फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत जिले में सुबह से देर शाम तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, फल वितरण, दिव्यांगों को सहायक उपकरण तथा विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूलकिट व ऋण स्वीकृति पत्र
वितरित किए। शाम को पांचाल घाट और स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में दीपोत्सव भी हुआ।अभियान की शुरुआत सुबह सात बजे पांचाल घाट और स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में वृहद स्वच्छता अभियान से हुई। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में प्रतिभाग कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने लोगों से घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई रखने की अपील की।इसके बाद सुबह 11 बजे डॉ. राममनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सांसद मुकेश राजपूत,
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान शिविर में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में एकत्र रक्त का उपयोग जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान प्रसूताओं के उपचार में रक्त की आवश्यकता पूरी करने के लिए किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल एवं मिष्ठान भी वितरित किया गया।दोपहर एक बजे राजकीय संकेत विद्यालय फतेहगढ़ में दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। एलिम्को के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में जिले के 273 दिव्यांग लाभार्थियों को करीब 58 लाख रुपये की लागत के 537 सहायक यंत्र एवं उपकरण दिए गए। इनमें
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वाकिंग स्टिक, कान की मशीन, रोलेटर, सुगम्य केन, फोल्डर वॉकर, सिलिकॉन कुशन, कृत्रिम अंग व कैलीपर, टीएलएम किट तथा कमोड कुर्सी आदि शामिल रहे।दोपहर चार बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के पोर्टल का शुभारंभ, टूलकिट एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। अधिकारियों ने बताया कि योजना में पारंपरिक कारीगरों के साथ मोबाइल रिपेयर, ऑटोमोबाइल रिपेयर, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर, कंप्यूटर रिपेयर, सोलर इंस्टॉलेशन और डिजिटल फोटोग्राफी जैसे ट्रेड भी शामिल हैं। लाभार्थियों को उन्नत टूलकिट, कौशल प्रशिक्षण और व्यवसाय के लिए वित्तीय सहायता से जोड़ने का प्रावधान है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के पांच लाभार्थियों को चेक तथा 13 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए। शाम 6:30 बजे पांचाल घाट पर गंगा आरती के साथ दीपोत्सव आयोजित किया गया। घाट पर पांच हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके बाद स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 21 हजार दीप जलाए गए। शाम सात बजे जिले के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर आशीर्वाद का दीया जलाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, पार्टी प्रतिनिधियों के समन्वय से जिले में एक ही दिन में करीब 2.50 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रमों में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रमों में उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान में सफाई से रक्तदान तक, फर्रुखाबाद में दिनभर हुए विभिन्न कार्यक्रम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



