फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) फर्रुखाबाद नेहा नर्सिंग लोहाई रोड चौक, फर्रुखाबाद पर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिये फ्री कैम्प का आयोजन किया गय| शिविर में डॉ० नसीर उल हसनएम बाल रोग विशेषज्ञ नेताजी सुभाष मेडिकल अस्पताल बाल रोग एवं नवजात रोग विशेषज्ञ मिडि सिटी सुपर स्पेशलिस्ट पंजाब के द्वारा बच्चों का नि:शुल्क परीक्षण किया गया, जिसमें लगभग आधा सैकड़ा बच्चों का परीक्षण किया गया| उन्होंने ठंड के मौसम में बच्चों को ठंड से बचाने के कुछ सरल लेकिन प्रभावी उपाय बताएं| सर्दी‑जुकाम की रोकथाम: हाथ धोना, मास्क (जब भीड़‑भाड़ या धुंध हो) और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें। गरम कपड़े: थर्मल इनरवेयर, स्वेटर, मफलर, ग्लव्स से पूरी तरह ढँकें। लेयरिंग से शरीर की गर्मी बनी रहती है।सही पोषण: गर्म सूप, दालचीनी‑हल्दी वाली चाय, गजक या गुड़‑मेथी के लड्डू जैसे ऊर्जा‑दायक स्नैक्स दें। विटामिन C और डी से इम्यूनिटी मजबूत रहती है।डीहाइड्रेशन: ठंड में भी पानी कम नहीं पीते। हल्का गर्म पानी या हर्बल टी दे सकते हैं।सुरक्षित खेल: बाहर खेलते समय समय‑समय पर हाथ‑पैर गरम करें, और खेल का समय 30‑45 मिनट तक रखें। कैंप की व्यवस्थाअस्पताल के डायरेक्टर विनोद अग्निहोत्री, डॉ. मनोज मल्होत्रा, डॉ. राहुल राजपूत ने देखी|
तीन बाइकों की भीषण भिड़ंत, छात्र की मौत, पाँच गंभीर घायल
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा–बरेली हाईवे पर फूलन श्री स्कूल के पास बुधवार शाम तीन बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत होने से एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम हरकमपुर नगरिया निवासी 62 वर्षीय राम अवतार कमल सिंह भट्टा पर मुनीम का कार्य करते हैं। बुधवार शाम को वे भट्टे से ड्यूटी समाप्त कर ट्रैक्टर ड्राइवर 55 वर्षीय धर्मवीर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे फूलन श्री स्कूल के पास पहुँचे, तभी पीछे से तेज गति में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली बाइक पर 26 वर्षीय कन्हैयालाल उर्फ संजय निवासी कुसज्जापुर अपने मित्र 26 वर्षीय राहुल निवासी तालग्राम जनपद कन्नौज के साथ सवार था। वहीं पीछे से आ रही एक अन्य बाइक, जिस पर आर्यन पुत्र नीरज अपने मामा संजीव कुमार के पुत्र 16 वर्षीय पुत्र रितिक निवासी नगला सुभान खां के साथ जा रहा था, अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तीनों बाइकों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि रितिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रितिक दो भाइयों में बड़ा था, छोटे भाई का नाम नैतिक है। हादसे के बाद माँ गिरजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता पानी का व्यवसाय करते हैं। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लाया गया, जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉ. सन्नी मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद राम अवतार, धर्मवीर, कन्हैयालाल और राहुल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
चाइनीज मांझा बेचते दो गिरफ्तार, पांच चरखी बरामद
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार दोपहर थाना कोतवाली पुलिस ने गश्त करते हुए साहबगंज चौराहा पहुंचे थे। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि मोहल्ला मनिहारी स्थित दूध डेयरी के पास एक पतंग और धागे की दुकान के बाहर दो व्यक्ति चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तख्त पर बैठे दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में पहले ने अपना नाम मोहम्मद सुऐब अंसारी पुत्र पीरबक्स निवासी मोहल्ला छावनी तथा दूसरे ने मोहम्मद उजैर पुत्र सुऐब बताया। तलाशी के दौरान बंद दुकान के बाहर तख्त के नीचे रखे सफेद प्लास्टिक के झोले से चाइनीज मांझे की कुल 5 चरखियाँ बरामद हुईं। दोनों ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफे के कारण वे चाइनीज मांझा बेचते हैं। पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री बेचने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
लोको पायलटों की 48 घंटे की भूख हड़ताल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) अपनी लंबित 10 सूत्री मांगों को पूरा कराने हेतु लोको पायलटों ने मंगलवार सुबह 10 बजे से 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह आंदोलन ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले पूरे देश के साथ-साथ फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर भी आयोजित किया जा रहा है। स्टेशन पर लोको पायलटों ने बैठकर नारेबाजी की और सरकार से मांगें पूरी करने की अपील की।
