फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अजय कुमार सक्सेना पुत्र स्व. सालिगराम सक्सेना, निवासी हाता करम खां (नवाब नियामत खां), हाल पता विकास नगर कॉलोनी लखनऊ, ने कोतवाली में तहरीर देकर कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार उनकी दादी स्व. फूलमती देवी को 323.36 वर्गमीटर भूमि पैतृक रूप से प्राप्त हुई थी, जिसे उन्होंने पूर्व में रामभरोसे लाल से खरीदा था। वर्ष 1970 के आसपास परिवार के लखनऊ चले जाने के बाद समय-समय पर फर्रुखाबाद आना-जाना होता रहा। अगस्त 2025 में जब वह फर्रुखाबाद पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का फर्जी बैनामा 30 अगस्त 2013 को गिरीश चंद्र नामक व्यक्ति द्वारा सुबोध यादव और विश्राम सिंह यादव के नाम कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कर दिया गया।पीड़ित का आरोप है कि मौजूदा कब्जाधारियों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। जब उन्होंने कब्जा हटाने की बात कही तो आरोपियों के परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दोबारा जमीन की ओर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फर्जी बैनामे से जमीन हड़पने का आरोप, मुकदमा
आल इज वेल ढाबे के पास बदमाशों ने लूट ली मोटरसाइकिल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। ग्राम खगऊ निवासी एक सेल्समैन की मोटरसाइकिल तीन अज्ञात बदमाशों ने लूट ली। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
थाना मऊ दरवाजा के ग्राम खगऊ पोस्ट हरसिंहपुर गोवा निवासी युवक जसमई दरवाजा स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन का कार्य करता है। सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह मोटरसाइकिल से काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह कायमगंज-फर्रुखाबाद बाईपास पर ‘आल इज वेल’ ढाबे से करीब 100 मीटर आगे पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े दो अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया।बदमाशों के चेहरों पर मफलर बंधा था और उनके पास डंडे थे, जबकि तीसरा साथी सफेद अपाचे बाइक पर बैठा था। तीनों ने मिलकर सेल्समैन को धमकाया और उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने थाना मऊदरवाजा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
दहेज की मांग में विवाहिता की हत्या, पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के ग्राम राजलामऊ निवासी राम सिंह शाक्य के पुत्र अनिल कुमार शाक्य ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए दामाद, समधी, समधन व दामाद के भाई के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। मामला अतिरिक्त दहेज की मांग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित पिता द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री शालिनी की शादी 15 अप्रैल 2025 को जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा कछपुड़ा निवासी सुरेशचंद्र के पुत्र अनिल कुमार के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष द्वारा एक सोने की अंगूठी और एक लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर शालिनी के साथ लगातार मारपीट की जाती रही और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।आरोप है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर 2 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 6 बजे शालिनी की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना परिवार को संजू नामक व्यक्ति द्वारा फोन पर दी गई। सूचना मिलने पर जब पिता मौके पर पहुंचे तो उनकी पुत्री का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे, जिससे परिजनों को हत्या की आशंका हुई।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना डीएसपी अजय वर्मा द्वारा की जाएगी। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज रफ्तार बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, दो गंभीर
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो की लापरवाही से बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। बोलेरो चालक ने विपरीत दिशा से आते हुए दो मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइकों पर सवार कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोटरसाइकिल सवार 62 वर्षीय दिनेश कुमार वर्मा तथा उनके पुत्र 33 वर्षीय शिवम वर्मा निवासी मोहल्ला घुमना, कोतवाली फर्रुखाबाद से राजेपुर की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल सवार 50 वर्षीय बलवीर सिंह निवासी ग्राम उजरामऊ राजेपुर फर्रुखाबाद से अपने गांव उजरामऊ आ रहे थे। उसी दौरान बोलेरो का अज्ञात चालक तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत साइड में आ गया और दोनों मोटरसाइकिलों में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस द्वारा लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि जाँच की तलाश की जा रही है।
स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की जयंती पर एकता व शिक्षा का लिया संकल्प
