Home Blog Page 111

इंटरस्टेट मांग से आलू के भाव में तेजी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)आज आलू मंडी में भावों में मजबूती देखने को मिली। मंडी में 351 से 451 रुपये प्रति पैकेट तक बिक्री हुई। व्यापारियों के अनुसार दिवस भर मांग बनी रहने से भाव स्थिरता के साथ ऊपर की ओर रहे। बिहार व स्थानीय बाजारों से मांग में तेजी ने लिवाली को प्रभावित किया। बढ़ी हुई उठान के चलते दोपहर बाद बोली में उछाल देखने को मिला। किसानों व व्यापारियों दोनों के लिए यह स्थिति संतोषजनक रही। आज लगभग 20 हजार पैकेट आलू की आमद रही। अच्छी खपत के कारण अधिकांश व्यापारिक सौदे ऊँचे भावों पर संपन्न हुए। व्यापार मंडल का कहना है कि मांग में निरंतरता रही तो निकट भविष्य में भाव में और सुधार संभव है।




छात्राओं पर फब्तियां कस रहे मनचलों को ठेकेदार ने लगायी लताड़, भीड़ जुटते ही मौके से फरार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानपुर–फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर स्कूली छात्राओं पर फब्तियां कस रहे तीन युवकों पर एक राहगीर ठेकेदार भड़क उठे। शहर के नामी स्कूल की बस आवास विकास की ओर मुड़ रही थी। बस के पीछे एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार तीन युवक चल रहे थे, जो बस में बैठी छात्राओं पर भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट कर रहे थे। उनकी हरकतों को देखकर आसपास चल रहे लोग भी असहज हो रहे थे, लेकिन कोई आगे आने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। इसी दौरान उनके पीछे से एक ठेकेदार अपनी बाइक से आ रहे थे। युवकों की बदसलूकी भरी बातें सुनकर वह खुद को रोक नहीं सके। आवास विकास स्थित लोहिया मूर्ति तिराहे के पास उन्होंने युवकों को रुकवाया और जमकर फटकार लगाई। ठेकेदार ने सख्त लहजे में कहा कि स्कूली बच्चियों पर फब्तियां कसने वालों को समाज में किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन छात्राओं से उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है, लेकिन इस तरह की घटनाओं पर हस्तक्षेप करना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। ठेकेदार की डांट-फटकार के बाद राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। लोगों की बढ़ती संख्या देखकर तीनों युवक घबरा गए और मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका अक्सर भीड़भाड़ वाला रहता है और स्कूली बसें इसी मार्ग से गुजरती हैं, इसलिए सुरक्षा और निगरानी की आवश्यकता और बढ़ जाती है। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए समय रहते हस्तक्षेप करना कई बड़ी घटनाओं को टाल सकता है। लोगों नें मांग कर कहा की स्कूल की छुट्टी के समय पुलिस कों सड़क पर रहना चाहिए जिससे इस तरह की घटनाओ कों बचाया जा सके और सरकार द्वारा चलाया जा रहा मिशन शक्ति सफल हो सके|

दिव्यांग बच्चों को 8.78 लाख के उपकरण वितरित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)ब्लॉक संसाधन केंद्र कायमगंज में आज सम्माननीय विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि की गरिमामयी उपस्थिति तथा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एलिम्को कानपुर के सहयोग से विशिष्ट आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों को उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। जनपद फर्रुखाबाद के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 136 बच्चों को कुल ₹8,78,704 मूल्य के विभिन्न उपकरण जैसे ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, सीपी व्हीलचेयर, टीएलएम किट, रोलैटर, ब्रेल किट इत्यादि वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व नाथ प्रताप सिंह आदि रहे|




बिना जीएसटी प्रपत्र के सुपारी ढोते पकड़ा ट्रक, पाँच ट्रक बकाया कर में सीज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा आज माल वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना राज्य कर (जीएसटी) प्रपत्र के सुपारी ढोते हुए एक ट्रक पकड़ा गया, जिसमें लगभग 55.20 लाख मूल्य की सुपारी लदी हुई थी। चेकिंग के समय एआरटीओ द्वारा दूरभाष पर सहायक आयुक्त (राज्य कर) सचल दल फतेहगढ़ अमित त्यागी से माल की कर स्थिति का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में पाया गया कि वाहन में लदी सुपारी का जीएसटी जमा नहीं है।
बिल के अनुसार यह माल दिल्ली से गुवाहाटी (असम) के लिए दर्ज था, किन्तु ट्रक को फर्रुखाबाद में सेंट्रल जेल से अल्लागंज मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय के पास पकड़ा गया। ट्रक को सहायक आयुक्त (राज्य कर) अमित त्यागी को सुपुर्द किया गया और सातनपुर मंडी में सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग ने ट्रक पर 10,000 का जुर्माना लगाया, जबकि राज्य कर विभाग द्वारा लगभग 5.52 लाख कर/दंड संभावित बताया गया है। इसमें साथ ही कुल 10 वाहनों पर कार्यवाही की गयी |





