फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के श्याम नगर स्थित वरिष्ठ ग़ज़लकार नलिन श्रीवास्तव के आवास पर एक सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आधा दर्जन साहित्यिक कृतियों का विमोचन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विद्वानों ने पुस्तकों पर अपने विचार भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्नौज के वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर वर्मा साहिल ने की, जबकि संचालन स्वयं नलिन श्रीवास्तव ने किया। आयोजन दो चरणों में संपन्न हुआ—पहले चरण में पुस्तकों की समीक्षा और दूसरे चरण में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और श्रीमती प्रीति पवन तिवारी की वाणी वंदना से हुआ। इसके बाद भूपेंद्र प्रताप सिंह ने नलिन श्रीवास्तव के कहानी संग्रह ‘कुमुदिनी’ की समीक्षा की। वहीं डॉ.
राजकुमार सिंह, रामबाबू मिश्र रत्नेश, कृष्णा कुशवाहा, डॉ. शशि किरण सिंह सहित अन्य विद्वानों ने भी पुस्तकों पर अपने विचार रखे।
इस दौरान नलिन श्रीवास्तव की ‘चित्र अतीत के’ और ग़ज़ल संग्रह ‘बादल धुंयें के’, उनके पिता स्व. कैलाश नारायण श्रीवास्तव की कृति ‘भीगे पलक’ तथा प्रेम सागर चौहान के दोहा संग्रह ‘एक लौ कई रोशनी बाद’ और ग़ज़ल संग्रह ‘तन्हाई के पल’ का विमोचन किया गया।
दूसरे चरण में आयोजित काव्य गोष्ठी में प्रीति पवन तिवारी, भारती मिश्रा, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, डॉ. राजीव गुप्ता, रत्नेश पाल, प्रेम सागर चौहान, बीके सिंह ‘किशोर’, रामशंकर अवस्थी ‘अबोध’, राजेश हजेला और उपकार मणि ‘उपकार’ सहित कई कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, संस्कार भारती के अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
साहित्यिक संध्या: नलिन श्रीवास्तव व प्रेम सागर की पुस्तकों का विमोचन
बीजेपी जिला कार्यकारिणी को और मजबूत करने पर जोर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को भाजपा के जिलध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जिलाध्यक्ष ने की। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य नए पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना और उन्हें जिम्मेदारियों
के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि संगठन पर्व के तहत हर तीन वर्ष में बदलाव एक सतत प्रक्रिया है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अनुशासन के साथ कार्य करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए जुटें।
इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने नए पदाधिकारियों से संगठन को मजबूती देने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ भूदेव सिंह राजपूत और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार ने भी संगठन में बदलाव को सकारात्मक बताते हुए नए पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करने पर जोर दिया।
पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार ने कहा कि सभी का लक्ष्य 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनाना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद
जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 28 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।
गैस आपूर्ति व्यवस्था पर डीएम सख्त, वितरकों को दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट में सभी गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रतिदिन अपने शोरूम पर उपस्थित रहें और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें।
घरेलू गैस बुकिंग के नए नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की सामान्य बुकिंग 25 दिन में, 5 किलोग्राम की 9 दिन में और 10 किलोग्राम की 18 दिन में होगी। वहीं उज्ज्वला
योजना के तहत 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन तथा 5 किलोग्राम की 16 दिन में संभव होगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि बिना केवाईसी और बिना बुकिंग किसी भी उपभोक्ता को गैस रिफिल न दिया जाए। साथ ही यह भी बताया गया कि उपभोक्ता अब घर बैठे मोबाइल के माध्यम से केवाईसी और गैस बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए Indian Oil One, Hello BPCL और HP Pay जैसे ऐप्स का उपयोग किया जा सकता है। सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि इस संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए बैनर और पंपलेट लगाए जाएं।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग पर सख्ती बरतते हुए डीएम ने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट या अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस का इस्तेमाल पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, गैस वितरकों को निर्देश दिए गए कि वे व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही करें और जिला पूर्ति अधिकारी की संस्तुति के बाद ही वितरण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, वरिष्ठ लिपिक राजीव कुमार आदि रहे |
विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों का हुआ सम्मान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी (क्षय रोग) के पूर्ण उन्मूलन के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और आम जनता से अपील की कि इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित कराएं।
