Home Blog Page 101

भीषण ठंड व शीतलहर के चलते 22 व 23 दिसंबर को सभी स्कूलों में अवकाश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मौसम विभाग द्वारा जारी अत्यधिक ठंड, शीतलहर एवं घने कोहरे की चेतावनी के मद्देनज़र तथा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद फर्रुखाबाद के समस्त विद्यालयों में दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय (आईसीएसई व सीबीएसई बोर्ड) जो नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित हैं, 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को बंद रहेंगे।
जारी आदेश में बताया गया है कि अत्यधिक ठंड एवं घने कोहरे के कारण छात्र-छात्राओं के आवागमन में होने वाली परेशानियों और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और निर्वाचन कार्य (एसआईआर), विभागीय कार्यों तथा उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेशों का अनुपालन करेंगे।
प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सदर विधायक ने किया अंगदान का संकल्प, देश में संभवतः पहले एमएलए

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)अपनी माता स्वर्गीय प्रभा द्विवेदी जी (पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) की 21वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर उनके सुपुत्र, सदर विधायक फर्रुखाबाद एवं सभापति सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने निर्णय लेते हुए अपने देहांत के उपरांत अपने शरीर के प्रमुख अंगों एवं ऊतकों (टिश्यू) को दान करने का संकल्प लिया है।
मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने मृत्यु उपरांत जिन अंगों के दान की घोषणा की है, उनमें किडनी, पैंक्रियाज, लिवर, आँतें, हृदय, फेफड़े, अस्थियाँ, हृदय के वाल्व, त्वचा, आँखों की कोर्निया, अस्थि मज्जा तथा रक्त धमनियाँ शामिल हैं। भारत सरकार द्वारा उन्हें आज के ही दिन अंगदान की स्वीकृति एवं पंजीकरण प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया गया है। आपातकालीन स्थिति में संपर्क हेतु प्रमाण पत्र पर उनकी पत्नी अनीता द्विवेदी का मोबाइल नंबर अंकित है। राजनीतिक व्यस्तताओं एवं 21 तारीख को मुख्यमंत्री के साथ लखनऊ में बैठकों में व्यस्त रहने के कारण इस वर्ष प्रभा जी की स्मृति में फर्रुखाबाद में हवन संपन्न नहीं हो सका। इसके स्थान पर आर्य समाज मंदिर, लखनऊ में हवन कराया गया, जिसमें परिवारजन एवं शुभचिंतकों ने भाग लिया। साथ ही पूर्व मंत्री प्रभा द्विवेदी की स्मृति में डॉ. शिव ओम अम्बर के आवास पर एक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मेजर साहब की पत्नी अनीता द्विवेदी सम्मिलित हुईं। निधन के उपरांत अंगदान का संकल्प लेने वाले मेजर सुनील दत्त द्विवेदी देश के संभवतः पहले विधायक हैं।

कैश कलेक्शन कर्मी से लूट में मास्टरमाइंड गिरफ्तार, आरोपी दो भाई फरार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कैश कलेक्शन कर्मचारियों के गोली मारकर लाखों की नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने गिरफ्तार किये गये आरोपी से लूट की कुछ नकदी भीं बरामद की है| जबकि गिरफ्तार आरोपी का छोटा भाई व चचेरा भाई अभी पुलिस की पकड़ से दूर है| कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम सकवाई निवासी राजेश पुत्र कप्तान लाल के साथ विगत 15 दिसंबर को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर लगभग 7 लाख की नगदी लूट ली गई थी | हालांकि दी गई तहरीर में रुपयों की मात्रा नहीं खोली गई थी, पुलिस सीसीटीवी कैमरो व मोबाइल जो की घटना स्थल पर आरोपियों का छूट गया था उसके सहारे तलाश में जुटी थी| घटना के लगभग 6 दिन गुजर जाने के बाद रविवार को शाम 4 बजे पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने घटना का अनावरण किया, अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल कपिल कुमार पुत्र कर्मवीर सिंह निवासी जरौठा बलदेव मथुरा ही मास्टरमाइंड था, जिसे गिरफ्तार किया गया है | पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास 1,84,500, एक मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस व एक पर्स बरामद की है | पकड़ा गया आरोपी कपिल कुमार पूर्व में मंडी रोड़ स्थित एफ्को में साल 2024 में कार्य करता था, उसी दौरान राकेश कुमार कैश लेंनें एफ्को में आता था | पुलिस के अनुसार मास्टरमाइंड कपिल नें अपने छोटे भाई निखिल व चचेरे भाई मनीश सिकरवार पुत्र सोबरन सिंह के साथ लूट की योजना बनायीं| मास्टरमाइंड कपिल की योजना अनुसार उसके छोटे भाई छोटे भाई निखिल चेहरे भाई मनीष ने लूट की घटना को अनजान दिया, पुलिस के अनुसार गोली मनीष सिकरवार नें चलायी थी| फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम फरार आरोपी निखिल वा मनीष सिकरवार को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है फिलहाल पुलिस अधीक्षक आरती सिंह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त हैं, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25000 का इनाम घोषित किया है| अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की घटना के मास्टरमाइंड कपिल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है, मास्टरमाइंडों पर इनाम घोषित है जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा

बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, नई कार्यकारिणी गठित, हरदेव अध्यक्ष

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रविवार को बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल के सभागार में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों का निर्वाचन शांतिपूर्ण ढंग से कराया गया।
चुनाव प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित चुनाव अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव के निर्देशन में सम्पन्न हुई। सह-चुनाव अधिकारी सचिन प्रजापति (प्रांतीय संगठन मंत्री) एवं राकेश सिंह गौड़ (वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष) पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
चुनाव के बाद घोषित नई कार्यकारिणी में हरदेव सिंह को अध्यक्ष, मनोज कुमार दुबे को मंत्री, प्रशांत करियार को कोषाध्यक्ष, सुखवीर सिंह को उपाध्यक्ष, प्रभाकर कटियार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अक्षय सेंगर को संगठन मंत्री तथा श्यामनाथ मिश्रा को सम्प्रेक्षक चुना गया। वहीं मनोज कटियार एवं दाताराम यादव को संगठन का संरक्षक बनाया गया। अधिवेशन में कर्मचारियों की समस्याओं, संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हित में मजबूती से कार्य करने का संकल्प लिया।

ग्राम समाज की भूमि कब्जे से आहत साधु ने किया अनशन

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर गहलवार स्थित मंदिर प्रांगण में शनिवार देर शाम को एक साधु द्वारा अनशन शुरू किए जाने से क्षेत्र में हलचल मच गई। अनशन पर बैठे साधु चैतन्य दास
चैतन्य दास दिव्यांग आवास की मांग के साथ की ग्राम सभा की भूमि को कब्जा मुक्त करानें की मांग कर रहे हैं | अनशन कर रहे चैतन्य दास का आरोप है की उनके गांव असमपुर तीतरफा में कुछ दबंगों द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में उन्होंने लिखित शिकायत मुख्यमंत्री तक को भेजी, लेकिन अब तक भूमि कब्जामुक्त नहीं हो सकी है। प्रशासन की उदासीनता से क्षुब्ध होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। चैतन्य दास नें आवास दिलाये जाने की मांग की है | आरोप लगाया की जिलाधिकारी नें उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया| जिससे वह आहत है | परियोजना अधिकारी कपिल कुमार, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह यादव, तहसीलदार शशांक सिंह, सचिव राजीव सुमन, सचिव मानवेंद्र, सचिव शिव सिंह, प्रधान सचिन देव तिवारी, प्रधान संतोष सिंह आदि पंहुचे |

शहर में निकली सनातनी हिन्दू राष्ट्र पदयात्रा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सनातनी हिंदू राष्ट्र पदयात्रा यात्रा शहर में निकाली गयी, जिसमे जगह जगह स्वागत किया गया| पुलिस नें यात्रा को निर्धारित आदेश से जाने की अनुमति नही दी गयी| बिना अनुमति बज रहा डीजे भीं पुलिस नें जाने नही दिया|
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित सनातनी हिंदू राष्ट्र पदयात्रा रविवार को शहर के घुमना से लाल दरवाजे तक निकाली गयी| जिसके बाद यात्रा लाल गेट पर पंहुच कर समाप्त हुई| यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर नारेबाजी की, हालांकि डीजे बजाने की अनुमति न मिलने के कारण कार्यकर्ताओं में मायूसी भी नजर आयी | कुछ पदाधिकारियों द्वारा यात्रा को लाल गेट से आगे रोडवेज बस स्टॉप तक ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर यात्रा को वहीं रोक दिया गया।
यात्रा में महंत सत्य गिरी महाराज, फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भइयन मिश्रा, हिन्दू महा सभा युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडेय, व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, बबीता पाठक, कोमल पाण्डेय, सनी गुप्ता, लल्ला वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रीति तिवारी,नारायण दत्त द्विवेदी, सोनी शुक्ला, ठाकुर जितेंद्र सिंह राठौर, अंकुर श्रीवास्तव, सौरभ मिश्रा, सौरभ शुक्ला रहे। यात्रा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, फर्रुखाबाद कोतवाल दर्शन सिंह आदि सुरक्षा में रहे |