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक एवं संत स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की जयंती पर अखिल भारतीय लोधी–लोधा–लोध महासभा द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वामी ब्रह्मानंद की स्मृति को नमन करते हुए समाज की मजबूती, शिक्षा और एकता का संकल्प लिया गया। जयंती समारोह वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी शिक्षण संस्थान, रमापुर जसू में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी ब्रह्मानंद लोधी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और बच्चों ने श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अनुज प्रधान, सच्चिदानंद, डॉ. सोनू राजपूत, गुरु शरण, अमोल सिंह, सुरजीत सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। बच्चों को संकल्प दिलाया गया कि वे स्वामी ब्रह्मानंद की जीवनी पढ़ें और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाएं, जिससे शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा और मजबूती मिल सके। जिलाध्यक्ष महेश चंद्र राजपूत के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समाज के नेता अरविंद राजपूत ने कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान विकास राजपूत, हरगोविंद राजपूत सहित लोधी महासभा के अन्य पदाधिकारियों ने भी स्वामी ब्रह्मानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
चार माह बाद भी सब रजिस्ट्रार कार्यालय की 4.58 लाख चोरी में पुलिस खाली हाथ
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीते 22 जुलाई 2025 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय के ताले तोड़कर रिकॉर्ड रूम में रखी तिजोरी को काटकर चोरों ने उसमें रखे 4 लाख 58 हजार 840 रुपये की सरकारी धनराशि चोरी कर ली थी। इस मामले को चार माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई ठोस खुलासा नहीं कर सकी है। न चोरी गई रकम बरामद हो सकी है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद प्रारंभिक कुछ दिनों तक प्रशासन और पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच-पड़ताल तेज की थी। मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाई गई थी, जिसने आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए थे। अधिकारियों ने नामजद आरोपितों की धरपकड़ के लिए कथित रूप से दबिशें भी दी थीं, लेकिन यह कार्रवाई केवल दिखावे तक ही सीमित रह गई। समय बीतने के साथ जांच की रफ्तार भी धीमी होती चली गई।इस संबंध में उपनिबंधक रविकांत यादव द्वारा कार्यालय के कर्मी अमित, सोनू, रवि, शिवम, रमेश चंद्र, रोहित तथा मुंशियों व लेखकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद पुलिस न तो यह स्पष्ट कर सकी है कि चोरी में वास्तविक रूप से कौन लोग शामिल थे और न ही यह पता चल सका कि सरकारी धनराशि आखिर गई कहां।चोरी की इस बड़ी वारदात में यह तथ्य भी सामने आया था कि घटना के समय कार्यालय के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद मिले थे। इससे भी कई तरह की शंकाएं खड़ी हुई थीं। सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक के बावजूद आज तक न कैमरे बंद होने का कारण स्पष्ट हो सका है और न ही जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई होती नजर आ रही है।
मऊदरवाजा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना बजरिया चौकी प्रभारी कर रहे हैं। फिलहाल अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। वहीं दूसरी ओर सरकारी धन की इतनी बड़ी चोरी का खुलासा न होना प्रशासनिक कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। आमजन में इस बात को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है कि आखिर चार माह में भी पुलिस क्यों नाकाम रही। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में कभी सच्चाई सामने आएगी या यह फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
यातायात ब्लॉक के चलते मथुरा–छपरा एक्सप्रेस 30 मिनट नियंत्रित रहेगी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मैरवा यार्ड में प्वाइंट एवं क्रॉसिंग के बदले जाने के कार्य के चलते परिचालनिक सुगमता हेतु यातायात ब्लॉक लिया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया गाड़ी संख्या 15110 मथुरा–छपरा एक्सप्रेस 16 दिसम्बर 2025 को अपने मार्ग में लगभग 30 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन अपने निर्धारित समय से विलंब से विभिन्न स्टेशनों पर पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। परिचालन सुधार के उद्देश्य से किए जा रहे इस इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार कार्य से भविष्य में ट्रेनों के संचालन में और अधिक सुगमता आएगी। रेलवे द्वारा यह भी बताया गया है कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर रेल सेवाओं के लिए आवश्यक है। अस्थायी असुविधा के लिए प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है।
