कादरी गेट क्षेत्र में बाइक चोरों के हौसले बुलंद, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

0
82

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)थाना कादरी गेट क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार को आवास विकास चौराहे के पास माया हॉस्पिटल के निकट दिनदहाड़े एक युवक बाइक चोरी कर ले गया। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।नरकसा निवासी विवेक कुमार पुत्र प्रमोद कुमार बुधवार को अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से आवास विकास चौराहा स्थित माया हॉस्पिटल पहुंचे थे। उन्होंने करीब 12:15 बजे बाइक अस्पताल के आसपास खड़ी की और दवा लेने चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला।विवेक कुमार ने घटना की सूचना थाना कादरी गेट पुलिस को दी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक बाइक चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है। बाइक चोरी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक घटनास्थल से थाना कादरी गेट की दूरी करीब 200 मीटर है। इसके अलावा आसपास यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब छह माह में कादरी गेट क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आवास विकास तिराहा, लोहिया अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में भी बाइक चोरी की घटनाएं होने की बात कही जा रही है। कुछ मामलों में पीड़ितों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई, लेकिन कई मामलों में चोरी हुई बाइक बरामद नहीं हो सकी है। इसी बीच पुलिस ने पूर्व में बाइक चोरी के एक मामले में कुछ आरोपितों को चोरी की बाइक के पुर्जों समेत गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद क्षेत्र में एक बार फिर बाइक चोरी की घटना सामने आने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर वाहन चेकिंग की जाती है, लेकिन बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और गश्त बढ़ाने की जरूरत है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर बाइक बरामद कर पाती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]