भूख हड़ताल पर बैठे लोको पायलट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हड़ताल एसोसिएशन के आह्वान पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं होगा। जिन पायलटों की ड्यूटी है वे समय पर अपनी सेवा दे रहे हैं, जबकि अन्य पायलट प्रदर्शन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद सभी लोको पायलट अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ट्रेनों को सुरक्षित तरीके से चला रहे हैं।
लोको पायलटों की प्रमुख मांगों में किलोमीटर भत्ता बढ़ाकर नियमानुसार 25 प्रतिशत करना, भत्ते का 70 प्रतिशत आयकर मुक्त करना, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में अधिकतम 6 घंटे और मालगाड़ियों में अधिकतम 8 घंटे की कार्य अवधि तय करना तथा रात्रि में अधिकतम दो ड्यूटी लागू करना शामिल है। रनिंग स्टाफ की ये मांगें लंबे समय से शासन-प्रशासन के स्तर पर लंबित हैं। लोको पायलटों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारियां भारी होती हैं और लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच उचित भत्ते और निर्धारित कार्य अवधि अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आगे आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। इस दौरान शाखा सचिव पवन कुमार, मनराज मीणा, रजकिशोर कुमार, सुभाष कुमार, मुकेश कुमार, विपिन कुमार, उदय यादव सहित कई लोको पायलट मौजूद रहे। हड़ताल गुरुवार सुबह 10 बजे समाप्त होगी।
एसआईआर डिजिटिलाइजेशन का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिलारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विशेष प्रगाण पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा फर्रूखाबाद व कायमगंज के सुपरवाइजर व बीएलओ की बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में जिलाधिलारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी सुपरवाइजर बीएलओ से फॉर्म फीड करना सुनिश्चित करे, जो बीएलओ फीडिंग नही कर पाते है उनके फॉर्म ब्लॉक व तहसील में फीड कराये, डिजिटिलाइजेशन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें।
मेला श्री रामनगरिया के तैयारी को लेकर समीक्षा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आगामी मेला श्री रामनगरिया (03 जनवरी से 03 फ़रवरी) में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला परिसर में पंडाल एवं मंच निर्माण कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश की पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को विशेष रूप से शामिल किया जाए तथा कार्यक्रम की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला आयोजन से सम्बंधित सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण हों, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक),नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क हादसे में टैम्पों चालक की मौत
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) बीती रात सड़क हादसे में टैम्पों चालक की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गयी| जिससे परिजनों में कोहराम मच गया| पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया||
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खिरिया मुकुंद निवासी 34 वर्षीय आशीष सिंह फर्रुखाबाद से वापस लौट रहा था|उसी दौरान फर्रुखाबाद-इटावा बरेली हाई-वे पर नींव करोरी ढाबे के पास किसी अज्ञात वाहन नें टक्कर मार दी| जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गयी| राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आशीष सिंह की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी। टक्कर मारने वाला कार चालक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। मृतक आशीष सिंह अपने दो भाइयों में बड़े थे व टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में माता मीरा देवी व पत्नी नीलम का रो-रो कर हाल हो गया| मृतक के दो वर्षीय पुत्र वेदांश हैं। उप निरीक्षक सुरेश सिंह चाहर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धार्मिक स्थलों पर चोरों की नजर! अब डीएम-एसपी आवास के निकट मंदिर के ताले तोड़कर नकदी साफ
