फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)सातनपुर मंडी में आज आलू के भाव स्थिर बने रहे। मंडी में लगभग 80 मोटर आलू की आवक दर्ज की गई।
भाव की बात करें तो 251 से 301 रुपये प्रति कुंतल तक गड्डा, 301 से 401 रुपये सामान्य छट्ठा तथा 401 से 471 रुपये प्रति कुंतल सुपर छट्ठा बिका। वहीं हालैंड आलू की कीमत 651 से 751 रुपये प्रति कुंतल के बीच रही, जिसमें ज्यादातर बिक्री इसी रेंज में हुई। मंडी में आज बिक्री सुस्त रही, जिससे व्यापार में खास तेजी नहीं दिखी।
आलू के भाव स्थिर, आवक 80 मोटर
सपा नें जयंती पर लोहिया को किया याद, मूर्ति पर माल्यार्पण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी कार्यालय आवास विकास पर डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत आवास विकास स्थित उनकी प्रतिमा पर वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इसके बाद कार्यकर्ता “डॉ. राम मनोहर लोहिया अमर रहें” एवं “मुलायम सिंह यादव अमर रहें” के नारों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया ने सामाजिक न्याय और समानता की जो लड़ाई शुरू की, वह आज भी प्रेरणादायी है। उनके सिद्धांतों पर चलते हुए समाजवादी पार्टी गरीब, किसान और पिछड़ों के हक की आवाज उठाती रहेगी।
कायमगंज से प्रत्याशी रहे सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि डॉ. लोहिया ने दलित, पिछड़े और शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और उनके विचार आज भी समाज को बराबरी और न्याय की राह दिखाते हैं।
पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि डॉ. लोहिया महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के प्रबल समर्थक थे। वहीं पूर्व
जिला अध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने उनके जीवन को संघर्ष और सिद्धांतों की मिसाल बताया। लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष अनुराग यादव ने युवाओं को उनके विचारों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव ने किया। जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव, जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव, युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह यादव, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष अमन सूर्यवंशी आदि रहे। महानगर अध्यक्ष नें किया माल्यार्पण सपा महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा नें जयंती के अवसर पर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया|
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 58 शिकायतें दर्ज, 4 का मौके पर निस्तारण
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील अमृतपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 21, पुलिस विभाग की 13, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 7, आपूर्ति विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 10 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड, संजय वर्मा तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल, शशांक सिंह नायब तहसीलदार, एडीओ पंचायत अजीत पाठक आदि रहे | 
संकिसा चौकी प्रभारी सहित चार लाइन हाजिर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद में प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए संकिसा चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक जगभान सिंह, प्रभारी चौकी संकिसा थाना मेरापुर को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके साथ ही सिपाही अवधेश कुमार (थाना मेरापुर), आरक्षी दिग्विजय सिंह एवं आरक्षी चालक सुरेश चंद्र (दोनों थाना मोहम्मदाबाद) को भी लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधीक्षक के इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सभी संबंधित कर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
रामपाल के नाम से चल रहे कथित आश्रम
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) संत रामपाल वर्तमान में हत्या आदि मामलो में आजीवन कारावास की सजा में जेल में निरुद्ध हैं | उनके कुछ अनुयायियों ने दावा किया है कि संत रामपाल के बिना अनुमति के उनके कुछ तथा कथित अनुयाई फर्जी रूप से देश विदेश में आश्रम आदि का संचालन कर लोगों से धन उगाही कर रहे हैं| शहर क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती स्थित एक प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बात करने के दौरान रामपाल के अनुयाई कानपुर निवासी रामचंद्र यादव ने कहा कि साल 2014 से संत रामपाल हरियाणा की जेल में बंद हैं | लेकिन उनके परिवार के ही कुछ लोग देश व विदेशों में रामपाल के नाम पर आश्रम बनाकर लोगों से मोटी रकम वसूल रहे हैं जिस पर रोक लगा अति आवश्यक है, सरकार को इस ओर कदम बढ़ाने की आवश्यकता है| जिससे रामपाल महाराज को जमानत मिल सके और फर्जी रूप से चल रहे आश्रमों को बंद किया जा सके | इस दौरान महेंद्र दास व राम शरण दास भी रहे |
बाइक सबार महिला के साथ जेबरात लूट का आरोप
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) रविवार दोपहर करीब 3 बजे थाना क्षेत्र के ताजपुर रोड स्थित शांति मैरेज हॉल के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरी निवासी जाहर सिंह अपनी पुत्री वंदना को उसकी ससुराल, थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम कोकापुर छोड़ने बाइक से जा रहे थे। आरोप है की इसी दौरान पीछे से आए अपाचे सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर वंदना के कान का एक कुंडल और गले की चेन-पेंडल छीन लिया ।
हालांकि, मामले में मोड़ तब आया जब पुलिस ने पीड़िता के बैग की जांच की, जिसमें जेवर बरामद हुए। पूछताछ में वंदना ने बताया कि बैग में रखे जेवर अलग हैं और जो वह पहने थी, वही लूटे गए हैं। इसी वजह से पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
घटना के दौरान कथित बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई, जिससे जाहर सिंह भी गिर पड़े। इसके बावजूद आरोपी मौके का फायदा उठाकर लूट का सामान लेकर खेतों के रास्ते फरार हो गए और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए बरामद बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा नें बताया की मामला संदिग्ध है |
