Home Blog Page 110

तीन ओवरलोड व 5 ओवर हाइट ट्रक सीज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने आज व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा की गई इस सघन चेकिंग में 5 ओवरहाइट ट्रक सीज किए गए, जबकि 3 ओवरलोड ट्रकों को सीज करते हुए उन पर 97 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना रिफ्लेक्टिव टेप लगे 4 वाहनों को सीज करते हुए 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं कर बकाया होने पर 4 वाहनों को सीज कर 1.80 लाख रुपये का कर आरोपित किया गया। आज की कुल कार्रवाई में परिवहन विभाग ने 2.50 लाख रुपये का जुर्माना तथा 1.80 लाख रुपये कर मिलाकर कुल 4.30 लाख रुपये की राजस्व वसूली की। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियम विरुद्ध परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

माघ मेला नगरिया में कल्पवासियों का आगमन शुरू, गंगा तट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) माघ मेला नगरिया की पवित्र नगरी एक बार फिर श्रद्धा और आस्था से सराबोर होने लगी है। पांचाल घाट गंगा तट पर कल्पवासियों का पहुँचना शुरू हो गया है। कल्पवासी अपनी झोपड़ी बनाते नजर आ रहे है, गंगा घाट पर कुछ दिनों में ही गंगा स्नान, पूजा-अर्चना व साधना में जुटे श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिलेगी। हर साल की तरह इस बार भी माघ मास के स्नान पर्व और कल्पवास के लिए देश-प्रदेश से श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किये जाने की तैयारी हैं। कल्पवासियों का कहना है कि गंगा तट पर साधना और तप का माह वातावरण जीवन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन से क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार

0

शाहजहांपुर:शाहजहांपुर जंक्शन पर मंगलवार देर रात पूर्व आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को लखनऊ क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया प्राप्त जानकारी के अनुसार अमिताभ ठाकुर लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे।रात करीब दो बजे जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी,पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें एसी कोच से नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद टीम उन्हें पूछताछ के लिए देवरिया लेकर रवाना हो गई।
अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर ने बताया कि लगभग तीन माह पहले लखनऊ पुलिस ने दोनों के खिलाफ देवरिया में भूमि आवंटन से जुड़े एक मामले में एफआइआर दर्ज की थी। उनका कहना है कि संबंधित भूमि का कब्जा वे 25 वर्ष पहले ही छोड़ चुके थे।

सातनपुर मंडी में आलू के भाव में हल्का उछाल, पर मूलभूत सुविधाओं की भारी किल्लत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई व्यूरो) सातनपुर मंडी में 10 दिसंबर को आलू की आमदनी लगभग 20 हजार पैकेट रही। मंडी में आलू के भाव में मामूली बढ़त देखने को मिली। आज आलू 381 से 461 रुपए प्रति पैकेट बिका, जबकि लाल हालैंड आलू 531 रुपए प्रति पैकेट में बिक्री हुआ। कारोबारियों के अनुसार आज बिकवाली संतोषजनक रही। वहीं दूसरी ओर मंडी प्रशासन की उदासीनता से आढ़तियों और किसानों में रोष व्याप्त है। नवीन मंडी स्थल सातनपुर में वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। मंडी में जलापूर्ति की उचित व्यवस्था नहीं है, कई स्थानों पर गंदगी का ढेर लगा हुआ है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई है। किसानों का कहना है कि खराब लाइटों के कारण रात में कामकाज में दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसके अलावा छुट्टा और आवारा पशुओं की समस्या भी विकराल बनी हुई है, जो आलू, अनाज और सब्जियों को खाकर किसानों को भारी नुकसान पहुँचाते हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद आवारा पशुओं की रोकथाम में ढिलाई बरती जा रही है। आढ़तियों और किसानों ने एक बार फिर मंडी प्रशासन से मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है।

मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर तेल चोरी गिरोह का सदस्य गोली लगने से घायल, तीन फरार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की बीती रात नहरिया के पास ट्रांसफार्मर तेल चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ हो गई। वाहन सवार संदिग्धों को रोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बांसमई निवासी सनी सिंह पुत्र सुख निदान सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल को मोहम्मदाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि मोहम्मदाबाद और नवाबगंज क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से तेल और उपकरण चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। इसी गिरोह की तलाश में सक्रिय पुलिस और एसओजी टीम का सामना बदमाशों से हो गया। मुठभेड़ में घायल सनी सिंह के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, एक ईको गाड़ी, ट्रांसफार्मर तेल से भरे कई पीपे और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सनी सिंह पर गैंगस्टर सहित करीब एक दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं।

प्रधान और उनके पति पर हमला,जान से मारने की धमकी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम टटिया नीवलपुर में ग्राम पंचायत की प्रधान पूजा जाटव और उनके पति पर जानलेवा हमला कर दिया।
प्रधान पूजा जाटव ने थाना पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उन्होंने पूर्व में माधौवपुर निवासी दबंग ब्रजेश यादव और मुकेश यादव पुत्रगण जवरसिंह यादव के खिलाफ पट्टेदारों की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास संबंधी शिकायत की थी। शिकायत की जांच करने जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो आरोपी भाग खड़े हुए थे। आरोप है कि इसी रंजिश में सोमवार को दोपहर जब वह अपने पति के साथ गांव के पास स्थित अपने खेत पर पहुंची, तभी ब्रजेश, मुकेश और उनके साथी मौके पर आ धमके। ब्रजेश यादव के हाथ में अवैध तमंचा था। इसके बाद सभी ने मिलकर जातिसूचक अपमानजनक गालियां दीं और शिकायत करने पर नाराज़गी जताते हुए धमकी दी।विरोध करने पर आरोपियों ने पूजा जाटव और उनके पति पर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा रिपोर्ट लिखाने गए तो जान से मार देंगे।पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