ओवररेटिंग व जबरन टैगिंग पर सख्त चेतावनी, दोषी विक्रेता जाएंगे जेल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में उर्वरकों की आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी रोजाना सुबह जिला कृषि अधिकारी एवं उर्वरक से जुड़े सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा उर्वरक वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने बताया कि माह दिसम्बर 2025 के लिए जनपद को निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। यूरिया का लक्ष्य 41,651 मीट्रिक टन के सापेक्ष 47,946 मीट्रिक टन (115 प्रतिशत), डीएपी 13,927 मीट्रिक टन के सापेक्ष 25,666 मीट्रिक टन (184 प्रतिशत), पोटास 3,710 मीट्रिक टन के सापेक्ष 11,217 मीट्रिक टन (302 प्रतिशत), एनपीके 16,987 मीट्रिक टन के सापेक्ष 30,999 मीट्रिक टन (182 प्रतिशत) तथा सिंगल सुपर फास्फेट 11,196 मीट्रिक टन के सापेक्ष 18,801 मीट्रिक टन (168 प्रतिशत) उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि इफको यूरिया की एक रैक जनपद को प्राप्त हो चुकी है, जिससे 29,720 बोरी यूरिया सीधे सहकारी बिक्री केन्द्रों को भेजी जा रही है। आगामी तीन दिनों में गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर कम्पनी की डीएपी 4,200 बोरी, एनपीके 19,140 बोरी, कृमको कम्पनी की 29,400 बोरी यूरिया तथा मैट्रिक्स फर्टिलाइजर कम्पनी की 51,445 बोरी यूरिया की रैकें प्राप्त होंगी। इसके अतिरिक्त सड़क मार्ग से भी इण्डोरामा कम्पनी की यूरिया आपूर्ति लगातार की जा रही है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी विक्रेता द्वारा उर्वरक की ओवररेटिंग की गई या मुख्य उर्वरक के साथ अनावश्यक टैगिंग की गई, तो उसे सीधे जेल भेजा जाएगा। अब तक अधिक मात्रा में उर्वरक विक्रय करने पर 7 लाइसेंस निरस्त, 22 लाइसेंस निलंबित और एक दुकान सील की जा चुकी है। आगे भी नियमित जांच जारी रहेगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय खतौनी और आधार कार्ड अवश्य साथ लेकर जाएं, ताकि भूमि के अनुपात में उर्वरक मिल सके। जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और किसानों की मांग से अधिक स्टॉक उपलब्ध है। किसान भाई अनावश्यक भंडारण न करें, आवश्यकतानुसार उर्वरक लगातार उपलब्ध कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह नें बताया की यदि ओवररेटिंग करने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही होंगी| जिलाधिकारी इस मामले कों लेकर सख्त है|

जिलाधिकारी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगला हुषा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
चौपाल में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने साइबर अपराधों को लेकर ग्रामीणों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि साइबर ठग फर्जी कॉल कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, ऐसे में किसी को भी ओटीपी न दें। यदि किसी की पेंशन कट जाती है तो सीधे संबंधित कार्यालय जाकर जानकारी लें और किसी के बहकावे में न आएं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाई जा सके। कोहरे के मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है या जिनकी शादियां हो गई हैं, उनके नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटवाए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को मतदाता सूची पढ़कर सुनाने के भी निर्देश दिए। तहसीलदार शशांक सिंह ने कहा कि जो लोग सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया गया और बताया गया कि भविष्य में लाभ पाने के लिए यह अनिवार्य है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो किसान रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, उन्हें किसान के रूप में मान्यता नहीं मिलेगी। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं से होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। सीडीओ विनोद कुमार गौड़, तहसीलदार शशांक सिंह आदि रहे |