समारोह में जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। तीन वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त रही 8 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड मेडल, दो वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 68 पंचायतों के प्रधानों को सिल्वर मेडल तथा एक वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 164 पंचायतों के प्रधानों को ब्रॉन्ज मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके साथ ही टीबी उन्मूलन में सराहनीय योगदान देने वाले 23 “निश्चय मित्रों” को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा टीबी नियंत्रण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जनपद में सक्रिय रूप से मरीजों की पहचान, जांच और उपचार का कार्य चल रहा है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने जनजागरूकता के उद्देश्य से “निश्चय वाहन” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि रहे|
महिला प्रधान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा पर मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में तैनात दरोगा सुरेश चाहर के खिलाफ कोतवाली फतेहगढ़ में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान गीता देवी की शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद संबंधित दरोगा के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। प्रधान गीता देवी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर जब वह
थाना मोहम्मदाबाद गईं, तो जांच और कार्रवाई के नाम पर दरोगा द्वारा उनसे पैसे की मांग की गई। आरोप है कि दरोगा ने अपने पुत्र पंकज चाहर के खाते में तथा नकद रूप से कुल 75 हजार रुपये लिए, जबकि कुछ रकम यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में ली गई।
शिकायत के समर्थन में प्रधान द्वारा यूपीआई लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और दरोगा के निलंबन की संभावना जताई जा रही है।
बताया गया कि प्रधान के पति सत्येंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने देर रात अपने कार्यालय में प्रधान के बयान दर्ज किए। वहीं, प्रधान द्वारा उच्च अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की मामले में आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है | विभागीय जाँच की जा रही है|
सीएमएसडी स्टोर चार्ज को लेकर सीएमओ पर नियम विरुद्ध कार्यवाही के आरोप
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के स्वास्थ्य विभाग में तैनात मुख्य चिकित्साधिकारी अवनेन्द्र कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने शासन की नियमावली के विरुद्ध कार्य करते हुए सीएमएसडी स्टोर का चार्ज अपने ही सजातीय उपमुख्य
चिकित्साधिकारी राजेश चन्द्र माथुर को दे रखा है आरोप है कि सीएमएसडी स्टोर का प्रभार शासन के नियमों के अनुसार अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया जाना चाहिए, जबकि मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में वर्तमान में दो अपर मुख्य चिकित्साधिकारी तैनात हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर उपमुख्य चिकित्साधिकारी को स्टोर का इंचार्ज बनाए रखना सवाल खड़े कर रहा है।
आरोप यह भी लगाए गए हैं कि स्टोर संचालन में अनियमितताएं की जा रही हैं और करोड़ों रुपये के गोलमाल की आशंका जताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि इस पूरे मामले में आर्थिक लाभ लेने और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की बात भी सामने आ रही है।
शिकायतकर्ताओं ने शासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नियमावली के अनुसार ही सीएमएसडी स्टोर का चार्ज अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंपा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गयी है |
सुंदरीकरण के नाम पर तोड़ीं देश के क्रांतिकारी भगत सिंह,राजगुरू,सुखदेव की प्रतिमाएं
शाहजहांपुर संबाददाता:जहाँ एक ओंर पूरा देश क्रांतिकारी भगत सिंह,राजगुरू,सुखदेव के बलिदान को याद कर रहा हैवही दूसरी ओर इसकी पूर्व संध्या पर जनपद शाहजहांपुर के तीन बलिदानियों का अपमान किया गया। रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और रोशन सिंह की प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक हटाने के बजाय उन पर फ्लाई इंफ्राटेक के कर्मचारियों ने बुलडोजर चला दिया।इन प्रतिमाओं के मलबे को बाद में डंपिंग ग्राउंड में फेंक दिया गया।घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।इससे तीनों प्रतिमाएं सड़क पर गिरीं, उनके सिर व धड़ के हिस्से अलग होने पर मलबे में छोड़ दिए गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना ने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। अमर शहीदों की प्रतिमाओं को तोड़कर उनका अपमान किया गया है। उन्होंने प्रतिमाओं को तोड़ने वालो पर कार्रवाई की मांग की है।
शाहजहांपुर की महापौर अर्चना वर्मा क्षतिग्रस्त प्रतिमाएं देखने पहुंचीं और उन्होंने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की है,उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था ने बिना सूचना दिए प्रतिमाएं हटाने का प्रयास किया। इन्हें सम्मानपूर्वक हटाया जाना चाहिए था। इसके बजाय बुलडोजर से हटाने में प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दी गईं। ऐसा करना घोर आपत्तिजनक है। जिम्मेदार संस्था पर कार्रवाई की जाएगी|
घर के बाहर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)कोतवाली क्षेत्र के गैसिंगपुर ग्राम निवासी में 35 वर्षीय लखन वाथम पुत्र रामनिवास धारदार हथियार से हमला करके निर्मम हत्या कर दी गयी, इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि बीती रातl लखन अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अंदर कमरे में थे।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसकी बहन आरती जब उसे जगाने बाहर पहुंची तो रजाई हटाते ही लखन को खून से लथपथ हालत में देखकर वह उसके मुँह से चीख निकल । उसकी आवाज सुनकर घरवाले और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पास जाकर देखने पर युवक की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से वार के गहरे निशान दिखे , जिससे उसकी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जाँच पड़ताल की जुटाई। घटनास्थल के नजदीक एक गमछा व चप्पल भी मिली है, जिसे पुलिस हमलावर से जुड़ा मानकर जांच कर रही है। मृतक चार भाईयों में दूसरे नम्बर का था, उसका विवाह नही हुआ था | पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।पुलिस जाँच में जुटी है | अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की शव का पंचायनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है l|
फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जीएसटी की चोरी और फर्जी फर्म बनाकर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ताहर सिंह निवासी ग्राम करनपुर थाना कम्पिल की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी का अपवंचन कर रहे हैं।
इस संबंध में मुकदमा विभिन्न धाराओं में दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों सैय्यद अरवाज अली उर्फ सद्दाम निवासी कोटा मऊराशिदाबाद, अमन खान करीम नगर रायपुर खास तथा फैसल खान निवासी मऊरशीदाबाद कायमगंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों की
जमीन का फर्जी किरायानामा बनवाकर उस पर कागजों में तंबाकू की फर्जी फर्म स्थापित करते थे। इसके बाद व्यापारियों को लाभ पहुंचाने और टैक्स चोरी कराने के लिए उन्हीं फर्मों के नाम से फर्जी बिल जारी करते थे। साथ ही ट्रांसपोर्ट के जरिए तंबाकू को विभिन्न स्थानों तक भेजा जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
बलिदान दिवस’ के अवसर पर जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ‘बलिदान दिवस’ के पावन अवसर पर माय भारत, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में कुल 6 खेल आयोजित किए गए, जिनमें बालकों हेतु वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद तथा बालिकाओं हेतु खो-खो, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानियों शहीद भगत सिंह, शिवराम राजगुरु एवं सुखदेव थापर को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा
युवाओं को अनुशासन एवं टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात उन्होंने 200 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता इस प्रकार रहे –
वॉलीबॉल (बालक वर्ग):
प्रथम – मुरहास कन्हैया टीम (कप्तान – नवनीत राजपूत)
द्वितीय – लवली बडी 1 टीम (कप्तान – योगेश त्रिवेदी)
खो-खो (बालिका वर्ग):
प्रथम – टीम राजेपुर (कप्तान – सुहानी राठौर)
द्वितीय – टीम कमालगंज (कप्तान – अनन्या)
400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग):
प्रथम – आर्यन राजपूत
द्वितीय – दीपक सिंह
तृतीय – मुदित राजपूत
200 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग):
प्रथम – प्रकृति वर्मा
द्वितीय – रागिनी
तृतीय – नैंसी मिश्रा
लंबी कूद (बालिका वर्ग):
प्रथम – निशा
द्वितीय – दुर्गा
तृतीय – सुहानी
लंबी कूद (बालक वर्ग):
प्रथम – आर्यन
द्वितीय – मुदित राजपूत
तृतीय – दीपक सिंह
सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मोनिका यादव एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा प्रमाण पत्र, मेडल, ट्रॉफी एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्षा मोनिका यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ‘बलिदान दिवस हमें हमारे वीर शहीदों के त्याग और समर्पण की याद दिलाता है। युवाओं को चाहिए कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है बल्कि अनुशासन, नेतृत्व एवं टीम भावना का भी विकास करता है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अधिवक्ता शशांक शेखर मिश्रा, सभासद तथा नमामि गंगे की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल भी उपस्थित रहीं।
सभासद शशांक शेखर मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए बलिदान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि ‘यह दिवस हमें देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के अदम्य साहस और देशभक्ति की याद दिलाता है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही खेलों के माध्यम से स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना चाहिए, जिससे वे देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम का आयोजन शिखर रस्तोगी जिला युवा अधिकारी माय भारत के नेतृत्व में किया गया । कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत टीम (राहुल बाबू वर्मा, रचना, लक्ष्मीनारायण पाण्डेय, अजीत कुमार, आकाश सोमवंशी, विकास, सुलोचना, सूरज, मयंक, शुभम मिश्रा, प्रेम शंकर श्रीवास्तव एवं खेल प्रशिक्षकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी द्वारा किया गया ।


