अपनी कोर कमेटी के सदस्य प्रशांत भूषण के बयान से अन्ना हजारे ने पल्ला झाड़ लिया है। गांधीवादी अन्ना हजारे ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। इसपर प्रशांत भूषण द्वारा व्यक्त की गयी राय उनकी निजी राय है, टीम अन्ना की नहीं। अन्ना हजारे ने कहा कि प्रशांत भूषण टीम में रहेंगे या नहीं अब इस पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि टीम अन्ना जनलोकपाल बिल या फिर भ्रष्टाचार के बारे में बात करती है और इसके अलावा कोई बात नहीं करती है।
अपने गांव रालेगण सिद्धी में अन्ना हजारे ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कश्मीर में जनमत संग्रह की बात को बेतुका करार दिया। प्रशांत भूषण के मामले में उन्होंने यह भी कहा कि इसपर प्रशांत ने टीम अन्ना के सहयोगियों से कभी बातचीत नहीं की। अन्ना ने कहा कि इस मसले पर वह प्रशांत भूषण से बातचीत करेंगे। अन्ना हजारे ने कहा कि प्रशांत भूषण टीम में रहेंगे या नहीं अब इस पर विचार होगा।
विदित है कि प्रशांत भूषण ने अपने दिए गये बयान में कहा था कि कश्मीर मसले पर जनमत संग्रह कराया जाना चाहिए, तभी इस मसले का समाधान हो सकता है। उन्होंने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में सेना के विशेषाधिकार कानून को समाप्त कर देना चाहिए। उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई थी। इसी के विरोध में श्रीराम सेना के कुछ लोगों ने उनके चैंबर में घुसकर उनके साथ मारपीट की थी, व पेशी के दौरान कोर्ट के बाहर अन्ना समर्थकों को भी धुन दिया था।