पुलिस चौकी के सामने दुकान में चोरी, तीसरी मंजिल से घुसे चोर
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए चोरों ने पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित एक दुकान को निशाना बना डाला। रोडवेज चौकी के सामने स्थित “अजब गजब नमकीन भंडार” में अज्ञात चोरों ने तीसरी मंजिल से घुसकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
दुकान मालिक मोहम्मद एबास, निवासी ग्राटगंज, ने बताया कि ईद के चलते शनिवार को दुकान बंद थी। वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान खोलने पर अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और महंगे कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट व नमकीन के पैकेट गायब थे।
जांच के दौरान जब वह ऊपर की मंजिल पर पहुंचे तो देखा कि जीने का गेट बंद था, लेकिन चोरों ने ऊपर से जीने की पटिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आसपास की छतों पर खाली पैकेट और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी मिलीं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर वहीं बैठकर सामान खा-पी भी गए। घटना की सूचना तत्काल रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को दी गई। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां 24 घंटे बस स्टॉप पर चहल-पहल रहती है और ठीक सामने पुलिस चौकी भी मौजूद है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। पीड़ित के अनुसार चोर लगभग 15 से 16 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ कर ले गए। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
दरोगाओं के तबादले, कई थानों में फेरबदल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बीती रात उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) के तबादले कर दिए। जारी सूची के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में तैनात दरोगाओं को इधर से उधर भेजा गया है।
तबादलों के क्रम में उपनिरीक्षक अंकुर भाटी को थाना कायमगंज से
कस्बा चौकी कायमगंज भेजा गया है। वहीं सोमवीर सिंह को कस्बा कायमगंज से सिविल लाइन थाना फतेहगढ़ स्थानांतरित किया गया है।
उपनिरीक्षक मानसिंह को मऊदरवाजा से कायमगंज एवं महेंद्र सिंह चंदेल को थाना मऊदरवाजा से थाना कमालगंज भेजा गया है। विमल कुमार को मऊदरवाजा से कादरी गेट, जबकि महेश कुमार को कोतवाली फतेहगढ़ से राजेपुर थाना भेजा गया है।
इसी क्रम में सत्यदेव ओझा को थाना राजेपुर से फतेहगढ़ तथा वीर सिंह यादव को शमसाबाद से कोतवाली फतेहगढ़ स्थानांतरित किया गया है। रवि सोलंकी को अमृतपुर से कोतवाली फतेहगढ़ भेजा गया है।
इसके अलावा प्रताप सिंह को पुलिस लाइन से थाना अमृतपुर तथा योगेश कुमार को पुलिस लाइन से थाना शमसाबाद तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह तबादले कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से किए गए हैं। जिले में इन तबादलों को लेकर पुलिस महकमे में हलचल बनी हुई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने घोषित की जिला कार्यकारिणी, कई नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने शनिवार को जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। नई टीम में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से अनुभवी और युवा कार्यकर्ताओं का संतुलन देखने को मिला है। घोषित सूची में कई पदों पर नए चेहरों को स्थान दिया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
जिलाध्यक्ष द्वारा जारी सूची के अनुसार जिला उपाध्यक्ष पद पर वीरेन्द्र कठेरिया, अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, सर्वेश कुशवाहा, जितेन्द्र सिंह, अश्नील दिवाकर, संदेश राजपूत और अभिषेक बाथम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला महामंत्री पद पर अमरदीप दीक्षित, हिमांशू गुप्ता और गोपाल राठौर को नियुक्त किया गया है। जिला मंत्री के रूप में अनुराग सिंह, अनूप पाल उर्फ पंकज पाल, शिवमोहन सिंह, मनोज गंगवार, अभिषेक बाजपेई, श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत और हिना दुबे को शामिल किया गया है।
इसके अलावा संगठन में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। संजीव गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मीडिया की जिम्मेदारी शिवांग रस्तोगी को जिला मीडिया प्रभारी तथा पियूष त्रिपाठी मीडिया सह-प्रभारी, आईटी सेल संयोजक रजनीश मिश्रा के रूप में दी गई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नई टीम संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
बिजली पोल कार में घुसे, मासूम बच्ची की मौत, माँ-बाप सहित चार घायल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) हाई-वे पर जा रहे बिजली पोल लदे ट्रेक्टर से कार की पीछे से टक्कर हो गयी, जिससे लोहे के बिजली पोल कार के भीतर घुस गये और कार में बैठा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया, उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया,, जहां मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया|
थाना शमसाबाद के रोशनाबाद निवासी निहाल खान दिल्ली में टैक्सी चलता है | ईद पर वह घर आया था, वह अपनी 27 वर्षीय पत्नी शबनम के साथ 5 वर्षीय पुत्री ईनाया, 4 वर्षीय अनाविया, अलजुमा के साथ अपनी टैक्सी कार से ही ससुराल कमालगंज जा रहा था, उसी दौरान
इटावा -बरेली हाई-वे पर ग्राम भाऊपुर खुर्द के निकट कट पर एक ट्रेक्टर बिजली के लोहे के खम्भे लादकर जा रहा था, उसी दौरान पीछे से आ रही कार ट्रेक्टर से टकरा गयी, जिससे उस पर लदे खम्भे कार में घुस गये
और सभी कार सबार घायल हो गये, घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया| जहां चिकित्सक नें मासूम ईनाया को मृत घोषित दिया | वहीं घायल शबनम व उसकी पुत्री अनाविया को रिफर कर दिया गया | सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, आदि पुलिस बल के साथ पंहुचे और लोहिया अस्पताल में पड़ताल की|