ओवरटेक में डंपर की टक्कर से तीन वाहन क्षतिग्रस्त, चालक गंभीर घायल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता)मंगलवार सुबह लगभग थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर गढ़िया नासा पुलिया के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डंपर के चालक दिनेश सिंह पुत्र टिजन सिंह निवासी हरपुरा, थाना गोहद, जिला भिंड (म.प्र.)9, द्वारा तेज गति में ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इसी समय स्वराज ट्रैक्टर से आलू लादकर फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर की ओर जा रहे चालक 35 वर्षीय अंकित पुत्र गजेंद्र सिंह, निवासी सेंट्रल जेल टिकूरियन नगला, थाना कादरी गेट भी दुर्घटना में फँस गया, जिससे दोनों ट्रक व डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में डंपर चालक दिनेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे 108 एंबुलेंस की सहायता से लोहिया अस्पताल पहुँचाया गया है। वाहनों को हाइड्रा मशीन से सड़क से हटवाया जा रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। वाहनों को हाइड्रा मशीन से सड़क से हटवाया जा रहा है। थानध्यक्ष सुदेश कुमार मौके पर पंहुचे और सड़क से वाहनों कों हटवाया|




डेढ़ साल में ही नाले में समां गयी सड़क,बाशिंदे परेशान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर पालिका के द्वारा बनायी गयी नाले के किनारे-किनारे सड़क लगभग डेढ़ साल में ही पुराने स्वरूप में आ गयी, सड़क कई जगह से खस्ता-हाल है, जिससे नाले की सफाई भी ना के बराबर हो पाती है नाला भी कूड़े का ढेर बना हुआ है|
शहर के मदारबाड़ी से होकर तलैया फजल इमाम, लालगेट, गंगा नगर, नरकसा, अंगूरी बाग़ से भैरव घाट तक नाला निकला है| यह शहर का प्रमुख नाला भी माना जा है| मोहल्ला लालगेट से लेकर गंगा नगर होकर नरकसा तक नाले के किनारे-किनारे सड़क बनी है| सड़क लगभग डेढ़ साल पूर्व ही बनायी गयी थी, लेकिन सड़क डेढ़ साल में कई जगह टूटकर नाले में समा गयी है| जिससे राहगीरों को निकलने में समस्या होती है| नाला सफाई के लिए आनें वाली जेसीबी भी जगह पर पंहुच नही पाती, जिससे नाले की सफाई नही हो पाती, नाले के किनारे रहने वाले बाशिदों का कहना है कि जल्द से जल्द नाला सफाई और सड़क का निर्माण कराया जाये|
गंगा नगर वार्ड नंबर सभासद नीलम अग्निहोत्री ने बताया कि सड़क लगभग डेढ़ साल पूर्व बनायी गयी थी, लेकिन नाला होनें के चलते टूट गयी, जिसका प्रस्ताव बनाकर पालिकाध्यक्ष को दिया गया है| पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के पति पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल नें बताया जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जायेगा| टेंडर हो हो गया है| जल्द नाले की सफाई करायी जायेगी|

आठ दिन से ढाई लाख कीमत के मांझे से पेंच लड़ा रही पुलिस! ना कार्यवाही ना रिहाई!

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रामनगरिया मेला क्षेत्र में 30 नवंबर को अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान दूरदराज से पतंगबाजी करने आई टीमों का लगभग ढाई लाख रुपये कीमत का मांझा व अन्य सामान जब्त किया गया था। इस कार्रवाई के बाद पतंगबाजों में हड़कंप मच गया था। हालांकि चौकी से जब्त सामान की जांच के बाद थाना कादरीगेट पुलिस को उसमें किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित चाइनीज मांझा नहीं मिला है। शहर कोतवाली क्षेत्र के नाला मछरटटा निवासी शिवेंद्र वाजपेयी ने बताया कि 30 नवंबर को रामनगरिया मेला क्षेत्र के पांचाल घाट पर बड़े स्तर पर पतंगबाजी हो रही थी। उसी दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के साथ कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पतंगबाजी में प्रयुक्त मांझा समेत अन्य सामान जब्त कर लिया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये आंकी गई थी। पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने बताया कि जब्त किया गया मांझा चाइनीज नहीं था। उसकी विधिवत जांच की गई, लेकिन उसमें किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित पदार्थ नहीं पाया गया। वहीं कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा की दृष्टि से पतंगबाजी से संबंधित मांझा व अन्य सामग्री कब्जे में ली गई थी। फिलहाल सारा सामान थाने की अभिरक्षा में रखा गया है और उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पांचाल घाट से पतंगबाजी कर रहे लोगों का मांझा व अन्य सामान एहतियात के तौर पर कब्जे में लिया गया था। यदि जांच में मांझा प्रतिबंधित नहीं है तो संबंधित लोगों को उनका सामान वापस करा दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।

मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें: अनूप गुप्ता

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता ने सोमवार को एकदिवसीय प्रवास के दौरान जनपद में संघात्मक प्रवास एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अमृतपुर विधानसभा के नीम करोली मंडल की बैठक संकिसा स्थित पंचायत भवन में एवं सदर विधानसभा की समीक्षा बैठक आवास विकास स्थित भाजपा कार्यालय में संपन्न की। बैठक में मंडलवार अभियान की प्रगति पर गहन चर्चा हुई।महामंत्री अनूप गुप्ता ने कहा कि पूरे जनपद में मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अमृतपुर विधानसभा के नीम करोली मंडल में कई बूथों पर अभियान का कार्य 50 प्रतिशत से कम पाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल बैठक में भी इस मंडल की कम प्रगति का उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर अभियान की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर युद्धस्तर पर जुटकर शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें। सिरौली गांव में 50% से कम कार्य होने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा तीन दिन में सभी कमजोर बूथों पर पूरी गंभीरता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता अनुसूचित बहुल क्षेत्रों में जाकर लोगों को अभियान से जोड़ें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 6 दिसंबर की घोषणा के अनुसार अंबेडकर प्रतिमाओं को संरक्षित करने की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। जिन प्रतिमाओं पर छत या बाउंड्री नहीं है, भाजपा सरकार उन्हें पूरा करवाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के विचारों का सम्मान करती है और संवैधानिक ढांचा मजबूत करने का कार्य कर रही है। कांग्रेस और सपा मिलकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करती हैं, लेकिन योगी सरकार ने विकास और सुशासन प्रदान किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि जिन बूथों पर अभियान शिथिल है, वहां टोली बनाकर तुरंत काम शुरू किया जाए। किसी भी अन्य पार्टी के लोग फर्जी वोट न बनवा सकें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, अभियान संयोजक जय गंगवार, जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, रश्मि दुबे, जिला मंत्री गोपाल राठौर, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रिशिपाल सिसोदिया, अनुराग सिंह, डॉ. अभिषेक ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


मेडिकल वेस्ट निस्तारण पर होगा सख्त नियंत्रण: डीएम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार द्वारा बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी. माथुर ने वर्तमान व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में सरकारी अस्पतालों के जैव चिकित्सा अपशिष्ट संग्रहण का कार्य मैनपुरी की ग्रीन हाउस मैनेजमेंट कंपनी द्वारा तथा निजी अस्पतालों के अपशिष्ट संग्रहण का कार्य कानपुर की विलवर्ल्ड कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्रीन हाउस मैनेजमेंट प्रतिदिन लगभग 110 किलो जैव-अपशिष्ट तथा विलवर्ल्ड कंपनी प्रतिदिन लगभग 364 किलो जैव-अपशिष्ट एकत्रित करती है। जनपद में 46 सरकारी एवं 191 प्राइवेट अस्पताल संचालित हैं। जिलाधिकारी द्विवेदी ने निर्देश दिए कि अपशिष्ट संग्रहण व निस्तारण की दैनिक रिपोर्ट स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए और संबंधित अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करें आईबीएम अध्यक्ष विपुल अग्रवाल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक सहायक एस.डी. सिंह, जे.ई. दीपक कुमार, जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल, पंचायती राज विभाग के सत्यनारायण, गुंजा जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे।





हर्ष फायरिंग में अंशु की मौत का आरोपी गोलू गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) हर्ष फायरिंग के दौरान हुई युवक अंशु यादव की मौत के मामले में आरोपी प्रधान का पौत्र पुलिस नें गिरफ्तार कर लिया| जबकि आरोपी गोलू का दोस्त विकास अभी फरार है|
थाना कमालगंज के ग्राम पंचायत नथुआपुर के मजरा उमराव नगला नामकरण संस्कार के दौरान हर्ष फायरिंग में गांव के ही 20 वर्षीय अंशू यादव की गोली लगने से मौत हो गई थी। गोली जिस दोनालू बंदूक से चलायी गयी, वह ग्राम नथुआपुर के प्रधान कश्मीर सिंह यादव के नाम लाइसेन्स है, आरोपी गोलू यादव व उसके दोस्त विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था| पुलिस नें मामले में आरोपी गोलू के बाबा कश्मीर सिंह सहित चार को उठाया था, वहीं बंदूक भी कब्जे में ले ली थी, लेकिन गोलू पुलिस के हाथ नही लगा था, पुलिस की कई टीमें आरोपी गोलू व विकास की तलाश कर रही थी, सोमवार को पुलिस नें गोलू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयोग हुई प्रधान की लाइसेंसी बंदूक को भी बरामद कर ली है, लेकिनअभी तक आरोपी विकास का पता नही चला है| प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार नें बताया की आरोपी गोलू को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया है|