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में धार्मिक स्थलों पर बढ़ रही चोरी की वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात से लेकर पिछले कुछ दिनों के भीतर चोरों ने कई मंदिरों और एक चर्च को निशाना बनाया, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का प्रभावी खुलासा नहीं कर सकी है। पहला मामला कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम विजाधारपुर स्थित वरिष्ठ जेल अधीक्षक आवास के निकट शिव शक्ति महाकाल मंदिर का है, जहाँ चोरों ने बीते 5 नवम्बर को दिनदहाड़े मंदिर परिसर में लगे कीमती घंटे चोरी कर लिये और जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के आसपास बीते दिनों से संदिग्ध गतिविधियाँ देखी जा रही थीं, लेकिन पुलिस गश्त नहीं बढ़ाई गई, जिसका फायदा चोरों ने उठा लिया।
दूसरी घटना रखा चर्च में बीते 30 नबम्बर को चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और वहां से नकदी समेत कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं।
बीती रात जहाँ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी आवास से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित भारत माता मंदिर को भी चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी ले गए और साथ ही मंदिर में रखा अन्य कीमती सामान भी उड़ाकर ले गए। प्रशासनिक अधिकारियों के आवास के पास हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि जब शीर्ष अधिकारियों के घरों के पास मौजूद मंदिर सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता किस तरह सुरक्षित महसूस करेगी। इन तीनों घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती चोरी से लोगों में भय का माहौल है। लोगों नें धार्मिक स्थालो की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है |
विश्व दिव्यांग दिवस पर 78 दिव्यांग विद्यार्थियों को दिये उपहार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राजकीय सांकेत विद्यालय जेएनबी रोड़ में बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में विश्व दिव्यांग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने की। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी की चेयरमैन डॉ. रजनी सरिन ने विद्यालय के 78 दिव्यांग विद्यार्थियों को पानी की बोतल, कपड़े एवं फल वितरित किए तथा बच्चों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षता कर रहे एडीजे संजय कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।कार्यक्रम में डीपीओ अनिल चंद्र, सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शीश मेहरोत्रा, जवाहर सिंह गंगवार, निशांत तिवारी, गुंजा जैन, अनिल प्रताप सिंह, धीरेन्द्र वर्मा, अंजू कपूर, भूपेंद्र सिंह, अभिनव पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया।
फिलहाल अंधेरे में ही रहेगा राष्ट्रीय राजमार्ग इटावा-बरेली हाई-वे
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद फर्रुखाबाद में बमुश्किल बनाया गया इटावा-बरेली हाई-वे में सुबिधाओं की रफ्तार कछुआ की गति से चल रही है| हाई-वे पर लगायी गयी स्ट्रीट लाइटों के रोशन होनें में फिलहाल लापरवाही का ग्रहण लगा हुआ है| जिसमे अभी महीनों इंतजार ही करना होगा|
दरअसल इटावा-बरेली हाई-वे हमेशा विवादों में ही रहा| निर्माण के दौरान गुणवत्ता ठीक ना होनें से सांसद मुकेश राजपूत नें खुद केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेटकर शिकायत की थी| इसके साथ ही हाई-वे की खराब गुणबत्ता मीडिया की सुर्खियों में अक्सर रही| कभी सड़क की गुणवत्ता व कभी सड़क के दोनों तरफ बने नाले की गुणवत्ता चर्चा में रही| जनपद के रामगंगा पुल से बेबर तक गुजरने वाले इस हाई-वे की लम्बाई 52.770 किलोमीटर है| जबकि जनपद इटावा से पीलीभीत तक इस हाई-वे की लम्बाई 240 किलोमीटर है| जिसमे फर्रुखाबाद जनपद में पांचाल घाट से मसेनी तक व एआरटीओ कार्यालय से लेकर सेन्ट्रल जेल चौराहे से होते हुए उस्मान नगला बघार के निकट व मोहम्मदाबाद के तकीपुर से रोहिला चौराहे तक डिबाइडर बनाकर स्ट्रीट लाइटों को लगाया गया है| जो महीनों बाद में सफेद हाथी बनी है| भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के पास भी इसका कोई ठोस जबाब नही है| रात होते ही हाई-वे पर अंधेरा छा जाता है, कुछ दिनों के बाद सर्दी में कोहरा भी पड़ेगा, इस हालत में यदि सड़क पर रोशनी नही होगी तो तेज रफ्तार वाहन दुर्घटना के शिकार होंगे|
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एई विशाल मिश्रा नें बताया कि अभी ट्रांसफार्मर खरीदने के टेंडर हुए हैं, अभी ट्रांसफार्मर खरीदे जायेंगे उसके बाद वह कहां लगेंगे उस जगह का चयन भी होना है| लिहाजा अभी जल्द स्ट्रीट लाइटों को चालू करना सम्भव नही लगता| फिलहाल प्रयास चल रहा है|