आसान व सुरक्षित तरीके से दो पुरुषों नें करायी नसबंदी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हम दो हमारे दो के लिए पुरुष नसबंदी सबसे बेहतर विकल्प है। जिले में गुरुवार को परिवार नियोजन को लेकर एक सकारात्मक पहल देखने को मिली, जब दो पुरुषों ने स्वेच्छा से नसबंदी कराई। इनमें से एक विकास ने डॉ. राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय में अपनी नसबंदी कराई। विकास का कहना है कि जब परिवार पूरा हो गया है तो आगे अनचाहे गर्भ और उससे जुड़े जोखिम क्यों उठाए जाएं।आज के समय में जैसे-जैसे परिवार बढ़ता है, वैसे-वैसे खर्च भी बढ़ते जाते हैं। बच्चों का सही से पालन-पोषण और अच्छी शिक्षा देना मुश्किल हो जाता है। निजी अस्पताल में सामान्य प्रसव पर भी कम से कम 20 हजार रुपये और ऑपरेशन पर लगभग 50 हजार रुपये तक खर्च आ जाता है, जिसे एक सामान्य नौकरीपेशा या मजदूर के लिए वहन करना आसान नहीं है। इसी सोच के साथ उन्होंने पत्नी से नसबंदी कराने की बात रखी। शुरू में पत्नी तैयार नहीं हुईं, लेकिन जिला महिला चिकित्सालय की परिवार नियोजन काउंसलर सुनीता और पुरुष नसबंदी विशेषज्ञ डॉ. आरसी माथुर से बातचीत के बाद दोनों सहमत हुए।
परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया ने बताया कि समाज में आज भी परिवार नियोजन का बोझ महिलाओं पर डाल दिया जाता है, जबकि पुरुष नसबंदी पूरी तरह सुरक्षित है और इससे ताकत या कार्यक्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने बताया कि आज जिले में दो पुरुष नसबंदी हुईं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 9 पुरुष नसबंदी हो चुकी हैं, जबकि अप्रैल से अब तक करीब 330 महिला नसबंदी कराई जा चुकी हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी व एनएसवी विशेषज्ञ डॉ. आर.सी. माथुर ने बताया कि नसबंदी में शुक्राणु वाहिनी नलिकाओं को बांध दिया जाता है, जिससे शुक्राणु शरीर से बाहर नहीं जाते और यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। नसबंदी के बाद एक-दो दिन का आराम जरूरी होता है, इसके बाद अधिकांश पुरुष सामान्य काम पर लौट सकते हैं। जिला परिवार नियोजन प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत पुरुष नसबंदी पर 3,000 रुपये और महिला नसबंदी पर 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
स्लीपर बस व दो ट्रक सीज, जुर्माना
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा गुरुवार को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमे दो ट्रक व एक स्लीपर बस को सीज किया गया|अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरएम रोडवेज राजेश कुमार ने किया। अभियान के दौरान रोडवेज बस स्टेशन पर एक स्लीपर बस को उत्तर प्रदेश राज्य कर जमा न करने तथा वैध परमिट प्रस्तुत न कर पाने पर सीज कर दिया गया। संबंधित बस संचालक पर विभाग द्वारा 1.02 लाख का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त संयुक्त टीम ने एक ओवरलोड ट्रक को सीज करते हुए 36 हजार का जुर्माना लगाया तथा कर बकाया में संचालित एक अन्य ट्रक को भी सीज किया गया। परिवहन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 03 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 1.38 लाख का जुर्माना वसूला गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा |
धूमधाम से निकली कलश यात्रा, राधा-कृष्ण की झाँकियों ने मोहा मन
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) क्षेत्र के ग्राम हरसिंहपुर गहलवार में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ सोमवार को कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला–पुरुष शामिल हुए। बैंड–बाजों व भजन–कीर्तन के बीच राधा–कृष्ण की आकर्षक झाँकियों ने सभी का मन मोह लिया। कलश यात्रा पूरे गांव में भ्रमण कर कथा स्थल पर पहुंची। कार्यक्रम के यजमान दीपक सिंह राठौर ने बताया कि इस बार श्रीमद् भागवत कथा की अमृत वर्षा देवकीनंदन के शिष्य अनूप कुमार ठाकुर जी महाराज (हरदोई) द्वारा की जाएगी। गांव में 3 दिसंबर से 10 दिसंबर तक कथा का आयोजन भोले बाबा के स्थान पर किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि गांव में हर वर्ष भागवत कथा का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से किया जाता है तथा ग्रामीणों की श्रद्धा और आस्था से यह परंपरा निरंतर जारी है। मान्यता है कि कथा सुनने से मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। यात्रा में भाग लेने वालों का उत्साह देखने योग्य था।ग्रामीणों ने कहा कि राधा–कृष्ण की झाँकियों को देखकर ऐसा अनुभव हुआ मानो स्वयं ठाकुर जी गांव की गलियों में पधार गए हों। गांव में धार्मिक माहौल के साथ श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर व्याप्त है। कलश यात्रा में धीरेंद्र उर्फ टीटू, दीपक राठौड़, राजेंद्र सिंह राठौड़, सेठ सिंह (प्रधान), ज्ञानेश सिंह, संतोष सिंह, सीता, अनीता देवी, किरण, विमला देवी, धन देवी, रश्मि देवी, नेहा, आरती, रचना, शिवा, गुड्डी देवी, करुणा देवी, माया देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ और बच्चे शामिल रहे।
थाना क्षेत्र के गांव



