथ उत्सव गेस्ट हाउस, बढ़पुर में संपन्न हो रहा था। रात करीब 11:30 बजे बारात आगमन के समय आकाश कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी बढ़पुर , दो-तीन अज्ञात सहयोगियों के साथ शराब के नशे में गेस्ट हाउस में जबरन घुस आया। आरोप है कि आरोपी ने 315 बोर का तमंचा लहराते हुए डीजे पर डांस किया और मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज की।पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, तो आकाश कुमार भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए बारातियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर मारपीट तक की नौबत आ गई, जिससे शादी समारोह मेंअफरा-तफरी फैल गई। आनन-फानन में संदीप कुमार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी।सूचना पर 112 पुलिस और थाना कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं मारपीट के दौरान आरोपित का तमंचा बारातियों ने छीन लिया। पीड़ित संदीप कुमार ने वह तमंचा पुलिस टीम को मौके पर ही सुपुर्द कर दिया।
पीड़ित ने थाना पुलिस से आरोपी आकाश कुमार तथा उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी। चार दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस दबंग युवक के खिलाफ कार्रवाई करने से डर रही है पीड़ित का कहना है कि वह रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाना कादरी गेट के चक्कर लगाने को मजबूर है ।कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी है तमंचा होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है । किसी प्रकार की उन्हें पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है । तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी । सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है वह मामले को दिखवा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जाँच करायी जायेगी | जाँच के बाद कार्यवाही होंगी|| यदि तमंचा लहराया गया तो यह गंभीर कृत्य है

बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री से महंत ईश्वरदास की मुलाकात

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से श्री दुर्वासा आश्रम, पांचाल घाट के महंत ईश्वरदास महाराज ने लखनऊ में मुलाकात की। यह मुलाकात प्रदेश महामंत्री के आवास पर हुई, जिसमें दोनों के बीच लम्बे समय तक संवाद चला। मुलाकात के दौरान धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बताया गया कि मुलाकात का उद्देश्य समाज में धर्म और संस्कृति के संरक्षण तथा जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने पर मंथन करना था। महंत ईश्वरदास महाराज ने प्रदेश में संचालित धार्मिक गतिविधियों एवं विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों पर भी विस्तृत वार्ता की। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत कर राजनीति के शीर्ष स्तर तक पहुंचे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के प्रभावशाली और अनुभवी नेताओं में शामिल माने जाते हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों ही हस्तियों ने समाज को एकजुट रखने और युवाओं को संस्कार तथा राष्ट्र सेवा के पथ पर प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गायों व कुत्तों को पहनायी रेडियम बेल्ट

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में आवारा पशुओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने और रात में उनकी दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से आज एक सराहनीय अभियान चलाया गया। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार व बीजेपी नेता सरदार तोषित प्रीत सिंह द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा गायों और कुत्तों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए। इन रेडियम बेल्ट्स की विशेषता यह है कि रात्रि या कम रोशनी की स्थिति में ये दूर से चमकती हैं, जिससे वाहन चालकों को समय रहते पशुओं की उपस्थिति का आभास हो जाता है। इससे सड़क हादसों की रोकथाम में मदद मिलती है तथा पशुओं की जान की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, विशेष रूप से व्यस्त मार्गों पर जहां दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का जोखिम अधिक रहता है। अभियान को शहर के कई क्षेत्रों में चलाया गया और पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि सड़क सुरक्षा और पशु संरक्षण में सहयोग दें। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और इसे मानवता तथा सुरक्षित यातायात की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया