फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं। मोबाइल बरामदगी के इस अभियान में सर्विलांस टीम की तकनीकी दक्षता ने अहम भूमिका निभाई|खोये हुए 151 फोन सर्विलांस टीम नें खोज लिए, जिन्हे एसपी नें उनके असली मालिकों को सौंपा, जिससे उनके चेहरे खिल उठे | जिनकी कीमत लाखों में है| पुलिस लाइन सभागार में एसपी आरती सिंह नें
बरामद किये गये मोबाइल को सौंपा| पुलिस ने लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के 151 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल बरामदगी के इस अभियान में सर्विलांस टीम की तकनीकी दक्षता ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पुलिस अब पारंपरिक जांच के साथ-साथ तकनीकी साधनों का अधिकतम उपयोग कर रही है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल चोरी या गुम हो जाए तो तुरंत अपने नजदीकी थाने या साइबर थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराये|
खोये हुए 151 फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे
एम्बुलेंस की टक्कर से बाइक सबार युवक की मौत, साथी घायल
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बाइक सवार दो साथियों को एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, घायलों को निजी वाहन के द्वारा लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया|
थाना राजेपुर के ग्राम भुड़िया भेड़ा निवासी 24 वर्षीय अनुज प्रताप सिंह उर्फ जीत पुत्र जितेंद्र सिंह अपने साथी 21 वर्षी शोभित पुत्र सुनील शुक्ला के साथ बाइक से राजेपुर जा रहे थे, इस दौरान थाना राजपुर क्षेत्र के बदायूं मार्ग पर स्थित नासा नाला के निकट एक एम्बुलेंस नें बाइक सबार दोनों युवकों के टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक सबार गंभीर रूप से घायल हो गये, दोनों को एक निजी वाहन से पुलिस नें लोहिया अस्पताल भेजा, जहां ईएमओ डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी नें अनुज प्रताप को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शोभित को उपचार के लिए भर्ती किया गया, मृतक का अभी एक साल पूर्व रानी सिंह से विवाह हुआ था, दुर्घटना की खबर से मृतक की पत्नी रानी सिंह, माँ प्रभा देवी का रों-रों कर बुरा हाल हो गया, मृतक अनुज प्रताप दो भाईयों में छोटा था, बड़ा भाई अभय व बहन स्वीटी है | मृतक के पिता जितेंद्र सिंह तहसील अमृतपुर में अधिवक्ता के पास लिपिक का कार्य करते हैं| प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार नें बताया की जाँच की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगी|
अनुपस्थिति व शिफ्टिड वोटर को सभासद व प्रधान से करायें सत्यापित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विशेष प्रगाण पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा फर्रूखाबाद के बी0एल0ओ0 व सुपरवाइजर की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिलारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में जो मतदाता ढूढने पर नही मिल रहे है उनकी सूची बनाकर अनुपस्थिति में दर्ज करें, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि सफाई नायक शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर सभी को फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करे, अनुपस्थिति व शिफ्टिड वोटर को सभासद व प्रधान से सत्यापित करा ले, डिजिटिलाइजेशन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें।
अस्पताल में लापरवाही से प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) प्राइवेट अस्पताल में प्रसब के बाद अचानक हालत खराब होनें से प्रसूता की मौत हो गयी| परिजनों नें चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगानें का आरोप लगाकर हंगामा किया| हंगामा होते ही चिकित्सालय के सभी कर्मी व संचालक मौके से खिसक गये| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम भाऊटोला निवासी राजेश राठौर के पुत्र अंकित का विवाह बीते लगभग डेढ़ साल पूर्व फतेहगढ़ के ग्राम निनौंआ निवासी शिव कुमार राठौर की 25 वर्षीय निशा के साथ हुआ था| अंकित मजदूरी का कार्य करता है| बीते रविवार 30 नवंबर को प्रसब पीड़ा होनें पर आशा की मदद से जसमई दरवाजे के लखदातार अस्पताल में भर्ती किया था| अंकित के अनुसार उसकी पत्नी निशा को सोमवार को रात लगभग 3 बजे आपरेशन से बालक का जन्म हुआ| मंगलवार 2 नवंबर को सुबह लगभग 7 बजे अस्पताल के चिकित्सक ने प्रसूता निशा के इंजेक्शन लगाया| अंकित का आरोप है कि उसकी पत्नी की इंजेक्शन गलत लगने के बाद हालत बिगड़ गयी और उसे अस्पताल से रिफर किया गया| परिजन निशा को गंभीर हालत में लेकर बढ़पुर के एक निजी अस्पताल लाये, जहाँ चिकित्सक नें निशा को मृत घोषित कर दिया| निशा की मौत से परिजन आक्रोशित हो गये, उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया| सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मऊदरवाजा लक्ष्मण सिंह, चौकी प्रभारी रायपुर अरविन्द कुमार मौके पर पंहुचे और जाँच की| मृतका के पति अंकित की तहरीर पर दारोगा अरविन्द कुमार नें शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा| थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही होंगी|
565 अग्निवीर एवं रिक्रूट राष्ट्र सेवा के लिए हुए तैयार,पासिंग आउट परेड में दिखा जोश और उत्साह
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों)राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में रिकूट्स ने पूरे जोश, उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। अग्निवीरों के माता-पिता एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने बच्चों को दमकती सैनिक वर्दी में देखकर भावुक हो उठे। 31 सप्ताह के कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण के उपरांत इन जवानों ने कर्तव्य, सम्मान और बलिदान के सर्वोच्च मूल्यों को आत्मसात किया| राजपूत रेजिमेंटल सेंटर फतेहगढ़ में कुल 427 अग्निवीरों और 138 प्रादेशिक सेना रिक्रूटों, कुल 565 जवानों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। अग्निवीर बैच 06 से अग्निवीर (रिक्रूट) यश चौहान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल बेस्ट इन मेरिट हेतु बेस्ट अग्निवीर पदक प्रदान किया गया, जिसके दौरान परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कमांडेंट, राजपूत रेजिमेंट सेंटर फतेहगढ़ ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा, युद्ध सेवा मेडल ने सभी अग्निवीर एवं रिक्रूट्स को राष्ट्र सेवा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजपूत परिवार का हिस्सा बनना अत्यंत गौरवपूर्ण है और अब समय है कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुशासन को राष्ट्रहित में समर्पित किया जाए। उन्होंने बदलते युद्ध स्वरूप एवं सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए निरंतर नई तकनीकों को सीखने पर भी बल दिया। भव्य परेड का निरीक्षण ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व परेड कमांडर अग्निवीर (रिक्रूट) दुष्यंत प्रताप सिंह ने शानदार ढंग से किया। अग्निवीरों के ऊँचे कदमों की थाप से पूरा परिसर गूंज उठा और उपस्थित अतिथिगण रोमांचित हो उठे।परेड के बाद 5 राजपूत की पैरा मोटर ग्लाइडिंग टीम ने अद्भुत हवाई कलाबाज़ी का प्रदर्शन किया, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान अग्निवीरों के सम्मान में पुष्प वर्षा की गई, जिसने समारोह को और अधिक भावनापूर्ण और गौरवशाली बना दिया। पैरा मोटर शो के पायलट नायक दीपक सिंह भदौरिया रहे, जिन्होंने अपने अद्वितीय कौशल से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पुलिया के नीचे पड़ा मिला बाइक सवार का शव
फर्रुखाबाद:(शमशाबाद संवाददाता)शमशाबाद थाना क्षेत्र के ठंडी कुइयां बाग के अंदर शमशाबाद संपर्क मार्ग पर पुलिया के नीचे मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक बाइक सवार व्यक्ति का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी | पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| थाना अमृतपुर के ग्राम करनपुर घाट निवासी 50 वर्षीय रामपाल पुत्र रामशंकर का शव शमशाबाद सम्पर्क मार्ग ठंडी कुईयाँ में अधेड का शव पड़ा मिला| सूचना पर थानध्यक्ष रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचे और शव की तलाशी लेनें के दौरान उसमें पास मिले आधार कार्ड से परिजनों को सूचना दी| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया | पुलिस दुर्घटना मान के चल रही है| थानाध्यक्ष रमेश सिंह नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जायेगी|
एसआईआर फार्म फाड़कर बीएलओ के मुंह पर मारने में एफआईआर
