बीजेपी जिला कार्यकारिणी को और मजबूत करने पर जोर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को भाजपा के जिलध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जिलाध्यक्ष ने की। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य नए पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना और उन्हें जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि संगठन पर्व के तहत हर तीन वर्ष में बदलाव एक सतत प्रक्रिया है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अनुशासन के साथ कार्य करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए जुटें।
इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने नए पदाधिकारियों से संगठन को मजबूती देने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ भूदेव सिंह राजपूत और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कटियार ने भी संगठन में बदलाव को सकारात्मक बताते हुए नए पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करने पर जोर दिया।
पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार ने कहा कि सभी का लक्ष्य 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनाना है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 28 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।