फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष की नृशंस हत्या का मामला एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के लिए अब तक एक पहेली बना हुआ है। 14 दिसंबर को मासूम का शव गांव के बाहर स्थित आलू के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी हरिश्चंद्र ने थाना पुलिस को तीन दिन के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
बताया गया कि आशुतोष खेत से घर लौटते समय अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिनों बाद गांव के बाहर आलू के खेत में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा गांव और आसपास के इलाकों में पूछताछ की गई तथा कई संदिग्धों से भी जानकारी जुटाई गई। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। जांच की गति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर, हत्याकांड का खुलासा न होने से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इतने दिनों बाद भी पुलिस का खाली हाथ रहना बेहद चिंताजनक है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन जांच विभिन्न बिंदुओं पर जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
एक सप्ताह बाद भी आशुतोष हत्याकांड अनसुलझा, पुलिस के हाथ खाली
कन्हैया मित्तल के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, भीड़ से बिगड़ी व्यवस्था
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री श्याम कृपा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित बाबा खाटू श्याम के भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों को सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा के दर्शन व भजनों में शामिल होने के लिए भक्तों को लंबी लाइनों में लगकर प्रवेश करना पड़ा, वहीं भजनों पर श्रद्धालु जमकर थिरकते नजर आए।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। समिति द्वारा लगभग 30 बाउंसर, करीब एक सैकड़ा वालंटियर, साथ ही कादरी गेट पुलिस व यातायात पुलिस को तैनात किया गया था। इसके बावजूद भीड़ अत्यधिक बढ़ जाने से व्यवस्था चरमरा गई। कार्यक्रम स्थल के बाहर मुख्य सड़क पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्यक्रम के दौरान अंदर भजनों को सुनने के लिए भीड़ बढ़ने से कई बार धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। अव्यवस्था को देखते हुए भजन गायक कन्हैया मित्तल ने मंच से कई बार श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो वह कार्यक्रम छोड़कर चले जाएंगे।
इस दौरान विधायक की पत्नी अनीता द्विवेदी भी मंच पर पहुंचीं और श्रद्धालुओं से संयम व शांति बनाए रखने का अनुरोध किया। भजन कार्यक्रम रात्रि 10:30 बजे से 1:00 बजे तक चलता रहा। भजनों के दौरान समिति के सदस्यों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे, जिस पर कन्हैया मित्तल ने मंच से आयोजन समिति के प्रति नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाहर निकलने लगे, जिससे गेस्ट हाउस के बाहर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था देर तक बाधित रही।
मेला श्रीरामनगरिया समिति की बैठक: सदस्यता शुल्क बढ़ाने, वेबसाइट बनाने पर सहमति
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में मेला श्रीरामनगरिया समिति की कार्यकारिणी बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में सम्पन्न हुई।
बैठक में मेला श्रीरामनगरिया के संचालन एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसमें साधारण एवं आजीवन सदस्य बनाए जाने, मेला श्रीरामनगरिया की वेबसाइट तैयार करने, कॉफी टेबल बुक तथा मेला का आधिकारिक लोगो तैयार करने संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कार्यकारिणी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह मत व्यक्त किया कि वर्तमान में निर्धारित सदस्यता शुल्क अपर्याप्त है, जिसे बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इसके अंतर्गत साधारण सदस्यता शुल्क 100 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रतिवर्ष तथा आजीवन सदस्यता शुल्क 11,000 रुपये से बढ़ाकर 51,000 रुपये किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेला श्रीरामनगरिया की पहचान को सुदृढ़ करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट, कॉफी टेबल बुक तथा लोगो का निर्माण कराया जाएगा। कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा यह भी सहमति व्यक्त की गई कि यदि कोई साधारण अथवा आजीवन सदस्य मेला श्रीरामनगरिया के अंतर्गत सांस्कृतिक या अन्य कार्यक्रमों में संयोजक बनना चाहता है, तो वह मेला समिति की अनुमति से अपने कार्यक्रम का आयोजन कर सकता है, जिसमें कार्यक्रम का संपूर्ण व्यय भार संबंधित संयोजक द्वारा वहन किया जाएगा। इस संबंध में बायलॉज में आवश्यक संशोधन कराने का भी निर्णय लिया गया।
प्रस्तावों पर कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि रहे|
दारोगा पर भाकियू नेता से मारपीट का आरोप, कड़ाके की ठंड में किसानों ने दिया थाना शमसाबाद में धरना
फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) भाकियू के ग्राम अध्यक्ष से मारपीट और सुविधा शुल्क मांगने के आरोप में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों व किसानों ने कड़ाके की ठंड में थाना शमसाबाद का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। मामला 21 दिसंबर का है, जब ग्राम अध्यक्ष रफी निवासी पापड़ी खुर्द को समझौते के नाम पर थाने बुलाकर रोक लिया गया। आरोप है कि सुविधा शुल्क न देने पर दरोगा मिथिलेश
कुमार ने उनके साथ मारपीट की। जिला मंत्री राजेश गंगवार नें नाराजगी व्यक्त की तो आरोप है की दारोगा मिथिलेश कुमार व दारोगा रामवीर नें अन्य पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की| मामले की सूचना पर जिलाध्यक्ष अजय कटियार के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान रजाई-गद्दा व लकड़ी लेकर थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने 24 घंटे में दोषी पुलिसकर्मियों
पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना स्थगित किया गया।
अवसर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य,जिला महासचिव अभय यादव, जिला सलाहकार समिति अध्यक्ष विजय सिंह शाक्य, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सचिव पुजारी कटियार ,सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल आदि रहे |
रोडबेज से कुचलकर बालक गंभीर, बस सहित चालक फरार
फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) रोडबेज की टक्कर से बाबा के साथ साइकिल से जा रहा मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया| उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी फिर लोहिया अस्पताल और हालत गंभीर होनें पर हायर सेंटर कानपुर रिफर किया गया| आक्रोशित लोगों नें मौके पर जाम लगा दिया| पुलिस नें कार्यवाही का भरोसा देकर जाम खुलवाया|
कोतवाली कायमगंज के ग्राम सिबरई बरियार निवासी सुरेश चन्द्र शाक्य अपने 8 वर्षीय पौत्र कार्तिक व 11 वर्षीय पौत्री छाया को साइकिल से स्कूल छोड़ने एसबी आदर्श पब्लिक स्कूल दत्तुनगला जा रहा था| जब वह कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर कैसर खां अड्डे के निकट पंहुचे तो फर्रुखाबाद से एटा जा रही कौशंबी डिपो की बस नें साइकिल को टक्कर मार दी| जिससे साइकिल पर आगे बैठा कार्तिक सड़क पर जा गिरा, जिससे वह कुचल गया| उसे गंभीर हालत में पहले सीएचसी उसके बाद लोहिया अस्पताल लाया गया, जहाँ उसे हालत गंभीर होनें पर रिफर कर दिया गया| 
डीएलआरसी–डीसीसी बैठक में बैंकों के कम सीडी रेशियो पर डीएम नाराज़, एसएलबीसी को पत्र लिखने के निर्देश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) एवं जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकों के क्रेडिट डिपॉजिट रेशियो (सीडी रेशियो) की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान इंडियन बैंक का सीडी रेशियो सर्वाधिक कम 16.72 प्रतिशत पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। अन्य बैंकों का सीडी रेशियो इस प्रकार रहा— बैंक ऑफ बड़ौदा 28.62 प्रतिशत, केनरा बैंक 30.86 प्रतिशत, पंजाब नेशनल बैंक 32.54
प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 34.34 प्रतिशत, इंडियन ओवरसीज बैंक 35.51 प्रतिशत एवं आईडीबीआई बैंक 39.49 प्रतिशत। कम सीडी रेशियो को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु एसएलबीसी को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
बैठक में एलडीएम द्वारा अवगत कराया गया कि जून 2025 तक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 7,22,280, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 1,93,668 तथा अटल पेंशन योजना में 1,15,092 नामांकन पूर्ण किए जा चुके हैं।
सरकार द्वारा प्रायोजित ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर 2025 तक मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 132 के लक्ष्य के सापेक्ष 221 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 64 स्वीकृत, 38 वितरित, 113 वापस तथा 44 लंबित हैं। ओडीओपी योजना में 38 के लक्ष्य के सापेक्ष 69 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 16 स्वीकृत, 9 वितरित, 33 वापस एवं 20 लंबित हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2400 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 1602 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1320 स्वीकृत एवं वितरित तथा 283 लंबित हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 1700 के लक्ष्य के सापेक्ष 2436 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 859 स्वीकृत, 741 वितरित, 1074 वापस तथा 586 लंबित हैं।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि जून 2025 में सभी बैंकों को नए एवं नवीनीकरण हेतु 94,293 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का वार्षिक लक्ष्य दिया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 20,217 केसीसी का नवीनीकरण किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताते हुए सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लंबित प्रकरणों को तत्काल प्रोसेस करने के निर्देश अधिकारियों एवं बैंकों को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारीविनोद कुमार गौड़ आदि अधिकारी रहे |