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) एसआईआर फार्म फाड़ कर बीएलओ के मुंह पर मारने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है| पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है | थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम तुर्कीपुर की बीएलओ उर्मिला देवी नें मुकदमा दर्ज कराया| जिसमे कहा की उन्होंने एसआईआर फार्म घर-घर लगभग दस दिन पूर्व वितरित कर दिये थे, सभी ग्रामीण अपने फार्म जमा कर गये, कुछ लोग फार्म जमा करने नहीं आये तो बीएलओ उर्मिला नें बताया कि वह खुद उन लोगों के घर गयी, घर आने पर आरोपी अनस पुत्र हसीब खा उर्फ गुड्डू नें फार्म फाड़कर बीएलओ के मुंह पर मार दिये और गाली-गलौज किया | मुकदमा दर्ज होने के बाद जाँच दारोगा विनीत कुमार त्रिपाठी को दी गयी है|
गीता जयंती पर जिलाधिकारी को भेंट की गीता
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)श्री गीता जयंती के अवसर पर सोमवार को फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी को श्रीमद्भागवत गीता की पुस्तक भेंट करते हुए की गई। गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। समारोह में एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्यों ने देशभक्ति व भक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर माहौल भक्तिमय कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक शपथ ली गई कि सभी उपस्थित लोग गीता के 10 श्लोक कंठस्थ करेंगे और जीवन में उसके उपदेशों का पालन करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि गीता हमें कर्म करने का संदेश देती है, फल की इच्छा के बिना कर्म ही जीवन का वास्तविक धर्म है। गीता का यह भी उपदेश है कि आत्मा अजर-अमर और अविनाशी है, इसलिए मृत्यु से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं, क्योंकि जन्म लेने वाली वस्तु का अंत निश्चित है।इस मौके पर आयोजक मंडल के राम जी वाजपेई, पूर्व सभासद अनुराग अग्रवाल, नारायण दत्त द्विवेदी, जवाहर मिश्रा, एडवोकेट राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, वीरेंद्र मिश्रा , डॉ. रजनी सरियन, सुनीता, ठाकुर वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
युवक तमंचे संग गिरफ्तार, जेल भेजा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) थाना कादरीगेट पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को अवैधतमंचे और जिंदा कारतूस के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रविवार देर रात गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध हालात में दिखा। पुलिस ने रोका तो वह भागने लगा। पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ा। तलाशी लेने पर 01 देशी तमंचा व 01 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।पूछताछ में युवक ने अपना नाम रवि पुत्र रामप्रकाश गिहार निवासी रामलीला गड्डा, निकट लाल दरवाजा, थाना कादरीगेट बताया। पुलिस टीम उसे थाने ले आई और बरामद हथियार के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कपिल कुमार ने देशी तमंचा व कारतूस को कब्जे में लेकर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया । जहां से उसे जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार रात्रि गश्त व चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
रखा चर्च में चोरी, नकदी और कीमती सामान ले गए चोर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार रात चोरों ने रखा चर्च में धावा बोलते हुए दरवाजे का ताला तोड़ डाला और भीतर रखी नकदी समेत सफेद धातु व पीतल के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह जब एक युवक पानी का कंटेनर रखने के लिए चर्च पहुंचा तो उसने देखा कि ताले टूटे पड़े हैं। उसने तत्काल इसकी जानकारी पादरी मनोज कुमार को दी।
सूचना मिलते ही पादरी व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा चर्च के भीतर जाकर सामान की जांच की, जहां कई कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। चोरों ने रात के अंधेरे में मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया है। मामले की सूचना बाद में पुलिस को भी दी गई। जानकारी मिलते ही याकूतगंज चौकी इंचार्ज राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पड़ताल की। हालांकि मीडिया द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। चर्च के पादरी मनोज कुमार ने बताया कि जब उन्होंने इस चोरी की घटना को लेकर चर्च कमेटी के सदस्यों से बातचीत की तो सदस्यों ने कहा कि पहले भी शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए पुलिस में शिकायत करने से कोई उम्मीद नहीं है। इस वजह से औपचारिक तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है, फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होते ही मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



