श्री रंगेश्वर महादेव गणेश पंडाल में बच्चों की धार्मिक ज्ञान परीक्षा संपन्न, मेधावी प्रतिभागी पुरस्कृत

0
49

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री रंगेश्वर महादेव राय दीपचंद गणेश पंडाल उत्सव में बच्चों की धार्मिक ज्ञान परीक्षा एवं भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी एवं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की धर्मपत्नी श्रीमती अनीता द्विवेदी ने शिरकत की। अतिथियों ने सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से आरती उतारी और ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ज्ञान परीक्षा का संचालन हिना मिश्रा एवं नमन पांडे ने किया, जबकि पूरे कार्यक्रम का संचालन अनुज शुक्ला ने किया।समारोह को संबोधित करते हुए महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी ने कहा कि भारतवर्ष जैसी पावन धरा पर जन्म लेना भगवान की अहैतुकी कृपा का परिणाम है। आज जब दुनिया के कई देश युद्ध व अशांति की विभीषिका झेल रहे हैं, तब हमें इस उत्सवमयी और आध्यात्मिक भूमि में भाग लेने का सौभाग्य मिला है।धर्मग्रंथों पर हो रही अनर्गल टिप्पणियों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि मनुस्मृति हमारा प्राचीन संविधान है। मनु का अर्थ ही परमात्मा की मनीषा है, जिसे समझे बिना कटाक्ष करना अनुचित है।उन्होंने कहा कि वेदों में ‘मातृ देवो भव’ को प्रथम स्थान दिया गया है। आज माताएं अपने बच्चों को धर्म और अध्यात्म से जोड़कर अभिमन्यु, छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप जैसे वीरों के संस्कार दे रही हैं। राष्ट्र की शोभा सती, संत और शूरवीरों से ही अक्षुण्ण रहती है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनीता द्विवेदी ने बच्चों के उत्साह और बौद्धिक प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में जब बच्चे मोबाइल की गिरफ्त में हैं, ऐसे समय में उन्हें फोन से दूर रखकर धर्म, संस्कृति और ज्ञान प्रतियोगिता से जोड़ना माताओं व अभिभावकों का सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन ही बच्चों के मन में सच्ची भक्ति और संस्कारों की नींव रखते हैं।धार्मिक ज्ञान परीक्षा में बच्चों ने सनातन धर्म, पुराणों और संस्कृति से जुड़े प्रश्नों के उत्साहपूर्वक उत्तर दिए। विजेता बच्चों को मंच से मेडल व उपहार भेंट किए गए, जिससे पंडाल ‘जय श्री राम’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। भगवान गणेश की भव्य एवं दिव्य आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।इस अवसर पर नरेन्द्र पांडे, अनुज शुक्ला, वैभव मिश्रा, विकास अवस्थी, यश अरोरा, सौरभ शुक्ला, नमन पांडे, शांतनु भारद्वाज, रामू पांडे, श्रीमती रमा पांडे, मधु मिश्रा, रचना शुक्ला, शालिनी शुक्ला, बंदना, रेखा, पंडाल आचार्य शरद मिश्रा उर्फ सोनू पंडित आदि मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]