फर्रुखाबाद में “नो हेल्मेट, नो फ्यूल” अभियान लागू
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं हेल्मेट न पहनने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से “नो हेल्मेट, नो फ्यूल” रणनीति लागू की गई है। यह अभियान 19 दिसम्बर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
अभियान के तहत जनपद के किसी भी पेट्रोल पम्प पर बिना हेल्मेट पहने दोपहिया वाहन चालक एवं सहयात्री को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह पहल केन्द्रीय
मोटर यान अधिनियम 1988 की धारा 129 (हेल्मेट अनिवार्यता) एवं धारा 194D (उल्लंघन पर दण्ड) के अनुरूप है तथा सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति की भावना के अनुसार जनहित में उठाया गया कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली 1998 के नियम-201 के तहत सभी मोटरसाइकिल चालकों एवं सवारियों के लिए बीआईएस मानक वाला हेल्मेट पहनना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर धारा 177 के अंतर्गत जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों एवं पेट्रोल पम्प संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे आगामी 03 दिवसों के भीतर अपने पेट्रोल पम्प पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की फोटो युक्त “नो हेल्मेट, नो फ्यूल — आपका जीवन है अनमोल”
शीर्षक वाले दो होर्डिंग्स (10×15 फीट) अनिवार्य रूप से लगाएं।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी पेट्रोल पम्पों पर सीसीटीवी कैमरे सदैव सक्रिय रखें जाएं, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में फुटेज के आधार पर आवश्यक निर्णय लिया जा सके।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेल्मेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं और अभियान को सफल बनाएं।
सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन,धूप खिलने से मिली अल्पकालीन राहत

फर्रुखाबाद:(नगर संबाददाता) नगर में सोमबार सुबह की शरुआत घने कोहरे से हुई शुरुआत में जहां सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा वहीं दिन में सूरज बादलों के ओट से बाहर निकले जिससे जनपदवासियों ने राहत की सांस ली| पिछले दिनों से निकल रही धूप से कोहरा का प्रभाव दिन में कुछ कम रहता है लेकिन रात भर छाये रहे कोहरे से यातायात काफी बाधित रहता है। आज सुबह से धूप खिलने से तापमान में भी वृद्धि हुई,दिन के समय लोग सर्दी से कुछ राहत महसूस कर रहे हैं। ठंड के कारण बीमारी से जकड़े बुजुगरें और बच्चों के लिए यह धूप वरदान साबित हुई है। वहीं सोमबार को बाजारों की रौनक भी अलग ही देखने को मिली। तापमान में भी वृद्धि होने से लोग धूप का आनंद लेते नजर आए। यह धूप खासकर ब्रद्ध और बच्चों के लिए विशेष राहत लेकर आयी है। अस्पतालों में बुजुर्ग और बच्चों की भीड़ थी,लेकिन पिछले दो दिनों से खिली धूप ने सर्दी से पीड़ित मरीजों को काफी राहत दी है।

सातनपुर आलू मंडी में भाव मजबूत,651 रूपये कुंतल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की सातनपुर आलू मंडी में सोमवार 22 दिसम्बर को आलू के भाव में संतोषजनक स्थिति देखने को मिली। मंडी में आलू 471 से 651 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर बिका।
मंडी में आज 150 मोटर से अधिक आलू की आवक दर्ज की गई।व्यापारियों के अनुसार मोटे आकार व पीली मिट्टी वाले आलू की बिकवाली अच्छी रही, जिससे किसानों को अपेक्षाकृत बेहतर दाम मिले।
किसानों का कहना है कि यदि आवक इसी प्रकार संतुलित रही तो आने वाले दिनों में आलू के भाव में और सुधार देखने को मिल सकता है।
भीषण ठंड व शीतलहर के चलते 22 व 23 दिसंबर को सभी स्कूलों में अवकाश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मौसम विभाग द्वारा जारी अत्यधिक ठंड, शीतलहर एवं घने कोहरे की चेतावनी के मद्देनज़र तथा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद फर्रुखाबाद के समस्त विद्यालयों में दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय (आईसीएसई व सीबीएसई बोर्ड) जो नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित हैं, 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को बंद रहेंगे।
जारी आदेश में बताया गया है कि अत्यधिक ठंड एवं घने कोहरे के कारण छात्र-छात्राओं के आवागमन में होने वाली परेशानियों और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और निर्वाचन कार्य (एसआईआर), विभागीय कार्यों तथा उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेशों का अनुपालन करेंगे।
प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