विवाद के दौरान भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला, दोनों हाथ टूटे

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में सड़क पर हुए विवाद के दौरान दो भाइयों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला खड़ियाई निवासी सत्यम अवस्थी पुत्र अशोक कुमार अवस्थी ने पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि 15 नवंबर को वह अपने भाई मोहित अवस्थी के साथ मोटरसाइकिल से माधौवपुर से कुबेरपुर घाट जा रहा था।
दोपहर लगभग 12:30 बजे जब वह नरैय्या पुलिया, हैवतपुर गढ़िया के पास पहुँचे, तो कुछ लोग आपस में झगड़ा करते दिखे। भीड़ देखकर सत्यम ने अपनी मोटरसाइकिल धीमी कर ली। इसी दौरान वहां मौजूद आकाश राजपूत पुत्र रामविशुन राजपूत, अश्वनी राजपूत पुत्र रामबक्स निवासी धारा नगरी थाना मऊदरवाजा तथा उनके दो अज्ञात साथियों ने सत्यम और उसके भाई को गाली-गलौज करनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों व लोहे की रॉड से उन्हें बेरहमी से पीटा और उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी। मारपीट में सत्यम के दोनों हाथों सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल व एक्सरे परीक्षण में दोनों हाथों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने रिपोर्ट लिखाई तो जान से मार देंगे। थाना पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

नशे में युवक का हंगामा, बैंक कर्मचारी और सभासद पति को दी धमकी

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला रकाबगंज खुर्द बौद्ध नगर में एक युवक द्वारा नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है। आलोक कुमार पुत्र पातीराम ने दर्ज कराई एनसीआर में आरोप लगाया है कि वह 30 नवंबर 2025 को लगभग शाम 4 बजे एक बैंक कर्मचारी के घर पानी फिटिंग की समस्या को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के चीकू ठाकुर नशे की हालत में वहां पहुंच गया और बिना वजह गाली-गलौज करने लगा।
आलोक कुमार के विरोध करने पर चीकू ठाकुर का व्यवहार और आक्रामक हो गया।मौके पर मौजूद सभासद पति के प्रति भी अत्यंत अभद्र टिप्पणी की और धमकी दी। थाना पुलिस ने मामले की एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश, निर्वाचक सूची में छूटे नामों पर विशेष ध्यान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के संबंध में मंगलवार को शाम 5 बजे एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ-बीएलए की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने बीएलए को बैठक में उपस्थित होने हेतु निर्देशित करें तथा अनट्रेसेबल मतदाताओं की सूची बीएलओ से प्राप्त कर सत्यापन कराएं। यदि किसी सही मतदाता का नाम अनट्रेसेबल सूची में दर्ज है तो उसे बीएलओ के माध्यम से तत्काल ठीक कराकर उपलब्ध कराया जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ-बीएलए की बैठक में ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सचिव, सुपरवाइजर तथा नगरीय क्षेत्र के सभासद भी उपस्थित रहेंगे। बैठक की उपस्थिति एवं मिनट्स सहित फोटोग्राफ संकलित कर ईआरओ के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बैठक में यदि कोई योग्य व्यक्ति वर्तमान निर्वाचक सूची में न पाया जाए तो फॉर्म-6 भरवाया जाए। एसपी आरती सिंह, एडीएम व एसडीएम सदर रजनी कांत रहे|



रामगंगा पुल की मरम्मत शुरू, वन-वे यातायात व्यवस्था लागू

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता)थाना क्षेत्र के डबरी स्थित रामगंगा पुल पर मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कार्य कराए जाने के दौरान पुल पर यातायात को वन-वे कर दिया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही जारी रह सके। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस पुल के सुधार कार्य को लेकर लोगों ने राहत की सांस ली है। करीब 15 दिन पहले मक्का से भरे एक ट्रक के रेलिंग तोड़कर पुल से लटक जाने की घटना के बाद पुल की स्थिति और अधिक खराब हो गई थी। पुल पर एक दर्जन से अधिक गड्ढे बन जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय लोगों ने मरम्मत की मांग तेज की थी, जिसके बाद विभाग ने कार्य आरंभ करवाया। मरम्मत कार्य के दौरान पुल के बीच में पत्थर रखकर वाहनों को एक तरफ से निकाला जा रहा है। जाम से बचने के लिए पुलिस लाइन से आठ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। ये पुलिसकर्मी बड़े और छोटे वाहनों को बारी-बारी से निकालकर सुचारु यातायात सुनिश्चित कर रहे हैं। राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि रामगंगा पुल पर मरम्मत कार्य जारी है। यातायात को सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचाव के लिए पुलिसबल की तैनाती की गई है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।