इस बार 300 फिट कम रहेगा मेला रामनगरिया का क्षेत्रफल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचालघाट पर हर साल माघ माह में तंबुओं की नगरी बसती है, जिसमें साधु-संतों के अलावा बड़ी तादाद में कल्पवासी एक माह गंगा किनारे रहकर ध्यान, पूजन, भंडारे का आयोजन आदि करते हैं। इस बार मेले का उद्घाटन 3 जनवरी को होगा। मेला 3 फरवरी तक चलेगा| इस बार गंगा के कारण मेला रामनगरिया का क्षेत्रफल लगभग 300 फिट कम हो गया है|
मेला रामनगरिया में कल्पवासियों का आना शुरू हो गया है| बड़ी संख्या में कल्पवासी अभी लगातार आ रहे है| सरकारी पांडाल का निर्माण कार्य तेजी पर है| लगभग 340 दुकानों का आवंटन अभी तक हो चुका है| लगभग 50 प्रतिशत कल्पवासी आ भी चुके हैं| उधर मनोरंजन क्षेत्र में भी कार्य प्रगति पर है| इसके साथ ही पुल से मेला परिसर पर आनें वाली सड़क का चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है|
भोलेंद्र चतुर्वेदी को मेला थानाध्य्क्ष का चार्ज
निरीक्षक भोलेंद्र चतुर्वेदी को एसपी आरती सिंह नें मेला थानाध्यक्ष का चार्ज दिया है|आधा थाना बन गया| जल्द ही मेला थाना की स्थापना पूर्ण होगी| मेला में अभी पुलिस बल की तैंनाती भी होनी है| मेला सचिव संजय मिश्रा नें बताया की अभी आगामी कार्यक्रमों का खाका तैयार हो रहा है| दुकानों का आवंटन किया जा रहा है| अभी तक कुल 340 दुकानों का आवंटन हुआ है|

नवांकुर संगीत समारोह में बिखरी सुर-ताल की मधुर छटा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (संस्कृति विभाग) लखनऊ एवं कृष्णा देवी बालिका डिग्री कॉलेज, फर्रुखाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आवास विकास स्थित कॉलेज सभागार में आयोजित नवांकुर संगीत समारोह श्रोताओं के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत नाटक अकादमी की प्रतिनिधि रेनू श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र पाण्डेय, कॉलेज प्राचार्य अनुराग यादव व रंजना श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।
संगीत समारोह की शुरुआत वाराणसी से आए कलाकार हेमंत कुमार के वायलिन वादन से हुई। उन्होंने राग भीमपलासी की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभागार को तालियों से गूंजा दिया। तबले पर पंडित अनुराग मिश्रा की संगत ने प्रस्तुति को और प्रभावी बनाया। इसके बाद कानपुर से पधारीं पंडित विनोद द्विवेदी की शिष्या दिव्या गुप्ता ने ध्रुपद-धमार गायन कर श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की गंभीरता से परिचित कराया। पखावज पर अनुभव रामदास ने संगत दी।
लखनऊ से आए भजन गायक अथर्व मिश्रा ने राम भक्ति से ओतप्रोत भजनों का आलाप सहित गायन किया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। आगरा के नक्श वरुण ने तीन ताल में तबला वादन कर दुगुन-चौगुन व कायदे-पलटों के माध्यम से अपनी दक्षता का परिचय दिया। हारमोनियम पर वंदना वर्मा ने संगत की। समारोह की अंतिम प्रस्तुति अयोध्या से आए कलाकार अनुभव रामदास की रही, जिन्होंने पखावज वादन से प्रभु श्रीराम की दिव्य अनुभूति कराई। कार्यक्रम के समापन पर रेनू श्रीवास्तव ने कहा कि नवांकुर जैसे आयोजन नवोदित कलाकारों को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द दीक्षित ने किया। डॉ. अंजू पाण्डेय, संस्कार भारती सचिव गौरव मिश्रा, धीरेन्द्र वर्मा, वैभव सोमवंशी, श्रद्धा दुबे आदि रहे|